NATIONAL : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की रेस में तीन पूर्व नौकरशाह फ्रंट रनर, 16 फाइनलिस्ट में तीन का होगा अंतिम चयन

0
18

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) के आवेदकों के 16 नाम शार्टलिस्ट हो गए हैं। आवेदकों का साक्षात्कार चयन समिति के तीनों सदस्यों सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी व डा. सुरेश हावड़े ने किया। इस दौरान मंदिर के प्रबंधन और इनके अनुभव से जुड़ी जानकारी ली गई है।

सीईओ साक्षात्कार चयन समिति ने कुल 5585 आवेदनों में से 16 का नाम शार्टलिस्ट किया है। साक्षात्कार के बाद समिति इनमें से सबसे योग्य तीन नामों का पैनल तैयार कर ट्रस्ट को सौंपेगी। इस पर दो सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्टी विचार-विमर्श करके सीईओ का चयन करेंगे।

रेस में तीन पूर्व नौकरशाह फ्रंट रनर
सूत्रों के अनुसार सीईओ की रेस में तीन पूर्व नौकरशाह फ्रंट रनर हैं। इनमें सेवानिवृत आईएएस योगेश्वर राम मिश्रा व दिनेश चंद्र के साथ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय का नाम काफी चर्चा में है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ (CEO) की रेस में 16 दिग्गज बचें हैं और इनमें से चयन समिति तीन नामों पर मुहर लगाएगी। इस पद के लिए 5585 आवेदनों से 16 फाइनलिस्ट चुने गए हैं।

बुधवार को अंतिम साक्षात्कार
चयन समिति के सदस्यों ने रामजन्मभूमि परिसर के ग्रीन हाउस में बुधवार को अंतिम साक्षात्कार लिया। इनमें एक आवेदक पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय भी थे। रामजन्मभूमि परिसर के ग्रीन हाउस में आयोजित हुए सीईओ पद के अंतिम साक्षात्कार के लिए चयन समिति ने 18 आवेदकों को अयोध्या आमंत्रित किया था।

35-40 मिनट तक विभिन्न विषयों पर प्रश्न
इनमें उत्तर प्रदेश के अनुभवी आईपीएस अधिकारी रहे राजेश कुमार पाण्डेय, राजस्थान की सेवानिवृत्त महिला आईएएस अधिकारी, बिहार के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी, सेना के ब्रिगेडियर सहित अन्य शामिल रहे। चयन समिति के सदस्यों ने आवेदकों के अनुभवों के साथ-साथ आपात स्थिति में प्रबंधन संभालने के बारे में पूछा। एक-एक आवेदक से लगभग 35-40 मिनट तक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए। चयन समिति की ओर से सौंपे गए तीन नामों के पैनल पर विचारोपरांत अब दो सितंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की बैठक में किसी एक नाम पर ट्रस्टियों की सहमति बन जाने की पूरी संभावना है।

पुराने हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सचिव हैं पूर्व आईपीएस अधिकारी
उत्तर प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे राजेश कुमार पाण्डेय वर्तमान में लखनऊ के अलीगंज के पुराने हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सचिव हैं। उन्हें अक्टूबर 2022 में सचिव नियुक्त किया गया था। इस वजह से उन्हें मंदिर प्रबंधन को लेकर पुराना अनुभव है। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को वह साक्षात्कार देने पहुंचे, तो चयन समिति के सदस्यों ने भीड़ प्रबंधन को लेकर उनसे विस्तृत सवाल किए। पाण्डेय स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के संस्थापक सदस्य भी रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर पर पांच जुलाई 2005 को हुए आतंकी हमले के मामले की जांच भी की थी।

13 जुलाई को इसके लिए आवेदन आमंत्रित
चढ़ावा चोरी उजागर होने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति का निर्णय लिया है। 13 जुलाई को इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। लगभग 5200 आवेदन पत्रों की छंटनी के बाद पांच दर्जन आवेदकों का प्राथमिक साक्षात्कार लेकर लगभग 18 आवेदकों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया था। मंगलवार को दस आवेदकों ने साक्षात्कार दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here