Saturday, February 7, 2026
Home Blog Page 1028

Samsung Galaxy S23 की कीमत में भारी गिरावट

0

Samsung Galaxy S25 5G Series के लॉन्च के साथ ही सैमसंग के पुराने स्मार्टफोन्स की कीमतों में एक जबरदस्त गिरावट आई है। Samsung Galaxy S23 और Samsung Galaxy S24 की कीमतों में भारी कटौती के बाद अब आप इन स्मार्टफोन्स को बेहद सस्ती कीमत पर खरीद सकते हैं। खासकर अगर आप एक प्रीमियम स्मार्टफोन को कम बजट में खरीदने का सोच रहे हैं, तो Samsung Galaxy S23 अब आपको बेहद आकर्षक कीमत में मिल रहा है।

Samsung Galaxy S23 की कीमत में 50% तक की गिरावट
अमेजन पर Samsung Galaxy S23 256GB का वेरिएंट अब महज 47,989 रुपये में उपलब्ध है, जो कि इसके पुराने कीमत 95,999 रुपये से 50% की भारी छूट है। इसके अलावा, अगर आप Amazon Pay Balance से पेमेंट करते हैं, तो आपको अतिरिक्त 1,439 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा, जिससे फोन की कीमत और भी कम हो जाएगी।

अमेजन पर एक्सचेंज ऑफ़र और और भी डिस्काउंट
अमेजन पर Samsung Galaxy S23 पर एक्सचेंज ऑफ़र का लाभ भी मिल रहा है। पुराने स्मार्टफोन को एक्सचेंज करके आप 22,800 रुपये तक की वैल्यू पा सकते हैं। यदि आपका पुराना फोन अच्छी कंडीशन में है और आपको पूरा एक्सचेंज वैल्यू मिल जाता है, तो आप इस प्रीमियम स्मार्टफोन को केवल 23,750 रुपये में खरीद सकते हैं।

यह डील एक बेहतरीन अवसर है, खासकर उन लोगों के लिए जो अपने पुराने स्मार्टफोन को अपग्रेड करना चाहते हैं और एक अच्छे बजट में Samsung का फ्लैगशिप स्मार्टफोन खरीदने का सपना देख रहे थे।

Samsung Galaxy S23 5G के प्रमुख फीचर्स

Samsung Galaxy S23 5G में कंपनी ने शानदार डिजाइन और दमदार फीचर्स दिए हैं, जो इसे एक बेहतरीन स्मार्टफोन बनाते हैं। इसके प्रमुख फीचर्स हैं:

  1. Samsung Galaxy S23 5G में कंपनी ने एल्यूमिनियम फ्रेम के साथ ग्लास बैक पैनल दिया है।
  2. स्मार्टफोन को आप पानी और धूल में भी इस्तेमाल कर सकते हैं क्योंकि इसमें IP68 रेटिंग की प्रोटेक्शन दी गई है।
  3. इस स्मार्टफोन में 6.1 इंच की एमोलेड स्क्रीन दी गई है जिसमें HDR10+ और 1750 निट्स की पीक ब्राइटनेस दी गई है।
  4. आउट ऑफ द बॉक्स यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 13 पर रन करता है जिसे आप लेटेस्ट एंड्रॉयड पर अपग्रेड कर सकते हैं।
  5. कंपनी ने इस फोन में 8GB तक की रैम और 512GB तक की स्टोरेज दी है।
  6. फोटोग्राफी के लिए इस स्मार्टफोन में 50+10+12 मेगापिक्सल का ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया है।
  7. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 12 मेगापिक्सल का कैमरा दिया है।
  8. स्मार्टफोन को पॉवर देने के लिए इसमें 3900mAh की बैटरी दी गई है जो कि 25W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

OYO का धार्मिक पर्यटन में बड़ा कदम, अयोध्या और प्रयागराज समेत धार्मिक स्थलों पर खोले जाएंगे 500 होटल

0

यात्रा प्रौद्योगिकी फर्म ओयो ने बुधवार को कहा कि वह इस साल अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पुरी, हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर, उज्जैन, अजमेर, नासिक और तिरुपति जैसे धार्मिक शहरों में 500 होटल जोड़ने की योजना बना रही है। कंपनी ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब देश में धार्मिक पर्यटन फलफूल रहा है। सरकार ने भी पर्यटक स्थलों पर बुनियादी ढांचे में सुधार और पर्यटक आकर्षण विकसित करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।

ओयो ने एक बयान में कहा कि वह इस साल अयोध्या में 150 से अधिक होटल, वाराणसी में 100 और प्रयागराज, हरिद्वार और पुरी में 50-50 होटल जोड़ेगा। अयोध्या नए साल की छुट्टियों के लिए सबसे अधिक ऑनलाइन सर्च किए जाने वाले धार्मिक स्थलों की सूची में शीर्ष पर रहा और एक प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन स्थल के रूप में उभरा है। कंपनी ने कहा, ‘‘अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद गुणवत्तापूर्ण आवास की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।”

ओयो इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी वरुण जैन ने कहा, “हमारा ध्यान श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के बीच उच्च गुणवत्ता वाले कमरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए प्रमुख धार्मिक केंद्रों में रणनीतिक रूप से स्थित होटल पेश करने पर है।” धार्मिक पर्यटन गतिविधियों से वर्ष 2028 तक 59 अरब डॉलर का राजस्व सृजित होने की उम्मीद है। इससे वर्ष 2030 तक 14 करोड़ अस्थायी एवं स्थायी रोजगार भी पैदा होने का अनुमान है।

‘जो राम को लेकर आए, उनका राज होगा दिल्ली में’, चुनाव के लिए BJP ने लॉन्च किया नया कैंपेन सॉन्ग

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की पहली वर्षगांठ पर बुधवार को एक गीत ‘जो राम को लेकर आए उनका राज होगा दिल्ली में’ जारी किया। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान और आठ फरवरी को मतगणना होगी। शहर में 1.5 करोड़ से अधिक मतदाता हैं।

अमित ढुल द्वारा गाया गया 2.23 मिनट का वीडियो गीत भाजपा के विभिन्न सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया गया। पिछले वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में विधिवत तरीके से प्राण-प्रतिष्ठा की गयी थी। गीत की शुरुआती पंक्तियां ‘आप-दा हटाना है, भाजपा ही लानी है’ के बाद ‘जो राम को लेकर आए उनका राज होगा दिल्ली में है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गीत के रचनात्मक निर्देशक नीलकांत बख्शी ने कहा, “यह गीत आज रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर मोदी जी के सम्मान में जारी किया जा रहा है, जिन्होंने संवैधानिक और कानूनी तरीकों से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लाखों लोगों के सपने को साकार किया।” उन्होंने कहा कि इस गीत में राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए यह संदेश भी है कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को नकार कर बेहतर दिल्ली का मार्ग प्रशस्त करें।

बख्शी ने कहा, “इस गीत की प्रेरणा मोदी जी द्वारा हाल ही में रोहिणी में आयोजित भाजपा की परिवर्तन रैली में सत्तारूढ़ ‘आप’ के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द आप-दा (आपदा) से मिली है, जिसका इस्तेमाल उन्होंने दिल्ली में दस वर्ष के शासन के दौरान हुई विफलता और अव्यवस्था के लिए किया था।” गीत में कहा गया है कि दिल्ली के लोगों ने ‘आप’ को हटाने, शहर में समृद्धि व खुशहाली लाने तथा भाजपा को सत्ता में लाने एवं यहां ‘डबल इंजन’ वाली सरकार बनाने का मन बना लिया है।

केजरीवाल ने बेरोजगारी को लेकर किया बड़ा ऐलान, कहा- युवाओं के लिए लगा दी पूरी टीम

0

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रेस कांफ्रेंस कर कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में उनकी सरकार ने बहुत काम किया है, लेकिन बेरोजगारी का मुद्दा आज भी सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

बेरोजगारी पर जताई चिंता
केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली में हमारे बच्चे पढ़-लिखकर घर बैठे हैं, बेरोजगार हैं। इससे कुछ युवा गलत संगत में पड़ जाते हैं और अपराध की ओर बढ़ने लगते हैं। बेरोजगारी के कारण लोग बेहद दुखी और पीड़ित हैं। इसे दूर करना मेरी प्राथमिकता होगी।”

युवाओं के लिए खास ऐलान
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगले पांच सालों में उनकी सरकार का मुख्य फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी को खत्म करना होगा। केजरीवाल ने बताया कि उनकी टीम इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने अपनी टीम के सदस्यों, जैसे आतिशी, मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, राघव चड्ढा, जैसमीन और सौरभ भारद्वाज का नाम लेते हुए कहा कि यह टीम युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

कोरोना में रोजगार का उदाहरण दिया
आम आदमी पार्टी के संयोजक ने बताया कि उनकी सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान 12 लाख लोगों को रोजगार दिया था। उन्होंने कहा, “पंजाब में भी हमने लाखों लोगों को रोजगार दिया। हमें पता है कि रोजगार कैसे दिया जाता है। हम अकेले यह नहीं कर सकते, लेकिन दिल्ली के लोगों की मदद से बेरोजगारी खत्म करने का काम जरूर करेंगे।”

दिल्ली के युवाओं के लिए यह घोषणा चुनावी राजनीति के केंद्र में आ गई है। अब देखना होगा कि केजरीवाल का यह वादा उन्हें चुनाव में कितनी बढ़त दिला पाता है।

कपिल शर्मा को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी मुंबई पुलिस

0

टीवी के मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है, और यह धमकी पाकिस्तान से भेजी गई है। यह धमकी उनके लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकती है, क्योंकि धमकी देने वाले व्यक्ति ने न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी है। इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कपिल शर्मा की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।

धमकी भरा ईमेल भेजा गया
जानकारी के मुताबिक, वह शख्स जिसने कपिल शर्मा को धमकी दी है, उसने खुद को विष्णु के नाम से पेश किया है। भेजे गए ईमेल में धमकी देने वाले ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यह कोई पब्लिसिटी स्टंट नहीं है और वह कपिल शर्मा की सारी गतिविधियों की जानकारी रखता है। ईमेल में यह भी लिखा था कि यदि कपिल या उनके परिवार से जल्दी प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। धमकी में यह भी चेतावनी दी गई थी कि अगर कपिल शर्मा इस मामले को हल्के में लेंगे, तो वह कार्रवाई करेगा।

ईमेल पाकिस्तान से भेजा गया
मुंबई पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल पाकिस्तान से भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि वह इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और आरोपी का पता लगाने की कोशिश में हैं। हालांकि, अभी तक कपिल शर्मा या उनके परिवार की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स की पहचान और उसका ठिकाना पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी लगाया है।

पहले भी सितारे हो चुके हैं धमकियों का शिकार
यह पहली बार नहीं है जब बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के सितारे धमकी भरे ईमेल्स का शिकार हुए हैं। इससे पहले भी कई बड़े नाम जैसे सलमान खान और पंजाबी गायक एपी ढिल्लों को धमकी भरे ईमेल्स मिले थे। ऐसे मामलों में बढ़ती हुई सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है, खासकर जब कोई खास शख्स खतरे की जद में आता है।

कपिल शर्मा का हालिया वर्कफ्रंट
कपिल शर्मा के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनका शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ हाल ही में नेटफ्लिक्स पर खत्म हुआ था। शो का दूसरा सीजन बेहद सफल रहा और इसमें बॉलीवुड और टीवी के कई सेलेब्स ने शिरकत की, जो अपनी फिल्मों या प्रोजेक्ट्स का प्रमोशन करने के लिए शो में शामिल होते थे। कपिल शर्मा का शो भारतीय टेलीविजन का एक प्रमुख हिस्सा रहा है, और दर्शकों में यह काफी लोकप्रिय है।

हालांकि, इस धमकी मामले के बाद अब यह देखना होगा कि मुंबई पुलिस इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाती है और धमकी देने वाले शख्स का आखिरकार क्या हाल होता है। कपिल शर्मा की सुरक्षा को लेकर पुलिस और उनके परिवार से अब तक कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मामले की गंभीरता के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

Auto Expo 2025 में जुटे 8 लाख से ज्यादा लोग, 200 नई गाड़ियां लॉन्च, 1500 कंपनियों ने दिखाए अपने प्रोडक्ट

वाहन उद्योग प्रदर्शनी ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ बुधवार को संपन्न हो गई। इस प्रदर्शनी में करीब 200 उत्पादों की पेशकश की गई। राष्ट्रीय राजधानी में 17 जनवरी से 22 जनवरी तक भारत मंडपम एवं यशोभूमि और ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में सम्मिलित रूप से आयोजित इस प्रदर्शनी में 1,500 से अधिक कंपनियों ने शिरकत की।

आयोजकों ने कहा कि इस दौरान वाहन, कलपुर्जा एवं प्रौद्योगिकी खंडों में प्रदर्शित नए एवं मौजूदा उत्पादों को देखने के लिए आठ लाख से अधिक लोग पहुंचे। इस आयोजन को मिले जोरदार समर्थन से उत्साहित सरकार अब इसे सालाना आयोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है। अभी तक इस प्रदर्शनी का आयोजन दो साल में एक बार होता है। वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव राजेश अग्रवाल ने यहां मीडिया से कहा, “हमने एक्सपो के दौरान 200 से अधिक उत्पादों का अनावरण देखा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 जनवरी को भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, एच डी कुमारस्वामी, जीतन राम मांझी, मनोहर लाल, पीयूष गोयल एवं हरदीप सिंह पुरी के साथ वाहन क्षेत्र के दिग्गज कारोबारियों की मौजूदगी में एक्सपो का उद्घाटन किया था। भारत मंडपम में आयोजित वाहन प्रदर्शनी के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) ने खूब सुर्खियां बटोरीं। यात्री वाहन बाजार की अग्रणी मारुति सुजुकी और हुंदै मोटर इंडिया ने अपने ईवी उत्पाद उतारकर इस नए वाहन खंड में भी बड़ी भूमिका निभाने की मंशा जता दी।

मारुति सुजुकी इंडिया ने अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन ‘ई-विटारा’ पेश किया जिसे भारत में बनाकर 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा। वहीं हुंदै मोटर इंडिया ने ‘क्रेटा इलेक्ट्रिक’ को पेश किया। इसके अलावा वियतनाम की विनफास्ट और चीन की बीवाईडी ने भी यात्री वाहन खंड में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो, 2025 के दूसरे संस्करण ने परिवहन से जुड़ी पूरी मूल्य शृंखला को एक ही छत के नीचे लाने का काम किया। इनमें वाहन विनिर्माताओं से लेकर कलपुर्जों, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, टायर एवं बैटरी भंडारण निर्माता और वाहन सॉफ्टवेयर फर्में भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन एवं परिवहन क्षेत्र में सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देना था, जिसमें टिकाऊ और प्रौद्योगिकी प्रगति पर जोर दिया गया।

वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि वाहन प्रदर्शनी में कंपनियों ने टिकाऊ परिवहन पर ध्यान केंद्रित करते हुए अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने टिकाऊ परिवहन पर उद्योग के फोकस को प्रदर्शित किया। अग्रवाल ने कहा कि भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो को वार्षिक आयोजन बनाने के लिए वाहन उद्योग और अन्य पक्षों से सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हम इसका (वार्षिक) आयोजन पसंद करेंगे, लेकिन हम सभी के सुझावों और चर्चाओं के लिए खुले रहेंगे। दरअसल हम एक बड़ा मूल्य आधार तैयार करना चाहते हैं।”

अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन में बहुत अधिक मेहनत एवं धन खर्च होता है, लिहाजा स्पष्ट मूल्य प्रस्ताव की जरूरत है। ऐसी स्थिति में यह प्रतिबद्धता नहीं जताई जा सकती है कि यह सालाना या दो साल में एक बार होगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी पक्षों के साथ परामर्श किया जाएगा। अग्रवाल ने कहा कि सरकार देश में अधिक वैश्विक आयोजन करने पर जोर दे रही है।

Apple iPhone 16 को टक्कर देने आया सैमसंग S25, कीमत से फीचर्स तक यहां जानें

0

सैमसंग ने अपनी बहुप्रतीक्षित Galaxy S25 Series को Galaxy Unpacked Event 2025 में लॉन्च कर दिया है। इस सीरीज में तीन स्मार्टफोन शामिल हैं- Samsung Galaxy S25, Samsung Galaxy S25 Plus, और Samsung Galaxy S25 Ultra। इस नई सीरीज में AI-इंटीग्रेटेड फीचर्स, उन्नत कैमरा सिस्टम, और तेज प्रोसेसिंग पावर को पेश किया गया है। Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर के साथ ये डिवाइस स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को बेहतर परफॉर्मेंस और उन्नत ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग पावर का अनुभव प्रदान करेंगे। सैमसंग ने S25 Ultra में 1TB तक स्टोरेज ऑप्शन भी प्रदान किया है, जो इसे एक और दमदार फ्लैगशिप डिवाइस बनाता है।

Samsung Galaxy S25 Ultra Specifications
सैमसंग Galaxy S25 Ultra अपने हाई-एंड फीचर्स और शानदार डिज़ाइन के साथ बाजार में उतारा गया है। इसमें 6.9 इंच की QHD+ Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, विजन बूस्टर और अडैप्टिव कलर टोन जैसी सुविधाओं के साथ आती है, जिससे यह शानदार विज़ुअल अनुभव प्रदान करती है। इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दिया गया है, जो अत्यधिक शक्तिशाली और ऊर्जा दक्ष है, साथ ही गैलेक्सी AI का सपोर्ट है जो फोन के प्रदर्शन को स्मार्ट तरीके से ऑप्टिमाइज करता है।

कैमरा सेटअप की बात करें तो S25 Ultra में 50MP अल्ट्रावाइड, 200MP वाइड, 50MP टेलीफोटो (5x ऑप्टिकल जूम) और 10MP टेलीफोटो (3x ऑप्टिकल जूम) लेंस दिए गए हैं, जो पेशेवर स्तर की फोटोग्राफी की सुविधा प्रदान करते हैं। इसमें 12MP फ्रंट कैमरा भी दिया गया है, जो शानदार सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आदर्श है।

स्टोरेज ऑप्शन के रूप में 12GB RAM + 1TB, 12GB RAM + 512GB, और 12GB RAM + 256GB के विकल्प दिए गए हैं। फोन में 5000mAh बैटरी है और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, जिससे 30 मिनट में 0 से 60% तक चार्ज किया जा सकता है। यह स्मार्टफोन Android 15 आधारित One UI 7 पर चलता है और इसमें Wi-Fi 7, Bluetooth v5.4 जैसी कनेक्टिविटी सुविधाएँ हैं। IP68 वाटर रेजिस्टेंट रेटिंग के साथ यह फोन धूल और पानी से पूरी तरह सुरक्षित है।

Samsung Galaxy S25+ Specifications
सैमसंग Galaxy S25+ में 6.7 इंच की QHD+ Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, विजन बूस्टर, और अडैप्टिव कलर टोन सपोर्ट करती है। यह फोन भी Qualcomm Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर से लैस है, जो अत्यधिक तेज़ परफॉर्मेंस और स्मूथ यूज़र एक्सपीरियंस देता है।

कैमरा सेटअप में 12MP + 50MP + 10MP लेंस शामिल हैं, और सेल्फी के लिए इसमें 12MP का सेंसर है। S25+ का स्टोरेज ऑप्शन 12GB RAM + 512GB और 12GB RAM + 256GB में उपलब्ध है। इसमें 4900mAh बैटरी है और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, जिससे बैटरी जल्दी चार्ज होती है। यह भी Android 15 आधारित One UI 7 पर चलता है और Wi-Fi 7, Bluetooth v5.4 जैसी कनेक्टिविटी सेवाएँ प्रदान करता है। IP68 वॉटर रेजिस्टेंट रेटिंग इसे धूल और पानी से सुरक्षित रखती है।

Samsung Galaxy S25 Specifications
सैमसंग Galaxy S25 में 6.2 इंच की फुलHD+ डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, विजन बूस्टर और अडैप्टिव कलर टोन के साथ आती है। इसमें भी Qualcomm Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है, जो स्मार्टफोन को शानदार परफॉर्मेंस देता है। कैमरा सेटअप में 12MP + 50MP + 10MP लेंस शामिल हैं, और सेल्फी के लिए 12MP का फ्रंट कैमरा है।

इसमें स्टोरेज के विकल्प 12GB RAM + 512GB, 12GB RAM + 256GB, और 12GB RAM + 128GB के मिलते हैं। फोन में 4000mAh बैटरी है और 25W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है। यह स्मार्टफोन Android 15 आधारित One UI 7 पर चलता है और इसमें Wi-Fi 7, Bluetooth v5.4 जैसी कनेक्टिविटी सेवाएँ शामिल हैं। IP68 वॉटर रेजिस्टेंट रेटिंग से इसे धूल और पानी से सुरक्षा मिलती है।

कीमत और उपलब्धता
सैमसंग ने Galaxy S25 के 12GB+128GB वेरिएंट की कीमत अमेरिका में $799 (लगभग 69,000 रुपये) रखी है। Galaxy S25+ के 12GB+256GB वेरिएंट की कीमत $999 (लगभग 86,400 रुपये) रखी गई है। Galaxy S25 Ultra की कीमतों की बात करें तो इसके 12GB+256GB मॉडल की कीमत $1299 (लगभग 1,12,300 रुपये) और टॉप वेरिएंट की कीमत लगभग 1,43,400 रुपये रखी गई है। इन्हें आज से प्री ऑर्डर किया जा सकता है और 7 फरवरी से ये बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

केजरीवाल ने मिडिल क्लास को बताया देश का असली सुपर पावर, 7 मांगें उठाई

0

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कहा कि देश का असली सुपर पावर हमारा मिडिल क्लास है। श्री केजरीवाल ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि आज कोई भी पार्टी माध्यम वर्ग के हित की बात करने के लिए तैयार नहीं है। आजाद भारत के 75 वर्ष में एक सरकार के बाद दूसरी सरकार आई और इन सब लोगों ने माध्यम वर्ग को दबाकर, डराकर और निचोड़कर रखा हुआ है। देश चलाने के लिए लाखों-करोड़ों की संख्या में मिडिल क्लास टैक्स भर-भरकर देता है लेकिन बदले में मिडिल क्लास को कुछ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत का मिडिल क्लास सरकार का सिर्फ और सिर्फ एक एटीएम बनकर रह गया है। सच बात तो यह है कि भारत का मिडिल क्लास टैक्स आतंकवाद का पीड़ित है।

आखिर यह मिडिल क्लास कौन हैं? टीचर, डॉक्टर, आईटी प्रोफेशनल, इंजीनियर, अकाउंटेंट, बैंकर, दुकानदार और वकील जैसे हजारों सामान्य लोग जो मिलकर हमारा देश चलाते हैं, ये मिडिल क्लास हैं। मिडिल क्लास के कोई बहुत बड़े सपने नहीं हैं। सच यह है कि आज ज्यादातर सरकारें मिडिल क्लास के लिए ना अच्छे स्कूल, ना ही अच्छे अस्पताल बना रही हैं। सच्चाई यह है कि इस वर्ग को सबसे ज्यादा हमारे देश में परेशान किया जाता है। आप नेता ने कहा कि अगर एक मिडिल क्लास परिवार साल में 10-12 लाख रुपए कमाता है तो 50 फीसदी से ज्यादा आमदनी सिर्फ सरकार को टैक्स देने में चली जाती है। अब तो दूध, दही, पॉपकोर्न पर भी टैक्स लगता है। यहां तक कि पूजा के सामान पर भी टैक्स भरना पड़ता है। घर लेना हो तो टैक्स, घर बेचना हो तो टैक्स, गाड़ी खरीदो तो टैक्स, गाड़ी बेचो तो टैक्स।

बच्चों को अच्छी शिक्षा देनी हो तो पहले प्राइवेट स्कूल की महंगी फीस की मार और उसके उपर अच्छे कॉलेज भेजने के लिए एजुकेशन लोन लो और उसकी ईएमआई पर डबल मार पड़ती है। जीते जी टैक्स तो देना पड़ता है लेकिन अब तो सरकार ने ऐसी हालत कर दी है कि मरने के बाद भी टैक्स देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से भी अपील करते हैं कि हमारे देश के असली सुपर पावर मिडिल क्लास को पहचानें। आम आदमी पाटर्ी सड़क से लेकर संसद तक मिडिल क्लास की आवाज बनेंगे। उनकी आवाज उठाएंगे और उनके मुद्दों को उठाएंगे। आप नेता ने केंद्र सरकार से सात माँग करते हुए कहा कि शिक्षा का बजट दो फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी किया जाए और पूरे देश में प्राइवेट स्कूलों की फीस पर लगाम लगाई जाए। उच्च शिक्षा के लिए सब्सिडी और स्कॉलरशिप दी जाए।

स्वास्थ्य का बजट भी बढ़ाकर 10 फीसदी किया जाए और हेल्थ इंश्योरेंस से टैक्स हटाया जाए। आयकर छूट की सीमा को सात लाख से बढ़ाकर कम से कम 10 लाख किया जाए। आवश्यक वस्तुओं के ऊपर से जीएसटी खत्म किया जाए। वरिष्ठ नागरिकों के लिए मजबूत रिटायरमेंट प्लान और पेंशन की योजना बनाई जाए और देशभर में सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सीनियर सिटीजन को मुफ्त और अच्छा इलाज दिया जाए। बुजुर्गों को पहले रेलवे में 50 फीसदी छूट मिलती थी जो बंद कर दिया गया, उसे दोबारा चालू किया जाए।

दिल्लीवाले ध्यान दें! अभी ना फेंके कंबल-स्वेटर, हाड़ कंपाएगी ठंड, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

0

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर और अन्य उत्तर भारतीय क्षेत्रों में शीतलहर और गलन का एहसास हो रहा है। खासकर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के घाटी क्षेत्रों में बर्फबारी से न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।

इस बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर और घने कोहरे के रूप में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर कोल्ड डे जैसी स्थिति बन रही है और सुबह के समय पाला भी लोगों को परेशान कर रहा है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से धूप खिली रही है, जिससे दिन और रात के तापमान में राहत मिल रही है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव हो सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है। इसके साथ ही, ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर के शहरों जैसे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने आंधी और बिजली गिरने के कारण येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, सुबह और शाम के समय कोहरे और शीतलहर के कारण स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। केरल और तमिलनाडु में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दो से चार दिनों तक इस क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने और तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली में तापमान और कोहरे का असर
दिल्ली में मौसम में हल्की ठंडक के बावजूद, दिन के समय लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। हालांकि, तेज हवाओं और घने कोहरे के कारण शीतलहरी का असर बना हुआ है। IMD के मुताबिक, इस सप्ताह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है और कोहरे की चादर पूरे शहर में फैली रहेगी। इसके कारण, दिल्ली में यातायात सेवाओं पर असर देखने को मिल सकता है। घने कोहरे के कारण, दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें विलंब से आईं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। साथ ही, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कोहरे के कारण उड़ानों की ऑपरेशन में देरी देखी गई है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी में कमी रहेगी। इससे सड़क यातायात और रेल सेवा पर भी असर पड़ सकता है।

अमेरिका में बर्फीले तूफान और भीषण आग का एक साथ तांडव, 10 लोगों की मौत व 2100 उड़ानें रद्द

0

अमेरिका इन दिनों दो विपरीत लेकिन बेहद खतरनाक आपदाओं से जूझ रहा है। एक तरफ कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी भीषण आग ने 10 हजार एकड़ से अधिक इलाका जला दिया है, तो दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों में बर्फीले तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दोनों घटनाओं ने हजारों लोगों को बेघर और असुरक्षित बना दिया है, जबकि आपातकालीन सेवाएं पूरी क्षमता से काम कर रही हैंअमेरिका के दक्षिणी राज्यों में बर्फीले तूफान ने तबाही मचा रखी है। मिसिसिपी, अलबामा, फ्लोरिडा, जॉर्जिया और लुइसियाना समेत कई राज्यों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

बर्फबारी का असर 
तूफान की वजह से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 2100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। टेक्सास, अलबामा और जॉर्जिया में हादसों और हाइपोथर्मिया से लोगों की जान गई है। इस भीषण ठंड की वजह पोलर वोर्टेक्स (ध्रुवीय भंवर) को माना जा रहा है। आर्कटिक क्षेत्र से शुरू हुआ यह तूफान दक्षिणी राज्यों में भारी बर्फबारी और ओले लेकर आया है। वर्जीनिया के 3 करोड़ लोगों को बर्फीले तूफान की चेतावनी दी गई है।

 कैलिफोर्निया  आग में 50 हजार लोग घर छोड़ने को मजबूर 
कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस के उत्तरी इलाके ह्यूजेस में बुधवार को जंगलों में लगी आग ने तेजी से 10 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण 50 हजार लोगों को अपना घर खाली करने का आदेश दिया गया है। कास्टिक झील के पास लगी इस आग को बुझाने के लिए 4 हजार फायरफाइटर्स जुटे हुए हैं। 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग हर 3 सेकंड में एक फुटबॉल मैदान के बराबर क्षेत्र को जला रही है। कैलिफोर्निया की सूखी जलवायु और बढ़ते तापमान के कारण यहां जंगलों में आग लगना आम बात हो गई है। पिछले 50 वर्षों में यहां 78 से अधिक बार बड़ी आग लग चुकी है।

आपातकालीन सेवाएं सतर्क 
इन प्राकृतिक आपदाओं के बीच, अमेरिका में राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। कैलिफोर्निया में फायर डिपार्टमेंट आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है, जबकि दक्षिणी राज्यों में प्रशासन बर्फबारी के कारण बंद सड़कों और बाधित सेवाओं को बहाल करने की कोशिश में जुटा है।  अमेरिका में जंगलों की आग और बर्फीले तूफान ने एक बार फिर जलवायु परिवर्तन के खतरों की ओर ध्यान खींचा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पर्यावरण सुरक्षा के कदम जल्द नहीं उठाए गए, तो ऐसी आपदाएं और बढ़ सकती हैं।

- Advertisement -