Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 105

NATIONAL : पैर फिसला और फिर… झरने के तेज बहाव में समा गईं 3 सहेलियां, रोंगटे खड़े कर देगी ये घटना

0

आंध्र प्रदेश के अनंतगिरी हिल्स में एक झरने पर सेल्फी लेते समय तीन नाबालिग लड़कियों की डूबकर मौत हो गई. चार लड़कियां वहां घूमने गई थीं, जिनमें से एक को बचा लिया गया. पुलिस के अनुसार, फिसलन भरी चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेते समय उनका संतुलन बिगड़ गया.

आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है, जहां दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गई तीन लड़कियों के लिए सेल्फी मौत का पैगाम बन गई. अक्सर हम पिकनिक और घूमने-फिरने का प्लान बनाते हैं ताकि रोज की भागदौड़ से थोड़ा सुकून मिल सके. जंबुवलसा गांव गांव की चार सहेलियों ने भी कुछ ऐसा ही सोचा था. परीक्षाएं खत्म हुई थीं, तो सबने मिलकर तय किया कि पास की पहाड़ियों में स्थित मुलागुम्मी झरने घूमकर आते हैं. घर से सब हंसते-खेलते निकले थे, लेकिन किसे पता था कि एक सेल्फी उन सबकी जिंदगी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी.

इस दर्दनाक हादसे में 17 साल की त्रिशा, 16 साल की रत्नकुमारी और 16 साल की पवित्रा की जान चली गई. ये तीनों सहेलियां अनंतगिरी की पहाड़ियों में बने इस खूबसूरत झरने की मस्ती में खोई हुई थीं. तभी कुछ ऐसा हुआ जिसने वहां मौजूद हर किसी की रूह कंपा दी. बताया जा रहा है कि लड़कियां झरने के एकदम करीब वाली चट्टानों पर खड़ी होकर सेल्फी ले रही थीं. पहाड़ों पर होने की वजह से इन पत्थरों पर काफी काई जमी थी, जिसकी वजह से वहां फिसलन थी.

घटना के वक्त ये चारों सहेलियां झरने के बेहद करीब पहुंच गई थीं. पहाड़ों पर स्थित इस झरने की चट्टानों पर पानी की वजह से काफी फिसलन थी।. पुलिस के मुताबिक, ये लड़कियां बेहतर सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थीं, तभी अचानक वे फिसलन भरी चट्टानों पर अपना संतुलन खो बैठीं और सीधे गहरे पानी में जा गिरीं. दुखद बात यह रही कि इनमें से किसी को भी तैरना नहीं आता था. पानी के तेज बहाव के सामने उनकी हर कोशिश नाकाम साबित हुई. वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने जब लड़कियों की चीखने की आवाज सुनी तो वे तुरंत उनकी तरफ दौड़े. ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक लड़की को तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसे तुरंत अस्पताल भर्ती कराया गया है. लेकिन बाकी तीनों सहेलियों की किस्मत ने साथ नहीं दिया और वे पानी के तेज बहाव के साथ आंखों से ओझल हो गईं.

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों लड़कियों के शव बरामद किए गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुलागुम्मी झरना देखने में भले ही छोटा और शांत लगता है, लेकिन इसके नीचे पानी का बहाव बहुत खतरनाक है. खास तौर पर गीली चट्टानों पर चलना जोखिम भरा होता है, जहां जरा सा पैर फिसलने का मतलब सीधा मौत से सामना है.

इस हादसे ने पूरे जंबुवलसा गांव में मातम फैला दिया है. एक ही मोहल्ले की तीन जवान बेटियों के शव जब गांव पहुंचे, तो हर आंख नम हो गई. ये लड़कियां अभी अपने करियर के सपने बुन ही रही थीं कि एक छोटी सी लापरवाही ने सब कुछ खत्म कर दिया. यह घटना उन सभी पर्यटकों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो रोमांच के चक्कर में सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं. प्रशासन ने भी अपील की है कि पानी के किनारे सेल्फी लेते वक्त सावधानी बरतें, क्योंकि आपकी एक गलती पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे सकती है.

WORLD : बीच हवा में 1600 करोड़ का अमेरिकी ड्रोन गायब! स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर रहस्यमयी तरीके से हुआ लापता

0

अमेरिका की नौसेना का एक खास निगरानी ड्रोन MQ-4C ट्राइटन आज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर अचानक लापता हो गया. यह वही ड्रोन है जिसे अमेरिका का सबसे महंगा ड्रोन माना जाता है. दी वॉर जोन की रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान इसने इमरजेंसी अलर्ट भी भेजा था. यह ड्रोन करीब तीन घंटे तक फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य की निगरानी करने के बाद इटली के सिगोनेला स्थित अपने बेस की ओर लौट रहा था. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, अचानक ड्रोन ने अपना रास्ता थोड़ा ईरान की ओर मोड़ा और उसी दौरान 7700 कोड भेजा, जो सामान्य इमरजेंसी का संकेत होता है. इसके बाद ड्रोन तेजी से नीचे उतरने लगा और कुछ ही देर में रडार से गायब हो गया.

अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हुआ या उसे मार गिराया गया. यह घटना ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले ही अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम हुआ था और ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को जहाजों के लिए खोलने पर सहमति जताई थी.

MQ-4C ट्राइटन ड्रोन की बात करें तो यह बेहद एडवांस और महंगा ड्रोन है, जिसकी कीमत 200 मिलियन डॉलर (करीब 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा) बताई जाती है. यह ड्रोन लंबे समय तक आसमान में रहकर बड़े इलाके की निगरानी कर सकता है. इसे खास तौर पर समुद्री इलाकों की निगरानी के लिए तैयार किया गया है. यह ड्रोन 50,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर उड़ सकता है और 24 घंटे से ज्यादा समय तक लगातार काम कर सकता है. इसकी रेंज करीब 7,400 नॉटिकल मील है, जिससे यह बहुत दूर तक निगरानी कर सकता है. यह ड्रोन अक्सर P-8A पोसीडॉन जैसे गश्ती विमानों के साथ मिलकर काम करता है और उन्हें जरूरी जानकारी देता है. साल 2025 तक अमेरिकी नौसेना के पास ऐसे 20 ड्रोन थे और आगे 7 और खरीदने की योजना थी.

इस बीच, अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण अमेरिका को भारी खर्च का सामना करना पड़ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका हर सेकंड करीब 10,300 डॉलर यानी लगभग 9.8 लाख रुपये खर्च कर रहा है. एक दिन में सबसे ज्यादा खर्च हथियारों और मिसाइलों पर होता है, जो करीब 320 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,040 करोड़ रुपये है. इसके अलावा हवाई अभियान पर रोज करीब 245 मिलियन डॉलर (करीब 2,327 करोड़ रुपये) खर्च हो रहे हैं. समुद्री ऑपरेशन पर करीब 155 मिलियन डॉलर (लगभग 1,472 करोड़ रुपये) खर्च हो रहे हैं.

THAAD, पैट्रियट और एजिस जैसे मिसाइल डिफेंस सिस्टम पर रोज लगभग 95 मिलियन डॉलर (करीब 902 करोड़ रुपये) खर्च हो रहे हैं. खुफिया और साइबर ऑपरेशन पर करीब 45 मिलियन डॉलर (लगभग 427 करोड़ रुपये) और सैनिकों व अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 30 मिलियन डॉलर (करीब 285 करोड़ रुपये) खर्च हो रहा है. यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हालात पहले से ही संवेदनशील हैं, और इस ड्रोन के लापता होने से तनाव और बढ़ सकता है.

NATIONAL : पति-पत्नी और 22 दिन के मासूम की संदिग्ध मौत, पिता और बेटे की लाश के पास मिला हथौड़ा

0

अयोध्या में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया. पति और 22 दिन के बेटे का शव घर में मिला, जबकि पत्नी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला. प्राथमिक जांच में हत्या के बाद आत्मघाती कदम की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है.

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों – पति, पत्नी और उनके महज 22 दिन के मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मामला देवराकोट रेलवे फाटक के पास का है, जहां सबसे पहले पुलिस को एक महिला का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की जांच की तो उसके पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान गेरू गांव निवासी शिवानंद रावत की पत्नी के रूप में हुई. महिला का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी थी.

इस जानकारी के आधार पर पुलिस जब महिला के घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर का दृश्य और भी भयावह था. कमरे में महिला के पति और 22 दिन के बेटे का शव पड़ा हुआ था. पास ही एक हथौड़ा भी मिला, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई.

प्राथमिक जांच में पुलिस यह मानकर चल रही है कि महिला ने पहले अपने पति पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या की, इसके बाद अपने मासूम बेटे का गला दबाकर उसे मार डाला और फिर खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाल रही है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले ने इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है.

ENTERTAINMENT : 500 करोड़ में बनी साउथ की मोस्ट अवेटेड फिल्म का 5 मिनट का फुटेज लीक, कंप्लेन दर्ज

तमिल एक्टर थलपति विजय की अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ के मेकर्स को तगड़ा झटका लगा है. दरअसल, उनकी फिल्म का 5 मिनट का एक क्लिप ऑनलाइन लीक हो गया है.

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर थलपति विजय पिछले लंबे समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ को लेकर चर्चा में हैं. उनकी इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ‘जन नायगन’ को पहले 9 जनवरी को पोंगल के मौके पर रिलीज करने का प्लान था, लेकिन सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट ना मिलने की वजह से इसकी रिलीज टाल दी गई. अब ‘जन नायगन’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ‘जन नायगन’ का 5 मिनट का एक क्लिप ऑनलाइन लीक हो गया है. लीक हुए फुटेज में टाइटल क्रेडिट और विजय का इंट्रोडक्शन सीन शामिल है. इस 500 करोड़ी फिल्म का 5 मिनट का सीन लीक होना मेकर्स के लिए बड़ा झटका है. विजय ने सख्त एक्शन लेते हुए कहा कि जो लोग इस लीक प्रिंट को शेयर करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है.

विजय ने अपने ऑफिशियल एक्स पर लिखा, ‘जन नायगन के लीक हुए क्लिप शेयर करने वाले सभी अकाउंट्स के खिलाफ साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है. अधिकारी इसमें शामिल हर ID को ट्रैक कर रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’

विजय की आखिरी फिल्म है जन नायकन!
बता दें कि ‘जन नायगन’ को विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद वो राजनीति में पूरी तरह एक्टिव होने वाले हैं. ऐसे में विजय के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

‘जन नायगन’ का निर्देशन एच. विनोद ने किया है. इसमें पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और मामिता बैजू जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है.

NATIONAL : होर्मुज में भारतीय जहाजों की रफ्तार पर ब्रेक, 16 कंटेनर कर रहे नेवी के ‘ग्रीन सिग्नल’ का इंतजार

0

होर्मुज स्ट्रैट में फंसे 16 भारतीय जहाजों को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय नौसेना की अनुमति का इंतजार है. 5 अप्रैल के बाद से किसी भी भारतीय पोत ने यह मार्ग पार नहीं किया है. नौसेना सुरक्षित रास्तों और एस्कॉर्ट ऑपरेशंस के जरिए जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है.

पश्चिम एशिया में हालिया तनाव और सीजफायर के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रैट से समुद्री आवाजाही फिर से शुरू होने की उम्मीद है. हालांकि, 5 अप्रैल के बाद से अब तक कोई भी भारतीय-ध्वज वाला जहाज होर्मुज को पार नहीं कर पाया है. सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना वर्तमान में हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही जहाजों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी.

वर्तमान में 16 भारतीय झंडे वाले जहाज होर्मुज के पश्चिमी हिस्से (फारस की खाड़ी) में फंसे हुए हैं. इनमें एलएनजी (LNG), एलपीजी (LPG), कच्चे तेल के वाहक, कंटेनर पोत और ड्रेजर तथा रासायनिक पदार्थ ले जाने वाले जहाज शामिल हैं.

एलपीजी पोत ‘जग विक्रम’ अभी भी शारजाह में खड़ा है और निर्देशों का इंतजार कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पहले चरण में 5-6 जहाजों के जल्द ही नेवी की क्लीयरेंस मिलने के बाद होर्मुज पार करने की संभावना है. सरकारी सूत्रों की मानें तो 5 से 6 जहाजों का पहला बैच जल्द ही नौसेना की हरी झंडी के बाद होर्मुज पार कर सकता है. इसे लेकर ईरानी अधिकारियों और चालक दल के साथ बातचीत जारी है.

गुरुग्राम स्थित भारतीय नौसेना के इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर–इंडियन ओशन रीजन (IFC-IOR) के अनुसार, युद्ध की शुरुआत से 6 अप्रैल तक फारस की खाड़ी, होर्मुज और ओमान की खाड़ी में 30 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें 23 जहाज़ों को निशाना बनाया गया, जिनमें मिसाइल और ड्रोन हमले भी शामिल थे, तथा 10 लोगों की मौत हुई. ये आंकड़े दर्शाते हैं कि क्षेत्र में कितनी अस्थिरता और जोखिम बना हुआ है.

विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय नौसेना की सतर्कता और आपसी तालमेल के प्रयास भारतीय जहाजों/कंटेनरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. आने वाले दिनों में होर्मुज से आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है.

इस बीच, ईरान की ओर से मिले ताजा संकेत होर्मुज पर कड़े नियंत्रण की संभावना की ओर इशारा करते हैं, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं. वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए यह जलमार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है. आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे समुद्री व्यापार को गति मिल सकेगी.

BUSINESS : सावधान! अब 10000 से ऊपर के डिजिटल पेमेंट में लगेगा 1 घंटे का ‘होल्ड’, RBI लाया नया नियम

RBI ने 10000 से ज्यादा के डिजिटल ट्रांजैक्शन पर फ्रॉड रोकने के लिए 1 घंटे का टाइम लैग और कैंसिल करने का ऑप्शन देने का प्रस्ताव रखा है, जिससे यूज़र्स को सोचने का समय मिल सके.

ऑनलाइन धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए RBI यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया कुछ सख्त कदम उठा रहा है. RBI ने डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए 10,000 हजार से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर नए सुरक्षा उपायों का प्रस्ताव रखा है. प्रस्ताव खासतौर पर Authorised Push Payments (APP) से जुड़े बढ़ते फ्रॉड को रोकने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसके तहत कई महत्वपूर्ण बदलाव सुझाए गए हैं, जो आम यूज़र्स की सुरक्षा को मजबूत करेंगे.

सबसे अहम बदलाव यह है कि अगर कोई ग्राहक 10,000 से ज्यादा की रकम किसी नए व्यक्ति या अकाउंट में ट्रांसफर करता है तो उस पर 1 घंटे का अनिवार्य समय अंतराल (time lag) लगाया जा सकता है. यानी पैसा तुरंत ट्रांसफर नहीं होगा, बल्कि एक घंटे तक रुका रहेगा. इस दौरान ग्राहक को ट्रांजैक्शन को कैंसल करने का पूरा ऑप्शन मिलेगा, जिससे अगर उसे किसी तरह का शक हो या गलती का एहसास हो तो वह पैसे को जाने से रोक सकता है.

RBI के मुताबिक, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के आंकड़े बताते हैं कि ₹10,000 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन कुल फ्रॉड मामलों का लगभग 45 प्रतिशत होते हैं, लेकिन रकम के हिसाब से इनका हिस्सा करीब 98.5 प्रतिशत तक पहुंच जाता है. इसी कारण इस श्रेणी पर खास ध्यान दिया गया है. इसके अलावा अगर कोई ट्रांजैक्शन संदिग्ध लगता है तो बैंक ग्राहक से दोबारा कन्फर्म कर सकता है और उसे संभावित धोखाधड़ी के बारे में अलर्ट भी करेगा, इससे धोखाधड़ी के मामले कम हो सकते हैं.

हालांकि, यह नियम मर्चेंट पेमेंट (जैसे UPI से खरीदारी), ई-मैंडेट और चेक से होने वाले भुगतानों पर लागू नहीं होगा. ग्राहकों की सुविधा के लिए ‘व्हाइटलिस्टिंग’ का ऑप्शन भी दिया जाएगा, जिससे वे भरोसेमंद लोगों या खातों को पहले से मंजूरी देकर इस देरी से बच सकते हैं. RBI ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए यह जरूरी कदम उठा रही है.

UP : मेकअप का सामान कम था तो भड़क उठी दुल्हन, साफ कह दिया- शादी नहीं करूंगी, फिर चले ईंट-पत्थर

0

यूपी के बिजनौर में एक शादी में अजीबोगरीब मामला सामने आया. यहां मेकअप का सामान कम आने पर दुल्हन भड़क गई और उसने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद होने लगा. देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे. नाराज लोगों ने दूल्हे की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए. पुलिस ने किसी तरह मामले को कराया शांत. बारात बिना दुल्हन लौट गई.

बिजनौर के नहटौर नगर के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुल्हन ने मेकअप का सामान कम देखकर शादी से इनकार कर दिया. यह सामान दूल्हा पक्ष लेकर आया था. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई. देखते ही देखते पथराव होने लगा. हंगामे में दूल्हे की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई.

दरअसल, बिजनौर के नूरपुर के मोहल्ला इस्लाम नगर के रहने वाले युवक की शादी गांव नहटौर के जसमौरा की युवती से तय हुआ था. 8 अप्रैल बुधवार की रात नहटौर धामपुर मार्ग पर स्थित बैंक्वेट हॉल में बारात आई थी. जब रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी अचानक दुल्हन ने शादी से मना कर दिया, क्योंकि दुल्हन मेकअप का सामान कम लाए जाने से नाराज थी.

दुल्हन के इस फैसले से मौके पर सन्नाटा पसर गया. देखते ही देखते खुशी का माहौल तनाव में बदल गया. दुल्हन के इनकार के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए. दोनों एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए पहले बहस करने लगे फिर कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले. इस पथराव में दूल्हे की कार के शीशे टूट गए और गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भाई की पिटाई कर दी. किसी तरह उसने खुद को बचाया. हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई. वहां दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही थी.

कोतवाल रविन्द्र प्रताप ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर एक्शन लिया जाएगा. यह भी बताया जाता है कि दुल्हन और दूल्हा पहले से रिश्तेदार हैं. उधर देर रात दोनों पक्षों में बिरादरी के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में समझौता हो गया, जिसमें तय हुआ कि अब ये शादी नहीं होगी. बारात बिना दुल्हन के वापस जाएगी और दूल्हा पक्ष शादी के दौरान जो दुल्हन पक्ष का खर्चा हुआ, उस खर्चे को देगा. इसके बाद रात में ही बारात वापस लौट गई.

NATIONAL : गेमिंग में डूबा पैसा और दोस्त से लिया कर्ज…लखनऊ में छात्र ने फांसी लगाकर दे दी जान

0

लखनऊ के मानक नगर में 22 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी. ऑनलाइन गेमिंग में पैसे डूबने और कथित मानसिक दबाव को इसकी वजह माना जा रहा है. परिवार ने दोस्त पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है और कारणों की पड़ताल जारी है.उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मानक नगर इलाके में 22 साल के छात्र विशाल सिंह ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग में पैसे डूबने और मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया. विशाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और साथ ही बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था.

परिवार के अनुसार, विशाल पिछले कुछ समय से काफी परेशान था, लेकिन उसने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की. घटना का पता तब चला जब उसकी दादी दूसरी मंजिल पर गईं और उसे कमरे में फंदे से लटका देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है.]

मृतक के पिता दिनेश सिंह ने बताया कि विशाल ने कुछ समय पहले एक दोस्त से करीब 30 हजार रुपये उधार लिए थे. परिवार का आरोप है कि वही दोस्त लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह मानसिक दबाव में था. पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विशाल को क्रिकेट खेलने का शौक था और वह लेफ्ट आर्म बॉलर था. उसने अंडर-16 स्तर तक ट्रायल भी दिया था, लेकिन अंतिम चरण में चयन नहीं हो सका. कोरोना काल के बाद उसने क्रिकेट से दूरी बना ली थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों को खंगाल रही है.

NATIONAL : प्रियंका तूने ये क्या कर दिया? खूबसूरत और मासूम चेहरे के पीछे छिपी प्रेमी के लिए पति के खात्मे की कातिलाना साजिश

0

प्रियंका, तूने ये क्या किया ? पति की हत्या के बाद रो-रोकर लूट की झूठी कहानी सुनाने वाली पत्नी से लोग बहुत से सवाल पूछ रहे हैं. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मरवाने की योजना बनाई और एक लाख रुपये की सुपारी दी. वारदात के बाद लूट का सीन रचा गया, लेकिन कहानी ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और प्रियंका की कहानी की पोल खुल गई.

प्रियंका, तूने ये क्या किया? अगर प्रेमी के साथ ही जिंदगी बितानी थी, तो साफ कह देती… पति की हत्या तक बात क्यों पहुंची ? और उसे मरवाने के बाद फूट-फूटकर रोने और झूठ बोलने का पूरा नाटक क्यों रच डाला ? अब खुलासे के बाद लोग यही सवाल कर रहे हैं.

मध्य प्रदेश के धार के गोंदीखेड़ा गांव में हुए रोहित हत्याकांड में कुछ ऐसा खुलासा हुआ कि लोग इसी की चर्चा कर रहे हैं. घटना के बाद प्रियंका रो-रोकर लोगों को बताती रही कि देर रात घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट के दौरान उसके पति रोहित की हत्या कर दी. उसकी बातों पर शुरुआती दौर में लोगों ने यकीन भी किया. लेकिन, यह कहानी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी. पुलिस जांच में एक-एक परत खुलती गई और सामने आया कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश थी. जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. इसके लिए एक लाख रुपये की सुपारी तक दी गई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

घटना वाली रात जो तस्वीर सामने आई, वह एक सामान्य क्राइम सीन जैसी थी. घर का सामान बिखरा हुआ था, पति देवकृष्ण खून से लथपथ हालत में पड़ा था और प्रियंका खुद को बंधा हुआ बताकर रो रही थी. उसने बताया कि कुछ बदमाश घर में घुसे, हमला किया और लूटपाट के बाद पति की हत्या कर दी. लेकिन पुलिस ने इस कहानी को सीधे स्वीकार नहीं किया. सबसे पहले घटनाक्रम के समय को लेकर सवाल उठा. घटना और शोर मचाने के बीच का अंतर साफ नहीं था. इसके अलावा जिस तरह से खुद को बंधा हुआ बताया गया, उसमें भी कई झोल था. यहीं से जांच का फोकस बदल गया.

पुलिस ने प्रियंका के बयान को घटनास्थल के साक्ष्यों से मिलाया. जो कहानी वह बता रही थी, वह पूरी तरह से वहां के हालात से मेल नहीं खा रही थी. लूट का जो सीन दिखाया गया था, वह बनावटी लग रहा था. कुछ सामान बिखरा जरूर था, लेकिन पूरा घटनाक्रम सही नहीं लग रहा था. इसी आधार पर पुलिस ने इस मामले को गहराई से जांचना शुरू किया.

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मृतक के परिवार के बयान सामने आए. मृतक की बहन ज्योति ने बताया कि प्रियंका का व्यवहार शुरू से ही ठीक नहीं था. वह अक्सर चिड़चिड़ी रहती थी, ठीक से बात नहीं करती थी और घर में किसी से घुलती-मिलती नहीं थी. उनके मुताबिक, घर में अक्सर झगड़े होते थे रूम के अंदर भी और बाहर भी. कई बार ऐसा होता था कि जब भाई कमरे में जाते थे, तो प्रियंका बाहर चली जाती थी. और जब वह बाहर होते थे, तो वह अंदर जाकर मोबाइल में व्यस्त हो जाती थी. परिवार का कहना है कि दोनों के बीच सामान्य वैवाहिक जीवन जैसा कुछ नहीं था. परिजनों के मुताबिक, प्रियंका अक्सर पति से कहती थी कि वह उसके लायक नहीं है. वह उसे ताने देती थी, यहां तक कि रंग-रूप को लेकर भी टिप्पणी करती थी और कहती थी कि उसे इससे बेहतर जीवन मिल सकता है. कई बार उसने तलाक की बात भी कही.

मृतक की मां लक्ष्मी बाई ने आरोप लगाया कि प्रियंका ज्यादातर समय मायके में ही रहती थी. यहां 4 दिन आती थी, तो वहां 15 दिन रहती थी. फोन पर भी झगड़े होते थे और घर का माहौल अक्सर तनावपूर्ण रहता था. उनका यह भी कहना है कि पहले भी विवाद के चलते प्रियंका लंबे समय तक मायके में रही थी.

जांच में सबसे अहम कड़ी तब सामने आई, जब प्रियंका और कमलेश के बीच संबंध की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था और यही संपर्क इस पूरे मामले का मुख्य कारण बना. परिवार का भी आरोप है कि यह संबंध 2020 से चल रहा था और लगातार बना हुआ था. पुलिस जांच में सामने आया कि पति को रास्ते से हटाने की योजना पहले से बनाई गई थी. कमलेश ने अपने परिचित सुरेंद्र को इसमें शामिल किया और उसे एक लाख रुपये देने की बात तय हुई. योजना के अनुसार, रात में हमला किया जाना था, जब देवकृष्ण सो रहा हो ताकि विरोध की संभावना कम हो. घटना की रात यही हुआ. सोते हुए देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद पूरे घटनाक्रम को लूट जैसा दिखाने की कोशिश की गई. घर का सामान बिखेरा गया, प्रियंका को बांधा गया और कुछ देर बाद उसे शोर मचाने के लिए कहा गया. यानी, घटना के बाद का पूरा सीन भी पहले से तय योजना का हिस्सा था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और पूछताछ के आधार पर तेजी से जांच की. लगातार पूछताछ में कहानी टूटने लगी और आखिरकार प्रियंका ने साजिश की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने 36 घंटे के भीतर प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल सह-आरोपी सुरेंद्र की तलाश जारी है.

एसपी मयंक अवस्थी के अनुसार, शुरुआत में मामला लूट का लग रहा था, लेकिन जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह पूर्व नियोजित हत्या थी. उन्होंने बताया कि आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर योजना बनाई और सुपारी देकर हत्या करवाई. लूट का सीन सिर्फ जांच को गुमराह करने के लिए तैयार किया गया था. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की शादी कम उम्र में हुई थी. बाद में जब साथ रहने की स्थिति आई, तो रिश्ते को लेकर मतभेद सामने आए.

BUSINESS : लगातार दूसरे दिन खोई सोने-चांदी की चमक, चांदी 1300 रुपये फिसली; जानें आज आपके शहर का ताजा भाव

सोने-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिल रही है. MCX पर गोल्ड और सिल्वर दोनों कमजोर रहे और बाजार में हल्की नरमी का रुख बना हुआ है.

घरेलू फ्यूचर मार्केट में शुक्रवार, 10 अप्रैल को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. कारोबार के शुरूआत में सोने-चांदी लुढ़क गए थे. खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून, 2026 का एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर वायदा करीब 650 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था.

एमसीएक्स पर गोल्ड वायदा 1,52,685 रुपये (प्रति 10 ग्राम) पर ओपन हुआ. इसके आखिरी कारोबारी दिन एमसीएक्स पर सोना 1,53,434 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ था.

सुबह करीब 9:55 बजे, गोल्ड वायदा 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,52,783 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. गोल्ड फ्यूचर वायदा शुरुआती कारोबार में 1,52,985 रुपये के हाई लेवल पर पहुंचा था. आइए जानते हैं आज आपके शहर में इन बहुमूल्य धातुओं को कीमत क्या चल रही है.

चांदी की कीमत (Silver Price Today)

एमसीएक्स पर 5 मई 2026 का एक्सपायरी वाला सिल्वर 0.53 प्रतिशत या 1,300 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है. चांदी ने कारोबारी दिन की शुरुआत 2,42,515 रुपये पर की थी. दिन के कारोबार के दौरान चांदी का हाई लेवल 2,42,954 रुपये था.

दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में 10 ग्राम चांदी आज 2,600 रुपये की दर पर बिक रहा है. वहीं, 100 ग्राम चांदी खरीदने के लिए ग्राहकों को 26,000 रुपये देने होंगे. चेन्नई में 10 ग्राम चांदी की कीमत 2,650 रुपये चल रही है.

आपके शहर में सोने का भाव (गुड रिटर्न के अनुसार)

दिल्ली में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम) (Gold Price in Delhi)

24 कैरेट – 1,51,620 रुपए
22 कैरेट – 1,38,990 रुपए
18 कैरेट – 1,13,750 रुपए

मुंबई में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम) (Gold Price in Mumbai)

24 कैरेट – 1,53,000 रुपए
22 कैरेट – 1,40,250 रुपए
18 कैरेट – 1,14,750 रुपए

चेन्नई में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,52,720 रुपए
22 कैरेट – 1,39,990 रुपए
18 कैरेट – 1,16,490 रुपए

कोलकाता में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,000 रुपए
22 कैरेट – 1,40,250 रुपए
18 कैरेट – 1,14,750 रुपए

अहमदाबाद में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,050 रुपए
22 कैरेट – 1,40,300 रुपए
18 कैरेट – 1,14,800 रुपए

लखनऊ में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,150 रुपए
22 कैरेट – 1,40,400 रुपए
18 कैरेट – 1,14,900 रुपए

पटना में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,050 रुपए
22 कैरेट – 1,40,300 रुपए
18 कैरेट – 1,14,800 रुपए

हैदराबाद में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,000 रुपए
22 कैरेट – 1,40,250 रुपए
18 कैरेट – 1,14,750 रुपए

- Advertisement -

News of the Day