Saturday, June 27, 2026
Home Blog Page 1286

राष्ट्रपति बनते ही Donald Trump का धमाका, Canada के लिए 1 फरवरी से बढ़ेंगी मुश्किलें

0

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 1 फरवरी से कनाडा और मैक्सिको से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। यह कदम अमेरिकी व्यापार नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जो अमेरिकी नागरिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का दावा करता है। ट्रंप ने इस कदम को “अमेरिका फर्स्ट” नीति के तहत उठाया है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी व्यापार घाटे को कम करना और अन्य देशों से आयातित वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाकर अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।

अमेरिकी व्यापार नीति में होगा बड़ा बदलाव 
राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह अमेरिकी व्यापार नीति में बड़ा बदलाव करने वाले हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि अमेरिका अन्य देशों के साथ व्यापार में घाटे को कम करेगा और इससे होने वाली समस्याओं का समाधान करेगा। ट्रंप ने यह भी कहा था कि अमेरिकी टैक्सप payers का पैसा अन्य देशों के विकास में नहीं जाएगा। इसके बजाय, उनका उद्देश्य यह है कि अमेरिका अपनी वस्तुएं घरेलू बाजार में बेचे और आयातित वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर अन्य देशों से होने वाले लाभ को कम कर दिया जाए।

25 प्रतिशत टैरिफ होगा लागू 
ट्रंप का यह प्रस्ताव विशेष रूप से कनाडा और मैक्सिको जैसे देशों के लिए चिंता का कारण बन गया है। ट्रंप ने कहा कि 1 फरवरी से कनाडा और मैक्सिको से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लागू किया जा सकता है। यह कदम अमेरिका के व्यापार घाटे को कम करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका को कनाडा या मैक्सिको से आयातित वस्तुओं की कोई आवश्यकता नहीं है, और अन्य देशों से आयात पर शुल्क बढ़ाकर अमेरिकी खजाने को भरने का उनका उद्देश्य है।

कनाडा इसका प्रभावी जवाब देने के लिए तैयार है
कनाडा ने ट्रंप के प्रस्ताव पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कनाडा के वित्त मंत्री डोमिनिक लेब्लांक और विदेश मंत्री मेलोनी जोली ने कहा कि यदि ट्रंप का प्रस्ताव लागू होता है तो कनाडा इसे स्वीकार नहीं करेगा और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। जोली ने कहा कि कनाडा इस टैरिफ को रोकने के लिए सभी प्रयास करेगा और अगर यह लागू हुआ, तो कनाडा इसका प्रभावी जवाब देने के लिए तैयार है। फाइनेंस मिनिस्टर डोमिनिक लेब्लांक ने भी कहा कि कनाडा अमेरिकी राष्ट्रपति की अप्रत्याशित कार्रवाइयों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कनाडा इस प्रस्ताव के खिलाफ सभी कूटनीतिक प्रयास करेगा ताकि इसके नकारात्मक प्रभाव से बचा जा सके।

कैसे है अमेरिका और कनाडा के व्यापार संबंध
अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंध बहुत ही मजबूत और महत्वपूर्ण हैं। अमेरिका की तेल खपत का एक चौथाई हिस्सा कनाडा से आता है। अल्बर्टा, कनाडा से प्रतिदिन 4.3 मिलियन बैरल तेल अमेरिका को निर्यात करता है। इसके अलावा, कनाडा अमेरिका के 36 राज्यों को प्रतिदिन लगभग 3.6 बिलियन कनाडाई डॉलर की वस्तुएं और सेवाएं प्रदान करता है। इन मजबूत व्यापारिक संबंधों के बावजूद, ट्रंप का यह कहना कि अमेरिका को कनाडा से तेल या अन्य कोई वस्तु नहीं चाहिए, दोनों देशों के रिश्तों को और तनावपूर्ण बना सकता है। इससे व्यापारिक दृष्टिकोण से दोनों देशों के बीच एक आर्थिक तनाव पैदा हो सकता है, जो दोनों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

व्यापारिक रिश्तों में तनाव की आशंका
अगर ट्रंप का प्रस्ताव लागू होता है तो इसका कनाडा और मैक्सिको दोनों देशों के साथ व्यापारिक संबंधों पर गहरा असर पड़ सकता है। कनाडा और अमेरिका के बीच व्यापार का दायरा इतना बड़ा है कि इस पर कोई भी बड़ा फैसला सीधे तौर पर दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित करेगा। इसके अलावा, अगर कनाडा और मैक्सिको दोनों देशों ने अपने स्तर पर प्रतिक्रिया दी और टैरिफ को चुनौती दी, तो यह एक व्यापार युद्ध की स्थिति को जन्म दे सकता है, जो न केवल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के लिए, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। इस प्रस्ताव के लागू होने के बाद, दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों में तनाव बढ़ने की संभावना है, और इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। फिलहाल, कनाडा और मैक्सिको दोनों देशों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है और इसे रोकने के लिए कूटनीतिक उपायों पर विचार कर रहे हैं।

जेल में बैठकर चुनाव लड़ना हुआ आसान, Supreme Court ने इस मुद्दे पर की तीखी टिप्पणी

0

सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद नेताओं के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की बात कही है। हाल ही में कोर्ट ने इस मुद्दे पर तीखी टिप्पणी की और कहा कि जेल में रहकर चुनाव लड़ना अब एक सामान्य बात बन चुकी है जो सही नहीं है। यह टिप्पणी तब आई जब दिल्ली विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार ताहिर हुसैन की याचिका पर सुनवाई हो रही थी। ताहिर हुसैन पर दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या का आरोप है।

PunjabKesari

जस्टिस पंकज मित्तल और जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की बेंच ने सोमवार को इस मामले पर सुनवाई करनी थी लेकिन सुनवाई टल गई। ताहिर हुसैन की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ अग्रवाल ने मंगलवार को फिर से सुनवाई की मांग की। इस पर जस्टिस मित्तल ने कहा कि आजकल जेल में रहकर चुनाव जीतना बहुत आसान हो गया है और इससे रोकना चाहिए। ताहिर हुसैन के वकील ने कहा कि उनका नामांकन पहले ही स्वीकार किया जा चुका है। इसके बाद कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई मंगलवार को तय की।

वहीं ताहिर हुसैन को आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद के रूप में पहचान मिली है और अब उन्हें असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएम ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मुस्तफाबाद सीट से टिकट दिया है। ताहिर ने हाई कोर्ट से चुनाव प्रचार के लिए जमानत मांगी थी और उन्हें कस्टडी पैरोल मिल गया था ताकि वह नामांकन भर सकें। इसके पहले, जम्मू कश्मीर में भी एक नेता को चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी गई थी और ताहिर ने इसी आधार पर जमानत मांगी है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जेल में रहकर चुनाव लड़ना और जीतना एक असामान्य स्थिति बन चुकी है और इसे रोकना चाहिए ताकि यह प्रक्रिया पारदर्शी और उचित बनी रहे।

महाकुंभ में 51 लीटर दूध चढ़ाएंगे सीमा हैदर और सचिन, बोलीं- मैं तो नहीं जा सकती…

सीमा हैदर, जो प्यार की खातिर पाकिस्तान से भारत आई थीं, एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। सीमा, जो अब अपने चार बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा में अपने नए पति सचिन मीणा के साथ रह रही हैं, अक्सर हिंदू त्योहारों और रीति-रिवाजों में शामिल होती हैं। इस बार वह प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में भी कुछ खास करने जा रही हैं। सीमा और सचिन ने महाकुंभ में 51 लीटर गाय का दूध चढ़ाने का फैसला किया है।

महाकुंभ में जाकर प्रसाद चढ़ाएंगे सचिन
सीमा के वकील एपी सिंह ने बताया कि सीमा महाकुंभ में जाना चाहती थीं, लेकिन उनकी प्रेग्नेंसी के कारण वह यह यात्रा नहीं कर पा रही हैं। एपी सिंह ने कहा कि सीमा की तरफ से सचिन मंगलवार को महाकुंभ में जाकर प्रसाद चढ़ाएंगे। सीमा का कहना है कि उसने सचिन से शादी करने के बाद हिंदू धर्म अपना लिया है। सचिन ने भी कहा कि वे दोनों संगम (गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम) पर 51 लीटर गाय का दूध चढ़ाना चाहते थे, लेकिन सीमा की प्रेग्नेंसी के कारण वह खुद नहीं जा सकते। सचिन ने बताया कि उन्हें सीमा की देखभाल करनी है, इसलिए वह महाकुंभ में नहीं जा पाएंगे।

‘मोबाइल के जरिए महाकुंभ के दर्शन करेंगी सीमा’
सीमा ने कहा कि वह महाकुंभ नहीं जा सकतीं, इसलिए वह सोशल मीडिया, टेलीविजन और मोबाइल के जरिए महाकुंभ के दर्शन करेंगी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे महाकुंभ में जरूर जाएं और अपना आशीर्वाद प्राप्त करें। बता दें कि सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जकोबाबाद की रहने वाली हैं। मई 2023 में, सीमा ने अपने चार बच्चों के साथ घर छोड़ दिया और नेपाल के रास्ते भारत पहुंची थीं। जुलाई 2023 में, वह तब सुर्खियों में आईं जब भारतीय अधिकारियों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा में सचिन मीणा के साथ पाया। सचिन ने बताया कि वे दोनों 2019 में ऑनलाइन गेम पब्जी के जरिए मिले थे और फिर शादी कर ली। वहीं, सीमा के पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर ने अपने बच्चों की कस्टडी पाने के लिए एक भारतीय वकील नियुक्त किया है, ताकि वह अपने बच्चों को वापस पाकिस्तान ले जा सकें।

सेंसेक्स में 800 अंक से ज्यादा की गिरावट, 76,200 पर कारोबार कर रहा

0

शेयर बाजार में आज यानी 21 जनवरी को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 76,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 150 अंक से ज्यादा की गिरावट है, ये 23,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में तेजी और 3 में गिरावट देखने को मिल रही है। कमजोर तिमाही नतीजों के बाद जोमैटो के शेयर में 9% से ज्यादा की गिरावट है। बैंकिंग, ऑटो और मेटल शेयर्स में ज्यादा गिरावट है।

एशियाई बाजारों में बढ़त

एशियाई बाजार में जापान के निक्‍केई में 0.13% और कोरिया के कोस्पी में 0.19% की देखने को मिल रही है। वहीं चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 0.17% ऊपर कारोबार कर रहा है।
NSE के डेटा के अनुसार, 20 जनवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,336 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,321 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
17 जनवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 0.78% की तेजी के साथ 43,487 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 1.00% चढ़कर 5,996 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स में 1.51% की तेजी रही।

कल बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले कल यानी 20 जनवरी को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 454 अंक की तेजी के साथ 77,073 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 141 अंक की तेजी रही, ये 23,344 के स्तर पर बंद हुआ था।

वृषभ और कर्क समेत तीन राशि वालों को करियर में मिल सकती हैं सफलताएं, जानने एक लिए पढ़े आज का राशिफल

0

आज 21 जनवरी का दिन है और चंद्रमा बुधदेव की राशि कन्या में संचरण कर रहे हैं। सप्त्मी तिथि, चित्रा नक्षत्र और धृति योग बन रहा है। आज के राशिफल की बात करें तो आज मेष राशि के जातकों मन में प्रेम और सहयोग की भावना बनी रहेगी।। वहीं कुछ राशि वालों आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आज आपको कुछ नई जिम्मेदारियां मिल सकती है। इसके अलावा कुछ राशि वालों को शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। आचार्य मानस शर्मा बता रहे हैं चंद्र राशि पर आधारित मेष, वृषभ, मिथुन, कर्क, सिंह, कन्या, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि वालों के लिए आज का दिन कैसा रहेगा

मेष दैनिक राशिफल (Aries Daily Horoscope) 
आज का दिन आपके लिए आनंदमय रहने वाला है। परिवार के सदस्यों के साथ आप आनंदमय समय व्यतीत करेंगे। जीवनसाथी आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। कार्यक्षेत्र में आप किसी काम में आप बेवजह न उलझें। आपको किसी से पार्टनरशिप में कोई काम करने से बचना होगा। आपको वाहनों के प्रयोग से सावधान रहने की आवश्यकता है। आपका किसी पुरानी गलती से पर्दा उठ सकता है। आपको अपने पिताजी से किसी मन की इच्छा को लेकर बातचीत कर सकते हैं।
वृषभ दैनिक राशिफल (Taurus Daily Horoscope)
आज का दिन आपके लिए व्यवसाय के मामले में अच्छा रहने वाला है। माता-पिता के आशीर्वाद से आप किसी नई प्रॉपर्टी में इन्वेस्टमेंट कर सकते हैं। राजनीतिक लोगों के मित्रों की संख्या में इजाफा होगा। आप किसी से वाहन मांगकर न चलाएं, नहीं तो कोई दुर्घटना होने की संभावना बनती दिख रही है। जल्दबाजी में आप परिवार में किसी सदस्य के करियर को लेकर कोई निर्णय ले सकते हैं। आपको अपने किसी परिजन की कोई बात बुरी लग सकती है। प्रेम और सहयोग की भावना आपके मन में बनी रहेगी।
मिथुन दैनिक राशिफल (Gemini Daily Horoscope)
आज का दिन आपके लिए तनावग्रस्त रहने वाला है। आपको अपने परिवार में शांति बनाए रखने की आवश्यकता है। आपको अपने कामों में धैर्य और साहस से काम लेना होगा। आप बेवजह किसी बात को लेकर क्रोध न करें। विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के मार्ग खुलेंगे। वैवाहिक जीवन में चल रही समस्या काफी हद तक दूर होंगी, लेकिन आपको अपनी सेहत के मामले में लापरवाही बिल्कुल नहीं करनी है। भाई-बहनों से यदि आप कोई मदद मांगेंगे, तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगी।

कर्क दैनिक राशिफल (Cancer Daily Horoscope) 
आज का दिन आपके लिए किसी नई संपत्ति के खरीदारी के लिए अच्छा रहेगा। संतान आपसे किसी चीज की फरमाइश कर सकती है। आप जीवनसाथी को कोई ज्वेलरी या गिफ्ट लेकर आ सकते हैं। आपको कुछ विशेष व्यक्तियों से मिलने का मौका मिलेगा। यदि आपको किसी बात को लेकर कोई टेंशन थी, तो उससे भी आपको छुटकारा मिलता दिख रहा है। परिवार में आपको कुछ व्यक्तियों से मिलने का मौका मिलेगा। आपके घर किसी अतिथि का आगमन हो सकता है, जिससे माहौल खुशनुमा रहेगा।

सिंह दैनिक राशिफल (Leo Daily Horoscope)
आज का दिन आपके लिए मौज मस्ती से भरा रहने वाला है। आपकी इनकम बढ़ने से खुशी होगी। बिजनेस कर रहे लोगों को साझेदारी में कोई काम करने से बचना होगा। आप किसी वाद-विवाद को लेकर परेशान थे, तो वह भी दूर होगा। आप कोई जोखिम भरे काम में हाथ ना डालें। यदि आपकी कोई डील प्रॉपर्टी को लेकर अटकी हुई थी, तो वह फाइनल हो सकती है। आपको किसी काम को लेकर दूसरों पर डिपेंड नहीं होना है। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी।
कन्या दैनिक राशिफल (Virgo Daily Horoscope)
आज का दिन आपके लिए भागदौड़ से भरा रहने वाला है। आपको अपने खान-पान पर पूरा ध्यान दें। आपको परिवार में किसी सदस्य की ओर से कोई निराशाजनक सूचना सुनने को मिल सकती है। प्रॉपर्टी को लेकर कोई वाद-विवाद की स्थिति खड़ी हो सकती हैं। वैवाहिक जीवन में प्रेम और सहयोग बना रहेगा। दोनों को एक दूसरे का साथ खूब पसंद आएगा। परिवार के सदस्यों के साथ आप किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं, जो आपके लिए लाभदायक रहेगी।
तुला दैनिक राशिफल (Libra Daily Horoscope) 
आज के दिन आपकी निर्णय लेने की क्षमता बेहतर रहेगी। आपको मन मुताबिक लाभ मिलने से खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। आप अपने व्यवसाय में कुछ नए उपकरणों को शामिल कर सकते हैं। आप किसी लेनदेन से संबंधित समस्या को लेकर यदि परेशान थे, तो वह भी दूर होती दिख रही है। आज आपकी साख और सम्मान में वृद्धि होगी। आपको अपने आसपास रह रहे विरोधियों को पहचानने की आवश्यकता है। शौक की चीजों पर आप अच्छा खासा धन व्यय करेंगे।
वृश्चिक दैनिक राशिफल (Scorpio Daily Horoscope)
आज का दिन आपके लिए उलझनों से भरा रहने वाला है। आपको बेवजह किसी बात को लेकर क्रोध करने से बचना होगा। सामाजिक कार्यक्रमों में आपको सम्मिलित होने का मौका मिलेगा। आप खानपान पर पूरा ध्यान दें। प्रेम और सहयोग की भावना आपके मन में बनी रहेगी। किसी सरकारी योजना का आपको पूरा लाभ मिलेगा। आपने यदि किसी को धन उधार दिया था, तो उसके भी आपको मिलने की संभावना है। नौकरी में आप अपने कामों पर पूरा फोकस बनाएं रखें।

इजरायल ने गाजा युद्धविराम के बाद शानदार भूमिका के लिए भारत का जताया “आभार”

0

गाजा पट्टी में लंबे समय से जारी संघर्ष पर रविवार को युद्धविराम लागू हो गया, जिससे वहां के हालात में कुछ राहत आई। 15 दिनों से चल रही हिंसक झड़पों के बाद युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौता लागू हुआ। इस दौरान इजरायल ने भारत की शानदार भूमिका की सराहना करते हुए समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।  इजरायली राजदूत रूवेन अजार ने नई दिल्ली से मिले समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इजरायली दूतावास द्वारा जारी एक बयान में अजार ने कहा, “मैं आत्मरक्षा के हमारे अधिकार का समर्थन करने के लिए भारत सरकार और भारतीय जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। भारतीयों के समर्थन से हम बेहद प्रभावित हैं।” भारत ने इस संघर्ष के दौरान हमेशा संयम और युद्धविराम की अपील की थी। गाजा में संघर्ष को रोकने और शांति स्थापित करने में भारत के रुख की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

तीन इजरायली महिलाओं की रिहाई 
युद्धविराम के साथ ही हमास ने तीन इजरायली बंधक महिलाओं को रिहा कर दिया। इन महिलाओं में रोमी गोनेन (24), एमिली दमारी (28) और डोरोन स्टीनब्रेचर (31) शामिल हैं। रिहाई के बाद इन महिलाओं को रेड क्रॉस की मदद से इजरायल पहुंचाया गया, जहां भारी भीड़ ने उनका स्वागत किया। गोनेन को नोवा संगीत समारोह से अगवा किया गया था, जबकि अन्य दो महिलाओं का अपहरण किबुत्ज कफर अजा से हुआ था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रिहाई का स्वागत करते हुए कहा, “पूरा देश आपको गले लगाता है।”

गाजा में जश्न, कैदियों की रिहाई 
युद्धविराम लागू होने के बाद गाजा में जश्न का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में फलस्तीनी अपने घरों की ओर लौटने लगे। रविवार को 90 फलस्तीनी कैदियों को भी रिहा किया गया। इजरायली सेना ने दावा किया है कि उन्होंने गाजा में विशेष अभियान के दौरान 2014 के इजरायल-हमास युद्ध में मारे गए सैनिक ओरोन शॉल का शव बरामद किया है।

स्थिति अभी भी संवेदनशील 
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हालांकि स्थिति अभी भी संवेदनशील है और इजरायली गोलीबारी में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे बफर जोन में लौटते समय सतर्क रहें और इजरायली सेना से दूर रहें।

घर खरीदारी में बड़ा बदलाव, भारत में 1 करोड़ रुपए से महंगे अपार्टमेंट्स की बिक्री 50% के पार

भारत में पहली बार 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाले अपार्टमेंट्स ने वार्षिक आवासीय बिक्री में 50% से अधिक का योगदान दिया, जो घर खरीदने की प्राथमिकताओं में एक बड़ा बदलाव दर्शाता है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म JLL की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रीमियम (3-5 करोड़ रुपए) और लग्जरी (5 करोड़ रुपए से अधिक) सेगमेंट में मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बढ़ोतरी के पीछे हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स (HNWI) की बढ़ती आय, तकनीकी रूप से सक्षम घरों की मांग और सुरक्षित आवास की प्राथमिकता जैसे कारक प्रमुख हैं।

किस प्राइस रेंज में कितनी बिक्री

3-5 करोड़ रुपए के सेगमेंट: इस सेगमेंट की बिक्री में 86% की बढ़ोतरी हुई, जो 2024 में कुल बिक्री का 9% है, जबकि 2023 में यह केवल 5% था।

5 करोड़ रुपए से ऊपर का सेगमेंट: लक्जरी बाजार में 80% का इजाफा हुआ, जो 2024 में कुल बिक्री का 5% योगदान करता है, जबकि 2023 में यह 3% था।

2024 में लगभग 302,000 आवासीय यूनिट लॉन्च की गई, जो शीर्ष 7 शहरों में अब तक की सबसे बड़ी वार्षिक आवासीय आपूर्ति है। वार्षिक आधार पर, 2024 में लॉन्च में लगभग 3% की मामूली बढ़ोतरी हुई। मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद ने सलाना लॉन्च में 60% हिस्सा लिया। बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और पुणे जैसे टेक शहरों ने अपने वाणिज्यिक कार्यालय क्षेत्र के विस्तार के कारण 2024 में लॉन्च में लगभग 60% हिस्सेदारी ली।

इस अभूतपूर्व बिक्री के चलते, 2024 में औसत वार्षिक बिक्री ने महामारी के बाद के सालों (2022-2024) में पिछले दशक (2010-2019) की औसत वार्षिक बिक्री को लगभग 63% पार कर लिया।

Q4 2024 में कुल 72,930 यूनिट बेची गईं, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में लगभग 3% की मामूली गिरावट है। बेंगलुरु, मुंबई और पुणे ने तिमाही बिक्री में लगभग 64% हिस्सा लिया। 3 करोड़ रुपए और उससे अधिक मूल्य वाले घरों की मांग में लगातार इजाफा देखा गया, जो तिमाही बिक्री में 14% हिस्सेदारी के रूप में आई।

300,000 यूनिट के आंकड़े को पार

JLL इंडिया के सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर (चेन्नई और कोयंबटूर)और रेजिडेंशियल सर्विसेज के हेड शिव कृष्णन ने कहा, “2024 में आवासीय आपूर्ति ने बिक्री के साथ गति बनाए रखी, जो 300,000 यूनिट के आंकड़े को पार कर गई। महामारी के बाद के सालों में आवासीय आपूर्ति में निरंतर बढ़ोतरी को देखते हुए 2010-2019 में औसत सलाना लॉन्च की तुलना में लगभग 47% का इजाफा हुआ है। उच्च-स्तरीय आवास की बढ़ती मांग को देखते हुए, डेवलपर्स ने प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट के प्रोजेक्ट्स के लॉन्च पर ध्यान केंद्रित किया है, जैसा कि उनके लॉन्च में क्रमशः 101% और 68% की वार्षिक बढ़ोतरी से स्पष्ट है।”

दिल्ली एनसीआर ने सालाना लॉन्च में सबसे ज्यादा साल-दर-साल बढ़ोतरी दर्ज की, जबकि बेंगलुरु में हाई लॉन्च देखा गया। Q4 2024 में भारत के शीर्ष सात शहरों (दिल्ली एनसीआर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरू, पुणे, कोलकाता) में आवासीय मूल्य बढ़ोतरी जारी रही, जिसमें साल-दर-साल मूल्य बढ़ोतरी लगभग 5% से 20% के बीच थी। दिल्ली एनसीआर ने लगभग 20% के साथ सबसे ज्यादा मूल्य वृद्धि दर्ज की, इसके बाद बेंगलुरु में लगभग 14% की बढ़ोतरी हुई चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता में भी आवासीय पूंजी मूल्यों में लगभग 10% की बढ़ोतरी हुई।

केरल: प्रेमिका ने की प्रेमी की हत्या, कोर्ट ने सुनाई सजा-ए-मौत

0

केरल की एक अदालत ने सोमवार को एक महिला को 2022 में अपने प्रेमी की हत्या करने के आरोप में मौत की सजा सुनाई। नेय्याट्टिनकरा अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय ने इस मामले के तीसरे आरोपी महिला के रिश्तेदार निर्मल कुमारन नायर को भी तीन साल की सजा सुनाई।

महिला आरोपी ग्रीष्मा (24) ने सजा में नरमी की अपील करते हुए अपनी शैक्षिक उपलब्धियों पूर्व आपराधिक इतिहास न होने और अपने माता-पिता की इकलौती बेटी होने का हवाला दिया। हालांकि, अदालत ने ग्रीष्मा की उम्र और अन्य कारणों पर विचार करते हुए उसे सजा में कोई छूट नहीं दी। अदालत ने अपने 586 पृष्ठ के फैसले में कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी की उम्र पर विचार करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

ग्रीष्मा को शेरोन राज की हत्या का दोषी पाया गया, जो तिरुवनंतपुरम जिले के परसाला के रहने वाले थे। अभियोजक के अनुसार, अदालत ने यह भी पाया कि ग्रीष्मा ने हत्या की योजना को चरणबद्ध तरीके से तैयार किया था। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी थी और इससे पहले उसने शेरोन की हत्या का प्रयास किया था। गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को भटकाने के लिए उसने आत्महत्या की कोशिश की थी।

फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए पीड़ित की मां प्रिया ने कहा कि वह अदालत का धन्यवाद करती हैं कि इस आदेश के जरिए न्याय मिला। विशेष लोक अभियोजक वी. एस. विनीत कुमार ने कहा कि अदालत का निर्णय पूरी तरह से न्यायोचित है और इस मामले को ‘बहुत दुर्लभतम श्रेणी’ में रखा गया है। अदालत ने कहा कि दोषी शातिर अपराधी है, जिसने बड़ी सावधानी से इस क्रूर हत्या की साजिश रची थी।”

अदालत ने ग्रीष्मा के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इसके अलावा अदालत ने यह भी माना कि 22 अगस्त 2022 को ग्रीष्मा ने पैरासिटामोल की गोलियां फलों के रस में मिलाकर शेरोन को जहर देने की कोशिश की थी, लेकिन शेरोन ने फलों के रस का कड़वा स्वाद महसूस कर इसे पीने से इंकार कर दिया, जिससे यह प्रयास विफल हो गया।

इस फैसले का स्वागत करते हुए जांच की निगरानी करने वाली तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डी. शिल्पा ने इसे पुलिस टीम की संयुक्त मेहनत की जीत बताया। उन्होंने कहा- हमने जांच के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से मामले को सुलझाने में सफलता मिली।

पटना में 2 दिवसीय अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन

0

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को यहां 85वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन (एआईपीओसी) का उद्घाटन किया। बिहार में तीसरी बार आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय सम्मेलन का विषय है- ‘‘संविधान की 75वीं वर्षगांठ: संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में संसद और राज्य विधायी निकायों का योगदान।” सम्मेलन के दौरान प्रतिभागी ‘‘अधिक दक्षता, प्रभावशीलता और उत्पादकता के लिए हमारे विधायी निकायों में आधुनिक तकनीक को अपनाने” पर विचार-विमर्श करेंगे।

PunjabKesari

इस अवसर पर अपने संबोधन में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कहा, ‘‘यह तीसरी बार है जब बिहार लगभग 43 वर्षों के अंतराल के बाद इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। बिहार की धरती भारत की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत का केंद्र मानी जाती है। इस धरती ने भगवान बुद्ध की करुणा, महावीर की अहिंसा और गुरु गोविंद सिंह जी के साहस को जन्म दिया है।” उन्होंने कहा कि यह वही धरती है जहां से चाणक्य ने सैद्धांतिक राजनीति की शुरुआत की और सम्राट अशोक ने शासन में नैतिकता का संदेश दिया।

यादव ने कहा कि यह चंपारण की धरती है जिसने गांधी जी को महात्मा बनाया। उन्होंने कहा, ‘‘यह सम्मेलन लोकतंत्र को मजबूत करने तथा जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद और समन्वय को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।” समापन सत्र को मंगलवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संबोधित करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित अन्य प्रतिभागियों में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्य मंत्री श्रवण कुमार आदि शामिल थे। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में आज शामिल नहीं हो पाए। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें आज इस सम्मेलन में शामिल होना था।

पंजाब में दिल दहला देने वाला हादसा, एक झटके में गई 4 बेजुबानों की जान

0

अमृतसर के थाना डी डिवीजन थाने के क्षेत्र लाहौरी गेट में आज सुबह 4:15 बजे एक भयानक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की गाड़ी में 5 युवक सवार थे जो शराब के नशे में थे। सबसे पहले, इन कार सवारों ने वाल्मीकि मंदिर की दीवार में टक्कर मार दी और मंदिर की दीवार और गेट को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वे एक बिजली के खंभे से टकरा गए, जिस पर एक बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा कार पर गिर गया और कार के चारों ओर बिजली फैल गई।

इस घटना के दौरान कार सवार लोग तो मौके से भाग गए, लेकिन बेजुबान कुत्ते पर जमीन पर  थे, वे करंट की चपेट में आ गए, जिस कारण 4 कुत्तों की मौत हो गई।   उधर, थाना डी डिवीजन के पुलिस अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि दिल्ली नंबर एक की गाड़ी ने खंभे में टक्कर मार दी है, जिससे ट्रांसफार्मर में करंट फैल गया और वहां बैठे कुत्ते करंट की चपेट में आ गए। सड़क पर बैठे ही कुत्तों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इनमें से एक युवक होटल का मैनेजर है और सफाई कर्मचारी का काम करता है। उसके दोस्त का जन्मदिन था, जिसके कारण वह नशे में था और उसके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अनुसार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन में सवार शेष तीन युवकों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद उचित जांच की जाएगी।

- Advertisement -