Thursday, April 2, 2026
Home Blog Page 142

ENTERTAINMENT : मुंबई मेट्रो में स्टंट करना पड़ा भारी, वरुण धवन को मिली चेतावनी, यूजर्स बोले- बॉर्डर 2 की खुशी?

0

वरुण धवन का मुंबई मेट्रो के अंदर पुल-अप्स करते वीडियो वायरल हो गया. इसके बाद मेट्रो प्रशासन ने सेफ्टी एडवाइजरी जारी की. जानिए पूरा मामला और क्या कहा अधिकारियों ने.

इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का आनंद ले रहे वरुण धवन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि मुंबई मेट्रो के अंदर किया गया एक स्टंट है. सोशल मीडिया पर वरुण के कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें वो मेट्रो कोच के अंदर पुल-अप्स करते हुए नजर आ रहे हैं. इसके बाद वो विवाद में फंस गए.

वरुण का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. ये बात शनिवार की बताई जा रही है, जब वरुण मुंबई के भारी ट्रैफिक से बचने के लिए मेट्रो से सफर करते हुए अचानक एक थिएटर पहुंचे थे. उन्होंने खुद मेट्रो के अंदर से एक वीडियो शेयर किया था और फैन्स से पूछा था कि वो किस सिनेमा हॉल जा रहे हैं. इसके कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें वरुण मेट्रो के अंदर लोहे की रॉड से लटककर एक्सरसाइज करते दिखे, जबकि आसपास दूसरे यात्री भी मौजूद थे.

इसके बाद मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वही वीडियो शेयर करते हुए एक सेफ्टी मैसेज जारी किया. कैप्शन में लिखा गया- इस वीडियो के साथ आपकी एक्शन फिल्मों की तरह एक डिस्क्लेमर होना चाहिए था, वरुण धवन, कृपया महा मुंबई मेट्रो में ऐसा करने की कोशिश न करें. हमें पता है कि दोस्तों के साथ मेट्रो में घूमना अच्छा लगता है, लेकिन ये हैंडल्स लटकने के लिए नहीं बने हैं.

“इस तरह की हरकतें मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन और मेंटेनेंस) एक्ट 2002 के तहत अपराध मानी जाती हैं. इससे जुर्माना लग सकता है और गंभीर मामलों में जेल भी हो सकती है. इसलिए मेट्रो में सफर करें, लेकिन जिम्मेदारी से करें. लटकिए मत.”इस पोस्ट के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने मेट्रो प्रशासन की तारीफ की और कहा कि सेलिब्रिटी होने के बावजूद नियम तोड़ने पर उन्हें भी टोका गया, जो सही कदम है.

वहीं दूसरी ओर, वरुण धवन की वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’, जो 23 जनवरी को रिलीज हुई थी, बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म अब तक 140 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. इस फिल्म में वरुण के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी नजर आ रहे हैं. साथ ही मोना सिंह, सोनम बाजवा, अनन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में हैं.

NATIONAL : एंबुलेंस का गेट हुआ जाम, अस्पताल की चौखट पर सांसें हार गया राम प्रसाद, तड़प-तड़पकर मौत

0

सतना जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और 108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. एक गंभीर मरीज एंबुलेंस के भीतर सिर्फ इसलिए दम तोड़ गया क्योंकि मौके पर गाड़ी का दरवाजा ही नहीं खुला.मध्य प्रदेश के सतना जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ताजा घटनाक्रम की जीवंत तस्वीर बेहद चौंकाने वाली है, जहां एक रेफर किया गया गंभीर मरीज 108 एंबुलेंस में कैद होकर रह गया और आखिरकार जिला अस्पताल की चौखट तक पहुंचने पर एंबुलेंस का गेट काफी जद्दोजहद के बाद खोला जा सका. जब मरीज को बाहर निकाला गया, तो उसकी सांसें थम चुकी थीं.

इस पर जिला अस्पताल के स्वास्थ्य महकमे की दलील है कि मरीज ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था. जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती यह तस्वीर सतना जिला अस्पताल (सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल) के गेट की है, जहां आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा वाहन (108) से गंभीर बीमार मरीज राम प्रसाद को रामनगर से सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया था.

दरअसल, 67 वर्षीय रामनगर निवासी राम प्रसाद सुबह घर के बाहर आग तापते समय अचानक बेहोश हो गए थे. परिजनों ने उन्हें आनन-फानन रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां कुछ देर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 108 एंबुलेंस से सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

खस्ताहाल 108 एंबुलेंस राम प्रसाद को लेकर सतना जिला अस्पताल की चौखट तक तो पहुंच गई, लेकिन तब तक राम प्रसाद की मौत हो चुकी थी. विडंबना देखिए कि सरकारी ‘आपातकालीन’ सेवा (108) मरीज को लेकर जिला अस्पताल के गेट तक तो पहुंच गई, लेकिन वहां पहुंचते ही एंबुलेंस का दरवाजा जाम हो गया.

वीडियो में कैद तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं. मरीज अंदर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा था और बाहर लोग लात-घूंसों व औजारों से एंबुलेंस का गेट तोड़ने की कोशिश कर रहे थे.एंबुलेंस चालक को खिड़की के रास्ते अंदर घुसने की कोशिश करते भी देखा जा सकता है. काफी जद्दोजहद के बाद जब गेट जबरन खोला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

स्ट्रेचर पर बाहर निकलते ही डॉक्टरों ने राम प्रसाद को मृत घोषित कर दिया. इस मामले में अब स्वास्थ्य महकमा पल्ला झाड़ते हुए दलील दे रहा है कि मरीज की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में हो गई थी.

NATIONAL : एकतरफा प्यार में प्रेमी की करतूत, घर में सो रही लड़की पर एसिड अटैक, नंबर ब्लॉक करने से था नाराज

0

मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार से नाराज युवक ने युवती पर घर में घुसकर एसिड अटैक कर दिया. ग्रेजुएशन की छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पीड़िता ने दूर के रिश्तेदार प्रियांशु पर आरोप लगाया है, जो उसे परेशान करता था. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

मोतिहारी जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने युवती के इनकार से नाराज होकर उस पर एसिड अटैक कर दिया. इस हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और दर्द से तड़पने लगी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. यह घटना पताही थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती ग्रेजुएशन की छात्रा है. वह घटना की रात अपने घर में मां के साथ सो रही थी. देर रात एक व्यक्ति चुपचाप घर के अंदर दाखिल हुआ, लाइट बंद की और इससे पहले कि युवती कुछ समझ पाती, उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया. तेज जलन के कारण युवती चीख पड़ी, जिससे उसकी मां की नींद खुली, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था.

घटना के बाद घबराए परिजनों ने बिना देर किए युवती को मोतिहारी शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार, युवती का इलाज जारी है और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार है. उसने आरोप लगाया कि उसके चाचा के मामा का बेटा प्रियांशु लंबे समय से उसे मैसेज कर रहा था और जबरन बातचीत का दबाव बना रहा था. युवती ने कई बार साफ शब्दों में बात करने से मना किया, लेकिन लगातार दबाव के कारण कुछ समय तक बातचीत करनी पड़ी. बाद में जब उसने पूरी तरह दूरी बना ली, तो आरोपी नाराज हो गया और बदले की भावना से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

युवती का इलाज कर रहे डॉक्टर मंजर नसीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवती से पूछताछ की. पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.

मामले को लेकर पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी प्रियांशु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. डीएसपी ने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर अपराध है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

PUNJAB : शादी की खुशियां मातम में बदली, चाइनीज मांझे से स्कूटी सवार महिला का कटा गला, मौके पर मौत

0

पंजाब में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है. समराला में बच्चे की मौत के बाद अब लुधियाना के मुल्लापुर दाखा में स्कूटी सवार महिला की गर्दन चाइनीज मांझा से कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई. महिला शादी की खरीदारी करने जा रही थी. इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही और प्रतिबंध की हकीकत उजागर कर दी है.पंजाब में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का जानलेवा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. समराला में बच्चे की मौत के एक दिन बाद अब लुधियाना जिले के मुल्लापुर दाखा इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चाइनीज मांझा की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई.

मृतका की पहचान रायकोट निवासी महिला के रूप में हुई है, जो अपनी मौसी की बेटी की शादी के लिए बाजार खरीदारी करने जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही महिला बाजार के नजदीक पहुंची, सड़क के बीचों-बीच लटक रहा चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया. तेज धार वाले मांझा के कारण महिला का गला गंभीर रूप से कट गया और वह स्कूटी से गिरकर सड़क पर तड़पने लगी.घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत महिला को अपनी कार में बैठाकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही महिला की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मांझा सड़क पर काफी देर से लटका हुआ था, लेकिन किसी ने इसे हटाने की कोशिश नहीं की, जो लापरवाही का गंभीर मामला है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि मृतका दो साल के मासूम बच्चे की मां थी. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चाइनीज मांझा पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है.लोगों का कहना है कि हर साल प्रशासन चाइनीज मांझा पर प्रतिबंध की बात करता है, लेकिन इसके बावजूद बाजारों में चोरी-छिपे इसकी बिक्री जारी रहती है. नतीजा यह है कि आए दिन लोग इस घातक मांझा का शिकार हो रहे हैं.

NATIONAL : 4 दिन बाद भी नहीं मिला कटा सिर, बाकी बॉडी पार्ट्स का हुआ पोस्टमार्टम; प्रेमी ने किया था कत्ल

0

आगरा में युवती की नृशंस हत्या के 4 दिन बाद भी पुलिस को मृतका का कटा सिर नहीं मिल सका है. आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर झरना नाले में 15 गोताखोर तलाशी ले रहे हैं. मामले में लापरवाही पर ट्रांस यमुना थाना प्रभारी को हटा दिया गया है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.
उत्तर प्रदेश के आगरा में हुई युवती की नृशंस हत्या के मामले में चार दिन बाद भी मृतका का कटा सिर बरामद नहीं हो सका है. आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस की पांच टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. इस बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक को हटा दिया गया है और नाई की मंडी थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है.

पूछताछ में आरोपी विनय राजपूत ने पुलिस को बताया था कि उसने मृतका मिंकी का सिर शाहदरा क्षेत्र के झरना नाले में फेंक दिया था. इसके बाद से पुलिस लगातार वहां सर्च ऑपरेशन चला रही है. सोमवार को भी 15 गोताखोर उतारे गए, लेकिन देर शाम तक सिर बरामद नहीं हो सका.23 जनवरी की रात जवाहर पुल के पास एक बोरे में बंद सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया था. जांच के बाद मृतका की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई थी. मिंकी संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर स्थित एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत थी.

पुलिस ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए हत्या का खुलासा किया. फुटेज में आरोपी विनय राजपूत, जो उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था, बोरे को स्कूटी पर ले जाते हुए नजर आया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मिंकी के बीच प्रेम संबंध थे. पिछले छह महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. आरोपी ने मिलने के बहाने मिंकी को ऑफिस बुलाया, जहां विवाद के बाद चाकू से एक के बाद एक आठ से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर यमुना में फेंकने की कोशिश की गई. सिर, कपड़े और मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाए गए.

मृतका का सिर न मिलने से परिजन बेहद आक्रोशित थे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे. इसी दौरान एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह परिजनों से मिलने पहुंचे. विधायक ने परिजनों को उनकी शंकाओं को दूर करने का आश्वासन दिया और पुलिस अधिकारियों को भी परिजनों की आशंकाओं से अवगत कराया. इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए.

मामले में थाना ट्रांस यमुना के तत्कालीन थाना अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद पुलिस कमिश्नरेट ने उन्हें हटाने का फैसला लिया. अब हरेंद्र कुमार ट्रांस यमुना थाने के नए प्रभारी होंगे.

मृतका के भाई दीपक शर्मा और परिवार के एक करीबी मित्र ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि जब तक सिर बरामद नहीं होता, उनका दर्द कम नहीं होगा. फिलहाल, आरोपी विनय राजपूत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि मृतका का सिर बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

ENTERTAINMENT : लाइव शो के बीच एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती के साथ हुई बदसलूकी, पुलिस ने दर्ज की FIR

एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती एक बार फिर चर्चा में हैं. एक्ट्रेस को एक इवेंट के दौरान उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने इवेंट ऑर्गेनाइजर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, ऑर्गेनाइजर्स ने एक्ट्रेस के दावों को गलत बताया है और उन्होंने उनसे माफी भी मांगी है.

मशहूर बंगाली एक्ट्रेस और पूर्व टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. एक्ट्रेस को एक पब्लिक इवेंट के दौरान उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने इवेंट ऑर्गेनाइजर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. एक्ट्रेस के साथ हुई हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया है.पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उत्तर 24 परगना के बोंगांव में एक स्टेज प्रोग्राम के दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई है.

बताया जा रहा है कि मिमी संग यह घटना रविवार को बोंगांव शहर के नयाग्राम इलाके में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुई. मिमी की शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान ही आयोजकों में से एक तन्मय शास्त्री, अचानक स्टेज पर चढ़ गए और उन्होंने जबरदस्ती एक्ट्रेस का प्रोग्राम रुकवा दिया. इसके बाद आधी रात को उन्होंने एक्ट्रेस को स्टेज से नीचे उतरने को कह दिया.

मिमी का कहना है कि उन्हें इस हरकत से बहुत ज्यादा अपमानित महसूस हुआ. ऐसे में एक्ट्रेस ने ईमेल के जरिए बोंगांव पुलिस स्टेशन में अपनी लिखित शिकायत भेजी. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जानकारी दी, जिससे इस मामले ने सबका ध्यान खींचा. एक्ट्रेस के फैंस उनके साथ हुई इस बदसलूकी से काफी निराश और गुस्सा हैं.

दूसरी ओर कार्यक्रम के आयोजक ‘युवक संघ क्लब’ ने मिमी के इन सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका दावा है कि मिमी कार्यक्रम में तय समय से करीब एक घंटा देरी से पहुंची थीं. चक्रवर्ती ने अपनी शिकायत में जिन तन्मय शास्त्री (आयोजक) पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने एक्ट्रेस के सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद कहा. तन्मय शास्त्री अपनी सफाई में बोले- इस कार्यक्रम की परमिशन केवल आधी रात तक के लिए ही मिली थी. इलाके में स्टूडेंट्स की आने वाली बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इवेंट को रोका गया था. इस दौरान मिमी चक्रवर्ती के साथ न तो किसी तरह की कोई बदतमीजी की गई और न ही उन्हें परेशान किया गया. उनके आरोप पूरी तरह से गलत हैं.

शास्त्री ने यह भी आरोप लगाया है कि मिमी के बाउंसर्स ने ही उनके साथ बदतमीजी की थी. उनका कहना है कि रात 11:45 बजे जब इवेंट शुरू हुआ, तब क्लब की महिला सदस्य मिमी का स्वागत करने के लिए स्टेज पर गई थीं, लेकिन एक्ट्रेस के बॉडीगार्ड्स ने उन महिलाओं को जबरदस्ती वहां से हटा दिया था.

तन्मय शास्त्री ने कहा- हमें इवेंट के लिए पुलिस ने सिर्फ रात 12 बजे तक के लिए ही परमिशन दी थी. मिमी खुद एक घंटे से भी ज्यादा देरी से आईं. हम जानते हैं कि वो एक बड़ी स्टार हैं, लेकिन अगर हम आधी रात के बाद भी इवेंट जारी रखते, तो पुलिस खुद आकर इसे बंद करवा देती और हम पर कानूनी कार्रवाई करती.

उन्होंने आगे कहा- इसके बावजूद भी अगर मिमी को एक महिला और फेमस स्टार होने के नाते बुरा लगा है तो हम उनसे हर एक गलतफहमी के लिए माफी मांगते हैं. बता दें कि फिलहाल, पुलिस एक्ट्रेस संग हुई बदसलूकी के मामले की जांच कर रही है.

NATIONAL : प्रेमियों के गांव में मच गया बवाल, 6 महीने में 8 कपल भागे तो अब हुआ ये ऐलान

0

MP के रतलाम जिले के एक गांव में ‘प्रेम विवाह’ के लिए घर से भागने वाले जोड़ों को लेकर एक अजीबोगरीब और सख्त फरमान जारी किया गया है. पिछले 6 महीनों में एक के बाद एक 8 जोड़ों के भागने से नाराज गांववालों ने अब सोशल बॉयकॉट का रास्ता अपनाया है, जिस पर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है.

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले का पंचेवा गांव इन दिनों अपनी एक विवादित घोषणा को लेकर चर्चा में है. गांव के लोगों ने मिलकर उन परिवारों के बहिष्कार का निर्णय लिया है जिनके बच्चे प्रेम विवाह के लिए घर से भाग जाते हैं. इस फरमान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. अब अधिकारियों ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

दरअसल, गांव वालों का कहना है कि पिछले छह महीनों में गांव के आठ जोड़े भागकर शादी कर चुके हैं, जिसके बाद यह सोशल बॉयकॉट का फैसला लिया गया.एक वीडियो में एक आदमी यह घोषणा करते हुए दिख रहा है कि जो लड़के-लड़कियां प्यार के लिए भागकर शादी करेंगे, उनका और उनके परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा और उन्हें किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा. उसने आगे कहा कि ऐसे लोगों की मदद करने वालों के खिलाफ भी यही कार्रवाई की जाएगी.

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सार्वजनिक रूप से गांव की ओर से ये शर्तें सुनाता नजर आ रहा है. भागकर शादी करने वाले जोड़ों और उनके परिजनों को गांव के किसी भी सामूहिक या मांगलिक कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा. जो व्यक्ति ऐसे जोड़ों की किसी भी तरह से मदद करेगा, उसका भी बहिष्कार किया जाएगा. ऐसे परिवारों को न तो गांव में कोई रोजगार देगा और न ही उन्हें दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजें बेची जाएंगी.

कलेक्टर मीशा सिंह ने कहा कि वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर ली गई है और पुलिस को इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए कहा गया है. हमारी जांच में पता चला है कि लव मैरिज के खिलाफ यह फैसला ग्राम सभा ने नहीं, बल्कि गांव वालों ने खुद लिया है.”एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल ने कहा कि इन लोगों को ‘बाउंड ओवर’ किया जा रहा है यानी किसी व्यक्ति को अच्छे व्यवहार बनाए रखने और शांति भंग न करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य करना. लाल ने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

NATIONAL : राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह संपन्न

0

राजनांदगांव राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता आज जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।


जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता ने कार्यक्रम को संबोधित करने हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस को गणतंत्र दिवस के ठीक एक दिन पहले 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारतीय संविधान अनुच्छेद 326 भारत के नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार संवैधानिक अधिकार के साथ एक संवैधानिक कर्तव्य भी है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के बारे में कहा है कि मतदान का अधिकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण निष्पक्ष निर्वाचन है। भारत के युवाओं को 18 वर्ष पूर्ण होने पर मतदान का अधिकार मिल जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग कराना एवं युवाओं को मतदान की प्रक्रिया से जोडऩा है। जिससे मतदाता सशक्त राष्ट्र का नागरिक बनें और देश के विकास में भागीदारी तय कर सके। जो नागरिक मताधिकार का प्रयोग करता है, वह सक्रिय मतदाता है। जो नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करते हैं, वह निष्क्रिय मतदाता होते हैं। इससे निष्क्रिय मतदाता की हानि नहीं होती, यह एक संस्थागत हानि होती है। निष्क्रिय मतदाता को सक्रिय मतदाता में बदलने का प्रयास करना चाहिए। जब हम जनप्रतिनिधि को चुनते हैं तो हम अपनी आवाज को अभिव्यक्त करते है जनप्रतिनिधि हमारी समस्याओं को फोरम तक पहुंचाते हैं और समस्याओं का निराकरण कराने का प्रयास करते है, इसलिए मतदान का अधिकार बहुत आवश्यक है और उसका उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी के तौर पर निर्वाचन कराने का कार्य कलेक्टर ने लिए चुनौतीपूर्ण होता है। निर्वाचन लोकतंत्र का उत्सव है और युवा मतदाता अपने मतदान के अधिकार का सर्वाधिक प्रयोग करें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र यादव ने सभी को लोकतंत्र के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सदियों से मतदान हमारे जीवन का हिस्सा रहा होगा। ऐतिहासिक तौर पर भी हमारे देश में जनपदों में लोकतंत्र का स्वरूप रहा है। मतदान का अधिकार एक ऐसी शक्ति है, जिसके माध्यम से नागरिक जनप्रतिनिधि एवं सरकार को चुनते हैं ब्रिटिश शासनकाल में जनता को अपनी सरकार चुनने का अधिकार नहीं था। ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों के कारण नागरिक मताधिकार एवं अन्य अधिकारों से वंचित रहे। देश की आजादी के बाद भारतीयों को मताधिकार की शक्ति प्राप्त हुई। लोकतंत्र में बहुत सी चुनौतियों के बावजूद निर्वाचन कराने में सफलता प्राप्त हुई तथा मत देने के अधिकार के माध्यम से जनमानस के उत्थान के लिए इसका उपयोग किया गया। भारतीयों ने इस दृष्टिकोण से विश्व को एक नई दिशा दिखाई। 61वें संवैधानिक संशोधन के माध्यम से मतदान करने की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मतदान का अधिकार मिल सके। उन्होंने कहा कि हमें मताधिकार की महत्वपूर्ण शक्ति प्राप्त है, लेकिन हमें इस बात को समझने की आवश्यकता है कि हम इस मतदान करने के अधिकार का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से करें। जाति, धर्म, लिंग की संकीर्ण मानसिकता से परे होकर देश एवं समाज को आगे बढ़ाने वाले व्यक्तियों को वोट दे। विवेकपूर्ण तरीके से मताधिकार का प्रयोग करते हुए जनमानस की सुविधाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए आगे बढऩे वाले व्यक्तियों को मतदान करें। आने वाले समय में युवा भी मतदान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। न सिर्फ वोट दें बल्कि वोट लेने के लिए भी आगे आएं। उन्होंने मतदाताओं से आव्हान करते हुए कहा कि मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करें।
इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव विजय कुमार होता ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मतदाताओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। साथ ही नवीन मतदाताओं को बैच लगा कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं को श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश टंडन, जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता श्रीमती रश्मि सिंह सहित अन्य अधिकारी, बीएलओ सहित वरिष्ठ दिव्यांग, युवा व अन्य मतदाता उपस्थित थे।

HEALTH : बिना दवा के सर्दी-खांसी से कैसे मिलेगी राहत? घर में मौजूद ये उपाय आएंगे काम

0

मौसम बदलते ही सबसे पहले जिस समस्या का सामना लोगों को करना पड़ता है, वह है सर्दी, जुकाम और खांसी. खासकर सर्दियों और मौसम के बदलाव के समय यह परेशानी बहुत आम हो जाती है. कभी नाक बहने लगती है, कभी गले में खराश हो जाती है, तो कभी लगातार खांसी परेशान करने लगती है. कई बार तो सर्दी-जुकाम बार-बार हो जाता है, जिससे शरीर कमजोर महसूस करने लगता है.

असल में सर्दी-खांसी ज्यादातर वायरल इंफेक्शन की वजह से होती है. कमजोर इम्यून सिस्टम, ठंडी हवा, गंदगी, सही खान-पान न होना और आराम की कमी इसके मुख्य कारण हो सकते हैं. हालांकि यह कोई गंभीर बीमारी नहीं है, लेकिन समय पर ध्यान न दिया जाए तो परेशानी बढ़ सकती है. अच्छी बात यह है कि सर्दी-खांसी से राहत पाने के लिए हर बार दवा लेने की जरूरत नहीं होती. हमारे घर में ही ऐसी कई चीजें मौजूद होती हैं, जो प्राकृतिक तरीके से इस समस्या में आराम पहुंचाती हैं. तो आइए जानते हैं कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय, जिन्हें अपनाकर आप बिना दवा के सर्दी-खांसी से राहत पा सकते हैं. 

बिना दवा के सर्दी-खांसी से राहत देने वाले उपाय

1. अदरक वाली चाय – अदरक को आयुर्वेद में बहुत फायदेमंद माना गया है. इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो सूजन को कम करते हैं और शरीर को गर्माहट देते हैं. अदरक वाली चाय पीने से गले की जलन कम होती है और खांसी में आराम मिलता है. अगर इसमें थोड़ा सा शहद मिला लिया जाए, तो इसका असर और भी बढ़ जाता है. सर्दी-जुकाम में दिन में 1-2 बार अदरक की चाय पीना फायदेमंद होता है.

2. गर्म पानी की भाप – सर्दी-खांसी और बंद नाक की समस्या में भाप लेना बहुत असरदार उपाय है. गर्म पानी की भाप लेने से नाक और गले में जमा बलगम ढीला हो जाता है, जिससे सांस लेने में आसानी होती है. सिर्फ 5 से 10 मिनट तक भाप लेने से सिरदर्द और जकड़न में भी राहत मिलती है. चाहें तो पानी में थोड़ा सा अजवाइन या नीलगिरी का तेल भी डाल सकते हैं.

3. हल्दी वाला दूध – हल्दी को पुराने समय से ही औषधि के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है. हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नाम का तत्व बैक्टीरिया और सूजन से लड़ने में मदद करता है. रात को सोने से पहले एक गिलास गुनगुने दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर पीने से खांसी, गले की खराश और सर्दी में काफी आराम मिलता है. यह इम्यून सिस्टम को भी मजबूत करता है.

4. शहद और गर्म पानी – खांसी से राहत पाने के लिए शहद बहुत ही कारगर माना जाता है. सुबह खाली पेट या रात को सोने से पहले गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर पीने से गले की सूखापन और जलन कम होती है. शहद गले पर एक परत बना लेता है, जिससे खांसी धीरे-धीरे कम होने लगती है.

5. नमक वाले पानी से गरारे – अगर गले में दर्द, खराश या लगातार खांसी हो रही है, तो नमक वाले गुनगुने पानी से गरारे करना बेहद फायदेमंद होता है. इससे गले में मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं और सूजन भी घटती है. दिन में 2 बार गरारे करने से गले को काफी आराम मिलता है.

NATIONAL : गणतंत्र दिवस पर CRH में भव्य आयोजन, पाँच विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का संकल्प

0

आज CRH ENT, MRI and Diagnostic Centre में गणतंत्र दिवस देशभक्ति, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के वातावरण में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था की निदेशक डॉ. रचना गर्ग रहीं। कार्यक्रम का संचालन संस्था के निदेशक डॉ. हरप्रीत सिंह कोचर द्वारा किया गया।


गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज द्वारा तिरंगा फहराया गया। तिरंगा फहराए जाने के तुरंत पश्चात राष्ट्रगान एवं “वंदे मातरम्” राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में उपस्थित दिल्ली पुलिस के जवानों ने भी तिरंगे को सलामी दी। इसके उपरांत स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने तिरंगे सहित दिल्ली पुलिस एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के निष्ठावान अधिकारियों को सलामी देकर सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद परिसर तालियों की गूंज के साथ “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर देश, समाज एवं संस्था के लिए उत्कृष्ट सेवा और ईमानदारी के लिए पाँच विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में—
एएसआई जसवीर राणा (दिल्ली पुलिस) – देश एवं समाज सेवा में योगदान हेतु
एसआई अमन चौधरी (उत्तर प्रदेश पुलिस) – कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुशासित सेवा हेतु
एसआई नरेश पाल पंवार (उत्तर प्रदेश पुलिस) – कानून व्यवस्था एवं जनसेवा में योगदान हेतु
सिद्धि कोचर गर्ग – जल संरक्षण, पर्यावरण एवं वन संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए (जिन्हें इस क्षेत्र में कार्य हेतु सरकारी स्तर पर पूर्व में कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं)
शिव कुमार (CRH कर्मचारी) – ईमानदारी का परिचय देते हुए संस्था से संबंधित बिजली चोरी का समय रहते पर्दाफाश करने हेतु
इन सभी को डॉ. हरप्रीत सिंह कोचर (निदेशक, CRH) एवं परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज द्वारा शाल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. हरप्रीत सिंह कोचर की पूज्य माता श्री आदर्श मोहन कौर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। गुरुदेव परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने उन्हें मिष्ठान खिलाकर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उपस्थित सभी लोगों को इस राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी।
अपने संबोधन में स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति ही सच्चे गणतंत्र की आत्मा हैं तथा देश की सेवा अपने कर्तव्य को निष्ठा और ईमानदारी से निभाकर भी की जाती है।
इसी अवसर पर परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने CRH के सभी निष्ठावान कर्मचारियों एवं उपस्थित जनसमूह को सामूहिक शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने देशभक्ति की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने, कार्यस्थल पर सत्य, अनुशासन, सेवा एवं मानवीय संवेदना को सर्वोपरि रखने, किसी भी गलत कार्य का न स्वयं करने और न करने देने तथा इस संकल्प के साथ कार्य करने का वचन लिया कि — “CRH ने ठाना है, हर रोगी को स्वस्थ बनाना है।”
कार्यक्रम में तिरंगा महासभा के श्री विकास जैन तथा गौतम बुद्ध नगर के नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष श्री रणवीर चौधरी के साथ श्री लोकेश प्रधान, श्री विनोद चंदेल, श्री राजाराम शाह जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति नारों एवं जलपान के साथ हुआ।
कार्यक्रम का मूल संदेश रहा—
“CRH ने ठाना है — हर रोगी को स्वस्थ बनाना है।”

- Advertisement -

News of the Day