Tuesday, September 29, 2026
Home Blog Page 310

ENTERTAINMENT : चेक बाउंस केस के बाद राजपाल यादव ने किया ‘नई पारी’ का ऐलान, खोला अपना यूट्यूब चैनल

राजपाल यादव ने अपने फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी है. एक्टर ने ऐलान किया है कि वो अपना खुद का यूट्यूब चैनल खोल रहे हैं, जिसमें वो सभी के लिए मजेदार वीडियोज लेकर आएंगे. राजपाल ने इसे एक ‘नई पारी’ बताया है.बॉलीवुड के सबसे चहेते कॉमिक एक्टर राजपाल यादव अब वापस अपने काम पर लौट आए हैं. उन्होंने अपनी फिल्मों की शूटिंग करनी शुरू कर दी है, जिससे उनके फैंस बेहद खुश हैं. तिहाड़ जेल में लगभग 12 दिन रहने के बाद, एक्टर के जीवन में धीरे-धीरे सब नॉर्मल हो रहा है.

राजपाल यादव ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो शेयर करके फैंस और चाहने वालों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें मुश्किल घड़ी में सहारा दिया. एक्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वो हमेशा लोगों का मनोरंजन करते रहेंगे. अब लगता है राजपाल ने अपना वादा पूरा करने की तरफ पहला कदम उठा लिया है.

राजपाल ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो डालकर ये ऐलान किया है कि वो अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं. एक्टर ने ‘राजपाल नौरंग यादव’ नाम से एक यूट्यूब चैनल खोला है, जिसमें वो एंटरटेनमेंट का फुल डोज देने वाले हैं. उनकी वीडियो बच्चे से लेकर बूढ़ा-जवान हर कोई देख सकेगा. राजपाल ने लोगों से सपोर्ट की गुहार लगाई है.

वो बोले हैं, ‘मैं ये बताते हुए बहुत खुशी महसूस कर रहा हूं, काफी वक्त से तैयारी चल रही थी एक नई पारी की शुरुआत के लिए. अब वो घड़ी आ गई है, बस आपका आशीर्वाद चाहिए. मेरा आज से नया यूट्यूब चैनल लॉन्च हो रहा है, जिसका नाम राजपाल नौरंग यादव. इसका मकसद सिर्फ यही है कि बच्चे-बूढ़े-नौजवान, सबको मनोरंजन एक समान. ये चैनल आपका है, एंजॉय कीजिए.’

राजपाल यादव को यूट्यूब पर आता देख फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है. उन्हें बेहद खुशी है कि राजपाल अपना दर्द भुलाकर अब पूरी तरह काम में जुट गए हैं. एक्टर का अगर यूट्यूब चैनल सफल होता है, तो उनकी जिंदगी पहले से ज्यादा बेहतर हो सकती है. राजपाल यादव ने साल 2010 के दौरान अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए 5 करोड़ रुपयों का कर्ज लिया था. उनकी फिल्म 2012 में रिलीज हुई, मगर बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई जिससे एक्टर को भारी नुकसान झेलना पड़ा. राजपाल अपना कर्ज नहीं चुका पाए, ऊपर से उनके द्वारा दिए गए कई चेक बैंक में बाउंस हो गए जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा.

राजपाल को कोर्ट से कई बार मौके मिले, मगर वो अपना कर्ज नहीं चुका पाए. इसलिए जब 4 फरवरी को उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया गया, तो वो 5 फरवरी को जेल पहुंच गए. राजपाल की मदद के लिए बॉलीवुड और अन्य जगहों से कई लोग आगे आए, जिन्होंने उन्हें जेल से बाहर निकलने में मदद की. 17 फरवरी के दिन एक्टर को 1.5 करोड़ रुपये में कोर्ट से बेल मिली और वो बाहर आ गए. अब राजपाल के केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी है.

BUSINESS : Vishal Mega Mart में ब्लॉक डील, प्रमोटर ने बेची 14 परसेंट हिस्सेदारी; जानें कितने में हुआ सौदा?

0

विशाल मेगा मार्ट (Vishal Mega Mart Ltd) के प्रमोटर कंपनी Samayat Services (जिसे Kedaara Capital और Partners Group ने हाल ही में 14 परसेंट की अपनी हिस्सेदारी 7635 करोड़ रुपये में बेची है.

इस ब्लॉक डील में सिंगापुर सरकार, HDFC म्यूचुअल फंड और मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर ने हिस्सा लिया. हिस्सेदारी बेचने के बाद विशाल मेगा मार्ट (VMM) में Samayat Services LLP की होल्डिंग 54.09 परसेंट से घटकर 40.13 परसेंट हो गई. इस बीच, HDFC म्यूचुअल फंड (MF), सिंगापुर सरकार और मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर ने मिलकर सुपरमार्केट चेन के शेयर खरीदे हैं.

सिंगापुर सरकार ने विशाल मेगा मार्ट (VMM) में 12.69 करोड़ से ज्यादा शेयर या 2.72 परसेंट की हिस्सेदारी खरीदी है, जबकि HDFC MF ने 9.40 करोड़ शेयर खरीदे, जो 2.01 परसेंट इक्विटी हिस्सेदारी के बराबर है और मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर ने VMM में लगभग 7.33 करोड़ शेयर या 1.57 परसेंट खरीदे.

शुक्रवार को ब्लॉक डील की इस खबर के बाद शेयरों में भारी गिरावट देखी गई. शुरुआती कारोबार में शेयर 7 परसेंट तक लुढ़क गए. सुबह 118.83 रुपये पर खुलने के बाद यह 117 रुपये के अपने निचले स्तर को छू लिया. बताया जा रहा है कि ब्लॉक डील में 115 प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर शेयरों का लेनदेन हुआ.

पिछले साल जून में Samayat Services LLP ने विशाल मेगा मार्ट में 19.6 परसेंट की हिस्सेदारी 10,220.40 करोड़ रुपये में बेची थी. 2024 में पहली बार कंपनी 8000 करोड़ रुपये का अपना आईपीओ लेकर आई थी. यह पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल था.

2018 में Kedaara Capital और Partners Group ने इन्वेस्टमेंट फर्म TPG कैपिटल और श्रीराम ग्रुप से लगभग 735 मिलियन डॉलर में विशाल मेगा मार्ट खरीदा था. आज के समय में विशाल मेगा मार्ट भारत का एक लीडिंग हाइपरमार्केट चेन है, जिसके देशभर में 780 से ज्यादा स्टोर का नेटवर्क है. कंपनी किफायती दाम पर फैशन, रोजमर्रा की जिंदगी में काम में आने वाली चीजें, स्किन, ब्यूटी केयर रिलेटेड प्रोडक्ट्स, किचन से जुड़े सामान बेचने के लिए जानी जाती है.

ENTERTAINMENT : ‘जब जिंदगी आपको बार-बार परेशान…’, ‘व्हाइट लोटस 4’ से आउट होने के बीच दीपिका पादुकोण ने शेयर किया क्रिप्टिक पोस्ट

0

दीपिका पादुकोण ने द व्हाइट लोटस सीज़न 4 के लिए ऑडिशन देने से मना करने की अफवाहों के बीच एक क्रिप्टिक नोट शेयर किया है. दरअसल वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट में हाल ही में दावा किया गया था कि एक्ट्रेस को मेकर्स ने सीज़न 4 के लिए अप्रोच किया था और उन्हें इसके लिए ऑडिशन देने के लिए कहा गया था. हालांकि, बॉलीवुड स्टार ने कथित तौर पर ऑडिशन देने से मना कर दिया. दीपिका ने इस रिपोर्ट पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है लेकिन उन्होंने हाल ही में एक नोट शेयर किया है, जिसे फैंस का मानना ​​है कि यह एक रिस्पॉन्स हो सकता है.

दीपिका पादुकोण के नोट में लिखा था, “शांत रहना सबसे बड़ा फ्लेक्स है. कोई भी अपना आपा खो सकता है, तेजी से रिएक्ट कर सकता है, जोर से बात कर सकता है और शोर मचा सकता है. इसमें जीरो ताकत लगती है. असली ताकत तब दिखती है जब अफरा-तफरी मच जाती है, और आप झुकते नहीं हैं. जब ड्रामा आपको अपनी ओर खींचने की कोशिश करता है, और आप जमीन पर टिके रहते हैं. जब ज़िंदगी आपको बार-बार परेशान करती है, और आप फिर भी इंपल्स के बजाय कंट्रोल चुनते हैं. हां, इसमें मेहनत लगती है.”

नोट में यह भी लिखा गया है, “इसके लिए बकवास रिएक्शन को भूलना, बेचैनी के साथ बैठना और भावनाओं को हावी न होने देना होता है. शांत रहना कमज़ोरी नहीं है. यह महारत है. इसका मतलब है यह जानना कि आपको कुछ भी साबित करने, सब कुछ समझाने या हर किसी पर रिएक्ट करने की ज़रूरत नहीं है. जब दूसरे लोग घबराकर एनर्जी खर्च करते हैं, तो आप चुपचाप, साफ़ और जान-बूझकर आगे बढ़ते हैं. शोर की आदी दुनिया में, शांत रहना एक बहुत बड़ी सुपरपावर है.”

दीपिका का ये पोस्ट अब रेडिट पर वायरल हो गया है, और फैंस इस पर रिएक्ट कर रहे हैं. इस बीच वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक एक सोर्स ने बताया, “द व्हाइट लोटस के लिए ऑडिशन कास्टिंग प्रोसेस का एक ज़रूरी हिस्सा है. मेकर्स एक्टर्स को साइन करने से पहले उनका ऑडिशन लेने के लिए बहुत एक्साइटेड थे. दीपिका पादुकोण ऑडिशन देने के लिए एक्साइटेड नहीं थीं, और यही वजह थी कि व्हाइट लोटस का मौका उन्हें छोड़ना पड़ा.

रिपोर्ट के मुताबिक, द व्हाइट लोटस के मेकर्स ने दीपिका से इसके सीज़न तीन के लिए भी कॉन्टेक्ट किया था. हालांकि, दीपिका ने उस समय अपनी प्रेग्नेंसी की वजह से ये ऑफर ठुकरा दिया थाय अगर दीपिका को द व्हाइट लोटस 4 के लिए फाइनल किया जाता, तो यह हॉलीवुड में उनकी वापसी होती. उन्होंने 2017 में xXx: रिटर्न ऑफ़ ज़ेंडर केज से हॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसमें विन डीजल, डॉनी येन, क्रिस वू, रूबी रोज़, टोनी जा, नीना डोबरेव और टोनी कोलेट जैसे कलाकार थे.

UP : होली पर बिना हेलमेट और सीटबेल्ट नहीं चलेंगे वाहन, CM योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

0

सीएम योगी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि नियमित चेकिंग के साथ ही इस चीज की व्यवस्था की जाए कि त्यौहार पर बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के कोई भी वाहन नहीं चलाएगा.

उत्तर प्रदेश में त्योहारों पर कानून-व्यवस्था और परिवहन व्यवस्था पटरी से न उतरे, इसके लिए खुदे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहल की है. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम-एसपी के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरे समय फील्ड में रहें. इसके साथ ही उन्होंने होली पर वाहन दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए विशेष सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं.

सीएम योगी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि नियमित चेकिंग के साथ ही इस चीज की व्यवस्था की जाए कि त्यौहार पर बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के कोई भी वाहन नहीं चलाएगा.शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो. इसके साथ ही लंबी दूरी के यात्रियों के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें भी चलाने के निर्देश दिए हैं.

सीएम योगी के मुख्य निर्देश
त्यौहार के समय यातायात नियमों का सख़्ती से हो पालन
नियमित चेकिंग करने का निर्देश
ओवरस्पीड, बिना हेलमेट व बिना सीटबेल्ट लगाये चालकों पर हो कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर हो कार्रवाई
होली के दौरान अतिरिक्त बसों का हो संचालन
लम्बी दूरी की बसों में दो ड्राइवर होंगे तैनात
अनफिट बसों का संचालन पुरी तरह प्रतिबंधित
परिवहन विभाग के अफसर फील्ड में होंगे मौजूद

मुख्यमंत्री ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. आम लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसर समन्वय बनाकर काम करेंगे. लगातार फील्ड में गश्त बढायें. वहीं कानून व्यवस्था पर भी अधिकारियों के पेंच कसे गए हैं. इसमें कुख्यात अपराधियों पर लगाम लगाने के साथ ही इलाके के अपराधियों पर भी अंकुश लगाने के निर्देश हैं.

यहां बता दें कि अगले सप्ताह में होली के साथ ही रमजान का महीना भी चल रहा है, रंग खेलने के दौरान कई जगह झगड़ा या तनाव बढ़ जाता है. इसको देखते हुए भी अलर्ट रहने की अपील है. वहीं पुलिस अधिकारियों और कमर्चारियों की छुट्टियां पहले ही निरस्त हैं.

NATIONAL : महाराष्ट्र की रहने वाली युवती की हमीरपुर में मौत, आत्महत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस

0

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिंवार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के बिगहना गांव में शुक्रवार को 19 वर्षीय युवती ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले के सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.शुरूआती जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है. लेकिन मृतका मूलरूप से महाराष्ट्र की निवासी थी. जिसको लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय के अनुसार मृतका उत्कर्षा परिवर्तित नाम फातिमा पुत्री सुनील सकपाल, महाराष्ट्र के रत्नागिरी जनपद के पीपल गांव की मूल निवासी थी. वह मुंबई के एक रेस्टोरेंट में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात बिगहना गांव निवासी मुर्तजा खान से हुई, जो वहां चिकन शॉप में कार्यरत था. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब तीन वर्ष पहले युवती उसके साथ हमीरपुर आकर रहने लगी.

पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि अप्रैल 2008 है, जिसके अनुसार युवती उस समय नाबालिग थी. गांव आने के बाद धर्म परिवर्तन कर उसका नाम फातिमा रखे जाने की बात भी जांच में शामिल की गई है. पति मुर्तजा खान ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद वह अपनी मीट की दुकान चला गया. इसी दौरान करीब 11 बजे युवती ने घर में खपरैल की कड़ी से दुपट्टा बांधकर फंदा लगा लिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.

प्रभारी निरीक्षक नंदलाल प्रजापति ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व युवती के गर्भवती होने के बाद उसका निकाह कराया गया था और उसने तीन माह पहले एक बच्चे को जन्म दिया था. हालांकि ग्राम प्रधान सोहेल अहमद ने इन आरोपों से इनकार किया है.

SPORTS : एक जीत और सेमीफाइनल में एंट्री! टीम इंडिया का इंग्लैंड से मुकाबला हुआ पक्का?

0

आईसीसी टी20 वर्ल्डकप के सुपर-8 चरण के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है. भारतीय टीम अगर वेस्टइंडीज को हराने में कामयाब रहती है, तो उसका सामना सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हो सकता है.

आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. सुपर-8 चरण के मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है. 27 फरवरी को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए. इस जीत के साथ इंग्लिश टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.

अब तक खेले गए मुकाबलों के बाद दो टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचना तय हो चुका है. ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका और ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में एंट्री कर ली है. न्यूजीलैंड भी मजबूत स्थिति में है. हालांकि उसे इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली, लेकिन नेट रन रेट और अंक तालिका में उसकी स्थिति पाकिस्तान से बेहतर बनी हुई है.पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल में पहुंचने की राह आसान नहीं है. उसे अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना होगा. सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि रन रेट सुधारने के लिए या तो 64 रनों से जीत दर्ज करनी होगी या टारगेट को 13.1 ओवर के अंदर जीतकर मैच खत्म करना होगा. अगर ऐसा नहीं हुआ तो पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.

ग्रुप-1 में भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से है. भारतीय टीम इस समय शानदार लय में नजर आ रही है. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन दिखाई दे रहा है. वहीं वेस्टइंडीज ने जरूर कुछ मैचों में अच्छा खेल दिखाया है, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ उसका रिकॉर्ड उतना प्रभावी नहीं रहा है. टी20 फॉर्मेट में भारत के खिलाफ भी उसका प्रदर्शन औसत रहा है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारत इस मुकाबले को जीत लेता है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.

अगर बाकी मुकाबले अनुमान के मुताबिक रहे तो ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका पहले और भारत दूसरे स्थान पर रह सकता है. वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड टॉप पर और न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर रह सकती है. ऐसे में सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से और भारत का मुकाबला इंग्लैंड से हो सकता है. यानी फैंस को एक हाई-वोल्टेज भारत बनाम इंग्लैंड मैच देखने को मिल सकता है.

अब सबकी नजर भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले पर टिकी है. एक जीत टीम इंडिया को सेमीफाइनल की दहलीज पर खड़ा कर देगी और फिर इंग्लैंड से टक्कर तय मानी जा रही है.

NATIONAL : मुंबई के भक्त ने देवी मंदिर में दिया 1 करोड़ रुपये का दान… शर्त रखी- मेरा नाम उजागर न किया जाए

0

महाराष्ट्र के अंबाजोगाई स्थित श्री योगेश्वरी देवी मंदिर में मुंबई के एक भक्त ने 1 करोड़ की राशि दान की है. यह राशि मंदिर के 100 साल पुराने ‘शिखर’ के जीर्णोद्धार के लिए दी गई है. खास बात यह है कि दानदाता ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त रखी है.महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई स्थित श्री योगेश्वरी देवी मंदिर से आस्था से जुड़ी खबर सामने आई है. लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माने जाने वाले इस मंदिर को मुंबई के एक भक्त ने 1 करोड़ का गुप्त दान दिया है. दान देने वाले भक्त ने अपनी पहचान पूरी तरह गुप्त रखने की शर्त रखी है.

मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह राशि मंदिर के लगभग 100 साल पुराने मुख्य शिखर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए दी गई है. मंदिर का शिखर चूने से बना हुआ है और समय के साथ इसकी संरचना कमजोर होने लगी थी. इसी को देखते हुए योगेश्वरी देवस्थान समिति ने इसके पुनर्निर्माण और मरम्मत का निर्णय लिया था.इस काम में करीब 80 से 90 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था. जैसे ही मुंबई के एक श्रद्धालु को इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने बिना देर किए अपने प्रतिनिधि के माध्यम से 1 करोड़ का चेक मंदिर समिति को सौंप दिया. यह राशि अब बैंक में जमा हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू होने जा रहा है.

मंदिर प्रशासन ने बताया कि शिखर के जीर्णोद्धार के लिए विशेष रूप से तमिलनाडु से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है. ये कारीगर पारंपरिक स्थापत्य कला और बारीक नक्काशी के लिए जाने जाते हैं. उनके द्वारा शिखर को नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा, जिससे मंदिर की भव्यता और भी बढ़ेगी.

बिना किसी प्रचार या पहचान की इच्छा के दिए गए इस बड़े दान ने मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया है. लोग इस पहल को आस्था और सेवा का एक अनूठा उदाहरण मान रहे हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के दान से न केवल धार्मिक स्थलों का विकास होता है, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलता है.

मंदिर समिति के अनुसार, इसी सप्ताह से शिखर के नवीनीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. काम पूरा होने के बाद मंदिर का स्वरूप और भी आकर्षक हो जाएगा, जिससे दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा.

MUMBAI : विदेशी महिला से 2 युवकों ने की छेड़छाड़, पीड़िता ने शेयर किया वीडियो तो दर्ज हुई FIR

0

मुंबई में एक विदेशी ट्रेवलर महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. इसमें दो युवकों ने महिला के साथ फोटो लेने के लिए जबरदस्ती की है. महिला ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

इनेस फारिया नाम की विदेशी महिला टूरिस्ट ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की. महिला ने कैप्शन में लिखा कि उन्होंने 15 तक मेरा पीछा किया. जिससे मुझे असहनीय लगने लगा. एक वक्त ऐसा आया कि मुझे उन्हें दूर करने के लिए धक्का देना पड़ा. उसके बाद वे लोग चले गए.फारिया ने आगे लिखा कि भारत के अंदर मैं दो महीने से हूं. लेकिन पहली बार मेरे साथ ऐसा हुआ है. अब तक मेरा ज्यादातर एक्सपीरियंस काफी खूबसूरत और अच्छा रहा है. जिसमें मेरा स्वागत भी हुआ है, लेकिन आज का दिन अलग था.

फारिया ने आगे बताया कि मेरे मना करने के बाद भी साथ में फोटो लेने के लिए वे मेरा पीछा करते रहे. इससे मैं अनकंफर्टेबल महसूस कर रही थी. उन लोगों ने बहुत ज्यादा जबरदस्ती की. फारिया ने कैप्शन के आखिर में लिखा कि बता दूं ‘नो’ एक पूरा वाक्य है. और सुरक्षा और सहजता सबसे पहले है.इस वीडियो के वायरल होते ही फारिया के इनबॉक्स में लोगों की प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया. वीडियो पर उन्होंने लिखा कि ‘ आई गॉट हैरेस्ड इन मुंबई’ जिसे इनेस फारिया ने शेयर किया है. इसके बाद कई यूजर्स ने फारिया से पर्सनली माफी मांगी है. साथ ही मदद का भरोसा दिलाया.

फारिया के वायरल वीडियो पर मुंबई पुलिस ने उन्हें मैसेज के जरिए संपर्क किया. पुलिस ने उनसे इस मामले में मदद करने के लिए अधिक जानकारी जुटाने के लिए पता और कॉन्टेक्ट डिटेल मांगी. फारिया ने पुलिस के साथ सहयोग किया. जिसके बाद पुलिस एक्टिव हो गई.

पुलिस ने जानकारी जुटाते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. विदेशी महिला के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में मुंबई के आग्रिपाडा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ है. वीडियो में नजर आ रहे दो अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 78 (1) 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

NATIONAL : पटियाला लॉ यूनिवर्सिटी से राजीव गांधी का नाम हटाने की पहल… अकादमिक काउंसिल ने पारित किया प्रस्ताव, कांग्रेस सांसद का विरोध

0

पंजाब के पटियाला स्थित राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ की अकादमिक काउंसिल ने विश्वविद्यालय के नाम से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम हटाने की सिफारिश की है, और नया नाम “नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी” प्रस्तावित किया है. कुलपति प्रो. जयशंकर सिंह ने इस प्रस्ताव की पुष्टि की है. अब इसे कार्यकारी परिषद और पंजाब सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा.

पंजाब के पटियाला स्थित राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ की अकादमिक काउंसिल ने विश्वविद्यालय के नाम से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम हटाने की सिफारिश की है. प्रस्ताव के अनुसार, विश्वविद्यालय का नया नाम केवल “नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी” रखा जा सकता है. इस फैसले की पुष्टि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयशंकर सिंह ने की है.

उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव अकादमिक काउंसिल में पारित हो चुका है और अब इसे कार्यकारी परिषद तथा पंजाब सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. अंतिम फैसला पंजाब सरकार का होगा.इस फैसले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने इसका विरोध किया है. उनका कहना है कि यह कदम चुनावों से पहले राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश हो सकती है.

उन्होंने आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर ऐसे मुद्दे उठा कर राजनीतिक लाभ कमाने का आरोप लगाया. सांसद ने यह भी कहा कि देश में संस्थानों के नाम बदलने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे हमारी ऐतिहासिक विरासत प्रभावित हो रही है.

नाम बदलने की मांग पहली बार नहीं उठी है. नवंबर 2024 में अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने भी केंद्र सरकार से इस विश्वविद्यालय का नाम बदलने की मांग की थी. उनका तर्क था कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की पृष्ठभूमि में राजीव गांधी का नाम सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करता है.

यह विश्वविद्यालय साल 2006 में पंजाब सरकार द्वारा बनाए गए एक अधिनियम के तहत स्थापित किया गया था. अब सभी की निगाहें पंजाब सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हैं कि वह इस सिफारिश को स्वीकार करती है या नहीं.

- Advertisement -

News of the Day