Sunday, March 29, 2026
Home Blog Page 79

NATIONAL : ‘मेरी मां को पीट रहे हैं…’ 5 साल की बच्ची 200 मीटर दौड़कर पहुंची थाने, पुलिस ने मौके से हमलावरों को पकड़ा

0

हरदोई में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने इंसानियत के साथ-साथ एक मासूम की हिम्मत को नई पहचान दे दी. महज 5 साल की बच्ची ने वह कर दिखाया, जो कई बड़े लोग भी डर के कारण नहीं कर पाते. जब उसकी मां पर घर के अंदर जानलेवा हमला हो रहा था और उस पर खुद पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, तब घायल होने के बावजूद वह भागती हुई सीधे थाने पहुंची और पुलिस को मदद के लिए पुकारा.

उत्तर प्रदेश के हरदोई में पांच साल की मासूम बच्ची की समझदारी से उसकी मां की जान बच गई. दरअसल, संपत्ति विवाद के चलते महिला के ममेरे ससुर और उसके बेटे ने घर में घुसकर हमला कर दिया था. वहीं मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि घर के अंदर महिला के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती थी. इस दौरान महिला की 5 साल की बेटी ने जो सूझबूझ और साहस दिखाया, वो भावुक कर देने वाला है.

कुत्ते के हमले से घायल होने के बावजूद बच्ची करीब 200 मीटर दौड़ के कोतवाली पहुंची और पुलिस से कहा कि घर में मम्मी को मार रहे हैं. पांच साल की मासूम की गुहार सुन मौके पर मौजूद पुलिस ने तेजी दिखाई और बच्ची को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गई.

नतीजा यह हुआ कि उसकी मां के साथ कोई अनहोनी होने से बच गई. पुलिस ने महिला पर हमला करने वाले उसके ममेरे ससुर और उसके पुत्र को मौके से हिरासत में ले लिया. महिला की तहरीर पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश पुरवा की रहने वाली महिला का अपने दिवंगत पति के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है. दरअसल, महिला के पति, ससुर और सास की मौत हो चुकी है. महिला का आरोप है कि उनकी संपत्ति पर उनके मामा ससुर ने कब्जा कर रखा है. इसी के चलते 1 फरवरी को महिला ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे के खिलाफ मारपीट व धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था.

पीड़ित महिला का आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया. शनिवार को जब वह अपनी 5 साल की बेटी के साथ घर पहुंचीं तो समझौते का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर पहले मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई. फिर महिला को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा. घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

इस दौरान पीड़ित महिला की नन्हीं बच्ची ने हिम्मत दिखाई. सहमी और घायल होने के बावजूद वह सीधे घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर भागकर कोतवाली पहुंची और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बताया कि उसकी मां को घर में बंद करके पीटा जा रहा है.

बच्ची की गुहार सुनकर पुलिस कर्मी तुरंत सक्रिय हुए और बच्ची को साथ लेकर बिना देरी किए हुए मौके पर पहुंच गए. पुलिस को मौके पर ही महिला पर हमला करने वाले उसके मामा ससुर विनोद और उनका बेटा मिला, जिन्हें हिरासत में लिया. इसके बाद दोनों के हमले से घायल मां-बेटी से तहरीर लेकर केस दर्ज करके दोनों का मेडिकल कराया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने कहा कि थाना शहर कोतवाली के अंतर्गत नुमाइश पुरवा का मामला सामने आया है, जिसमें 5 साल की बच्ची थाने आई और उसने बताया कि उसके घर में उसकी मां को कुछ लोग पीट रहे हैं और पालतू कुत्ता भी दौड़ा दिया है.

इस पर तुरंत बच्ची को साथ में लेकर स्थानीय पुलिस पहुंची तो देखा कि बच्ची की बात सही थी. मौके पर दो लोग मारपीट कर रहे थे, उनको हिरासत में लिया. उन पर कार्रवाई की गई. बच्ची और उसकी मां सुरक्षित है. इनका कुछ घरेलू जमीनी विवाद का मामला चल रहा है.

बच्ची की मां ने कहा कि हमारे ससुर, सास और पति का निधन हो चुका है. आधा मकान सास के नाम था, आधा ससुर के नाम था. सास वाला हिस्सा उन्होंने अपनी भाभी के नाम कर दिया और ससुर वाला हिस्सा मेरे पति के नाम था. पति भी नहीं रहे. वह मेरे हिस्से की जमीन है. अब वे लोग फर्जी तरीके से कह रहे हैं कि हमने पूरा बैनामा करा लिया.

पीड़िता ने कहा कि अब आरोपी कह रहे हैं कि छह लाख रुपए ले लो, सुलह कर लो. सामान भरवा लो और यहां से चली जाओ. हमने केस किया था. आज हम बेटी को लेकर घर गए, तो उन्होंने हमें बहुत मारा. डंडे से, चाकू निकाल लिया, बेल्टों से मारा और कहा कि साइन करो और 6 लाख में सुलह कर लो. मेरी बेटी को कुत्ते से कटवा दिया. बेटी बहुत रोई, बेटी को कुछ लोगों ने बचाया. फिर वह थाने चली गई. पुलिस वालों को बुलाकर लाई.

ENTERTAINMENT : दीपिका भूलीं अपनी वेडिंग एनिवर्सरी, पति शोएब-बेटे ने उड़ाया मजाक, बोले- शर्म करो…

दीपिका कक्कड़ जहां अपनी जिंदगी में कई मुश्किलों से गुजर रही हैं. वहीं इसी बीच वो अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी के कुछ पल बिताती हुईं दिख रही हैं. वो अपनी वेडिंग एनिवर्सरी भूल गईं, जिसपर उनके परिवार का मजेदार रिएक्शन सामने आया.

‘ससुराल सिमर का’ एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ अब फुल-टाइम यूट्यूब व्लॉगर बन चुकी हैं. वो अपने पति एक्टर शोएब इब्राहिम के साथ यूट्यूब पर हर रोज नए व्लॉग डालती हैं, जिसमें वो अपनी पर्सनल लाइफ की हर चीज डिटेल में शेयर करते हैं. दीपिका इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. मगर इस बीच उन्हें थोड़ा हंसने-खेलने का भी मौका मिला.

शोएब इब्राहिम के एक हालिया व्लॉग में देखा गया कि दीपिका अपनी वेडिंग एनिवर्सरी भूल गई हैं, जो 22 फरवरी यानी आज के दिन है. उन्हें थोड़ी कंफ्यूजन होती है कि आखिर किस दिन उनकी शादी हुई थी. उनके मुताबिक, शादी की डेट 23 या 24 फरवरी थी. लेकिन शोएब को शादी की तारीख याद थी.

वो लगातार दीपिका की टांग खींचते रहे और आगे बोले कि वो अपने इस खास दिन को कैसे भूल सकती हैं. फिर शोएब ने दीपिका की टांग खींचने के लिए बेटे रूहान को भी इसमें शामिल किया. उन्होंने बेटे से कहा कि वो अपनी मां को कहे कि उन्हें शर्म आनी चाहिए. लेकिन रूहान ने ये ना कहते हुए, ऐसा कहा- शर्म करो दीपिका कक्कड़.

नन्हे बेटे की बात सुनकर दोनों दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम की हंसी छूट गई. वो उनकी मासूमियत पर दिल हार बैठे. दीपिका ने बेटे से नाराजगी दिखाने का नाटक किया, लेकिन वो भी ज्यादा देर तक नाराज नहीं रह पाईं और बेटे को गले लगा लिया. ये मोमेंट फैंस को बेहद प्यारा लगा और उन्हें इमोशनल भी कर गया.

दीपिका पर इन दिनों मुसीबतों का पहाड़ सा टूट पड़ा है. उनके पेट में सिस्ट (गांठ) पड़ गई. वो बेहद दर्द में थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया. हालांकि दीपिका जल्द ठीक भी हो जाएंगी, क्योंकि डॉक्टर्स उनका छोटा सा ट्रीटमेंट कर देंगे, जिससे सिस्ट खत्म हो जाएगी. लिवर कैंसर के बाद दीपिका लगातार हॉस्पिटल के चक्कर काट रही हैं. पति शोएब भी एक्ट्रेस के साथ इस मुश्किल घड़ी में लगातार खड़े हैं. फैंस दीपिका की अच्छी सेहत की दुआ कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि भगवान एक्ट्रेस को जल्द से जल्द इन मुश्किलों से मुक्त कर देंगे.

NATIONAL : जयमाल के दौरान बेहोश हुई दुल्हन, बिना फेरे के लौटी बारात

0

बिहार के भोजपुर से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक लड़की की शादी का सपना इसलिए टूट गया. क्योंकि वह जयमाल के लिए स्टेज पर जाने के दौरान बेहोश हो गई.

हाथों में पिया के नाम की मेहंदी, पैरों में आलता की सुर्ख लाली और आंखों में सजे थे सात फेरों के सपने, लेकिन किसे पता था कि जयमाल के मंच तक पहुंचने से पहले ही किस्मत ऐसी करवट ले लेगी कि सारी खुशियां मातम में बदल जाएंगी. दरअसल भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव में शादी की शहनाइयां बज रही थीं. एक पिता की इकलौती बेटी की शादी एक लड़के से तय हुई थी. लेकिन जयमाल के दौरान लड़की बेहोश हो गई.

तिलक, हल्दी सब कुछ धूमधाम से हुआ. बारात आई, स्वागत हुआ, रस्में निभाई गईं. घर-आंगन खुशियों से जगमगा रहा था. लेकिन जैसे ही दुल्हन जयमाल के लिए स्टेज पर चढ़ने लगी, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी. आनन-फानन में उसे होटल के कमरे में ले जाया गया. फिर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि यह सिर्फ थकावट और कमजोरी की वजह से हुआ है. कोई गंभीर बीमारी नहीं है. पर इस एक पल ने सब कुछ बदल दिया. दूल्हे और उसके परिजनों ने बिना इंतजार किए शादी से साफ इनकार कर दिया.

इतना ही नहीं, जो मोटरसाइकिल और सामान तिलक में दिया गया था वह भी वापस कर दिया गया. उनका कहना था कि पहले लड़की का इलाज कराइए, फिर देखेंगे. उधर अस्पताल के बेड पर पड़ी दुल्हन की आंखों से आंसू थम नहीं रहे. वह बस एक ही बात दोहरा रही है कि हमार जिंदगी बर्बाद हो गईल…अब हम कहां जाई…

दुल्हन के पिता जो एक छोटे व्यवसायी हैं. वे बताते हैं कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी में सब कुछ लगा दिया. रिश्तेदार आए, रिसॉर्ट बुक हुआ, खाना-पीना का पूरा इंतजाम किया गया. लाखों रुपये खर्च हुए, लेकिन बारात बिना फेरे लौट गई. घर में जहां हंसी-खुशी थी, अब सन्नाटा पसरा है. मां की आंखें भी नम हैं. मां उनका कहना है कि बिटिया कभी बीमार नहीं रही. शादी की भागदौड़ में ठीक से खाना तक नहीं खा पाई थी. थकावट की वजह से वह बेहोश हुई, लेकिन दूल्हा पक्ष ने एक पल का भी धैर्य नहीं दिखाया.

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सरोज कुमार के मुताबिक फिलहाल लड़की की स्थिति सामान्य है और किसी गंभीर बीमारी के संकेत नहीं मिले हैं. इलाज जारी है. लेकिन सवाल यह है कि क्या एक पल की बेहोशी किसी लड़की के भविष्य का फैसला कर सकती है? क्या रिश्ते इतने कमजोर हो गए हैं कि मुश्किल की घड़ी में साथ छोड़ देना आसान हो गया है? एक तरफ अस्पताल के बेड पर टूटी हुई दुल्हन है, दूसरी तरफ समाज के सामने खड़ा एक कड़वा सच. शादी के मंच से उठी यह कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष:
आज का दिन थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। धैर्य रखें और सोच-समझकर निर्णय लें। कार्यक्षेत्र में सावधानी आवश्यक है।
वृषभ:
धन लाभ के योग बन रहे हैं। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं।
मिथुन:
नई योजनाओं पर काम शुरू करने का अच्छा दिन है। मित्रों का सहयोग मिलेगा। यात्रा के योग हैं।
कर्क:
भावनाओं पर नियंत्रण रखें। परिवार के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
सिंह:
मान-सम्मान में वृद्धि होगी। नेतृत्व क्षमता निखरेगी। अधिकारियों से सहयोग मिलेगा।


कन्या:
कार्य में व्यस्तता बनी रहेगी। मेहनत का फल मिलेगा। खर्चों पर नियंत्रण रखें।
तुला:
जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ेगी। मन प्रसन्न रहेगा।
वृश्चिक:
गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें। निर्णय सोच-समझकर लें। धैर्य से काम लें।
धनु:
भाग्य का साथ मिलेगा। शिक्षा और करियर से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी। शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है।
मकर:
कामकाज में जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। परिश्रम से सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
कुंभ:
नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मित्रों से लाभ मिलेगा।
मीन:
मन आध्यात्म की ओर रहेगा। मानसिक शांति मिलेगी। परिवार के साथ मधुर संबंध बनेंगे।

Odisha : 7वीं क्लास की छात्रा से स्कूल में यौन उत्पीड़न, 5 गिरफ्तार

0

ओडिशा के केंद्रापाड़ा में राजकनिका थाना क्षेत्र के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां की शिकायत पर सीडब्ल्यूसी और पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. तीन शिक्षक और एक महिला सहायक से पूछताछ हुई. पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा.

ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले के राजकनिका थाना क्षेत्र के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना के बाद बाल कल्याण अधिकारियों और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. मामला बुधवार को सामने आया, जब पीड़िता की मां ने केंद्रापाड़ा जिला बाल कल्याण समिति (CWC) में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

शिकायत मिलते ही सीडब्ल्यूसी की टीम उसी दिन स्कूल पहुंची और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और आरोपों की प्रारंभिक जांच शुरू की, ताकि बच्ची के हितों की रक्षा की जा सके और तथ्यों की पुष्टि हो सके.सीडब्ल्यूसी की जांच के साथ-साथ राजकनिका पुलिस ने भी मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी. जांच के तहत स्कूल के तीन शिक्षकों और एक महिला सहायक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया. फिलहाल उन्हें विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है. पुलिस टीम पीड़िता के घर भी पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ बयान दर्ज किए.

पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हमें आज इस मामले की रिपोर्ट मिली. पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा. पुलिस के साथ-साथ सीडब्ल्यूसी भी मामले की जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत धाराएं लगाई गई हैं.’

NATIONAL : शहनाई बज रही थी, बाराती नाच रहे थे… तभी आ धमके दबंग और लाठी-डंडों से कर दिया हमला, मच गई चीख-पुकार

0

गुरुग्राम के पालम विहार सेक्टर 22B में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब बारात के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. दरअसल, कार सवार युवकों से विवाद हो गया था. इसके कुछ ही देर बाद लाठी-डंडों से बारातियों पर हमला कर दिया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए.

गुरुग्राम में खुशियों और जश्न के बीच एक बारात में अचानक दहशत फैल गई. दरअसल, पालम विहार में दबंगों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था. महज साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते शादी का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए.मामला गुरुग्राम के पालम विहार सेक्टर 22 B का है. यहां मोलाहेड़ के सरकारी स्कूल से वाल्मीकि समाज की बारात की चढ़त हुई. नाच गाने और गाजेबाजे के साथ बारात आगे बढ़ रही थी. उसी दौरान गाड़ी पर सवार कुछ दबंगों का साइड को लेकर बारातियों से विवाद होने लगा.

आरोप है कि कुछ ही देर में यहां पहुंचे बारातियों पर इलाके के दबंगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया. गाड़ी सवार शराब के नशे में धुत थे. बारात में शामिल लोगों से साइड देने को लेकर झगड़ा हो गया था.इसी दौरान मामला हिंसक हो गया. बारात पर हुए हमले के बाद खुशियां उदासी और मायूसी में बदल गईं. उदास, परेशान और मायूस चेहरे दबंगो के खौफ में दिख रहे थे. आरोप मारपीट कर मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसआई राकेश कुमार पालम विहार थाने से मौके पर पहुंचे और जायजा लिया.

वहीं, दूल्हे के रिश्तेदारों का कहना है कि जैसे ही बारात कम्युनिटी सेंटर में पहुंची, वैसे ही लाठी डंडों से लैस 1 दर्जन से ज्यादा दबंग यहां आ गए और तोड़फोड़ करने लगे. जो सामने आया, उसी को बेरहमी से पीटने लगे. इस हमले में 2 युवकों को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया. एक महिला को भी लाठी डंडों से पीटा गया.

एएसआई राकेश कुमार ने कहा कि गाड़ी पर सवार 2 से 3 युवकों की साइड देने को लेकर कहासुनी हुई. फिर 1 दर्जन से ज्यादा लाठी डंडों से लैस दबंग सेक्टर 22 B के कम्युनिटी सेंटर में पहुंचे और हमला कर दिया. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से गाड़ी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ENTERTAINMENT : इंडिया की पहली Fair & Lovely गर्ल, करियर के पीक पर छोड़ी एक्टिंग, रातोरात हुई गायब

नीशा सिंह को पहली ‘फेयर एंड लवली’ गर्ल के रूप में जाना जाता है. उनका करियर अचानक शुरू हुआ था और अचानक ही खत्म हुआ. जानते हैं कि करियर के पीक पर एक्टिंग छोड़ने वाली नीशा सिंह कहां हैं.

ग्लैमर वर्ल्ड की कई एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने करियर के पीक पर एक्टिंग छोड़ दी है. इन्हीं में से एक नीशा सिंह हैं, जो पहली ‘फेयर एंड लवली’ गर्ल के तौर पर भी जानी जाती हैं. 1980-90 के दौर में नीशा सिंह हर चीज बेचने वाली चेहरा थीं. प्रिमियम साबुन से लेकर शहर की सोफिस्टिकेटेड ड्रामा तक. उनकी एक्टिंग जर्नी कभी प्लान्ड नहीं थी, ये बस संयोग से शुरू हुई थी.

नीशा सिंह को पहला ब्रेक चांस से मिला, जब कॉलेज कैंटीन में किसी ने हिंदुस्तान लीवर के कैंपेन के लिए वीडियो टेस्ट के लिए अप्रोच किया. लेजेंडरी अलीक पदमसी ने डायरेक्ट किया था, ये फेयर एंड लवली का लॉन्च था.ज्योत्सना मोहन के इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि मैंने कहा मेरे परिवार से मॉडलिंग की इजाजत नहीं मिलेगी, लेकिन दोस्तों के साथ देखने आऊंगी. शूट के अंत में पदमसी ने उन्हें नोटिस किया. उन्होंने पूछा कि टेस्ट क्यों नहीं किया, मैंने कहा मॉडलिंग की परमिशन नहीं. तो उन्होंने कहा, कैमरे के लिए बिना मेकअप वाली चाहिए, क्या तुम कैमरे के सामने खड़ी हो जाओगी.

कुछ दिनों बाद प्रोड्यूसर अजय आनंद ने बताया कि सिलेक्ट हो गईं. पिता मानने को तैयार न थे, तब पदमसी खुद घर आए और भरोसा दिलाया कि सब सेफ हेंड्स में होगा. ऐड सेंसेशन बन गया, लेकिन पिता ने सख्त लिमिट लगाई. महीने में सिर्फ एक ऐड, ताकि पोस्ट-ग्रेजुएशन पूरा हो जाए. ये लिमिट उनके फेवर में काम आई. कम दिखना उन्हें और डिजायर्बल बना गया, जल्दी ही टॉप ब्रांड्स के साथ काम करने लगीं बिना ओवरएक्सपोज हुए.

नीशा पृथ्वी की फिल्मों में एंट्री भी संयोग से हुई थी. वो उस समय बॉलीवुड एक्ट्रेस के सांचे में फिट नहीं बैठती थीं, लेकिन फिल्म ‘अंकुश’ ने उनकी तकदीर बदल दी. लेकिन कास्टिंग के समय फिल्म के हीरो नाना पाटेकर ने उनके काम पर संदेह किया था. नीशा का कहना था कि नाना ने मुझे देखते ही नफरत की. एन. चंद्रा से मराठी में कहा, ‘पागल हो क्या? इस लड़की को कैसे यूज करोगे?’ लेकिन तीसरे दिन मेरी रिएक्शन शॉट्स देखकर सिर पर थपकी मारी और बोले, ‘चल जाएगी तू’. वो मेरे सबसे डेडिकेटेड को-स्टार बने.

फिल्मों के बाद उन्होंने टेलीविजन की ओर रुख किया. ‘बुनियाद’ और भारत की पहली अंग्रेजी टीवी सीरीज ‘ए माउथफुल ऑफ स्काई’ से वो घर-घर में फेमस हो गईं. एक्ट्रेस अपने करियर के पीक पर थीं जब अचानक शादी कर ली और सिंगापुर शिफ्ट हो गईं. बेटी के जन्म के बाद उन्होंने पूरा फोकस परिवार पर शिफ्ट कर दिया. वो अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखना चाहती हैं.

LUDIHANA : बदमाशों ने की लूट की कोशिश तो NRI महिला ने ललकारा, तलवार लेकर पीछे दौड़ीं

0

लुधियाना के डेहलों इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने चलती कार के शीशे पर अंडे फेंके. ऑस्ट्रेलिया से आई एनआरआई महिला हरजिंद कौर तलवार लेकर बदमाशों के पीछे भागी.

पंजाब के लुधियाना से सोशल मीडिया पर एक एनआरआई महिला की दिलेरी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो लुधियाना के डेहलों इलाके का है. वीडियो में महिला लुटेरों के पीछे तलवार लेकर दौड़ रही है. दावा किया जा रहा है कि यह महिला ऑस्ट्रेलिया से आई एनआरआई हैं.

वीडियो में मोटरसाइकिल सवार 2 लुटेरे कार के शीशे पर अंडे मारकर कार सवार महिलाओं को लूटने की कोशिश करते हैं. इतने में कार चला रही एनआरआई महिला तलवार लेकर बाहर निकलने लगती है तो उसके साथ बैठी एक बुजुर्ग महिला उसे रोकने की कोशिश करती है. महिला हाथ में तलवार लेकर बाहर निकलती है और लुटेरों का पीछा करते हुए दौड़ने लगती है. यही नहीं, महिला लुटेरों को ललकार भी रही है. इस पूरी घटना को कार में बैठी अन्य महिला ने शूट किया है.

वीडियो में जो महिला तलवार लेकर लुटेरों का पीछा करते हुए दिखाई गई है, उसे ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली बताया गया है. वीडियो के कैप्शन के मुताबिक महिला का नाम हरजिंद कौर है. यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है.

महिला की कार के शीशे पर जब लुटेरे युवकों ने अंडे मारे तो कार में बैठी दूसरी बुजुर्ग महिला एनआरआई महिला को कहते हुए सुनाई दे रही है- “मैंने पहले कह दिया था कि यह सड़क सुनसान है, यहां से मत चल.” वह कह रही है कि शीशे पर अंडा फेंक दिया है ताकि लूट की घटना को अंजाम दिया जा सके.

यह वीडियो महिला की दिलेरी और साहस को दर्शाता है. हालांकि, ऐसी स्थिति में खुद को खतरे में डालना भी जोखिम भरा हो सकता है. पुलिस को तुरंत सूचित करना सबसे सुरक्षित विकल्प होता है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं.

NATIONAL : ‘वोट मांगने मत आना…’, बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने नाराज हुई जनता, चुनाव का भी किया बहिष्कार

0

तमिलनाडु में नगर निगम के कार्यों से नाराज स्थानीय लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया है. जिसको लेकर स्थानीय लोगों की तरफ से एक पोस्टर भी लगाया गया है. पोस्टर में लिखा गया है कि वोट मांगने मत आना.

तमिलनाडु के इरोड ईस्ट के स्थानीय नागरिक नगर निगम की अनदेखी से गुस्सा हैं. जिसको लेकर उन्होंने एक पोस्टर लगाया है. पोस्टर में लिखा गया है कि वोट मांगने मत आना. दरअसल बुनियादी सुविधाओं की कमी से इरोड के निवासी नेताओं से नाराज़ हैं. ठीक सड़कों की कमी, गड्ढे, सीवेज सिस्टम की कमी को लेकर वो विरोध में उतर आए हैं.

इरोड के निवासियों ने वोट मांगने के लिए नेताओं पर जमकर निशाना साधा. साथ ही बैनर पर लिखा है “यहां वोट मांगने मत आना”. इरोड ईस्ट के निवासियों ने बुनियादी सुविधाएं पूरी न करने और अतिक्रमण न हटाने के लिए नेताओं से नाराज़गी और गुस्से में बैनर लगाया है. जिस पर लिखा है “मत आओ, मत आओ, वोट मांगने मत आओ”.

बैनर में कहा गया है कि विधायकों, मंत्री, पार्षदों, सरकारी अधिकारियों को कई याचिकाएं दी गईं. लेकिन उन्होंने कुछ भी पूरा नहीं किया. बैनर पर यह भी लिखा गया है कि हम आने वाले विधानसभा का बहिष्कार करते हैं. साथ ही इरोड जिला प्रशासन की निंदा करते हैं.

पिछले 3 साल से यहां सही सीवरेज सिस्टम नहीं है. गड्ढों की वजह से सड़कें खराब हालत में हैं और स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं. लेकिन जिला प्रशासन को कई बार अर्जी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है. DMK मंत्री एस मुथुसामी से मिलने और अर्जी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इसलिए हम आने वाले चुनावों का बहिष्कार करते हैं. ऐसे में यहां कोई भी नेता वोट मांगने न आए.

GUJARAT : ओवरटेक के लिए हॉर्न बजाया, दो नाबालिगों ने कार सवार की चाकू मारकर कर दी हत्या

मोरबी में ओवरटेक करने के लिए हॉर्न बजाने पर दो नाबालिगों ने युवक जतिन आडेसरा की चाकू मारकर हत्या कर दी. घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्कूटर, मोबाइल और चाकू बरामद किया है. घटना के विरोध में सोनारों ने दुकानें बंद रखीं.गुजरात के मोरबी शहर में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली. शनाला रोड पर कार से ओवरटेक करने के लिए हॉर्न बजाने पर दो नाबालिगों ने युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान मोरबी निवासी जतिन आडेसरा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार जतिन राजकोट से मोरबी अपनी कार से लौट रहा था.

शनाला रोड पर वह एक स्कूटर को ओवरटेक करना चाहता था. उसने दो से तीन बार हॉर्न बजाया. इसी बात पर स्कूटर सवार दो नाबालिग भड़क गए. उन्होंने जतिन को कार से नीचे उतारा और उस पर चाकू से तीन वार किए. गंभीर रूप से घायल जतिन को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक के भाई मौलिक आडेसरा की शिकायत पर मोरबी सिटी ए डिवीजन पुलिस ने दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके पास से स्कूटर, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है.परिजनों के अनुसार मौलिक ने हाल ही में नया घर लिया था और गृह प्रवेश होना था. जतिन अपनी बहन को राजकोट से लाने गया था. मोरबी लौटते समय यह घटना हो गई. जतिन सोनी समाज से था और पेशे से व्यापारी था. उसकी शादी पांच साल पहले हुई थी और उसकी 11 महीने की एक बेटी है. घटना के विरोध में मोरबी के सुनारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

- Advertisement -