Sunday, March 29, 2026
Home Blog Page 81

MP : एमपी के भिंड में बारात से लौट रही बस ने वैन को मारी टक्कर, हादसे में 4 की मौत, 7 घायल

0

भिंड जिले में तेज रफ्तार से आ रही एक खाली बस ने सामने से जा रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में चार लोगों की जान चली गई और सात अन्य घायल हो गए.मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार (20 फरवरी) देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और सात अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिमका गांव के पास करीब रात ढाई बजे हुई. यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही एक खाली बस ने सामने से जा रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे में वैन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.

गोहद चौराहा थाना प्रभारी (एसएचओ) मनीष धाकड़ ने बताया कि दुर्घटना में घायल सात लोगों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है. बाकी घायलों का इलाज जारी है.थाना प्रभारी धाकड़ ने बताया कि जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. बताया गया कि वैन में सवार लोग ग्वालियर से भिंड की ओर जा रहे थे, जबकि बस भिंड में बारातियों को छोड़कर वापस ग्वालियर लौट रही थी और उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था. हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर यातायात प्रभावित रहा. हालांकि, पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया और आवागमन को सामान्य कर दिया. घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है.

PUNE : स्कूल छोड़ने के बहाने 13 साल की बच्ची से कार में रेप, घटना के बाद पीड़िता को दी थी धमकी

0

पुणे में 13 वर्षीय बच्ची को स्कूल छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर दुष्कर्म किया गया. आरोपी बच्ची का परिचित था और पेशे से ड्राइवर है. घटना के बाद उसने धमकी दी. बच्ची ने रात में मां को बताया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को स्कूल छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने 29 वर्षीय आरोपी ज्ञानेश्वर सुरेश रायरकर को वारजे मालवाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. स्थानीय अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.पीड़िता की मां ने वारजे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार घटना 18 फरवरी की सुबह करीब 6:50 से 7:20 बजे के बीच करवे नगर के डीपी रोड स्थित दूधाने लॉन्स के पास हुई.

पुलिस के अनुसार आरोपी बच्ची का परिचित था. वह बच्ची के घर के पास पहुंचा जब वह स्कूल जाने के लिए खड़ी थी. उसने स्कूल छोड़ने की पेशकश की और कार में बैठा लिया. लेकिन स्कूल ले जाने के बजाय वह उसे डीपी रोड पर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां कार के अंदर जबरन दुष्कर्म किया.घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को किसी को न बताने की धमकी दी. डरी हुई बच्ची ने तुरंत कुछ नहीं बताया, लेकिन देर रात उसने अपनी मां को पूरी बात बताई. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया.

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बोलकोटगी ने बताया कि आरोपी पेशे से ड्राइवर है और हाल ही में उसने एक सेकंड हैंड कार खरीदी थी. उसी कार का इस्तेमाल वारदात में किया गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

NATIONAL : ‘लास्ट डे जिंदगी का, सब हैप्पी रहो’, इंस्टाग्राम पर युवक ने डाली पोस्ट तो पुलिस ने बचाई जान

0

अमरोहा में एक युवक ने कीटनाशक की बोतल के साथ “लास्ट डे जिंदगी का, सब हैप्पी रहो” लिखकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. सूचना मिलते ही रजबपुर पुलिस 10 मिनट में पहुंची और युवक की जान बचा ली.अमरोहा जनपद में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया. एक युवक ने हाथ में कीटनाशक दवा की बोतल लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “लास्ट डे जिंदगी का, सब हैप्पी रहो.” जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाई.

बताया जा रहा है कि पोस्ट की जानकारी लखनऊ पुलिस मुख्यालय तक भी पहुंची. वहां से तुरंत अमरोहा जिले के रजबपुर थाने को अलर्ट किया गया. सूचना मिलते ही रजबपुर पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस टीम ने तेजी से युवक की लोकेशन ट्रेस की और महज 10 मिनट के अंदर उसके घर पहुंच गई.पुलिस ने समय रहते युवक को कीटनाशक दवा पीने से रोक लिया. शुरुआती बातचीत में पता चला कि युवक बेरोजगारी से परेशान था और मानसिक तनाव में चल रहा था. पुलिस ने उसे समझाया-बुझाया और परिजनों को मौके पर बुलाकर काउंसलिंग कराई. प्राथमिक उपचार के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया गया.

रजबपुर थाना प्रभारी कोमल तोमर ने शुक्रवार (20 फरवरी) शाम करीब 5 बजे बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट को हल्के में नहीं लेना चाहिए. अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव में है तो परिवार और दोस्तों को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए. जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए.यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अगर लोग सतर्क रहें और पुलिस समय पर कार्रवाई करे तो बड़ी घटना को टाला जा सकता है. मानसिक तनाव किसी को भी हो सकता है, ऐसे में अपनों का साथ और समय पर मदद बहुत जरूरी है.

अगर आप या आपका कोई परिचित परेशान है, तो चुप न रहें. परिवार, दोस्तों या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें. छोटी सी कोशिश किसी की जिंदगी बचा सकती है.

ENTERTAINMENT : रणवीर सिंह से हुई थी करोड़ों रुपयों की मांग, अब बिश्नोई गैंग के मेंबर के खिलाफ जारी हुआ लुक आउट नोटिस

रणवीर सिंह से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हरि बॉक्सर ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी. अब इसपर मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर के नाम का लुक आउट नोटिस जारी कराया है.

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह जहां एक तरफ अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की सक्सेस एंजॉय कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ उनकी पर्सनल लाइफ में भूचाल आया हुआ है. उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथी हरि बॉक्सर से धमकी भरे मैसेज आए हैं. रणवीर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई. जिसपर अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक्शन लिया है.

बिश्नोई गैंग के मेंबर हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर को मिले धमकी भरे वॉइस नॉट को वेरिफाई करने के लिए पंजाब और हरियाणा भेजा था. वॉइस नॉट भेजने वाले ने खुद को हेरी बॉक्सर बताया था और 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी.

मुंबई पुलिस को जब इस धमकी भरे वॉइस नॉट की जानकारी मिली तो उसे पंजाब और हरियाणा पुलिस को भेजा गया और जब वहां से इस वॉइस नॉट की पुष्टि हुई कि उस वॉइस नॉट में सुनाई दे रही आवाज हेरी बॉक्सर की है, उसके बाद FIR दर्ज की गई. मुंबई सायबर पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमनियन की शिकायत के आधार पर हेरी बॉक्सर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के साथ कर रही है.

पुलिस के अनुसार, मैनेजर को उनके फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर (+340) से कॉल आए, जो वर्जिन आइलैंड्स से जुड़ा देश का कोड माना जाता है. कॉल करने वाले ने कथित तौर पर पैसे की मांग की और धमकियां दीं. धमकियों के बाद रणवीर सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें फिल्म शूटिंग के लिए कहीं भी ट्रैवल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बताया गया है कि ‘बॉक्सर’ ने लंबे वॉइस नोट छोड़ते हुए कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो एक्टर की अगली सात पीढ़ियां इसका अंजाम याद रखेंगी.

वॉइस नोट में कहा गया था, ‘रणवीर सिंह, तू कुछ बात बोलकर मुकर गया ना, ठीक है… या तो तू उस बात पर वापस आ जा, नहीं तो मुकरने की सजा क्या होती है वो तुझे बताएंगे. इसलिए तेरे लिए ये वॉइस नोट छोड़ रहे हैं… रोहित शेट्टी और तू लाइन पर आ जाओ… और पूरे बॉलीवुड को भी बोल रहे हैं… आज जो पुर्तगाल में फायरिंग करवाई है, मैं और मेरे भाई मरीना ग्रैंड और सुखदेव की दुकान पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हैं.’

ये बिश्नोई गैंग के सदस्यों के खिलाफ दर्ज की गई दूसरी एफआईआर है. इससे पहले 1 फरवरी को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी गोलीबारी की घटना हुई थी. इस मामले की जांच कर रही एजेंसी (AEC) अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है. दीपक शर्मा ने कथित तौर पर शुभम लोनकर गुट के कहने पर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की थी.

NATIONAL : इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026: ग्लोबल लीडर्स ने खोले तकनीक और नीति के राज

0

इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026 में दुनिया भर के AI स्पेलिशिस्ट ने हिस्सा लिया, जिसमें Open AI के सैम अल्टमैन गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस और Anthropic के डारियो अमोडेई शामिल थे. उन्होंने एआई के तकनीकी बदलाव, नीति निर्माण, आर्थिक प्रभाव और नैतिक चुनौतियों पर चर्चा की. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने यूरोप में निवेश की भूमिका पर बात की, जबकि जीत अडानी ने एआई को राष्ट्र निर्माण की परियोजना बताया.

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के मंच पर दुनिया भर से कई दिग्गजों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हुए इस समिट ओपनएआई के चीफ एक्जिक्यूटिव सैम अल्टमैन से लेकर गूगल डीपमाइंड के को फाउंडर सर डेमिस हसाबिस तक ने शिरकत की. इंडिया टुडे ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान अलग-अलग सत्रों और पैनल चर्चाओं का विश्लेषण किया. इनमें पता चला कि ग्लोबल एआई नेताओं के विचार नीति, शक्ति और व्यवसायों को आकार दे सकते हैं.

पॉपुलर एआई लीडर्स में से एक और Open AI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने एआई की एआई पर आधारित तकनीकी बदलाव के दुष्परिणामों पर बात की. उन्होंने कहा- ‘जब आप आर्ट और ह्यूमैनिटीज के क्षेत्र में आते हैं, तो फैसले लेने और नीतियों जैसी चीजों में एक ही एक्सपेरिमेंट को दो बार दोहराना मुश्किल होता है.’

ऑल्टमैन ने आगे कहा, ‘इसलिए ऐसे मामलों में सही फैसला क्या है, इसके बारे में डेटा जुटाना मुश्किल है. इसलिए मुझे लगता है कि एआई के लिए उन गलतियों का मॉडल बनाना मुश्किल होगा.’Anthropic के सीईओ डारियो अमोडेई ने भी समिट के दौरान एआई की तेजी से हो रही तरक्की और उससे होने वाले आर्थिक झटकों को लेकर सावधानी जताई. उन्होंने कहा, ‘क्योंकि ये बहुत तेजी से हो रहा है, इससे अस्थिरता का समय आ सकता है. हमें कंपनियों और सरकारों के बीच मिलकर इस संक्रमण काल को बेहतर ढंग से संभालना होगा.’

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी अपनी राय दी और कहा, ‘कुछ गलत जानकारी रखने वाले दोस्तों के दावों के विपरीत, यूरोप अंधाधुंध रूप से नियमों पर केंद्रित नहीं है. यूरोप नवाचार और निवेश की जगह है, लेकिन ये एक सुरक्षित जगह है.’

Adani Digital Labs के निदेशक जीत अडानी ने एआई को राष्ट्र-निर्माण परियोजना के रूप में पेश किया. उन्होंने इसे ‘आधुनिक राष्ट्रवाद का सर्वोच्च रूप’ बताया. उनके मुताबिक एआई को व्यापार से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय शक्ति के आयाम में ले जाता है.

Amalaki Ekadashi 2026: आमलकी एकादशी 27 फरवरी को है, इस दिन आंवले की पूजा करने से क्या होता है जानें

0

फाल्गुन माह की आमलकी एकादशी पर आंवला की पूजा का विशेष महत्व है.पुराणों में इसका खास लाभ बताया गया है. आंवले में विष्णु जी का वास माना गया है.फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 26 फरवरी को देर रात 12 बजकर 33 मिनट पर शुरू होगी और 27 फरवरी को रात 10 बजकर 32 मिनट पर समाप्त होगी. ऐसे में उदयातिथि के अनुसार आमलकी एकादशी का व्रत 27 फरवरी 2026, शुक्रवार के दिन रखा जाएगा. आमलकी एकादशी व्रत भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने के लिए पुण्य फलदायी माना जाता है. इसके फलस्वरूप सारे दुख, कष्ट दूर होते हैं.

आमलकी एकादशी पर आंवला वृक्ष की खास पूजा की जाती है. शास्त्रों के अनुसार आंवले के वृक्ष में श्रीहरि की वास माना जाता है. पुराणों के अनुसार आंवले को देखने मात्र से संकटों से मुक्ति मिलती है. स्पर्श से ग्रह दोष समाप्त होती हैं..आमलकी एकादशी पर जो आंवला वृक्ष की पूजा करता है उसके सारी परेशानियां जड़ से समाप्त हो जाती है. साथ ही मोक्ष के द्वार उसके लिए खुल जाते हैं.

इस दिन पूजा में विष्णु जी को आंवला भी फल स्वरूप में अर्पित करना चाहिए. आंवले के रस से स्नान कराएं और आंवले का दान करें. मान्यता है इससे सुख-समृद्धि बनी रहती है. संतान को लंबी आयु का वरदान मिलता है.आमलकी एकादशी पर आंवले के वृक्ष का पूजन हमें प्रकृति से जुड़ने और उसके संरक्षण का संदेश देता है.

MAHARASHTRA : 15 साल की लड़की को किडनैप कर ले गए जंगल, 5 दिन तक किया रेप, सामने आया ‘लव जिहाद’ का एंगल

0

अहिल्यानगर जिले के राहुरी में 15 साल की लड़की का अपहरण कर जंगल में पांच दिन तक उसके साथ रेप किया गया. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के राहुरी तालुका के एक गांव में शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना घटी है. यहां एक 15 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे पांच दिनों तक जंगल में रखकर और उसके साथ रेप करने का गंभीर मामला सामने आया है. इस मामले को अब ‘लव जिहाद’ का एंगल दिया जा रहा है और राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

राहुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नासिक-सूरत रोड के पास रामशेज किला क्षेत्र के जंगल से लड़की को छुड़ाया है. मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दावा किया जा रहा है कि 13 फरवरी को कॉलेज जाने की बात कहकर लड़की घर से निकली थी, लेकिन वह घर वापस नहीं आई, जिसके चलते लड़की के परिवार वाले परेशान हो गए.

बता दें कि माता-पिता ने तुरंत राहुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच की गति बढ़ाई और आखिरकार जंगल क्षेत्र से लड़की को छुड़ाने में सफलता मिली.

इस मामले में मुख्य आरोपी मुख्तार हैदर पठान, कौसर हैदर पठान, आकाश शरद संसारे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी पर अपहरण और रेप के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़िता के बयान के मुताबिक पॉक्सो और रेप की धाराएं लगाई गई हैं और आगे की जांच जारी है. इस घटना के विरोध में संबंधित लड़की के गांव में बंद रखा गया था.

BUSINESS : बिरयानी के एक बिल ने खोला 70 हजार करोड़ की टैक्स चोरी का राज, जाने कैसे देशभर में चल रहा था पूरा रैकेट

0

मामला तब सामने आया जब हैदराबाद में आयकर विभाग के अधिकारी एक रेस्टुरेंट में नियमित जांच के लिए पहुंचे. यह कोई छापेमारी नहीं थी. काउंटर पर बिलिंग जारी थी और ग्राहक सामान्य रूप से भोजन कर रहे थे. डिजिटल दौर में फर्जीवाड़ा करना आसान नहीं रहा. चाहे कोई कितना भी शातिर क्यों न हो, सिस्टम में छोड़े गए डिजिटल निशान आखिरकार उसे पकड़वा ही देते हैं. ऐसा ही मामला बिरयानी के कुछ “गायब” बिलों से शुरू हुआ, जिसने देश में करीब 70,000 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा कर दिया. 2019 से 1.77 लाख रेस्टुरेंट के बिलिंग डेटा की जांच में सामने आया कि औसतन 27% बिक्री दबाई जा रही थी. कुल मिलाकर लगभग 70,000 करोड़ रुपये का टर्नओवर छिपाया गया, जिससे अरबों डॉलर के टैक्स नुकसान की आशंका है.

कर्नाटक ने लगभग 2,000 करोड़ रुपये के डिलीट लेन-देन तेलंगाना ने करीब 1,500 करोड़ रुपये तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात में भी बड़े स्तर पर अनियमितताएं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 3,734 PAN की जांच में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की दबाई गई बिक्री सामने आई. सिर्फ 40 रेस्टुरेंट के नमूने में ही करीब 400 करोड़ रुपये का बिना घोषित टर्नओवर मिला। कुछ जगहों पर लगभग 25% बिक्री छिपाई गई थी.

इसके बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने जांच का दायरा अन्य राज्यों तक बढ़ा दिया. अब विभाग पुनर्निर्मित बिलों का मिलान टैक्स रिटर्न और बैंक रिकॉर्ड से कर रहा है और जल्द ही नोटिस व जुर्माने की कार्रवाई शुरू हो सकती है.

रिपोर्ट के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब हैदराबाद में आयकर विभाग के अधिकारी एक रेस्टुरेंट में नियमित जांच के लिए पहुंचे. यह कोई छापेमारी नहीं थी. काउंटर पर बिलिंग जारी थी और ग्राहक सामान्य रूप से भोजन कर रहे थे. लेकिन अधिकारियों ने देखा कि रेस्टुरेंट में मौजूद ग्राहकों की संख्या और बिलिंग सिस्टम में दर्ज बिलों की संख्या मेल नहीं खा रही थी.

कुछ नकद बिल सिस्टम में थोड़ी देर के लिए दिखाई देते और फिर गायब हो जाते थे. प्रिंटेड सारांश ठीक लग रहे थे, लेकिन सॉफ्टवेयर लॉग अलग कहानी बता रहे थे. साफ था कि यह साधारण गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित हेराफेरी थी. बिलिंग सॉफ्टवेयर से खुला बड़ा खेल शुरुआत में इसे स्थानीय स्तर की गड़बड़ी माना गया, लेकिन जांच में पता चला कि कई रेस्टुरेंट एक ही बिलिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहे थे.

जब सॉफ्टवेयर प्रदाता के अहमदाबाद स्थित बैकएंड तक जांच पहुंची, तो देशभर के एक लाख से अधिक रेस्टुरेंट का लगभग 60 टेराबाइट डेटा सामने आया. हैदराबाद की डिजिटल लैब में विशेषज्ञों ने डिलीट किए गए बिलों को दोबारा जोड़ना शुरू किया. हर लेन-देन ने सिस्टम में एक डिजिटल ट्रेल छोड़ा था, जिसे पूरी तरह मिटाया नहीं जा सका.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से डिलीट किए गए बिलों को फिर से रिकवर किया गया. जांच में सामने आया कि छह वर्षों में रेस्टुरेंट ने लगभग 2.43 लाख करोड़ रुपये के बिल जनरेट किए थे. इनमें से 13,000 करोड़ रुपये से अधिक के बिल रिकॉर्ड होने के बाद मिटा दिए गए थे. कुछ रेस्टुरेंट रोज कुछ नकद बिल हटाते थे. कुछ ने पूरे 30 दिनों के बिल एक साथ डिलीट किए. मकसद साफ था कम बिक्री दिखाकर कम टैक्स देना. जांच में कई राज्यों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई.

NATIONAL : ‘ताऊ सैनी मुझे भी जहाज में बैठा लो’, भीड़ से आवाज सुनते ही CM ने बुलाया, हेलीकॉप्टर में बैठाया

0

जींद के उचाना में विकास रैली के दौरान घसो गांव के सोनू ने सीएम नायब सिंह सैनी को ‘ताऊ’ कहकर हेलिकॉप्टर में बैठाने की गुहार लगाई. सीएम ने उसकी आवाज सुनकर उसे अपने साथ 15-20 मिनट तक हेलीकॉप्टर में बैठाया जिसके बाद इस खुशी में सोनू पूरी रात सो भी नहीं पाया. वो घर से 200 रुपये लेकर रैली में पहुंचा था.

हरियाणा के उचाना में आयोजित विकास रैली में उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला जब घसो गांव के सोनू को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भीड़ से बुलाकर अपने हेलीकॉप्टर में बैठा लिया. दरअसल कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब सैनी अपने हेलीकॉप्टर में सवार होने के बाद वहां से जाने की तैयारी कर रहे थे इसी दौरान भीड़ में खड़े सोनू नाम के युवक ने दूर से आवाज लगाई ‘ताऊ सैनी मेरे को भी जहाज में बैठा ले, यह आवाज मुख्यमंत्री के कानों तक पहुंची और उन्होंने इशारा कर सोनू को अपने पास बुला लिया.

बताया जा रहा है कि उचाना से फतेहाबाद रैली के लिए रवाना होते समय सीएम हेलिकॉप्टर की ओर बढ़ रहे थे, तभी सोनू ने यह पुकार लगाई. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने सोनू को हेलीकॉप्टर तक पहुंचाया जहां वो करीब 15 से 20 मिनट तक मुख्यमंत्री के साथ रहा.

इसका वीडियो वायरल होने के बाद सोनू की मां शांति देवी ने बताया कि सोनू घर से 200 रुपये लेकर रैली में गया था. इस बात को लेकर घर में कहासुनी भी हुई थी. सोनू ने कहा था कि वह ‘ताऊ’ से मिलकर आएगा और अपना काम भी करवाएगा. मां के अनुसार, उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनका बेटा मुख्यमंत्री से मिलेगा, वह भी हेलीकॉप्टर में बैठकर. परिवार के लिए यह क्षण बेहद खुशी का रहा.

सोनू ने बताया कि उसने पड़ोस से बाइक मांगकर रैली में हिस्सा लिया था. 70 रुपये का पेट्रोल डलवाया और 120 रुपये खाने पर खर्च किए. उसने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलना उसके लिए परमात्मा के दर्शन जैसा था. सीएम ने उससे बातचीत की, सिर पर हाथ रखा और फोन नंबर भी लिया. सोनू ने कहा कि इस खुशी में वह पूरी रात सो नहीं पाया.सोनू ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी के भले की बात कही और युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची नौकरी मिलने की बात पर वह खुश है. परिवार ने मुख्यमंत्री की सादगी की सराहना की और इसे अपने लिए यादगार पल बताया.

NATIONAL : फेसबुक की ‘विदेशी मोहब्बत’ पड़ी महंगी, बुजुर्ग महिला से 50 लाख से ज्यादा की ठगी, जानें पूरा मामला

0

मुंबई के कफ परेड में 74 वर्षीय महिला फेसबुक पर विदेशी डॉक्टर बने ठग के झांसे में आ गईं. जनवरी से फरवरी 2026 के बीच उन्होंने अलग-अलग खातों में 50.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.भारत ने डिजिटल क्रांति में तरक्की के नए आयाम तो हासिल कर लिए हैं लेकिन इसके साथ-साथ ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं. दक्षिण मुंबई के कफ परेड में रहने वाली एक 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला डिजिटल ठगों के जाल में फंस गई.

सोशल मीडिया पर खुद को विदेशी डॉक्टर बताने वाले एक शख्स ने भावनात्मक रूप से महिला को अपने झांसे में लिया और किश्तों में कुल 50.80 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली. इस सनसनीखेज साइबर अपराध की शिकायत अब पुलिस के पास पहुंची है.

ठगी के इस खेल की शुरुआत जनवरी 2026 में हुई, जब महिला को फेसबुक पर ‘जोशुआ विलियम डगलस’ नामक व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली. आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से महिला का भरोसा जीता और खुद को न्यूजीलैंड का एक डॉक्टर बताया, जो वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से युद्धग्रस्त यमन में तैनात है. उसने महिला को अपनी झूठी और भावुक कहानियों में उलझाया, जिसमें उसने खुद को एक विधुर बताते हुए अपनी पांच साल की बेटी ‘माया’ की बीमारी का जिक्र किया.

जैसे ही बातचीत फेसबुक से व्हाट्सएप पर पहुंची, आरोपी ने महिला की सहानुभूति का फायदा उठाना शुरू कर दिया. उसने दावा किया कि उसकी बेटी ने जहरीला खाना खा लिया है और उसकी जान बचाने के लिए तुरंत सर्जरी की जरूरत है. इस भावनात्मक दबाव में आकर महिला ने पहली बार 30 हजार रुपये भेज दिए. इसके बाद ठग ने कभी युद्ध क्षेत्र में बैंक खाते फ्रीज होने का बहाना बनाया, तो कभी खुद को टाइफाइड होने की बात कहकर इलाज के नाम पर पैसे मांगना जारी रखा.

3 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच, महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 50.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने एक बार फिर मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर बड़ी रकम की मांग की. शक होने पर जब महिला ने अपने बेटे को पूरी आपबीती सुनाई, तब उन्हें एहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर स्कैम का शिकार हो चुकी हैं. आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके सभी मोबाइल नंबर बंद मिले.फिलहाल, पीड़िता ने दक्षिण साइबर पुलिस स्टेशन और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

- Advertisement -

News of the Day