Monday, March 30, 2026
Home Blog Page 92

NATIONAL : ‘बृज की होली से दूर रहें मुसलमान…’, फलाहारी बाबा ने सीएम योगी को पत्र लिखकर की मांग

0

फलाहारी महाराज ने सीएम योगी को पत्र लिखा और कहा कि मुस्लिमों को होली के रंग और हिन्दुओं से नफरत है इसलिए वह रंगों में कांच पीसकर मिला सकते हैं, इन्हें बृज की होली से दूर रखा जाए.मथुरा की विश्व प्रसिद्ध होली उत्सव को लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने मुस्लिमों को बृज की होली से दूर रहने की अपील की है. उन्होंने इस संबंध में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर मुस्लिमों को इस त्योहार से दूर रखने की मांग की है. मथुरा के साधु-संतों ने भी फलाहारी महाराज की इस माँग का समर्थन किया है.

फलाहारी महाराज ने सीएम योगी को पत्र लिखकर कहा कि ये मुस्लिमों को होली के रंग और हिन्दुओं से नफ़रत हैं इसलिए वो इन रंगों में काँच को पीसकर मिला सकते हैं. ये हमारे पवित्र रंगों में थूक सकते हैं और त्योहारों में शामिल होकर लव जिहाद कर सते हैं. मुस्लिमों को हमारे पवित्र होली के त्यौहार से दूर रखना चाहिए, इन्हें मंदिर के आसपास दुकान लगाने की अनुमति न दी जाए..

फलाहारी बाबा ने लिखा- ‘हमारे पवित्र त्योहारों से मुसलमानों को अलग रखा जाए क्योंकि ये लोग हमारे होली के त्योहार में आसपास दुकान लगाते हैं. दुकानों पर होली के रंग बेचते हैं, इनको होली के रंगों और हिन्दुओं से बहुत नफरत होती है. ये हमारे होली के रंग में कांच पीसकर मिला सकते हैं थूक सकते हैं. हमारे पवित्र त्योहार में लव जिहाद की घटना को बढ़ावा देते हैं.

अंत आपसे अनुरोध है कि जो व्यक्ति नाम बदलकर, पहचान छिपाकर, भेष बदलकर दुकानों में होली के पवित्र रंगों को बेचते हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ये लोग पहचान छिपाकर हमारे त्योहारों को अपवित्र करने का प्रयास करते हैं जब हम इनके त्योहारों में नहीं जाते, हम इनके मक्का मदीना में नहीं जाते हैं हम इनके मदरसे और मस्जिदों में नहीं जाते हैं तो ये हमारे त्योहारों में घुसपैठ करने का प्रयास क्यों करते हैं.’

उन्होंने आगे लिखा कि मुस्लिमों को हमारे पवित्र त्योहारों से दूर रहना चाहिए. ये दूसरे धर्म के लोग हमारे त्योहार पर रंग में भंग डालने का प्रयास करते हैं इसलिए आपसे अनुरोध है कि हमारी प्रार्थना को स्वीकर करने की कृपा की करें,

आपको बता दें ये वही फलाहारी महाराज हैं जिन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से मस्जिद नहीं हटेगी वह भोजन नहीं करेंगे, आज भी उनका अनशन चल रहा है. बता दें कि मथुरा के वृंदावन और बरसाना की होली विश्व प्रसिद्ध है. इस दौरान लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं होली उत्सव का आनंद उठाते हैं.

ENTERTAINMENT : राजपाल यादव के बाद अब अमीषा पटेल की बढ़ी मुश्किलें, मुरादाबाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया

चेक बाउंस केस में राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं. वहीं अब बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मुश्किलें भी बढ़ती हुई नजर आ रही हैं. दरअसल फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है. ये मामला 2017 का है और एक्ट्रेस पर धोखाखड़ी का आरोप है. वही मामले में कोर्ट के आदेश के बाद भी अमीषा पटेल पेश नहीं हो रही हैं. अब अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है.

बताया जा रहा है कि साल 2017 में शादी में परफॉर्मेंस के लिए एक्ट्रेस ने 14 लाख 50 हजार रुपये लिए थे. लेकिन रकम लेने के बावजूद वह कार्यक्रम में नहीं पहुंची थी. इस मामले में अमीषा पटेल के खिलाफ मुरादाबाद निवासी पवन कुमार वर्मा ने केस दर्ज कराया था. पवन ड्रीम विजन के नाम से इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मालिक हैं. शिकायतकर्ता पवन के अनुसार, अमीषा को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होने वाली एक शादी में डांस करने के लिए बुलाया गया था.

अमीषा पटेल ने 11 लाख रुपये एडवांस मांगे, जिस पर पवन मान गए. बाद में, शादी के दौरान, अमीषा दिल्ली पहुंचीं और डेस्टिनेशन तक पहुंचने के लिए 2 लाख रुपये और मांगे, पवन कुमार ने ऐसा करने से मना कर दिया. इस मना करने पर एक्ट्रेस बिना बताए वापस लौट गईं थीं.

पवन कुमार ने आरोप लगाया कि अमीषा ने 11 लाख रुपये की रकम वापस नहीं की है, पटेल के अलावा, शिकायतकर्ता ने सुरेश कुमार, राजकुमार गोस्वामी और अहमद शरीफ के खिलाफ केस दर्ज कराया है. एक्ट्रेस के खिलाफ इंडियन पीनल कोड की अलग-अलग धाराओं के तहत केस चल रहा है, एक्ट्रेस के खिलाफ 120B, 406, 504, 420 और 506 के तहत आरोप हैं.इस मामले में अमीषा ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये का चेक दिया था जो बाउंस हो गया था. कोर्ट ने उन्हें 2026 में खुद पेश होने का आदेश दिया था.

2018 में, वह ऐसे ही एक और मामले में शामिल थीं, जब झारखंड के एक प्रोड्यूसर ने अमीषा की फिल्म देसी मैजिक के लिए 2.5 करोड़ रुपये इन्वेस्ट किए थे, जो कभी नहीं बना. 2024 में पटेल ने 2.5 करोड़ रुपये की पूरी रकम चुका दी, जिसके बाद केस खत्म हो गया.

NATIONAL : कार की छत पर सीक्रेट तहखाना…,बिहार के नवादा में शराब की 1008 बोतल बरामद

0

नवादा में उत्पाद पुलिस ने एक मैजिक वाहन की छत में बने गुप्त तहखाने से 1008 बोतल अवैध शराब बरामद की है. तस्करों ने वाहन को इस तरह मॉडिफाई किया था कि सामान्य जांच में शराब का पता लगाना मुश्किल था. झारखंड के बोकारो निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने साफ कहा है कि शराबबंदी के बीच तस्करी पर सख्ती जारी रहेगी.

बिहार में लागू शराबबंदी के बीच तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं. ताजा मामला नवादा से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक मैजिक वाहन की छत में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है.

उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन शराब की खेप लेकर इलाके से गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर मैजिक वाहन को रोका और तलाशी शुरू की. शुरुआत में वाहन में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, लेकिन अधिकारियों को शक होने पर गहन जांच की गई.जांच के दौरान वाहन की छत के ऊपर बने एक विशेष बॉक्स पर टीम का ध्यान गया. जब उसे खोला गया तो अंदर से शराब की बोतलें बरामद होने लगीं. पुलिस के अनुसार, तस्करों ने वाहन की छत में इस तरह सीक्रेट चैंबर तैयार किया था कि पहली नजर में वह एक साधारण ढांचा लगता था. यदि बारीकी से जांच नहीं की जाती तो खेप आसानी से पार हो सकती थी.

छापेमारी में कुल 1008 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा लगभग 378 लीटर बताई जा रही है. मौके से झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला विश्वकर्मा पंडित नामक आरोपी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है.उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी के बाद तस्कर लगातार नए जुगाड़ अपनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन निगरानी तंत्र को भी उसी हिसाब से मजबूत किया गया है. उन्होंने साफ किया कि राज्य में अवैध शराब की तस्करी पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.

फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ENTERTAINMENT : फिर से छाएगा इतिहास का जादू, ‘पद्मावत’ के बाद संजय लीला भंसाली दिखाएंगे सोमनाथ की महागाथा

संजय लीला भंसाली और केतन मेहता मिलकर भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण कहानी ‘जय सोमनाथ’ को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रहे हैं. ये फिल्म महमूद गजनी के सोमनाथ मंदिर पर हमले पर आधारित है.संजय लीला भंसाली और केतन मेहता जो भारतीय सिनेमा की दो सबसे बड़ी क्रिएटिव ताकत हैं अब एक साथ आए हैं. दोनों मिलकर भारत और हमारी सभ्यता की एक बेहद अहम कहानी को पर्दे पर जीवंत करने जा रहे हैं. इस फिल्म का नाम रखा गया है ‘जय सोमनाथ’ जो लोगों को इतिहास के एक ऐसे दौर में ले जाएगा जिसे देखने के बाद हर भारतीय को गर्व महसूस होगा.

फिल्म की कहानी 1025–1026 ईस्वी के उस समय की है जब महमूद गजनी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हमला किया और उसे लूट लिया था. ये घटना भारतीय इतिहास में विनाश के बाद फिर से उठ खड़े होने की ताकत की मिसाल के रूप में दर्ज है. इस साल इस ऐतिहासिक हमले और मंदिर के विध्वंस को 1000 साल पूरे हो रहे हैं और फिल्म इसे बड़े पर्दे पर पेश करेगी जिससे देशवासियों को अपनी सभ्यता और साहस की याद दिलाई जाएगी.

‘जय सोमनाथ’ की सबसे खास बात संजय लीला भंसाली और केतन मेहता का साथ है. भंसाली अपनी भव्यता और बड़े पर्दे की जादुई दुनिया के लिए मशहूर हैं वहीं केतन मेहता ऐतिहासिक कहानियों और इंटरनेशनल स्तर की फिल्म निर्माण में माहिर हैं. दोनों का मिलन लोगों को इतिहास की गहराई और सिनेमा के विशाल पैमाने का अनुभव देगा.

भंसाली और केतन दोनों ही गुजरात से हैं जिससे उम्मीद की जा रही है कि वे इस कहानी में असलियत और जज्बातों का वो मेल दिखाएंगे जो सीधे लोगों के दिल को छू लेगा. फिल्म सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि ये भारतीय सभ्यता, वीरता और गर्व की भावना को भी प्रदर्शित करेगी.‘जय सोमनाथ’ का निर्माण भंसाली प्रोडक्शंस और माया मूवीज के बैनर तले किया जा रहा है. केतन मेहता फिल्म का लेखन और निर्देशन खुद संभाल रहे हैं. फिल्म 2027 में बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है और ये साल की सबसे प्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्मों में से एक बनने वाली है.

WORLD : बांग्लादेश में नई सरकार, पीएम पद की शपथ लेंगे तारिक रहमान? जानिए किन देशों को मिला न्योता

0

BNP ने भारत के साथ बेहतर संबंध बनाने की इच्छा जताई है. पार्टी ने कहा कि वह आपसी सम्मान और एक-दूसरे की चिंताओं को समझते हुए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहती है.बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन की तैयारी शुरू हो गई है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की नई चुनी गई सरकार मंगलवार को शपथ लेने जा रही है. पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 13 देशों के नेताओं को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.

रिपोर्ट के मुताबिक जिन देशों को आमंत्रित किया गया है उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, तुर्किये, पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं. शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाज़ा में होगा. हाल ही में हुए 2026 के आम चुनाव में BNP को बड़ी जीत मिली थी.BNP नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने शनिवार को उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस समारोह में बुलाया जाएगा. ढाका में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया के सभी नेताओं को न्योता दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘यह सामान्य शिष्टाचार है. आयोजक यह काम करेंगे. हमें उम्मीद है कि पूरी दुनिया हमारे साथ होगी.’

BNP ने अपनी जीत पर बधाई संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया. पार्टी ने एक्स पर लिखा, ‘माननीय नरेंद्र मोदी जी, आपके संदेश के लिए बहुत धन्यवाद. राष्ट्रीय चुनाव में BNP की निर्णायक जीत में तारिक रहमान के नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए हम आभारी हैं.’BNP ने भारत के साथ बेहतर संबंध बनाने की इच्छा जताई है. पार्टी ने कहा कि वह आपसी सम्मान और एक-दूसरे की चिंताओं को समझते हुए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहती है. बयान में कहा गया कि दोनों देश क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए साथ आगे बढ़ सकते हैं.

12 फरवरी 2026 को हुए आम चुनाव खास माने जा रहे हैं. यह चुनाव 2024 के बड़े प्रदर्शनों के बाद हुआ, जिनके कारण लंबे समय तक सत्ता में रहीं शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था. 300 सीटों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए 151 सीटों की जरूरत होती है और BNP ने इससे काफी ज्यादा सीटें जीत लीं. इसके बाद तारिक रहमान को प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है.इस चुनाव में इस्लामी जमात-ए-इस्लामी गठबंधन मुख्य विपक्ष के रूप में उभरा है. मतदान प्रतिशत करीब 59 प्रतिशत रहा. इसके साथ ही शासन सुधार से जुड़ा एक संवैधानिक जनमत संग्रह भी पास हो गया.

ENTERTAINMENT : बढ़ा वजन, दाढ़ी-मूंछ और घने बाल, राजकुमार ने बना लिया ये कैसा हाल, वायरल वीडियो देख फैंस हुए हैरान

राजकुमार राव हाल ही में एक इवेंट में पहुंचे थे.इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक्टर का एकदम बदला हुआ अंदाज देखने को मिल रहा है.मुंबई में इस वीकेंड मुकेश छाबड़ा के बोलती खिड़कियां शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया था.इस दौरान कई सेलेब्स इस इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे. लेकिन, जिसने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा वो कोई और नहीं बल्कि राजकुमार राव थे.

जी हां, सोशल मीडिया पर भी राजकुमार राव की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उनका एकदम बदला हुआ लुक देखने को मिल रहा है.बता दें इस इवेंट में राजकुमार राव ब्लैक शर्ट और ब्लैक जींस पहनकर पहुंचे थे.उन्होंने अपने लुक को चश्मे के साथ टीमअप किया था.साथ ही व्हाइट स्नीकर्स भी पहने थे. इसके अलावा इस बार उनके फेस पर दाढ़ू और मूंछे भी देखने को मिलीं.उनका हेयर स्टाइल भी पहले से एकदम अलग था. इतना ही नहीं वीडियो में उनका वजन भी थोड़ा बढ़ा हुआ लग रहा है. उनके फेस पर सूजन देखने को मिल रही है.

राजकुमार राव के इस वीडियो को देख फैंस हैरान नजर आए. वहीं, कुछ लोगों का ये भी कहना है कि राजकुमार राव ने ये लुक सौरव गांगुली के बायोपिक के लिए अपनाया है.जी हां, जल्द ही राजकुमार राव को क्रिकेटर सौरव गांगुली पर बन रही बायोपिक में देखा जाएगा.

रिपोर्ट के अनुसार इस फिल्म की शूटिंग मार्च 2026 से शुरू हो जाएगी.ऐसे में राजकुमार ने हो सकता है कि अपनी अपकमिंग फिल्म के लिए लुक बदला हो.हालांकि, इसमें सच क्या है ये तो खुद राजकुमार राव ही बता सकते हैं.वायरल वीडियो के कैप्शन में फैंस ने एक्टर के हेल्थ को लेकर भी चिंता जताई है.क्योंकि, वो वीडियो में बफ्ड अप दिखाई दे रहे हैं. एक यूजर ने कॉमेंट में लिखा,’उनका वजन बढ़ गया है और अब उनके बाल भी झड़ रहे हैं.’ कई लोगों ने एक्टर के बालों के बारे में पूछा. वहीं,कुछ लोगों ने वीडियो को देख कहा कि एक्टर ने चिन फिल्टर हटवा दिया है.

ENTERTAINMENT : बेटी समीशा के जन्मदिन पर शिल्पा शेट्टी ने शेयर किया क्यूट वीडियो, लिखा – ‘तुम हमारे जीवन का जादू हो’

शिल्पा शेट्टी की बेटी समीशा ने 15 फरवरी को अपना 6वां जन्मदिन मनाया. इस खास मौके पर शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा वीडियो शेयर किया जिसमें समीशा के क्यूट और मजेदार पल दिखाए गए है.बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की बेटी समीशा शेट्टी अब पूरे छह साल की हो गई हैं. समीशा का जन्म 15 फरवरी 2020 को सरोगेसी के जरिए हुआ था और आज उनका जन्मदिन परिवार और फैंस के लिए खास मौका बन गया है. इस मौके पर शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक क्यूट वीडियो शेयर कर अपनी बेटी को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं.

शिल्पा के शेयर किए वीडियो में समीशा के पिछले कुछ सालों के प्यारे और क्यूट मोमेंट्स नजर आ रहे हैं. वीडियो के बैकग्राउंड में माइल्स स्मिथ का गाना ‘माई होम’ बज रहा है. शिल्पा ने वीडियो के साथ लिखा कि उनकी बेटी हर दिन उनके जीवन में खुशियां और हंसी भर देती है.

शिल्पा ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मेरी प्यारी समीशा को छठे जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं. तुम हमारे जीवन में हर दिन खुशी, हंसी और जादू भर देती हो. तुम मेरे लिए एक चमत्कार हो और तुम्हें बड़ा होते देखना मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है.’ उन्होंने आगे अपनी बेटी के अच्छे स्वास्थ्य खुशियों और प्यार की कामना भी की है.

समीशा की मासी शमिता शेट्टी ने भी प्यार भरा पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे माय लिल क्यूटी-पैटूटी. तुम हर दिन हमारी जिंदगी में इतनी खुशियां लाती हो इसके लिए धन्यवाद. मासी तुम्हें बहोत प्यार करती है.’ वहीं समीशा के पापा राज कुंद्रा ने भी पोस्ट कर लिखा, ‘6 साल हो गए जब से तुमने हमारे दिलों पर राज करना शुरू किया था. मेरी छोटी प्रिंसेस को हैप्पी बर्थडे. तुम्हारी मुस्कान मेरे दिन का सबसे खास हिस्सा है और मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूँ कि तुम हमारी जिंदगी में आई..

शिल्पा शेट्टी की शादी नवंबर 2009 में बिजनेसमैन राज कुंद्रा से हुई थी. इनके दो बच्चे हैं बेटा वियान और बेटी समीशा. शिल्पा शेट्टी जल्द ही ‘केडी-द डेविल’ फिल्म में सत्यवती की भूमिका में नजर आएंगी. इस फिल्म में शिल्पा के अलावा संजय दत्त भी मुख्य भूमिका में होंगे.

NATIONAL : यूपी में लखनऊ, मेरठ, अयोध्या समेत 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी

0

सूचना मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है जिसके बाद सघन चैकिंग अभियान शुरू हो गया है. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर तैनात किया गया है.

उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. जिसके बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. इस सभी अदालत परिसरों में ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई है. मौके पर पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम पहुँच गई हैं और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. बम स्क्वॉयड टीम पूरे परिसर की जांच कर रही है.

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अमरोहा समेत 18 जिला अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. ईमेल में दोपहर 12:15 बजे जिला अदालतों में विस्फोट करने की बात कही गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और न्यायालय प्रशासन अलर्ट हो गया.

बम की धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुँच गया है. आनन-फानन में सभी कोर्ट परिसरों को खाली करा लिया गया है. कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ाकर सघन चेकिंग शुरू की गई. मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुँच गई है जो सभी अदालत परिसरों की छानबीन कर रही है. चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है.

कोर्ट परिसर में पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. बता दें कि दो दिन पहले भी यूपी की कई जिला अदालतों को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. हालांकि ये धमकी फर्जी निकली. जिसके बाद आज फिर से इस तरह धमकी मिलना बेहद चिंताजनक है. सूचना मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान कर जांच में जुटी हुई है. पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि ये मेल कहां से आया है और इसका मकसद क्या है?

NATIONAL : राजस्थान के भिवाड़ी में आग ने लील ली 8 जिंदगियां, फैक्ट्री में भीषण आग के बाद मचा कोहराम

0

राजस्थान स्थित भिवाड़ी की एक फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई. मौके पर दमकल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पहुंच कर हालात काबू में किए.
राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या G1/118B में सोमवार सुबह भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जहां संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग भड़क उठी. सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.

चश्मदीदों के मुताबिक आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया. फैक्ट्री में केमिकल और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण लपटें तेजी से फैलीं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में आठ श्रमिकों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई.रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आठ शव बरामद किए गए, जिनमें से कई शव बुरी तरह झुलसकर कंकाल जैसी अवस्था में मिले. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से कुछ सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई अंदर फंस गए थे.

उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल दल, बचाव टीम और चिकित्सकीय दल तुरंत मौके पर पहुंचे. क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह, भिवाड़ी एसपी और एडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.

आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. इस बीच यह भी दावा किया जा रहा है कि फैक्ट्री के एक हिस्से में पटाखा निर्माण का कार्य चल रहा था और आग सबसे पहले उसी हिस्से में लगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. औद्योगिक क्षेत्र में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.

RAJASTHAN : जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते ने महिला यात्री को काटा, लहूलुहान हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

0

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर रविवार दोपहर दिल्ली से आई एक महिला यात्री पर कुत्ते ने हमला कर दिया. हमले में महिला के पैर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. यात्रियों और स्टाफ ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. राहत की बात है कि कुत्ते का पहले ही वैक्सीनेशन हो चुका था.

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब दिल्ली से जयपुर पहुंची एक महिला यात्री पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर से खून बहने लगा. घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया.

दरअसल, यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे की बताई जा रही है. महिला यात्री फ्लाइट से उतरकर टर्मिनल-2 के अराइवल एरिया से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान गेट के बाहर मौजूद एक कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमले के दौरान महिला के पैर में गहरा जख्म हो गया और वह दर्द से चिल्लाने लगी.

घटना को देखकर वहां मौजूद अन्य यात्री और एयरपोर्ट स्टाफ सन्न रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब कुछ बहुत तेजी से हुआ और किसी को प्रतिक्रिया देने का मौका नहीं मिला. महिला के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गए.एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना देने के बाद घायल महिला को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. इलाज के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क हो गया.

घटना के बाद यह जानकारी सामने आई कि जिस कुत्ते ने महिला पर हमला किया था, उसका पहले ही वैक्सीनेशन किया जा चुका था. इससे किसी बड़े स्वास्थ्य खतरे की आशंका कम बताई जा रही है.हालांकि इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों ने इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है. फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और घटना के बाद स्थिति सामान्य हो गई है.

- Advertisement -

News of the Day