Monday, March 30, 2026
Home Blog Page 95

ENTERTAINMENT : विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना की शादी में लगेगा सितारों का मेला, गेस्ट लिस्ट में साउथ के बड़े स्टार्स शामिल

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना इन दिनों शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं. बताया जा रहा है कि दोनों फरवरी के आखिर तक शादी रचाएंगे. वहीं गेस्ट लिस्ट को लेकर भी खुलासा हो गया है.विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों इस साल फरवरी के आखिर तक शादी के बंधन में बंध सकते हैं. बताया जा रहा है कि 26 फरवरी को उदयपुर के एक महल में निजी समारोह रखा गया है, जहां करीबी परिवार और दोस्त शामिल होंगे.

उदयपुर में शादी के बाद यह जोड़ा मार्च में हैदराबाद में एक शानदार रिसेप्शन देने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 4 मार्च को शहर के एक बड़े कन्वेंशन सेंटर में यह कार्यक्रम आयोजित होगा. इस मौके पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे और बॉलीवुड के चुनिंदा कलाकार शामिल हो सकते हैं.कहा जा रहा है कि विजय ने खुद रेवंत रेड्डी को शादी का इनविटेशन दिया है. गेस्ट लिस्ट में बड़े अभिनेता, निर्देशक और निर्माता शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा समेत विजय के करीबी दोस्त भी समारोह का हिस्सा बन सकते हैं.

रिपोर्ट्स यह भी दावा कर रही हैं कि दोनों ने अक्टूबर 2025 में चुपचाप सगाई कर ली थी. हालांकि, इन खबरों पर अब तक विजय और रश्मिका ने सार्वजनिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है. जहां रिसेप्शन भव्य होने की उम्मीद है, वहीं शादी का समारोह छोटा और निजी रखा जाएगा. उदयपुर का महल सादगी और शाही अंदाज के साथ सजाया जा रहा है, लेकिन थीम और सजावट को लेकर पूरी गोपनीयता बरती जा रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने शादी के एक्सक्लूसिव अधिकारों के लिए 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, ताकि इसे खास कार्यक्रम के तौर पर दिखाया जा सके. लेकिन विजय और रश्मिका ने इस ऑफर को ठुकरा दिया. वर्क फ्रंट की बात करें तो विजय हाल ही में फिल्म किंगडम में नजर आए थे, जिसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. वहीं रश्मिका की पिछली फिल्म द गर्लफ्रेंड थी.

RAJASTHAN : जयपुर में रफ्तार बनी काल, फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे युवक को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसा

0

जयपुर में तेज रफ्तार टैक्सी कार ने फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे महेश सैनी को कुचल दिया. टक्कर में उनकी मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर घायल है. आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार.

राजधानी जयपुर के टोंक रोड स्थित महावीर नगर में तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि देखने वालों की रूह कांप गई. फुटपाथ पर रोज की तरह सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहे महेश सैनी की इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित हो गई. सबसे पहले उसने सड़क पर खड़ी दो बाइक और एक बैटरी रिक्शा को टक्कर मारी.

इसके बाद कार सीधे फुटपाथ की ओर मुड़ी, जहां महेश सैनी अपने बेटे के साथ सब्जी बेच रहे थे. कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि महेश कई फीट दूर जा गिरे और कार का अगला हिस्सा उन्हें कुचलता हुआ निकल गया.हादसे में महेश सैनी के साथ मौजूद उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि कार में बाहर से आए कुछ पर्यटक सवार थे. यह एक टैक्सी कार थी.

चश्मदीदों का कहना है कि कार में बैठे यात्रियों ने ड्राइवर को कई बार गाड़ी धीरे चलाने को कहा था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी. हादसे में कार सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. आरोपी ड्राइवर जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

दो दिन पहले हुए इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में गुस्सा है. स्थानीय लोग रफ्तार पर लगाम लगाने और इलाके में सख्त ट्रैफिक निगरानी की मांग कर रहे हैं.

IND vs PAK T20 World Cup : आज भारत-पाकिस्तान मैच, जानें प्लेइंग 11, लाइव स्ट्रीमिंग और मौसम अपडेट समेत A to Z डिटेल्स

0

टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण (T20 World Cup 2026) में आज भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत है. ये टूर्नामेंट का 27वां मुकाबला है, जो कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में है. मैच में बारिश की संभावना बनी हुई है, जो पिच के बर्ताव पर भी असर डालेगा. जानिए इस बड़े मैच में टीम इंडिया और पाकिस्तान किस प्लेइंग 11 के साथ उतर सकती है. पढ़ें पिच रिपोर्ट, वेदर रिपोर्ट, लाइव प्रसारण डिटेल्स समेत मैच की पूरी जानकारी.

सबसे पहले हेड टू हेड की बात करें तो टी20 में भारत और पाकिस्तान 16 बार एक दूसरे से भिड़ी है. इसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है, भारत ने 13 और पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं. पिछले साल एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान 3 मैच हुए, सभी में सूर्यकुमार यादव एंड टीम ने जीत दर्ज की थी.

कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम पाकिस्तान मैच?
टी20 वर्ल्ड कप में रोजाना 3 मैच हो रहे हैं. भारत बनाम पाकिस्तान मैच दिन का तीसरा मैच है, जो शाम को 7 बजे से शुरू होगा. 6:30 बजे टॉस है.

कहां पर है भारत बनाम पाकिस्तान मैच?
आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच की पिच रिपोर्ट
आर प्रेमदासा स्टेडियम में स्पिनर्स के लिए मदद रहती है, लेकिन आज मौसम तेज गेंदबाजों को भी मदद कर सकता है. शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना है, ऐसे में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह और पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी का रोल बड़ा हो जाएगा. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम अगर 200 से अधिक रन बना लेती है तो लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के लिए मुश्किल हो जाएगी. गेंदें यहां ज्यादा टर्न होती है, ऐसे में वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल महत्वपूर्ण रोल निभा सकते हैं. टॉस जीतकर यहां पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही रहेगा.

कोलंबो में आज कैसा रहेगा मौसम?
आज कोलंबो में पूरे दिन बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि राहत की बात ये है कि 6 बजे से रात तक बारिश की संभावना घटकर 10 प्रतिशत रह गई है. जबकि पहले ये 50 प्रतिशत से ज्यादा थी. आर प्रेमदासा स्टेडियम में ड्रैनेज सिस्टम अच्छा है, इसलिए अगर आज बारिश हुई लेकिन मैच से पहले रुक गई तो स्टाफ इसे मैच के लिए जल्दी तैयार कर लेंगे.

भारत की संभावित प्लेइंग 11
आज भारत एक तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है, दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका हार्दिक पांड्या निभा सकते हैं. पिच को देखते हुए आज भारत 3 स्पिनर्स (अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव) के साथ उतर सकता है.

ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लाइव प्रसारण किस चैनल पर होगा?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है. स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लाइव प्रसारण होगा.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग किस ऐप पर होगी?
जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी.

ENTERTAINMENT : पवन सिंह से एलिमनी में ज्योति ने मांगे 10 करोड़ रुपये? सपोर्ट में उतरीं अक्षरा सिंह, बोलीं- 100 करोड़ भी…

पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति के बीच तलाक केस जारी है. एक्टर की पत्नी एलिमनी में करोड़ों रुपयों की मांग कर रही हैं. ऐसे में अब ज्योति के सपोर्ट में पवन सिंह की एक्स-गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह उतरी हैं. आखिर एक्ट्रेस ने क्या कहा? जानें…

भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह इन दिनों अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. उनका अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक होने जा रहा है, जिसका केस फिलहाल बिहार के आरा सिविल कोर्ट में चल रहा है. कुछ दिन पहले इस केस की सुनवाई भी हुई थी, जहां ज्योति तो कोर्ट पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह वहां नहीं गए.

पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. बताया जा रहा है कि एक्टर की पत्नी ने एलिमनी में करोड़ों रुपयों की मांग की है. ज्योति केस की सुनवाई के दौरान रो भी पड़ीं. उन्होंने कोर्ट में अपना दर्द बयां करते हुए 10 करोड़ रुपये मांगे. हालांकि पवन सिंह के वकील ने साफ किया कि ज्योति की मांग पर जज ने उन्हें समझाया. फिर आखिर में वो नोएडा में एक फ्लैट और 3 करोड़ रुपये की एलिमनी पर राजी हो गईं.

ज्योति सिंह की एलिमनी डिमांड पर काफी चर्चा भी हुई. अब उनके सपोर्ट में पवन सिंह की एक्स-गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह आई हैं. उन्होंने ज्योति की मांग को सही बताया है. न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान भोजपुरी एक्ट्रेस ने कहा, ‘जब भी कोई लड़की शादी करती है और किसी के साथ चली जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी उस आदमी की हो जाती है. साथ ही तलाक होने पर मेंटेनेंस या एलिमनी लेना उसका पूरा हक है, और उसे पूरा मिलना चाहिए. बिल्कुल मिलना चाहिए, चाहे वो 10 करोड़ मांगे, 20 करोड़ मांगे, या 100 करोड़ भी मांगे, तब भी शायद वो काफी ना हो.’

अक्षरा सिंह और पवन सिंह का रिश्ता भी एक समय में भोजपुरी सिनेमा का सबसे चर्चित मुद्दा होता था. दोनों एक साथ कई फिल्मों में नजर आए, जिसके बाद वो रिलेशनशिप में आए. साल 2015 से 2018 तक दोनों साथ थे. लेकिन तभी अचानक पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी कर ली, जिसके बाद उनका और अक्षरा का रिश्ता खत्म हो गया.

इसके बाद अक्षरा ने पवन सिंह पर भी कई आरोप लगाए. उन्होंने एक्टर को लेकर कई बातें कहीं, मगर अब अक्षरा अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं. वहीं पवन सिंह अपनी दूसरी पत्नी ज्योति से शादी के आठ साल बाद अलग होने जा रहे हैं. दोनों का केस फिलहाल जारी है, जिसपर आखिरी फैसला अभी आना बाकी है. देखते हैं कि कोर्ट ज्योति सिंह के हित में फैसला लेगा या नहीं.

RAJASTHAN : एक पल की झपकी, 5 जिंदगियां खत्म… जयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

0

जयपुर के चाकसू में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर टिगरिया मोड़ के पास एक कार ट्रेलर में घुस गई. इस हादसे में जबलपुर के पांच लोगों की मौत हो गई. सभी उज्जैन में महाकालेश्वर महादेव के दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, चालक को झपकी आने से हादसा हुआ.जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. हादसा कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ. पुलिस के अनुसार सभी लोग जबलपुर के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे.

बताया गया कि वे उज्जैन में महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे. इसी दौरान कार चालक को झपकी आ गई और गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया जा रहा था. मगर, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, राहुल रजक, शानू और चालक अनुराग के रूप में हुई है.

हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया और फिर ट्रैफिक को सामान्य किया गया.

पुलिस के मुताबिक, सभी लोग दो दिन पहले उज्जैन दर्शन के लिए निकले थे. 13 फरवरी को महाकाल के दर्शन करने के बाद वे खाटूश्यामजी की ओर रवाना हुए थे. रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण चालक को झपकी आना था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

RAJASTHAN : कोटा में NEET की तैयारी कर रही 18 साल की छात्रा ने की खुदकुशी, जहरीला पदार्थ खाने से मौत

0

राजस्थान के कोटा में NEET-UG की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा जूही पटेल की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. वह दो महीने पहले मध्य प्रदेश से कोटा आई थी और किराए के कमरे में रहकर सेल्फ स्टडी कर रही थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और कारणों का पता लगाया जा रहा है.राजस्थान के कोटा शहर से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां NEET-UG की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार यह मामला संदिग्ध आत्महत्या का बताया जा रहा है. घटना दादाबाड़ी थाना क्षेत्र की है.

मृत छात्रा की पहचान जूही पटेल (18) के रूप में हुई है. वह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली थी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जूही करीब ढाई महीने पहले अपनी इच्छा से कोटा आई थी. वह यहां NEET-UG की तैयारी कर रही थी.

जूही कोटा के बसंत विहार इलाके में किराए के कमरे में रह रही थी. दादाबाड़ी थाना प्रभारी बलदेवराम के अनुसार छात्रा सेल्फ स्टडी कर रही थी और साथ ही ऑफलाइन मॉक टेस्ट सीरीज भी दे रही थी.पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11.30 बजे जूही ने अपने कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. यह देख आसपास के अन्य किराएदार और मकान मालिक तुरंत उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे.

अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह छात्रा की मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया.जूही के पिता ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 8 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी. बातचीत सामान्य थी. उन्होंने सिर्फ यही पूछा था कि वह ठीक से खाना खा रही है या नहीं। पिता के अनुसार बेटी ने फोन पर किसी तरह की परेशानी या असामान्य बात का संकेत नहीं दिया.

पिता ने यह भी कहा कि जूही ने खुद ही कोटा आकर NEET की तैयारी करने का फैसला किया था और वह पढ़ाई के साथ ऑफलाइन टेस्ट सीरीज में शामिल थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्रा की मौत के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

NATIONAL : 15 साल की रिलेशनशिप, नया फ्लैट और वैलेंटाइन डे… फिर क्यों खत्म हुई नोएडा के कपल की जिंदगी?

0

नोएडा के सेक्टर-107 में वैलेंटाइन डे पर कार के अंदर 15 साल से रिलेशनशिप में रहे सुमित और रेखा के शव मिले. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण रुकावटें थीं. सुमित ने हाल ही में एक फ्लैट खरीदा था. इस मामले से जुड़ी कई बातें सामने आ रही हैं.

वैलेंटाइन डे… जिस दिन प्यार का जश्न मनाया जाता है, उसी दिन नोएडा में दर्दनाक घटना हो गई. सेक्टर-107 स्थित दादरी रोड के पास खड़ी एक कार के भीतर प्रेमी-प्रेमिका के शव मिले. पुलिस के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. दरअसल, दोनों 15 साल से रिलेशनशिप में थे. मृतक युवक ने हाल ही में नया फ्लैट भी खरीदा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन इस मामले में अब जाति का दबाव जैसे पहलू सामने आ रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में पिलर नंबर-84 के पास एक कार खड़ी होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार का जायजा लिया तो अंदर एक युवक और युवती के सिर में गोली लगी हुई मिली. युवक के हाथ में पिस्टल थी और कार अंदर से लॉक थी.

शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है. मृतकों की पहचान 32 वर्षीय सुमित निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली और 26 वर्षीय रेखा निवासी सलारपुर नोएडा के रूप में हुई.सुमित और रेखा करीब 15 साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते थे और शादी-ब्याह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में आना-जाना भी था. सुमित के चचेरे भाई ने बताया कि सुमित ने हाल ही में रेखा के लिए एक फ्लैट भी खरीदा था. परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही दोनों शादी करेंगे.

हालांकि, अलग-अलग जाति होने के कारण युवती के परिवार की ओर से शादी के लिए सहमति नहीं मिल रही थी. यही बात दोनों के रिश्ते में तनाव का कारण बन रही थी.मामले में एक आखिरी मैसेज भी सामने आया है, जो सुमित ने रेखा को भेजा था. उसमें लिखा था कि रेखा की शादी कहीं और तय हो रही है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने जा रहा है.

घटना से पहले दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी. सुमित के परिजनों ने दिल्ली के त्रिलोकपुरी थाने में और रेखा के परिवार ने नोएडा के सेक्टर-58 थाने में मिसिंग रिपोर्ट लिखवाई थी. अब यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर दोनों को समय रहते ट्रेस कर लिया जाता, तो क्या उनकी जान बचाई जा सकती थी?

नोएडा के डीसीपी यमुना प्रसाद ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. कार अंदर से लॉक थी और युवक के हाथ में पिस्टल मिली है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.वैलेंटाइन डे पर जहां शहर में कपल्स जश्न मना रहे थे, वहीं सुमित और रेखा की कहानी एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई. 15 साल का रिश्ता, साथ रहने के सपने और नया फ्लैट… सब कुछ एक ही दिन में खत्म हो गया.

क्या जाति और सामाजिक दबाव इस कहानी के अंत की वजह बने? या फिर यह किसी भावनात्मक आवेग में लिया गया फैसला था? फिलहाल पुलिस जांच जारी है और परत-दर-परत सच सामने आने का इंतजार है.

NATIONAL : छह पिल्लों को जन्म देने वाली डॉगी पर एसिड अटैक… लखनऊ में झकझोर देने वाली घटना

0

लखनऊ के चौक इलाके में एक बेजुबान डॉगी पर अज्ञात व्यक्ति ने एसिड अटैक कर दिया. हाल ही में छह पिल्लों को जन्म देने वाली यह डॉगी गंभीर रूप से झुलस गई है. उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में आक्रोश है. आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.राजधानी लखनऊ के चौक इलाके की पुल वाली गली में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक डॉगी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब डाल दिया. कुछ ही दिन पहले उसने छह पिल्लों को जन्म दिया था, लेकिन अब वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है.

दरअसल, 13 फरवरी की रात अचानक डॉगी की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. लोग जब बाहर निकले तो दृश्य भयावह था. तेजाब से डॉगी का आधा शरीर बुरी तरह झुलस चुका था. चमड़ी कई जगह से गल गई थी और शरीर से मांस तक झड़ता दिखाई दे रहा था.स्थानीय लोगों के मुताबिक, उसके पैर, जबड़े और सीने तक गहरे जख्म हो गए हैं. छह पिल्लों की मां दर्द से कराह रही थी, जबकि उसके मासूम पिल्ले उसके आसपास बेचैन दिख रहे थे.

घटना की जानकारी मिलते ही पशु प्रेमी और स्थानीय स्वयंसेवी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की और गंभीर हालत में डॉगी को इलाज के लिए भिजवाया. डॉक्टरों का कहना है कि गहरे जख्मों की वजह से इन्फेक्शन का खतरा काफी ज्यादा है और अगले कुछ दिन बेहद अहम होंगे.इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता चिंताजनक है.

गौरतलब है कि करीब आठ महीने पहले भी लखनऊ में कुत्तों को कथित तौर पर बिरयानी में जहर मिलाकर मारने का मामला सामने आया था. ऐसे में यह ताजा घटना एक बार फिर पशुओं की सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की मांग की जा रही है.

MP : भोपाल में महिला चोरों के गैंग का दुस्साहस… फैक्ट्री का शटर उठाया और पार कर दिए हजारों के एलईडी…

0

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच महिलाओं के गैंग ने एक फैक्ट्री आउटलेट में फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. शटर उठाकर एक महिला को अंदर भेजा गया और ब्रांडेड एलईडी टीवी पार कर दी गईं. चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला चोरों के एक गैंग का हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया है. आईटी पार्क बढ़वाई स्थित एक टीवी फैक्ट्री आउटलेट में पांच महिलाओं ने फिल्मी अंदाज में चोरी को अंजाम दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है. आईटी पार्क बढ़वाई में स्थित ‘ड्रीम ऑन’ कंपनी के फैक्ट्री आउटलेट को महिलाओं ने निशाना बनाया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पांच महिलाएं फैक्ट्री के बाहर पहले स्थिति का जायजा लेती हैं. इसके बाद मिलकर शटर को ऊपर उठाया जाता है. एक महिला फैक्ट्री के अंदर एंट्री करती है.

अंदर पहुंचने के बाद उस महिला ने 55 इंच, 50 इंच और 32 इंच की तीन ब्रांडेड एलईडी टीवी बाहर खड़ी साथियों को थमाईं. टीवी को बोरी में भरकर सभी महिलाएं मौके से फरार हो गईं. पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से और कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई.फैक्ट्री संचालक के अनुसार, चोरी हुई तीनों एलईडी टीवी की कुल कीमत करीब 48 हजार रुपये है. कंपनी के मैनेजर प्रवेश सेन ने गांधी नगर पुलिस स्टेशन में इस पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है. इसी के साथ पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है.

गांधीनगर थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि पांच अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है.स्थानीय लोगों के अनुसार, आईटी पार्क और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. हालांकि इस बार महिलाओं के गैंग द्वारा इतने सुनियोजित तरीके से शटर उठाकर चोरी करने की घटना ने सभी को चौंका दिया है.

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिलाएं पूरी तैयारी के साथ आई थीं. किसी ने निगरानी की, तो किसी ने शटर संभाला और एक महिला को अंदर पहुंचाया गया. पुलिस का कहना है कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है. फिलहाल फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है और आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

NATIONAL : ‘अमन त्यागी से शादी की मांगी थी मन्नत…’ बुर्के में कांवड़ उठाने वाली तमन्ना मलिक उर्फ तुलसी की कहानी

0

बुर्के में एक महिला, कंधों पर सजी कांवड़, और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे… संभल में यह दृश्य देखते ही लोग अचंभित गए. यह तमन्ना मलिक हैं, जिन्होंने अमन त्यागी से शादी की मन्नत मांगी थी, जो पूरी हो गई. तमन्ना ने हरिद्वार से जल लेकर महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक का संकल्प पूरा किया है. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो वह चर्चा में आ गईं. तमन्ना कहती हैं- यह आस्था और एक मन्नत पूरी होने की कहानी है.

कांवड़ियों की भीड़, ‘बम-बम भोले’ के जयकारे, डीजे की धुन और उसी बीच बुर्के में कांवड़ उठाए आगे बढ़ती एक महिला… नाम है तमन्ना मलिक… सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने उन्हें चर्चा का विषय बना दिया. लेकिन इस तस्वीर के पीछे एक लंबी कहानी है… प्यार, विरोध, मन्नत और विश्वास की कहानी. तमन्ना का कहना है कि उन्होंने अमन त्यागी से शादी की मन्नत मांगी थी, जो पूरी हो गई.

संभल की रहने वाली तमन्ना मलिक ने महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से कांवड़ उठाई. पैरों में छाले हैं, लेकिन जुबान पर ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष. तमन्ना कहती हैं कि मैंने भगवान से मन्नत मांगी थी कि अगर मेरी शादी अमन त्यागी से हो जाएगी तो मैं कांवड़ लेकर आऊंगी. मेरी मन्नत पूरी हुई, इसलिए मैं जल लेकर आई हूं.

उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं उनके पति अमन त्यागी. दोनों की जोड़ी इस कांवड़ यात्रा में सबसे अलग नजर आती है… एक तरफ बुर्का, दूसरी तरफ भगवा गमछा और ‘बम भोले’ के जयकारे.बुर्के में कांवड़ उठाने वाली तमन्ना मलिक उर्फ तुलसी का कहना है कि कांवड़ लाने में मेरे पति अमन त्यागी ने मेरा बहुत साथ दिया है. मेरी उनके साथ शादी हुई है, तभी से वह साथ देते आ रहे हैं. वहीं अमन त्यागी का कहना है कि आज ये बुर्के में हैं, इनको सम्मान मिला है. बिना बुर्के में होतीं, तब भी सम्मान मिलता.

अमन त्यागी बताते हैं कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं. बातचीत शुरू हुई, रिश्ता गहराया और फिर दोनों ने घर छोड़कर शादी कर ली. शादी के बाद जब गांव लौटे तो विरोध का सामना करना पड़ा. अलग-अलग समुदाय से होने के कारण धमकियां भी मिलीं. अमन कहते हैं कि उस वक्त भी प्रशासन ने हमारा साथ दिया था. अब फिर से कुछ धमकियां मिल रही हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं.

तमन्ना बताती हैं कि शादी को एक साल पूरा होने के बाद उन्होंने अपना संकल्प पूरा करने का फैसला किया. हरिद्वार से जल उठाकर संभल के छैमनाथ मंदिर में चढ़ाने का संकल्प लिया था.

तमन्ना का वीडियो वायरल हुआ तो उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जिस बहन का मन हो, वह बुर्के में भी कांवड़ ला सकती है. सनातन में किसी पर कोई बंदिश नहीं है. जो बहनें किसी डर में हैं, वे बेखौफ होकर आ सकती हैं. उनका कोई कुछ नहीं कर सकता.जैसे ही तमन्ना संभल जिले में दाखिल हुईं, नजारा बदल गया. महिलाएं उनके पैर छूने लगीं, कई लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की, युवाओं ने सेल्फी ली. पुलिस और निजी वॉलेंटियर्स का घेरा उनके चारों ओर था. जब वह विश्राम के लिए रुकीं, तब भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाएं तमन्ना के पास पहुंचीं और उनके पैर छुए, साथ ही हाथों में शगुन के रुपये भी रखे.

तमन्ना की कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी. सीओ कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे. अधिकारियों का कहना है कि महाशिवरात्रि पर सभी कांवड़ियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. तुलसी को भी ट्रैफिक या किसी अन्य समस्या से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. अमन त्यागी कहते हैं कि जहां प्रशासन नहीं था, वहां थोड़ी परेशानी हुई. लेकिन अब पूरा सहयोग मिल रहा है.

तमन्ना का बुर्के में कांवड़ उठाए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. देखते ही देखते वह चर्चा का विषय बन गईं. तमन्ना का कहना है, मैंने जो किया, वह अपनी मन्नत और विश्वास के लिए किया. तमन्ना और अमन त्यागी ने महाशिवरात्रि पर संभल के छैमनाथ मंदिर में जलाभिषेक का संकल्प लिया था. तमन्ना के पैरों में छाले हैं, लेकिन कदम मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं. भीड़ के शोर में भी उनकी आवाज साफ सुनाई देती है- बम-बम भोले!

- Advertisement -