लाहौल-स्पीति के शांशा गांव की बेटी प्रियंका ने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से एचएएस अधिकारी बनने का सपना पूरा कर लिया है। यही नहीं, प्रियंका हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) में स्थान हासिल करने वाली लाहौल-स्पीति की पहली महिला अधिकारी भी बन गई हैं।

2021 में बीडीओ के रूप में चयनित होकर जिला मंडी के सराज में सेवाएं देने वाली प्रियंका ने कभी अपने सपने को नहीं छोड़ा। उनके माता शकुंतला गृहिणी हैं जबकि पिता प्रेम लाल होम्योपैथी डॉक्टर हैं। प्रियंका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। प्रियंका ने बताया कि माता-पिता ने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित किया, जिसके चलते आज उसने यह मुकाम हासिल किया है।
प्रियंका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लाहौल-स्पीति की घाटी में खुशी की लहर है। जिले के पहले युवा एचएएस अधिकारी और वर्तमान कुल्लू एडीएम अश्वनी कुमार ने भी प्रियंका को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। वहीं लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने प्रियंका को ‘लाहौल की बेटी’ का गौरव बताते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


