PUNJAB : जायदाद के लालच में कसाई बन गई पत्नी, बेटे से ही करवा दी पति की हत्या

0
69

पंजाब के लुधियाना के जगाओं में हुई एक सनसनीखेज हत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. 55 वर्षीय हरजिंदर सिंह की हत्या के पीछे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका अपना परिवार ही निकला. पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या की मास्टरमाइंड उसकी पत्नी थी, जिसने जायदाद के लालच में अपने ही बेटे से पति की हत्या करवा दी.पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं. इसके बाद पत्नी को भी हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

यह घटना जगाओं के सिंधवा बेट थाना क्षेत्र के गांव जंडी की है. जानकारी के मुताबिक, मृतक हरजिंदर सिंह ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी. पहली पत्नी से उसका एक बेटा था, जो कनाडा में रहता है.दूसरी पत्नी और उसके बेटे के साथ हरजिंदर का जायदाद के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, इसी विवाद ने हत्या जैसी खौफनाक साजिश को जन्म दिया. आरोपी पुत्र जसकरण सिंह और उसकी मां तरनजीत कौर उर्फ टीनी को इस साजिश में शामिल पाया गया है.

घटना का खुलासा तब हुआ जब हरजिंदर सिंह ने दोपहर तक अपने घर का दरवाजा नहीं खोला. पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने उसके भाई जगराज सिंह को सूचना दी. जगराज अपने बेटे कुलजिंदर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे.काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो कुलजिंदर दीवार पर चढ़कर अंदर गया. अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. हरजिंदर सिंह खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इसके बाद जगराज सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.जांच के दौरान सामने आया कि हरजिंदर का अपनी पत्नी और बेटे के साथ लगातार झगड़ा होता था. इसी आधार पर पुलिस ने बेटे जसकरण सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया और पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here