Rajasthan News : गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, संयम लोढा के नेतृत्व में PM मोदी का फूंका पुतला

0
58

कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कथित कमी और बढ़ते दामों को लेकर शिवगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया है. इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक संयम लोढा ने किया.

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कथित कमी के विरोध में रविवार (15 मार्च) को राजस्थान के शिवगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवगंज-सिरोही के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक संयम लोढा ने किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और महंगाई को लेकर तीखी आलोचना की. पूर्व विधायक संयम लोढा ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है. वहीं, कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर भी व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

लोढा ने केंद्र सरकार पर देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विश्व पटल पर बीजेपी सरकार की नीतियों के कारण भारत की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में ऐसी स्थिति पैदा कर दी है, जिससे भारत की स्वतंत्र विदेश नीति कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है.

लोढा ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान और अंतरराष्ट्रीय दबाव के संदर्भ में भारत की स्थिति चिंताजनक है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत जैसे शक्तिशाली और स्वाभिमानी देश के लिए यह स्थिति उचित नहीं है. उनका आरोप था कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश की स्वतंत्र निर्णय क्षमता प्रभावित हो रही है और भारत को अमेरिका की कठपुतली बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन को और तेज करेगी.

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल, सिरोही ब्लॉक अध्यक्ष रतन माली, नगर पालिका अध्यक्ष वजींगराम, पीसीसी सदस्य हरीश राठौर, मोहनलाल सीरवी, मंडल अध्यक्ष नरपत सिंह, मंडल अध्यक्ष पन्नाराम, मंडल अध्यक्ष तेजाराम, मंडल अध्यक्ष शिवलाल और मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह उपस्थित रहे. इसके अलावा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश मीणा मौजूद रहें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here