Rajasthan news : जोधपुर में गैंगवार की आहट, केडी ग्रुप से जुड़े अनिल साहू को लगी तीन गोलियां, एम्स में भर्ती

0
24

जोधपुर शहर में रामडावास निवासी और केडी ग्रुप से जुड़े अनिल साहू को एक गैंगवार में कंधे सहित शरीर में तीन गोलियां लगी हैं. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. राजस्थान के जोधपुर शहर में फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह मामला पुलिस कमिश्नर वेस्ट के कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र के शताब्दी सर्कल के पास का बताया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह फायरिंग गैंगवार से जुड़ी हो सकती है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

बताया जा रहा है कि रामडावास निवासी और केडी ग्रुप से जुड़े अनिल साहू को इस हमले में गोली लगी है. जानकारी के मुताबिक अनिल साहू के कंधे सहित शरीर में तीन गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के समय उसके साथ केडी का भाई मुन्ना उर्फ देवसा भी मौजूद बताया जा रहा है. फायरिंग की इस वारदात के बाद घायल अनिल साहू को तुरंत उपचार के लिए जोधपुर के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी तेजकरण परिहार ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी और पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया. आरोपियों की तलाश के लिए विवेक विहार, लूणी, झंवर और बोरानाडा थाना पुलिस की टीमें भी जुटी हुई हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है.

मामले को लेकर डीसीपी विनीत बंसल ने बताया कि शताब्दी सर्कल के पास फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां कोई घायल नहीं मिला. बाद में जानकारी मिली कि एक व्यक्ति को गोली लगने के बाद एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. फुटेज में सामने आया है कि एक सफेद स्कॉर्पियो में घायल व्यक्ति को अस्पताल छोड़कर कोई व्यक्ति वहां से चला गया. फिलहाल पुलिस उस स्कॉर्पियो और उसमें मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. पुलिस का कहना है कि घायल के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here