RAJASTHAN : बोर्ड एग्जाम देने आए छात्र का स्कूल से अपहरण, पिटाई के बाद सड़क किनारे फेंका। ….

0
65

राजस्थान के बाड़मेर में 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने आए एक छात्र को कुछ बदमाशों ने स्कूल से अगवा कर लिया. इसके बाद बदमाशों ने बेरहमी से उसकी पिटाई की और फिर उसे सड़क किनारे फेंक दिया. अब इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है. पढ़ें इस वारदात की पूरी कहानी.

राजस्थान के बाड़मेर (Barmer) जिले में हैरान कर देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां 12वीं बोर्ड परीक्षा देने आए एक छात्र को चार बदमाशों ने स्कूल परिसर के बाहर से ही अगवा कर लिया. बताया जा रहा है कि बदमाश छात्र को जबरन बोलेरो गाड़ी में डालकर साथ ले गए. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना सीमावर्ती क्षेत्र में होने की वजह से पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई. इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, बदमाश छात्र को स्कूल परिसर के सामने से उठाकर बोलेरो गाड़ी में डालकर ले गए. इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र बुरी तरह घायल हो गया. बदमाश उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने छात्र को कराहते हुए देखा. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल भिजवाया.

घायल छात्र को पहले चौहटन के अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बाड़मेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल छात्र का इलाज जारी है. डॉक्टरों ने उसका सीटी स्कैन कराया है और उसे निगरानी में रखा गया है. परिजनों का कहना है कि छात्र परीक्षा देने गया था, लेकिन उसे इस तरह निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है. अस्पताल में छात्र की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश छात्र को जबरन ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि स्कूल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश बेहद बेखौफ नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. स्थानीय लोग भी घटना को लेकर आक्रोशित हैं. छात्र के साथ हुई इस घटना ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. देखें लाइव अपहरण का वीडियो-

परीक्षा केंद्र अधीक्षक भंवरलाल मायला के अनुसार घटना के समय वह और कुछ स्टॉफ थाने से पेपर लेने गए हुए थे. स्कूल में उस समय एक महिला समेत दो कर्मचारी मौजूद थे. स्टॉफ ने बदमाशों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. बदमाश छात्र को गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए. जब तक केंद्र अधीक्षक वापस पहुंचे, तब तक आरोपी भाग चुके थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और कार्रवाई शुरू हुई.

घटना सीमावर्ती बीजराड़ थाना क्षेत्र की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. थानाधिकारी विशनाराम के मुताबिक घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here