IPL 2026 में 154.2 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर अशोक शर्मा ने सनसनी मचा दी है. मगर ये अशोक शर्मा हैं कौन, जो रातों-रात स्टार बन गए हैं. भारत में भी फास्ट-बॉलिंग का टैलेंट निर कर सामने आ रहा है. इसका सबसे नया उदाहरण अशोक शर्मा हैं, जिन्होंने 154.2 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर सबको चौंका दिया. अशोक शर्मा गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं और सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का कारनामा उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में किया. उससे पहले भी उन्होंने दो गेंद 150 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा रफ्तार से फेंकी थीं. आखिर अशोक शर्मा हैं कौन, जो अपनी घातक स्पीड के चलते रातों-रात स्टार बन गए हैं.
अशोक शर्मा की उम्र अभी महज 23 साल है और वो राजस्थान से आते हैं. अशोक डोमेस्टिक क्रिकेट में भी राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं. विशेष रूप से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के प्रदर्शन ने अशोक के करियर को नई उड़ान दी है. इस भारतीय घरेलू टी20 टूर्नामेंट में अशोक संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने 10 मैचों में 22 विकेट चटकाए थे. इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी 7 मैचों में 13 विकेट लेकर अपने प्रदर्शन की निरंतरता को साबित किया था.

अशोक शर्मा इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स टीम से भी जुड़े रहे हैं. वो राजस्थान टीम के नेट गेंदबाज रहे KKR ट्रायल्स में भी सबको प्रभावित किया था. यहां तक कि 2022 के ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा था. मगर 2026 से पहले उन्हें दुनिया पर छाने का मौका नहीं मिल पाया था.
IPL 2026 की सबसे तेज गेंद फेंकने के मामले में अशोक शर्मा ने एनरिक नॉर्टजे को पीछे छोड़ा. नॉर्टजे ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए 150.9 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. अशोक शर्मा और एनरिक नॉर्टजे ही ऐसे 2 गेंदबाज हैं, जिन्होंने अब तक 150 से ज्यादा रफ्तार से गेंद फेंकी है.
154.2 kmph – अशोक शर्मा (GT)
150.9 kmph – एनरिक नॉर्टजे (LSG)
149.7 kmph – कार्तिक त्यागी (KKR)
149.1 kmph – कगिसो रबाड़ा (GT)
145.6 kmph – जेमी ओवर्टन (CSK)


