SPORTS : बांग्लादेशी क्रिकेटर शाकिब अल हसन के घर पेट्रोल बम से हमला, शेख हसीना के कार्यक्रम में हुए थे शामिल

0
27

बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाकिब अल हसन के घर पर हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उनके घर में तोड़फोड़ की. इसके अलावा पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की कोशिश की. यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब शाकिब नई दिल्ली में शेख हसीना के मीडिया कार्यक्रम में शामिल हुए थे. घटना के बाद पूरे मामले को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है.

बताया जा रहा है कि बुधवार रात मगुरा शहर के केशब मोड़ इलाके में कुछ लोग शाकिब अल हसन के घर पहुंचे. उन्होंने पहले ईंट-पत्थर फेंककर खिड़कियों के शीशे तोड़े. इसके बाद घर में आग लगाने की कोशिश की गई. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. फिलहाल हमले के पीछे कौन लोग थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

शेख हसीना के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बढ़ा विवाद
यह पूरी बात तब सामने आई, जब शाकिब अल हसन बुधवार को नई दिल्ली में एक मीडिया कार्यक्रम में पहुंचे. इस कार्यक्रम को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने संबोधित किया था. कार्यक्रम खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद मागुरा स्थित उनके घर पर हमला होने का दावा किया गया.

शाकिब मागुरा-1 सीट से अवामी लीग के सांसद रह चुके हैं, जिसकी वजह से इस घटना को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, इस हमले के पीछे की असली वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है
अवामी लीग ने लगाया पेट्रोल बम हमले का आरोप

घटना के बाद अवामी लीग ने बयान जारी किया. पार्टी ने दावा किया कि शाकिब अल हसन के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया. पार्टी का कहना है कि शेख हसीना के कार्यक्रम में शामिल होने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया. अवामी लीग ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम से पहले कुछ राजनीतिक दलों ने मीडिया संस्थानों को चेतावनी दी थी. पार्टी ने इसे विरोधियों की सुनियोजित कार्रवाई बताया.

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक घर में तोड़फोड़ और आग लगाने की कोशिश की बात कही गई है. वहीं, पेट्रोल बम इस्तेमाल होने का दावा अवामी लीग ने किया है. इसकी स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

फिलहाल इस घटना को लेकर कई तरह के दावे सामने आ रहे हैं. हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर आधिकारिक तस्वीर अभी साफ नहीं है. जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here