भारत को दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है, जिसमें एकसाथ 1,00,000 से ज्यादा लोग बैठकर लाइव मैच देख पाएंगे. दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भारत के अहमदाबाद में स्थित है, जिसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम के नाम से जाना जाता है. इस मैदान में 1 लाख 32 हजार लोग एकसाथ बैठकर लाइव मैच का आनंद ले सकते हैं. अब नवी मुंबई को एक लाख लोगों की क्षमता वाला नया स्टेडियम मिलने वाला है. यह फैसला मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अध्यक्ष अजिंक्य नायक और CIDCO के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय सिंघल की बैठक के बाद लिया गया है.
नया स्टेडियम संभवतः वानखेड़े स्टेडियम से स्पॉटलाइट छीनने का काम कर रहा होगा, जिसमें अभी 33 हजार लोग एकसाथ समा सकते हैं. अजिंक्य नायक ने कहा कि एक लाख की क्षमता वाले मैदान का निर्माण ना केवल मुंबई क्रिकेट को बढ़ावा देगा बल्कि खेल जगत में महाराष्ट्र के नाम को आगे बढ़ाने का काम करेगा. इससे पहले सिर्फ नरेंद्र मोदी स्टेडियम ही ऐसा है, जिसमें एक लाख या उससे ज्यादा लोग एकसाथ समा सकते हैं. वह दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भी है.

निर्माण पूरा होने के बाद नवी मुंबई में बनने जा रहा यह स्टेडियम, भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान बन जाएगा. अभी क्षमता के हिसाब से दूसरा सबसे बड़ा मैदान कोलकाता का ईडन गार्डन्स है, जिसकी कुल क्षमता 68,000 है. मुंबई में पहले से वानखेड़े, ब्रेबोर्न और डीवाई पाटिल जैसे ऐतिहासिक मैदान मौजूद हैं. उम्मीद की जा रही है कि यह मैदान आगे चलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मैच और टूर्नामेंट्स की मेजबानी करेगा.
अभी दुनिया में सिर्फ 2 ही क्रिकेट मैदान ऐसे हैं, जिनमें एक लाख से अधिक लोग एकसाथ बैठकर लाइव मैच देख सकते हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के अलावा यह उपाधि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के पास भी है, जिसमें एकसाथ 1,00,024 लोग बैठ सकते हैं. नरेंद्र मोदी स्टेडियम से पहले कई सालों तक सबसे बड़े मैदान का दर्ज MCG के पास ही था


