SPORTS : वैभव सूर्यवंशी का तूफान! 15 साल, 15 गेंदों में फिफ्टी… फिर भी टीम इंडिया दूर, कब खुलेगा दरवाजा?

0
14

वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट के दरवाजे पर जोरदार दस्तक दे दी है. उनके पास टैलेंट, आत्मविश्वास और बड़े मंच पर खेलने का साहस- तीनों मौजूद हैं. लेकिन टीम इंडिया तक पहुंचने के लिए उन्हें अभी निरंतर प्रदर्शन, अनुभव और मैच्योरिटी की सीढ़ियां चढ़नी होंगी. फिलहाल, वह भारतीय क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य हैं…वर्तमान बनने के लिए बस थोड़ा और इंतजार जरूरी है.

भारतीय क्रिकेट में हर कुछ समय पर एक नया सितारा उभरता है, जो अपने खेल से फैन्स और विशेषज्ञों को चौंका देता है. इस बार यह नाम है- वैभव सूर्यवंशी. महज 15 साल की उम्र में IPL जैसे बड़े मंच पर विस्फोटक बल्लेबाजी कर उन्होंने न सिर्फ सुर्खियां बटोरी हैं, बल्कि टीम इंडिया में उनके चयन को लेकर बहस भी तेज कर दी है.

सोमवार रात आईपीएल- 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने धमाका कर दिया. उन्होंने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 17 गेंदों पर 52 रन ठोक डाले. उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 128 रनों का लक्ष्य सिर्फ 12.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया.

दरअसल, सूर्यवंशी की 15 गेंदों में अर्धशतक वाली पारी ने उन्हें रातोरात चर्चा का केंद्र बना दिया. जिस आत्मविश्वास और निडरता के साथ उन्होंने बड़े-बड़े शॉट लगाए, जिससे यह साफ हो गया कि इस खिलाड़ी में कुछ खास है. पावरप्ले में गेंदबाजों पर दबाव बनाना और मैच का रुख बदल देना- ये गुण आमतौर पर अनुभवी खिलाड़ियों में देखने को मिलते हैं, लेकिन सूर्यवंशी ने इतनी कम उम्र में यह कर दिखाया.

हालांकि, इस पूरे उत्साह के बीच क्रिकेट के जानकारों और पूर्व खिलाड़ियों ने एक अहम संदेश दिया है- टैलेंट साफ दिख रहा है, लेकिन टीम इंडिया का टिकट अभी पक्का नहीं है.

सूर्यवंशी सिर्फ प्रतिभाशाली नहीं, बल्कि मैच-विनर बनने की क्षमता भी रखते हैं. यही वजह है कि उन्हें ‘फ्यूचर स्टार’ के तौर पर देखा जाने लगा है. लेकिन क्रिकेट के दिग्गज इस उत्साह में संतुलन बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं. पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबति रायडू और पीयूष चावला ने Espncricinfo के शो के दौरान साफ कहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट का स्तर बिल्कुल अलग होता है, जहां सिर्फ टैलेंट से काम नहीं चलता.

उनके मुताबिक, सूर्यवंशी को अभी निरंतरता (Consistency) और मैच सिचुएशन की समझ पर काम करने की जरूरत है. IPL में एक-दो शानदार पारियां किसी खिलाड़ी को चर्चा में जरूर ला सकती हैं, लेकिन टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए लंबे समय तक लगातार प्रदर्शन करना पड़ता है.

सूर्यवंशी की उम्र इस पूरी चर्चा का सबसे अहम पहलू है. 15 साल की उम्र में वह अभी क्रिकेट के शुरुआती चरण में ही हैं. इस स्तर पर खिलाड़ी का मानसिक विकास, दबाव झेलने की क्षमता और तकनीकी मजबूती तीनों ही चीजें समय के साथ बेहतर होती हैं. ऐसे में चयनकर्ताओं के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वे खिलाड़ी को जल्दबाजी में इंटरनेशनल क्रिकेट में न धकेलें.

भारतीय टीम में मौजूदा प्रतिस्पर्धा भी किसी से छिपी नहीं है. टॉप ऑर्डर में पहले से कई स्थापित बल्लेबाज मौजूद हैं, जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में सूर्यवंशी के लिए सीधा टीम इंडिया में जगह बनाना आसान नहीं होगा.ऐसे में सही रास्ता यही है- धीरे-धीरे आगे बढ़ना और हर स्तर पर खुद को साबित करना. अगर सूर्यवंशी इस प्रक्रिया से गुजरते हैं, तो न सिर्फ उनका खेल निखरेगा, बल्कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों के लिए भी पूरी तरह तैयार हो पाएंगे.

दूसरी ओर, जल्दबाजी में लिया गया फैसला उनके करियर के लिए नुकसानदेह भी हो सकता है. कई बार देखा गया है कि बहुत कम उम्र में बड़े मंच पर उतारे गए खिलाड़ी दबाव में आकर अपनी लय खो देते हैं. ऐसे में चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे खिलाड़ी के विकास को प्राथमिकता दें.

हालांकि, यह भी सच है कि सूर्यवंशी ने जिस तरह का टैलेंट दिखाया है, उसे ज्यादा समय तक नजरअंदाज करना भी मुश्किल होगा. अगर वह इसी तरह लगातार रन बनाते रहे और बड़े मैचों में खुद को साबित करते रहे, तो वह दिन दूर नहीं जब उन्हें टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका मिल सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here