SPORTS : ‘हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं…’, कप्तान सलमान आगा ने पाकिस्तानी सरकार के फैसले पर तोड़ी चुप्पी

0
51

पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 में अपना अभियान 4 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच से शुरू करेगा. ग्रुप चरण में वह नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया से खेलेगा. 15 फरवरी को भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबले में पाकिस्तान मौजूदा फैसले के तहत हिस्सा नहीं लेगा और वॉकओवर देगा.पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टी20 वर्ल्ड कप विवाद पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी है. आगा ने साफ शब्दों में कहा कि यह निर्णय खिलाड़ियों के हाथ में कभी था ही नहीं. रविवार को लाहौर में ऑस्ट्रेलिया पर जीत के बाद जब सलमान अली आगा से 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सरकार के फैसले पर सवाल किया गया था.

सलमान अली आगा ने कहा, हम विश्व कप खेलने जा रहे हैं. हमारा फैसला नहीं है, हम कुछ नहीं कर सकते. भारत के खिलाफ नहीं खेलने का निर्णय हमारा नहीं है. सरकार और पीसीबी चेयरमैन हमें जो कहेंगे, हम वही करेंगे. बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया है.

पाकिस्तान सरकार ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाले 20 टीमों के टी20 विश्व कप में टीम की भागीदारी को मंज़ूरी दे दी है, लेकिन साथ ही औपचारिक तौर पर यह निर्देश भी दिया है कि पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी.इस फैसले के चलते पाकिस्तान भारत के खिलाफ मुकाबले में वॉकओवर देगा और उसे दो अंक गंवाने पड़ेंगे.

बीसीसीआई और पीसीबी के बीच यह सहमति है कि भारत और पाकिस्तान केवल न्यूट्रल वेन्यू पर ही एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे. इसके बावजूद भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का पाकिस्तान का फैसला चौंकाने वाला माना जा रहा है.हालांकि आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है, लेकिन अब तक पीसीबी को किसी तरह की आधिकारिक सज़ा या कड़ी प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत यात्रा से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने सार्वजनिक रूप से बांग्लादेश का समर्थन किया और आईसीसी पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया.

मोहसिन नक़वी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ कई बैठकें कीं, जिसके बाद रविवार शाम को सरकार का रुख सार्वजनिक किया गया. फैसले के मुताबिक, पाकिस्तान श्रीलंका में अपने सभी मुकाबले खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच फिलहाल आधिकारिक रूप से रद्द माना जाएगा.

पाकिस्तान अपना टी20 विश्व कप 2026 अभियान 4 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच से शुरू करेगा. यह मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा.ग्रुप चरण में पाकिस्तान का पहला आधिकारिक मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ होगा, जबकि 10 फरवरी को टीम का सामना संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) से होगा. ये दोनों मुकाबले भी कोलंबो में ही खेले जाएंगे.

15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-प्रोफाइल मुकाबला निर्धारित है, लेकिन मौजूदा हालात में पाकिस्तान इस मैच में हिस्सा नहीं लेगा और वॉकओवर देगा.पाकिस्तान अपना ग्रुप चरण अभियान 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के साथ समाप्त करेगा. यह मैच भी कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here