SURAT : पुलिस ने 5 दिन में खोद डाली 15 हजार स्क्वायर फीट जमीन, फिर भी नहीं मिली लाश

0
31

सूरत के पुणा इलाके में तीन साल पुराने हत्या के मामले ने पुलिस को उलझा दिया है. नाबालिगों द्वारा दोस्त की हत्या कर शव दफनाने के खुलासे के बाद पुलिस पिछले पांच दिनों से जेसीबी मशीनों से खुदाई कर रही है. 15 हजार स्क्वायर फीट जमीन खोदी जा चुकी है, लेकिन अब तक शव या ठोस सबूत नहीं मिल सके हैं.
गुजरात के सूरत शहर के पुणा इलाके से एक रहस्यमयी और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन साल पुराने हत्या के राज से पर्दा उठने के बाद भी पुलिस को अब तक शव बरामद नहीं हो सका है. मृतक की तलाश में पिछले पांच दिनों से सूरत पुलिस जेसीबी और हिटाची मशीनों की मदद से लगातार खुदाई कर रही है. अब तक करीब 15 हजार स्क्वायर फीट इलाके में 10 फीट गहराई तक खुदाई की जा चुकी है, लेकिन जमीन में दफन शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

यह मामला करीब तीन साल पुराना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पुणा थाना क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित एक खुली जगह पर चार नाबालिग दोस्त नशे की हालत में बैठे थे. इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि तीन नाबालिगों ने मिलकर अपने चौथे साथी पर भारी वस्तु से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

हत्या को छिपाने के इरादे से आरोपियों ने उसी अंधेरी रात में मौके पर गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफना दिया और फिर अलग-अलग हो गए. हालांकि, तीनों आरोपी समय-समय पर एक-दूसरे से मिलते रहे.

करीब तीन साल बाद, हाल ही में जब आरोपियों में से एक नाबालिग की अपने साथियों से दोबारा अनबन हुई, तो उसने मृतक के भाई के सामने जाकर पूरी सच्चाई उगल दी. उसने बताया कि उसका भाई कहीं लापता नहीं हुआ था, बल्कि उसकी हत्या कर पुणा इलाके में जमीन में दफना दिया गया था. यह सुनकर मृतक का भाई स्तब्ध रह गया और तत्काल पुणा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई शुरू कराई. बीते पांच दिनों से पुलिस की टीमें दिन-रात खुदाई में जुटी हुई हैं. हालांकि, मामला तीन साल पुराना होने की वजह से मिट्टी की स्थिति बदल चुकी है, जिससे शव या अन्य साक्ष्य मिलने में कठिनाई आ रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुदाई का दायरा बढ़ाया जा सकता है और तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है. सूरत पुलिस का दावा है कि जमीन के नीचे दबे सच को बाहर लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इस हत्या की गुत्थी सुलझाई जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here