हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र लाहौल-स्पीति में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच जल शक्ति विभाग के कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बिना पीने के पानी की आपूर्ति को बहाल करने में जुटे हुए हैं। क्षेत्र में तापमान माइनस डिग्री में चल गया है, इसके बावजूद ये कर्मचारियों लोगों के लिए पीने के पानी की सुविधा को सुनिश्चित कर रहे हैं। पेयजल आपूर्ति बहाल कर रहे कर्मचारियों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देख हर कोई इन कर्मचारियों के जज्बे को सलाम कर रहा है।

बता दें कि बर्फबारी और अत्यधिक ठंड में पाइप लाइनों के जम जाने और जल स्रोतों के बर्फ से ढकने के कारण यहां पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है, लेकिन जल शक्ति विभाग के कर्मचारी कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना कर इसे बहाल करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। पानी की आपूर्ति बहाल करने में जुटे कर्मचारियों सुनील कुमार, चतर सिंह और विजेंद्र का कहना है कि उनके लिए यह काम किसी मिशन से कम नहीं है, क्योंकि पानी की आपूर्ति न होने से लोगों की जिंदगी बहुत मुश्किल हो जाती है।
वहीं स्थानीय लोग इन कर्मचारियों के इस साहसिक प्रयास की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यहां की ठंड ऐसी है कि इंसान का शरीर भी जम सकता है, लेकिन जल शक्ति विभाग के कर्मचारी बिना किसी डर के पानी की आपूर्ति को बहाल करने में जुटे हुए हैं। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिकारी भी कर्मचारियों के हौसले की सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि हम अपने लोगों को ऐसी सर्दी में भी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करा पा रहे हैं।


