यह बुजुर्ग व्यक्ति अमेरिका के टेनेसी राज्य के मैनचेस्टर शहर में फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे. उम्र के इस पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम की जिंदगी बिताना चाहते हैं. आज के समय में सोशल मीडिया पर कई कहानियां वायरल होती हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सीधे दिल को छू जाती हैं. हाल ही में अमेरिका से एक ऐसी ही भावुक कहानी सामने आई, जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया. यह कहानी है 78 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की, जो अपनी पत्नी के इलाज और घर के खर्चों को पूरा करने के लिए बुढ़ापे में भी मेहनत करने को मजबूर थे.
यह बुजुर्ग व्यक्ति अमेरिका के टेनेसी राज्य के मैनचेस्टर शहर में फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे. उम्र के इस पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम की जिंदगी बिताना चाहते हैं, वहीं यह बुजुर्ग हर दिन लोगों के घर-घर जाकर खाना पहुंचा रहे थे. उनकी मेहनत और उनकी पत्नी के लिए किया जा रहा संघर्ष देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का दिल पिघल गया.
78 वर्षीय रिचर्ड पुली पहले से रिटायर हो चुके थे. उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा काम करके बिताया था और अब वह आराम करना चाहते थे, लेकिन हालात ने उन्हें फिर से काम करने पर मजबूर कर दिया. दरअसल, उनकी पत्नी ब्रेंडा की नौकरी चली गई थी. नौकरी के साथ ही उनकी हेल्थ इंश्योरेंस भी खत्म हो गया. इसके बाद घर का खर्च और दवाइयों का खर्च उठाना दोनों के लिए बहुत मुश्किल हो गया. रिचर्ड ने बताया कि वह काम करना नहीं चाहते थे, लेकिन मजबूरी में उन्हें फिर से काम शुरू करना पड़ा. उन्होंने कहा कि घर के सामान्य खर्चों और मेडिकल बिल भरने के बाद महीने के अंत में उनके पास लगभग कुछ भी नहीं बचता था. इस मुश्किल समय में दोनों पति-पत्नी ने मिलकर समाधान निकाला. वे फूड डिलीवरी ऐप के जरिए ऑर्डर डिलीवर करने लगे. ब्रेंडा कार चलाती थीं और रिचर्ड घरों तक जाकर खाना पहुंचाते थे. दोनों की शादी को 56 साल से ज्यादा हो चुके हैं. इस उम्र में भी दोनों एक-दूसरे का सहारा बने हुए थे. हालांकि बढ़ते मेडिकल खर्च और सीमित आमदनी ने उनकी जिंदगी को काफी कठिन बना दिया था.

इस कहानी का मोड़ तब आया जब एक महिला ब्रिटनी स्मिथ ने रिचर्ड को अपने घर पर खाना डिलीवर करते हुए देखा. उन्होंने अपने घर के बाहर लगे कैमरे में देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति बहुत धीरे-धीरे और सावधानी से उनके दरवाजे तक आ रहे हैं और उनका स्टारबक्स का ऑर्डर रखकर वापस जा रहे हैं. उनकी उम्र और मेहनत देखकर ब्रिटनी भावुक हो गईं. उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर शेयर कर दिया और लोगों से इस बुजुर्ग के बारे में जानकारी देने की अपील की. कुछ ही घंटों में यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, हजारों लोगों ने इस वीडियो को देखा और उस बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी.
जल्द ही सोशल मीडिया यूजर्स ने पता लगा लिया कि वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग का नाम रिचर्ड पुली है, इसके बाद लोगों को उनके जीवन की असली कहानी भी पता चली. जब लोगों को पता चला कि वह अपनी पत्नी के मेडिकल खर्च और घर के बिल भरने के लिए इस उम्र में काम कर रहे हैं, तो इंटरनेट पर सहानुभूति की लहर दौड़ गई. ब्रिटनी स्मिथ ने तय किया कि वह रिचर्ड और उनकी पत्नी की मदद करेंगी. उन्होंने उनके लिए एक ऑनलाइन फंड रेजिंग अभियान शुरू किया ताकि यह बुजुर्ग दंपति बिना आर्थिक चिंता के आराम से अपनी रिटायरमेंट की जिंदगी जी सकें. लोगों ने इस अभियान का जबरदस्त समर्थन किया. कुछ ही दिनों में हजारों लोगों ने इसमें दान देना शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह रकम लाखों डॉलर तक पहुंच गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों ने मिलकर लगभग 5 लाख डॉलर (करीब 4 करोड़ रुपये) से ज्यादा की मदद जुटा दी.
बाद में ब्रिटनी स्मिथ रिचर्ड और उनकी पत्नी से एक स्थानीय रेस्टोरेंट में मिलीं और उन्हें यह फंड रेजिंग पेज दिखाया. जब दंपति को पता चला कि अजनबी लोग उनकी मदद के लिए इतनी बड़ी रकम दान कर रहे हैं, तो वे बेहद भावुक हो गए. रिचर्ड ने कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि इतने लोग उनकी मदद करना चाहते हैं, जबकि वे उन्हें जानते तक नहीं हैं. उन्होंने कहा कि यह इंसानियत और दयालुता की सबसे बड़ी मिसाल है.


