UP : चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त पटरी पर गिरा एयरफोर्स का जवान, GRP ने चेन पुलिंग कर बचाई जान

0
240

दिल्ली-हावड़ा रूट पर यात्रा के दौरान फिरोजाबाद में एक जवान चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी वे अनियंत्रित होकर सीधे पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रेन के नीचे जा गिरा.

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के टूण्डला रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टला. दरअसल, दिल्ली-हावड़ा रूट पर यात्रा के दौरान एयरफोर्स का एक जवान चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया. अनियंत्रित होकर जवान सीधे पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रेन के नीचे जा गिरा, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया . उस समय प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे जवानों की नजर अचानक प्लेटफार्म पर पड़ी और हादसे का शिकार होते युवक की मदद के लिए तत्काल दौड़ लगा दी.

ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के सिपाहियों ने बिना वक्त गंवाए हिम्मत और साहस का परिचय देते हुए तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया. फरिश्ता बने पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद जवान को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस की सतर्कता के कारण ही जवान के शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसे समय रहते बचा लिया गया. इस वाकये का वीडियो रेलवे पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है.

टूण्डला जीआरपी थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य के मुताबिक घायल यात्री की पहचान एयरफोर्स के जवान के रूप में हुई है, जो वर्तमान में आगरा में तैनात है. वह ट्रेन के कोच नंबर-6 की बर्थ संख्या 3 पर अपना आरक्षण कराकर यात्रा के लिए निकला था. प्लेटफॉर्म पर चेकिंग के दौरान सिपाहियों ने उसे चलती ट्रेन में भागकर चढ़ने से रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह नहीं माना. भागते समय संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण वह सीधे पटरी पर जा गिरा था, वहां से पुलिस कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित खींच निकाला.

जीआरपी के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मी जवान को लेकर रेलवे के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. गहन परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बताया कि जवान की स्थिति अब पूरी तरह खतरे से बाहर है और वह स्वस्थ है. जीआरपी अधिकारियों ने घटना की जानकारी जवान के परिजनों को दे दी है और उन्हें स्टेशन बुलाया गया है. रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here