यूपी के वाराणसी में एक 16 वर्षीय लड़के की मोबाइल चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य की तलाश कर रही है.
वाराणसी से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. जहां मोबाइल चोरी के शक में लाठियों से पीट-पीटकर एक 16 साल के लड़के की हत्या कर दी गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी के मुताबिक शनिवार रात जब सोनू अली (16) अपने घर पर था. तभी छह लोग घर में घुस आए और उस पर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया.
पीड़ित की मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी रमेश उर्फ बबलू पटेल उसके बेटे को ज़बरदस्ती पंडितपुर में एक पेट्रोल पंप के पास बने अंडरपास में ले गया. जहां लाठियों से उस पर हमला किया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

बाद में आरोपी उसे भदवार पुलिस चौकी ले गए और उस पर चोरी के आरोप लगाते रहे. जहां से पुलिस अली को अस्पताल ले गई. लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
रोहनिया थाना प्रभारी (SHO) राजू सिंह ने बताया कि मृत लड़के की शिकायत के आधार पर रमेश उर्फ बबलू पटेल, रवि पटेल, रोहित, गोविंद, गौरव पाल, आज़ाद अली और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. मामले में रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं. पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.
वहीं इस घटना से पीड़ित के परिजनों में भी आक्रोश है. वे पुलिस पर भी देर से कार्रवाई करने का आरोप लगा रहे हैं. पीड़ित के परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस सही समय पर अस्पताल पहुंचा देती तो उसकी जान बच जाती.


