इटावा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक पॉलिटेक्निक छात्र को लग्जरी अंदाज में शराब की तस्करी करते पकड़ा है. आरोपी सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहा था. उसके पास से भारी मात्रा में ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिन्हें वह दिल्ली से बिहार ले जा रहा था.
जीआरपी पुलिस ने इटावा जंक्शन पर सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास (H1) कोच में छापेमारी कर बिहार के बेगूसराय निवासी गौरव कुमार को गिरफ्तार किया है. 22 वर्षीय यह आरोपी पॉलिटेक्निक का छात्र है और नई दिल्ली से बेगूसराय जा रहा था. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गौरव के पास मौजूद चार नए पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग की तलाशी ली. इन बैगों के भीतर से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों की कुल 48 अवैध शराब की बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर 3 पर ट्रेन रुकते ही छात्र को हिरासत में ले लिया और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया.

जीआरपी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गौरव कुमार मटिहानी जिले का रहने वाला है. वह तस्करी के लिए सुरक्षित माने जाने वाले एसी फर्स्ट क्लास कोच का इस्तेमाल कर रहा था ताकि किसी को शक न हो.
पुलिस ने उसके पास से चार पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग बरामद किए हैं, जो पूरी तरह शराब की बोतलों से भरे हुए थे. पुलिस ने छात्र के खिलाफ धारा 60/63 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.पूछताछ के दौरान आरोपी छात्र गौरव ने खुद को निर्दोष बताया. उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह दिल्ली घूमने गया था और उसके दोस्त ने ही उसकी वापसी का रिजर्वेशन कराया था. गौरव का दावा है कि उसके दोस्त ने उसे बैग बेगूसराय पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी और चार अज्ञात लोगों ने ट्रेन में सामान रखा था. छात्र के मुताबिक, वह सो रहा था और उसे बैग में मौजूद शराब की जानकारी नहीं थी.

