ग्रेटर नोएडा में मेड बनकर आई शातिर महिला ने वृद्ध को नशीली दवा सुंघाकर घर में रखी नकदी और जेवरात पार कर दिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अमरपाली किंग वुड गोल्ड होम्स सोसाइटी में बुजुर्ग महिला से लूट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां मेड की तलाश कर रही एक बुजुर्ग महिला को आरोपी महिला ने बेहोशी की दवा सुंघाकर अपना शिकार बनाया है. बताया गया कि आरोपी ने खुद को कामवाली बताकर फ्लैट में दाखिल हुई, फिर बुजुर्ग का भरोसा जीतकर अपना शिकार बनाया. पुलिस ने शातिर महिला की तलाश शुरू कर दी है.
पीड़ित महिला शांति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह काफी दिनों से मेड की तलाश कर रही थी, इस दौरान एक महिला ने उनसे संपर्क किया. आरोपी महिला ने नशीला पदार्थ सुंघा दिया जिससे कुछ ही देर में वे बेहोश हो गई. आरोपी महिला अपने साथ सोने का मंगलसूत्र और नगदी लेकर फरार हो गई.

पीड़िता के मुताबिक, घटना के करीब 1 घंटे बाद उन्हें होश आया तो घर का सामान अस्त-व्यस्त था, और कीमती सामान गायब था. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. वहीं इस घटना के बाद सोसाइटी में डर का माहौल बन गया है, खासकर बुजुर्ग और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. स्थानीय लोग इस घटना से बेहद चिंतित है, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए हैं.
वहीं, इस घटना के बाबत थाना प्रभारी बिसरख कृष्ण गोपाल का कहना है कि, पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरो की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही आरोपी महिला की पहचान के प्रयास किया जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.


