World : तेहरान के आसमान से बरसा तेल? एयरस्ट्राइक के बाद काले धुएं के बीच हुई अजीब बारिश

0
161

इंटरनेट पर फैल रहे इन तस्वीरों ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है. लोग हैरान हैं कि क्या सच में किसी शहर में “तेल वाली बारिश” हो सकती है.जंग जब शहरों के दरवाजे तक पहुंचती है तो उसका असर सिर्फ धमाकों और आग की लपटों तक सीमित नहीं रहता. वह हवा, पानी और आसमान तक को बदल देती है. इन दिनों ईरान की राजधानी तेहरान से सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो कुछ ऐसा ही डरावना मंजर दिखा रहे हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे कई वीडियो में शहर के ऊपर काले धुएं के विशाल गुबार छाए हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का दावा है कि आसमान से गिरने वाली बारिश में तेल जैसा चिपचिपा पदार्थ मिला हुआ था.

ईरान में हो रही तेल की बारिश!
इंटरनेट पर फैल रहे इन वीडियो और तस्वीरों ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है. लोग हैरान हैं कि क्या सच में किसी शहर में “तेल वाली बारिश” हो सकती है. वायरल हो रहे वीडियो में भी एक शख्स जमीन पर बिखरे तेल को दिखा रहा है और दावा कर रहा है कि यह तेल हवा में घुल चुका है और शहर के हर कोने में ऐसे हालात देखने को मिल रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इजरायली हवाई हमलों के बाद तेहरान में कई तेल डिपो और ईंधन भंडारण केंद्रों में लगी भीषण आग के कारण यह अजीब स्थिति पैदा हुई. यही वजह है कि यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गई है और लाखों लोग इन वीडियो को देख रहे हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार रात इजरायल ने तेहरान और उसके आसपास स्थित कई ईंधन भंडारण और तेल सुविधाओं को निशाना बनाया. ईरानी मीडिया के अनुसार हमलों में उत्तर-पूर्व तेहरान के अगदासियेह ऑयल वेयरहाउस, शहर के उत्तर में स्थित शहरान ऑयल डिपो, दक्षिणी तेहरान की एक ऑयल रिफाइनरी और पास के कराज शहर में मौजूद तेल डिपो को निशाना बनाया गया. इन हमलों के बाद कई जगहों पर भीषण आग लग गई.ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने चेतावनी दी है कि इस तरह की बारिश में जहरीले हाइड्रोकार्बन, सल्फर और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे तत्व हो सकते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि ये तत्व एसिड रेन जैसी स्थिति पैदा कर सकते हैं और इससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों और त्वचा में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेहरान के गवर्नर ने नागरिकों से मास्क पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने को कहा है. साथ ही घरों की खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखने तथा गीले कपड़े से ढकने की सलाह दी गई है ताकि प्रदूषित हवा अंदर न आ सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here