Bollywood : मां बबीता को याद कर इमोशनल हुईं करिश्मा कपूर बोलीं- ‘मैं जो भी हूं, उनकी वजह से हूं’

0
229

करिश्मा कपूर हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के एक खास एपिसोड में नजर आईं, जहां उन्होंने खुलकर बताया कि कैसे उनकी मां ने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया. बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने 90 के दशक में लगातार कई हिट फिल्में दीं और खुद को टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल किया. कपूर खानदान से होने के बावजूद उनका सफर आसान नहीं था. उनके सामने इंडस्ट्री की चुनौतियां थीं, लेकिन मां के साथ की वजह से वह हर चुनौती को पार कर गई और आज वह अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां बबीता कपूर को देती हैं.

करिश्मा हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के एक खास एपिसोड में नजर आईं, जहां उन्होंने खुलकर बताया कि कैसे उनकी मां ने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया और उन्हें मजबूत बनाया. इस दौरान शो के होस्ट आदित्य नारायण ने उनकी मां बबीता का जिक्र करते हुए कहा कि करिश्मा के करियर में उनका काफी सपोर्ट रहा है. उनकी मां ही असली सुपरस्टार हैं. यह सुनकर करिश्मा इमोशनल हो गई.

करिश्मा बोली, ‘मेरी मां मेरे लिए भगवान जैसी हैं. मैं जो भी हूं, मां की वजह से हूं. यूं तो परिवार के सभी लोगों ने मेरा साथ दिया, लेकिन मेरी मां ने मुझे जो आत्मविश्वास और संस्कार दिए, वही मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत है. आज मैं जो कुछ भी हूं, उसका पूरा श्रेय मैं अपनी मां को देती हूं.’ करिश्मा कपूर ने इस दौरान अपनी मां के फिल्मी करियर के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, ‘मां ने हिंदी सिनेमा में बहुत कम समय के लिए काम किया, लेकिन उस छोटे से करियर में भी उन्होंने कई सफल फिल्में दीं. यह उनकी प्रतिभा और मेहनत का सबूत है कि कम समय में ही उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बना ली थी.’

करिश्मा ने बताया कि उनकी मां ने उस दौर के बड़े और दिग्गज कलाकारों जैसे राजेश खन्ना, जितेंद्र, मनोज कुमार और धर्मेंद्र के साथ काम किया. इसके अलावा, उन्होंने कपूर परिवार के मशहूर अभिनेताओं शम्मी कपूर और शशि कपूर के साथ भी स्क्रीन शेयर की.

हालांकि, उस समय कपूर परिवार में एक परंपरा थी, जिसके अनुसार परिवार की महिलाएं फिल्मों में काम नहीं करती थीं. इसी वजह से बबीता को शादी के बाद अपने फिल्मी करियर को छोड़ना पड़ा. यह उनके लिए एक बड़ा फैसला था, लेकिन उन्होंने अपने परिवार को प्राथमिकता दी और अपने बच्चों की परवरिश पर ध्यान केंद्रित किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here