जयपुर में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गई है.
यह घटना मंगलवार (7 अप्रैल) को जयपुर शहर के इस्कॉन रोड की बताई जा रही है. घटना के मुताबिक एक युवती रैपिडो बाइक टैक्सी पर बैठकर कहीं जा रही थी. इस बीच दूसरी बाइक पर सवार दो मनचले उस पर गलत टिप्पणी कर छेड़खानी शुरू कर देते हैं.
युवती पहले तो उनकी हरकतों को नजरअंदाज करने की कोशिश करती है, लेकिन इससे मनचलों का हौसला और बढ़ जाता है. वहीं दोनों एक बार फिर से अपनी बाइक को युवती की बाइक के नजदीक ले जाते हैं. मनचले युवती पर कमेंट करने के साथ उसे गलत तरीके से छूते भी हैं.

मनचले उसकी शर्ट को उठाने की भी कोशिश करते हैं. इस पर युवती रिएक्ट करती है. वह दाहिने हाथ से मनचलों को मारने की कोशिश करती है. लेकिन बाइक सवार तेजी से भाग निकलते हैं. इस दौरान दूसरी बाइक पर बैठा एक युवक इस घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लेता है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद जयपुर पुलिस ने इस मामले में सुओ मोटो लेते हुए जांच शुरू कर दी है. बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान भी कर ली है. दोनों आरोपी राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले हैं.
आरोपियों के नाम मनराज और सुदामा बताए जा रहे हैं. हालांकि मामला सुर्खियों में आने के बाद दोनों फरार हो गए हैं. पुलिस की टीमें उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


