NATIONAL : कोटा से छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे राहुल गांधी, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर शुरू होगा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

0
141

छात्रों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का विषय बनाने की कोशिश में राहुल गांधी एक नए अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस पहल के तहत वे देशभर के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे। अभियान की पहली कड़ी राजस्थान के कोटा से शुरू होगी, जहां हजारों प्रतियोगी छात्र पढ़ाई और करियर की तैयारी में जुटे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे के बाद छात्रों से जुड़े सवालों को लेकर देशव्यापी अभियान की तैयारी में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में छात्रों के बीच जाकर पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, एडमिशन में आने वाली दिक्कतों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर संवाद करेंगे।

देश के कोचिंग हब में होगी अभियान की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जिसे देश का सबसे बड़ा कोचिंग हब माना जाता है। राहुल गांधी आम यात्रियों की तरह दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जन शताब्दी एक्सप्रेस के जरिए कोटा के लिए रवाना होंगे। वहां पहुंचकर वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुनेंगे।

‘छात्रों की गूंज’
कांग्रेस ने अपने इस नए छात्र संपर्क कार्यक्रम को ‘छात्रों की गूंज’ नाम दिया है। इस पहल की सबसे अलग बात यह होगी कि कार्यक्रम के दौरान नेताओं के भाषण नहीं होंगे। राहुल गांधी खुद शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक लगभग साढ़े चार घंटे छात्रों के बीच रहकर उनसे सीधे संवाद करेंगे।

इस दौरान राहुल नीट समेत समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को समझना, उनके अनुभवों को जानना और शिक्षा, रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनके सुझाव प्राप्त करना है।

“जिम्मेदारी और ईमानदारी- दोनों मोदी सरकार की सोच से परे हैं”
राहुल गांधी ने अपने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि “मेरे युवा और Gen Z साथियों, एक बात मेरे मन में साफ है और आप भी इसे दिल में बैठा लीजिए: भारत के हर युवा का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है। पर जिम्मेदारी और ईमानदारी- दोनों मोदी सरकार की सोच से परे हैं। पेपर लीक, परीक्षा कुप्रबंधन, रद्द होती भर्तियां, आसमान छूती फीस, निजीकरण, घोटाले – इन्हीं औजारों से वो हर दिन करोड़ों सपने तोड़ रही है। याद रखिए, युवा का भविष्य ही देश का भविष्य तय करेगा। यही सब आपसे विस्तार से कहना है। इसलिए मैं आपको बुला रहा हूं- देश की हर गली, हर कस्बे, हर शहर से उठती ‘छात्रों की गूंज’ को, आइए कोटा में हुंकार बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here