Assembly Elections 2026: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग होनी है, जबकि तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए मतदान डाले जाएंगे। इसको लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

बंगाल में 1,478 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर कुल 1,478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं अपने मत का इस्तेमाल करेंगी।
बंगाल में किन जिलों में हो रहा मतदान
बंगाल में पहले चरण में जहां मतदान होने हैं, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं। इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम बर्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झारग्राम की 4, पुरुलिया की 9 और बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कुल 2407 कंपनियां तैनात की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, “तैनाती संवेदनशीलता आकलन और पिछले चुनावी अनुभवों के आधार पर की गई है, ताकि कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।”
चुनावी मैदान में 4,023 उम्मीदवार
तमिलनाडु की बात करें तो राज्य की सभी 234 सीटों पर आज ही मतदान संपन्न होंगे। तमिलनाडु में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत लिखेंगे। इस बार चुनाव में सबकी निगाहें अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर टिकी हैं, क्योंकि कई सीटों पर उनको लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है।


