Sunday, June 21, 2026
Home Blog Page 1232

चीन के चिड़ियाघर में ₹600 में बिक रहा Tiger का मूत्र, दावा – दर्द और गठिया में देता है आराम

0

चीन के सिचुआन प्रांत में स्थित ‘यान बिफेंगक्सिया वन्यजीव चिड़ियाघर’ ने बाघ के मूत्र से बनी एक दवा बेचने का दावा किया है। चिड़ियाघर का कहना है कि सफेद शराब और बाघ के मूत्र को मिलाने से यह मिश्रण गठिया, मांसपेशियों के दर्द और मोच में राहत देता है। इसे लगाने के साथ-साथ पीने की भी सलाह दी जा रही है।

बोतल में बंद बाघ का मूत्र, कीमत 600 रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक चिड़ियाघर में 250 ग्राम मूत्र की एक बोतल 50 युआन यानी करीब 600 रुपये में बेची जा रही है। बोतल पर लिखा गया है कि इसे सफेद शराब में मिलाकर अदरक से मालिश करने से फायदा होता है।

कैसे जमा किया जाता है मूत्र?

चिड़ियाघर के एक कर्मचारी के अनुसार जहां बाघ पेशाब करते हैं वहां एक बेसिन लगाया जाता है जिससे मूत्र इकट्ठा किया जाता है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इसे बेचने से पहले किसी मेडिकल जांच से गुजारा जाता है या नहीं।

चिकित्सा विशेषज्ञों ने उठाए सवाल

सेंट्रल चीन के हुबेई प्रांतीय ट्रेडिशनल चीनी मेडिकल हॉस्पिटल के एक फार्मासिस्ट ने कहा कि इस दावे के पीछे कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। उनका कहना है कि इस तरह की चीजें पारंपरिक चिकित्सा की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं और बाघ संरक्षण के लिए भी खतरनाक हो सकती हैं।

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस उत्पाद को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आई हैं। एक यूजर ने लिखा, “मैंने इसे अपने पिता के लिए खरीदा लेकिन कोई असर नहीं दिखा।” वहीं दूसरे यूजर ने सवाल उठाया, “क्या मूत्र से बैक्टीरिया नहीं फैलते? सोचकर ही घिन आती है।”

गौरतलब है कि चीन में बाघ को ताकत और बहादुरी का प्रतीक माना जाता है। कुछ पुराने चीनी ग्रंथों में दावा किया गया है कि बाघ के मूत्र से हड्डियों की बीमारियों और गठिया का इलाज संभव है लेकिन वैज्ञानिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

सौरभ शर्मा 4 फरवरी तक रिमांड पर, 5 घंटे की पूछताछ के बाद लोकायुक्त ने कोर्ट में किया पेश

RTO के पूर्व कांस्टेबल करोड़पति सौरभ शर्मा और उसके साथी चेतन गौर को कोर्ट ने चार फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले उससे लोकायुक्त ने पांच घंटे तक पूछताछ की। जिसके बाद उसे जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में जज राम प्रताप मिश्र ने सौरभ और चेतन को 4 फरवरी तक रिमांड के ऑर्डर दिए।

बता दें कि लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार दोपहर को सौरभ शर्मा को कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया था, जब वह कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। वहीं सौरभ शर्मा के वकील ने इसे इलीगल बताया और शर्मा की जान को खतरा बताया था।

बता दें कि सौरभ शर्मा बीते 40 दिन से जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर था, सौरभ शर्मा पर ED, IT, लोकायुक्त ने जांच की है, सौरभ शर्मा के ठिकानों पर 19 दिसंबर को हुई छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति, सोना-चांदी दस्तावेज बरामद हुए थे जिसके बाद 19 दिसंबर की रात IT विभाग को भोपाल के पास मेंदोरी इलाके में 1 कार में 52 किलो सोना और 10 करोड़ कैश मिला था, जो कार सौरभ शर्मा के करीबी चेतन गौर के नाम पर है, जिसके बाद 27 दिसंबर को ED ने भी सौरभ शर्मा और उसके करीबियों के ठिकानों पर छापा मारकर करोड़ों की नकदी और संपत्ति जब्त की थी। उसी मामले में सौरभ शर्मा आज कोर्ट में पेश हो रहा था पर उसके पहले ही लोकायुक्त पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या का खुलासा, दो दिन पहले पत्थरों से कुचला मिला था शव, पीएम रिपोर्ट ने खोले राज

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र की बायपास में तीन दिन पहले मिले अज्ञात शव की पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है। मृतक पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ था जिसे पत्थरों से कुचलकर मारा गया। इसके बाद बदमाश ने उनके शव को बायपास पर एक गार्डन के पास फेंक दिया। सोमवार को मृतक के परिजन विजय नगर थाने गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे तो एक लावारिस शव के मिलने की सूचना पुलिस को मिली जहां शव पुलिसकर्मी का होना पाया गया है।

एडिशनल पुलिस डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 24 जनवरी की सुबह 10 बजे खजराना थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला था। कपड़ों की तलाशी में कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात शव मिलने का केस दर्ज कर मामले में पहचान के प्रयास किए तो 25 जनवरी को पता चला जो शव मिला है, वह पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल (पीआरटीएस) में पदस्थ इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी का है। शव मिलने के बाद से ही खजराना पुलिस ने इलाके में घटना स्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पुलिस को तड़के 4 बजे के आसपास घटना स्थल से एक ऑटो रिक्शा निकलने का सुराग मिला है। इस रिक्शा की मदद से ही पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सोमवार को मृतक की पहचान होने के बाद परिजन को पोस्टमॉर्टम रूम में पहचान करवाई गई। पीआरटीएस अधिकारियों की मानें तो इंस्पेक्टर चतुर्वेदी शराब पीने के आदी थे। वे अत्यधिक शराब पीते थे। इस कारण कई बार ड्यूटी से भी गैर हाजिर रहे हैं। जिस ढंग से हत्या हुई है उससे किसी से विवाद की भी आशंका पुलिस द्वारा जताई जा रही है।

इंदौर में किरायेदार ने 5 साल की बच्ची से की दरिंदगी, अर्धनग्न कर थाने में पीटते हुए पहुंचे परिजन

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक 5 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक किरायेदार ने मकान मालिक की बेटी के साथ घिनौनी हरकत कर दी। जानकारी लगने के बाद परिजनों ने आरोपी के साथ जमकर मारपीट की और उसे पुलिस के सुपुर्द किया है।

जानकारी के मुताबिक, लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले किरायेदार ने अपने मकान मालिक की 5 साल की बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे बच्ची घबरा गई। उसने घर पर किसी को इस बारे में नहीं बताया। अगले दिन जब बच्ची स्कूल पहुंची, तो उसने अपनी टीचर से प्राइवेट पार्ट में दर्द की शिकायत की। टीचर ने बच्ची की जांच की और खून निकलते देख इसकी सूचना उसकी मां को दी। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसके साथ किरायेदार ने गंदी हरकत की है।

परिजनों ने आरोपी को अर्धनग्न अवस्था में बेसबॉल के डंडे से पीटते हुए लसूड़िया थाना पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अपनों को खोजते परिजन, जख्मी पड़े श्रद्धालु रोते – बिलखते लोग, महाकुंभ में भगदड़ के बाद खौफनाक मंजर

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दूसरे अमृत स्नान पर्व मौनी अमावस्या से पहले संगम पर भगदड़ मच गई, कई लोग घायल हो गए हैं। कुछ लोगों की मौत की बात भी कही जा रही है लेकिन अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

भगदड़ के बाद की भयावह तस्वीर सामने आई है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि लोगों के जूते चप्पल और कपड़े पड़े हुए हैं किसी का सामान पड़ा हुआ है।

बताया जा रहा है कि अचानक भीड़ संगम की तरफ बढ़ गई कुछ लोग जमीन पर बैठे थे और लोग उनके ऊपर कूदते हुए निकल गए। भयावह तस्वीर सामने आई है। यहां पर कोई अपने परिजन की मौत पर बिलखता दिखा तो कोई भीड़ में खो गया था पुलिसकर्मी स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाते दिख रहे थे।

महाकुंभ में संगम स्थल पर मची भगदड़ के बाद अखाड़ा परिषद ने सभी 13 अखाड़े का आज का अमृत स्नान रद्द करने का फैसला किया है। अब तक की जानकारी के अनुसार भगदड़ में कई लोगों के घायल होने की खबर आ रही है और जिनका इलाज मेला क्षेत्र की सेक्टर 2 में बने केंद्रीय अस्पताल में चल रहा है।डीजीपी प्रशांत कुमार ने किसी भी अप्रिय स्थिति से स्पष्ट रूप से मना किया है। उन्होंने स्थिति पूरी तरह से ठीक और शांतिपूर्ण तरीके से स्नान होने की बात कही गई है।

हरदा में कलेक्ट्रेट परिसर में आत्महत्या की कोशिश, दंपति ने अपने ऊपर डाला पेट्रोल, जानिए पूरा मामला

डॉक्टर के द्वारा गलत इलाज करने के बाद 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। न्याय नहीं मिलने से नाराज मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्टर से मिलने की मांग पर परिजन अड़े रहे। मृतक के परिजनों ने खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास भी किया।  हरदा जिले के ग्राम जालौदा निवासी संतोष कुमार ने अपने बेटे अर्जुन का पेट दर्द होने पर डॉ. भरत काटकर से 17 सितंबर को अपेंडिक्स का ऑपरेशन करवाया था। जिसका गलत ऑपरेशन होने पर उसे 16 अक्टूबर को भोपाल एम्स अस्पताल ले गए। जहां के डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का कहा इसके बाद 24 नवंबर को भोपाल के एम्स में दोबारा ऑपरेशन किया गया। जिसके बाद 9 दिसंबर को अर्जुन की मौत हो गई।

इसके बाद परिजनों ने डॉ. भरत काटकर के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन से आवेदन निवेदन किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे नाराज मृतक के माता पिता और ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे बाद मृतक की माँ सुमंत्रा बाई और पिता संतोष कुमार ने आत्महत्या करने के लिए खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने का प्रयास किया।

लेकिन पुलिस ने तत्काल पेट्रोल की बॉटल छीन ली और दोनों को सुरक्षित बचा लिया। मृतक के चाचा सुनील कुमार का कहना है डॉ. भरत काटकर द्वारा गलत ऑपरेशन करने के कारण उसके भतीजे की मौत हुई है, इसलिए डॉ. भरत काटकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल उसे गिरफ्तार किया जाए एवं उसका लाइसेंस रद्द किया जाए और डॉक्टर का क्लिनिक सील किया जाए, साथ ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Gold Rate January 29: MCX पर नए रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा सोने का भाव, चांदी में भी उछाल जारी

0

सोने चांदी के वायदा कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। सोने के वायदा ने आज नया रिकॉर्ड बना लिया और यह 80,440 रुपए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। चांदी के वायदा भाव 0.13 फीसदी की तेजी के साथ 91,170 रुपए के करीब कारोबार कर रहे थे।अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ, जबकि चांदी तेज शुरुआत के बाद नरमी के साथ कारोबार कर रही है।

सोना के वायदा भाव सर्वोच्च शिखर पर

सोने के वायदा भाव की शुरुआत तेजी के साथ हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का बेंचमार्क फरबरी कॉन्ट्रैक्ट आज 36 रुपए की तेजी के साथ 80,325 रुपए के भाव पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 63 रुपए की तेजी के साथ 80,352 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 80,413 रुपए के भाव पर दिन का उच्च और 80,325 रुपए के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। सोने के वायदा भाव ने आज 80,413 रुपए के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

चांदी तेज शुरुआत के बाद लुढ़की

चांदी के वायदा भाव की शुरुआत भी तेज रही। MCX पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट आज 1 रुपए की तेजी के साथ 91,052 रुपए पर खुला। हालांकि खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 49 रुपए की गिरावट के साथ 91,002 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 91,154 रुपए के भाव पर दिन का उच्च और 90,905 रुपए के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। पिछले साल चांदी के वायदा भाव ने 1,00081 रुपए किलो के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया था।

2024 में गोल्ड ने 20% और सिल्वर ने 17% का रिटर्न दिया

बीते साल सोने का भाव 20.22% बढ़ा। वहीं, चांदी की कीमत में 17.19% की बढ़ोतरी हुई। 1 जनवरी 2024 को सोना 63,352 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो 31 दिसंबर 2024 को 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं इस दौरान, एक किलो चांदी की कीमत 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86,017 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

Stock Markets up Today: बाजार में तेजी, सेंसेक्स 76300 के पार, इन शेयर्स में दिखा उछाल

0

शेयर बाजार में आज यानी 29 जनवरी को बढ़त देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 76,324 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 130 अंक से ज्यादा की तेजी है, ये 23,092 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी और 8 में गिरावट देखने को मिल रही है। आज IT, बैंकिंग और ऑटो शेयर्स में तेजी है। वहीं FMCG और एनर्जी शेयर्स पर दबाव देखने को मिल रहा है।

जापान के निक्‍केई में 0.54% की तेजी

  • एशियाई बाजार में जापान के निक्‍केई में 0.54% की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स और कोरिया का कोस्पी आज बंद है।
  • NSE के डेटा के अनुसार, 28 जनवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,920 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 6,814 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
  • 28 जनवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 0.31% की बढ़कर 44,850 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 0.92% बढ़कर 6,067 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स में 2.03% की तेजी रही।

कल बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले कल यानी 28 जनवरी को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 535 अंक की बढ़त के साथ 75,901 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 128 अंक की तेजी रही, ये 22,957 के स्तर पर बंद हुआ था।

महाकुंभ में भगदड़ और मौतों के बीच स्पेशल ट्रेनों पर अगले आदेश तक रोक, प्रयागराज आने वाली कई ट्रेनें डायवर्ट

संगम तट पर अमृत स्नान से पहले भीड़ का दबदबा इतना बढ़ गया कि मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भगदड़ मच गई। हादसे में 17 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 50 से अधिकर संख्या में लोग घायल हुए हैं। हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं भगदड़ की घटना पर पीएम मोदी नजरें बनाए हुए हैं। इतना ही नहीं पिछले 2 घंटों में पीएम मोदी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 3 बार फोन पर बात भी कर चुके हैं। इस बीच प्रयागराज आ रहीं कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है। साथ ही अगले आदेश तक प्रयागराज जाने वाली सभी स्पेशल ट्रेनें भी रद्द कर दी गई है।

बता दें कि संगम पर भगदड़ मचने से अफरातफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी है। हादसे के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया है। आम लोगों की एंट्री यहां रोक दी गई है। मौके पर मुस्तैद प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव का काम शुरू किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

महाकुंभ में भगदड़ की खबरों पर विशेष कार्याधिकारी आकांक्षा राणा का कहना है, “संगम मार्गों पर कुछ बैरियर टूटने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। यह कोई गंभीर स्थिति नहीं है।”

सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट से जीवन की नई शुरुआत, अलाबामा की महिला का अद्भुत सफर

0

अमेरिका के अलाबामा राज्य की 53 वर्षीय टुवाना लूनी सूअर की किडनी के साथ स्वस्थ जीवन जी रही हैं और वह इस प्रकार की ट्रांसप्लांट से सबसे लंबे समय तक जीने वाली व्यक्ति बन चुकी हैं। नवंबर 2024 में किए गए ट्रांसप्लांट के बाद से लूनी 61 दिनों से अधिक समय तक इस किडनी के साथ जीवित हैं और उनकी सेहत पूरी तरह से ठीक है।

टुवाना लूनी की ज़िन्दगी आसान नहीं रही है। 1999 में उन्होंने अपनी माँ को अपनी एक किडनी दान दी थी, लेकिन इसके बाद उनकी दूसरी किडनी प्रेगनेंसी के दौरान हाई ब्लड प्रेशर के कारण खराब हो गई। 2016 तक उनकी किडनी पूरी तरह से काम करना बंद कर चुकी थी। आठ साल तक डायलिसिस पर गुज़ारने के बाद, उनका शरीर किसी भी इंसानी किडनी को स्वीकार नहीं कर पाया। इस स्थिति में, उन्होंने सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट कराने का निर्णय लिया।

टुवाना की किडनी, वर्जीनिया स्थित बायोटेक कंपनी “रेविविकोर” द्वारा तैयार की गई थी। इस किडनी में 10 जेनेटिक बदलाव किए गए ताकि यह मानव शरीर में सही तरीके से काम कर सके। 25 नवंबर 2024 को न्यूयॉर्क के एनवाईयू लैंगोन अस्पताल में डॉक्टर रॉबर्ट मोंटगोमरी की टीम ने सात घंटे का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद 11 दिन में लूनी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वह न्यूयॉर्क में रहती हैं, जहां उनकी नियमित जांच होती है। डॉक्टरों का कहना है कि किडनी पूरी तरह से ठीक से काम कर रही है।

इससे पहले, दो मरीजों को सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी, लेकिन वे ज्यादा समय तक जीवित नहीं रह सके। रिक स्लेमन का ट्रांसप्लांट के दो महीने बाद निधन हो गया था, वहीं लीसा पिसानो ट्रांसप्लांट के 47 दिन बाद चल बसीं। इन असफल मामलों से डॉक्टरों को महत्वपूर्ण अनुभव हुआ, जिससे इस बार टुवाना की किडनी को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया जा सका। आजकल, टुवाना लूनी अपने जीवन को लेकर काफी उत्साहित हैं और खुद को सुपरवुमन मानती हैं।

वह न्यूयॉर्क की सड़कों पर तेज़ी से चलती हैं, जो उनकी सेहत के अच्छे संकेत हैं। सूअर की किडनी का यह ट्रांसप्लांट अन्य डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के लिए एक बड़ी उम्मीद बन गया है, क्योंकि अमेरिका में लाखों लोग अंगों के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। अमेरिका में आज भी एक लाख से अधिक लोग अंग ट्रांसप्लांट का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें से 90 हजार से ज्यादा को किडनी की आवश्यकता है। हर साल सैकड़ों लोग ट्रांसप्लांट के इंतजार में अपनी जान खो देते हैं। डॉक्टर अब सूअरों को जीन संशोधन के माध्यम से मानव अंगों के अनुरूप बनाने का काम कर रहे हैं, जिसे “जीनो ट्रांसप्लांटेशन” कहा जाता है।

- Advertisement -