Wednesday, May 13, 2026
Home Blog Page 552

ENTERTAINMENT : दीपिका कक्कड़ की बीमारी के बीच परिवार में आया नन्हा सदस्य, ननद ने कराई बेटे की अकीका सेरेमनी

0

फेमस यूट्यूबर और शोएब इब्राहिम की बहन सबा इब्राहिम हाल ही में मां बनी हैं. उन्होंने 22 मई 2025 को अपने पहले बेटे को जन्म दिया. लेकिन जहां ये खुशी का पल था, वहीं दूसरी ओर परिवार गहरी चिंता में डूबा हुआ था. वजह थी, उनकी भाभी और पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ की बिगड़ती सेहत.

सबा इब्राहिम ने अपने यूट्यूब व्लॉग में बेटे के जन्म की खबर दी और बताया कि कैसे परिवार ने इस नन्हे मेहमान के आने पर अल्लाह का शुक्र अदा किया. उनके पति खालिद नियाज भी डिलीवरी रूम में साथ थे और बाहर आकर बोले, ‘बेटा हुआ है.’ पूरा परिवार खुशी से झूम उठा, लेकिन यह खुशी पूरी तरह खुलकर मनाई नहीं जा सकी

सबा ने अपने व्लॉग में बताया कि बच्चे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद दीपिका कक्कड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उनके लिवर में टेनिस बॉल के आकार का ट्यूमर पाया गया, जिसे जानकर पूरा परिवार शॉक्ड रह गया. दीपिका को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया.

सबा और खालिद ने अपने बेटे की अकीका रस्म सातवें दिन पूरी की, जो इस्लामिक परंपरा के अनुसार की जाती है. लेकिन इस दौरान घर में खुशी के साथ-साथ चिंता भी साफ महसूस हो रही थी. व्लॉग में शोएब इब्राहिम की मौजूदगी भी दिखी, लेकिन उनके चेहरे पर तनाव साफ झलक रहा था क्योंकि दीपिका की हालत गंभीर बनी हुई थी.

सबा ने व्लॉग में भावुक होते हुए कहा, “सातवें दिन अकीका कर लिया था. उसी के बाद भाभी एडमिट हो गई थीं. वो पूरा वीक हमारे लिए बहुत मुश्किल था.’ उन्होंने बताया कि अब दीपिका ICU से बाहर हैं’ और उन्होंने सभी को उनकी दुआओं और सपोर्ट के लिए धन्यवाद कहा.

हालांकि दीपिका ICU से बाहर आ चुकी हैं, लेकिन उनका इलाज जारी है और पूरा परिवार अब भी उनकी सेहत को लेकर चिंतित है. सबा ने बताया कि दीपिका उनके लिए सिर्फ भाभी नहीं, बल्कि मां जैसी हैं और उनके जल्दी ठीक होने की कामना हर कोई कर रहा है.यह समय सबा इब्राहिम और उनके परिवार के लिए बेहद इमोशनल रहा ,एक तरफ बेटे के जन्म की खुशी, दूसरी तरफ दीपिका कक्कड़ की बिगड़ती तबीयत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. फैंस अब नन्हे मेहमान के अच्छे स्वास्थ्य और दीपिका की जल्द रिकवरी के लिए दुआ कर रहे हैं.

 

BUSINESS : मुंबई उपभोक्ता आयोग की बड़ी टिप्पणी, ‘अगर धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं तो शाकाहारी शख्स…’

0

मुंबई उपनगरीय (एडिशनल) जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कहा कि यह तर्कसंगत लगता है कि कोई समझदार व्यक्ति भोजन ग्रहण करने से पहले शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के बीच फर्क पहचान सकता है.

मुंबई में एक उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को लेकर टिप्पणी की है. आयोग ने कहा कि अगर मांसाहारी भोजन से किसी शाकाहारी व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं तो वह ऐसी जगह से भोजन खरीदता ही क्यों है जहां शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार का भोजन उपलब्ध होता है.

मुंबई उपनगरीय (अतिरिक्त) जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने पिछले महीने जारी आदेश में कहा कि यह तर्कसंगत लगता है कि ‘‘कोई समझदार व्यक्ति भोजन ग्रहण करने से पहले शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के बीच फर्क पहचान सकता है.’’ आयोग ने एक भोजनालय के खिलाफ दो व्यक्तियों द्वारा की गई उस शिकायत को खारिज कर दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्हें शाकाहारी भोजन मंगाने बावजूद मांसाहारी भोजन परोसा गया.

आयोग ने इस मामले में कहा, ”अगर शिकायतकर्ता शाकाहारी हैं और मांसाहारी भोजन से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, तो उन्होंने ऐसा रेस्तरां क्यों चुना जहां शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का भोजन उपलब्ध था, बजाय इसके कि वे सिर्फ शाकाहारी भोजन परोसने वाले रेस्तरां से ऑर्डर करते.”

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने 19 दिसंबर 2020 को मुंबई के सायन स्थित ‘वाउ मोमो’ रेस्तरां को भाप से पके ‘दार्जीलिंग मोमो’ के साथ एक सॉफ्ट ड्रिंक का ‘ऑर्डर’ दिया था. शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि उन्होंने अपनी शाकाहारी पसंद को दो बार विशेष रूप से स्पष्ट किया था, लेकिन उन्हें भाप के पकाए गए ‘चिकन दार्जीलिंग मोमो’ परोसे गए.

उन्होंने आरोप लगाया कि रेस्तरां के कर्मचारियों ने उनकी बात को नजरअंदाज किया और रेस्तरां के ‘बोर्ड’ पर शाकाहारी या मांसाहारी विकल्प स्पष्ट रूप से नहीं दिखाए गए थे. शिकायतकर्ताओं ने मानसिक तनाव, भावनात्मक कष्ट और धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचने का दावा करते हुए छह लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी.

कंपनी का कहना था कि शिकायतकर्ताओं ने खुद मांसाहारी मोमो का ऑर्डर दिया था, जैसा कि बिल में दिखा रहा है. कंपनी ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ताओं ने उनके कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया और उत्पात मचाया, जिसके कारण कंपनी ने उनके पैसे वापस कर लिए और उन्हें मुफ्त में भोजन भी दिया.कंपनी ने यह भी कहा कि उसने 1,200 रुपये का वाउचर भी उपहार में देने की पेशकश की, लेकिन शिकायतकर्ताओं ने तीन लाख रुपये की मांग की. कंपनी ने दावा किया कि यह शिकायत कंपनी को परेशान करने के उद्देश्य से की गई थी.

 

NATIONAL : वेल्डिंग की छोटी सी चिंगारी से दुकान में लगी भीषण आग, मां-बेटे का पुलिस ने किया रेस्क्यू

0

छत्तीसगढ़ के भिलाई में वेल्डिंग के दौरान एक दुकान में भीषण आग लग गई. आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखने लगा. दुकान में फंसी महिला और उसके बेटे को पुलिस ने बहादुरी से बाहर निकाला. हादसे में दुकान का सारा सामान जल गया. दुकान मालिक ने नुकसान करीब 3.5 लाख रुपये बताया है.

छत्तीसगढ़ के भिलाई में सुपेला थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा के पीछे स्थित एक दुकान में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि उसका धुआं और लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं. घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस और दुर्ग फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची.

दुकान में उस समय एक महिला और उसका बेटा मौजूद थे. दोनों अंदर फंसे हुए थे. मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तुरंत बहादुरी दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.आग से दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. दुकान मालिक खेमराज चौहान ने बताया कि आग वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी. उनका लगभग 3.5 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. खेमराज ने बताया कि यह दुकान उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन थी, जो अब पूरी तरह जलकर राख हो गई है.

इस घटना पर एएसपी व दुर्ग पुलिस प्रवक्ता पद्म श्री तवर ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. दुकान में कपड़े और रबर का सामान था, जो पूरी तरह जल गया है. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.

ENTERTAINMENT : अक्षय की ‘किलर कॉमेडी’ ने मचाया धमाल, 2 दिन में 50 करोड़ के पार कमाई!

0

बॉलीवुड की फेवरेट कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक ‘हाउसफुल’ का पांचवा पार्ट थिएटर्स में रिलीज हो गया है. फिल्म ने अपनी पिछली फिल्मों के मुकाबले पहले दिन काफी अच्छी कमाई की थी. अब दूसरे दिन भी इसकी कमाई दमदार रही है.

फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला की हिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हाउसफुल’ फैंस की सबसे फेवरेट कॉमेडी फिल्म सीरीज में से एक है. उनकी ये फ्रेंचाइजी बॉलीवुड में सबसे सक्सेसफुल रही है, जिसका फायदा अब इसके पांचवे पार्ट यानी ‘हाउसफुल 5’ को भी मिल रहा है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर परफॉर्म कर रही है.

साजिद नाडियाडवाला ने ‘हाउसफुल 5’ को हर मायने में बड़ा बनाया है. सबसे पहले उन्होंने फिल्म में करीब 18 टॉप एक्टर्स को कास्ट किया. इसके बाद उन्होंने पूरी फिल्म को एक क्रूज शिप पर शूट किया. फिर कॉमेडी के साथ एक मिस्ट्री किलर का सस्पेंस भी डाला जिससे इसे देखने के लिए फैंस की एक्साइटमेंट काफी ज्यादा बढ़ गई. ‘हाउफुल 5’ को पहले दिन इसकी फ्रेंचाइजी वैल्यू का खूब फायदा मिला. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 24 करोड़ रुपये की ओपनिंग की.

‘हाउफुल 5’ से अक्षय कुमार का बॉक्स ऑफिस स्ट्रगल भी कम हुआ. उन्होंने करीब 4 सालों के बाद बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग दी. अब फिल्म के दूसरे दिन का कलेक्शन भी सामने आ चुका है. अक्षय की मल्टी स्टारर फिल्म को ईद की छुट्टी का फायदा मिला है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हाउफुल 5’ ने शनिवार को करीब 30 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. फिल्म का टोटल कलेक्शन दो दिनों में 54 करोड़ पहुंच चुका है. हालांकि ये अभी शुरुआती आंकड़े हैं.

‘हाउसफुल 5’ का दो दिनों का कलेक्शन काफी शानदार है. जिस हिसाब से फिल्म को मिक्स रिव्यूज मिल रहे थे, उससे ये उम्मीद थी कि थिएटर्स में ऑडियंस फिल्म देखने नहीं पहुंचेगी. मगर शायद इस फ्रेंचाइजी के ‘डाई हार्ट’ फैंस इस फिल्म को मिस नहीं करना चाहते. ‘हाउसफुल 5’ सिर्फ दो दिनों में 54 करोड़ रुपये कमा चुकी है. हालांकि ये फिल्म अजय देवगन स्टारर ‘गोलमाल अगेन’ के दो दिन के कलेक्शन को मात नहीं दे पाई.

‘गोलमाल अगेन’ ने मजह दो दिनों में 58.51 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. ‘गोलमाल’ सीरीज भी ‘हाउसफुल’ सीरीज जितनी पॉपुलर है और अपने हर पार्ट से ऑडियंस को एंटरटेन करती आई है. लेकिन ‘हाउसफुल’ सीरीज का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सभी से बेहतर रहा है. अब ‘हाउसफुल 5’ भी उसी राह पर है. अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे चलती है, तो ये बहुत जल्द अपनी पिछली फिल्म ‘हाउसफुल 4’ के नेट कलेक्शन के करीब भी पहुंच सकती है.

NATIONAL : दो लड़कियों को एक दूसरे से हुआ प्यार, शादी में मिलीं फिर फोन पर होने लगी बात… पति को छोड़ा

0

रेनू और अंजू की दोस्ती कालोटा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई. उसके बाद दोनों की फोन पर बातें शुरू हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया. रेनू शादीशुदा है और वो अपना ससुराल छोड़कर अंजू के घर आ चुकी है.

हमारे देश में चाहे कितने भी कानून बन गए हो. हमें रहने की स्वतंत्रता हो. लेकिन समाज की बंदिशें आज भी लोगों को जकड़ के रखती हैं. राजस्थान के झुंझुनू जिले की दो लड़कियां इस समय चर्चा का विषय बनी हुई हैं. दोनों एक दूसरे से प्यार करती हैं और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया है. इसमें से एक युवती शादीशुदा है और वो अपने पति का घर छोड़कर अपनी प्रेमिका के पास पहुंच गई. मामले की जानकारी जब गांव व समाज के लोगों को हुई. तो लोगों ने इसका विरोध किया और आपत्ति जताई. यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

झझुनूं जिले में रेनू व अंजू द्वारा एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की बात सामने आने के बाद हर तरफ चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर दोनों का वीडियो वायरल हो गया. जिसमें वो आपस में शादी करने की बात कहती नजर आ रही हैं. इनमें से एक लड़की रेनू उम्र 25 साल पहले से ही विवाहित है और कोठी की ढाणी गांव की रहने वाली है. वो इन दिनों मैनपुरा गांव में अपनी दोस्त अंजू उम्र 23 साल के साथ रह रही है. दोनों की नजदीकियां देखकर ग्रामीणों ने संदेह जताया और मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बालिकाओं से बातचीत कर समझाइश दी. ग्रामीणों का कहना है कि यह संबंध सामाजिक और पारिवारिक परंपराओं के विपरीत है, जिससे गांव में असहज माहौल बन गया है.

मामले की जांच पड़ताल के लिए पहुंची पुलिस ने कहा कि दोनों लड़कियां बालिग हैं और वो अपनी इच्छा से एक साथ रह रही हैं. दोनों ने साथ रहने का फैसला लिया है. इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए रेनू व अंजू ने कहा कि उनकी जान को खतरा है. लगातार उनका धमकियां मिल रही है. वो दोनों एक दूसरे से प्यार करती हैं और जीवन भर साथ रहेंगी.

रेनू और अंजू की दोस्ती कालोटा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई. उसके बाद दोनों की फोन पर बातें शुरू हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया. रेनू शादीशुदा है और वो अपना ससुराल छोड़कर अंजू के घर आ चुकी है. उसने कहा कि वो अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है.

रेनू ने बताया कि उसकी शादी को 5 साल हो चुके हैं. उसकी शादी कालोटा गांव में हुई थी. पति शराब का आदी है और प्रतिदिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है. उनके चार साल का बेटा है. वो अपने बेटे को लेकर ससुराल छोड़कर आई है.

NATIONAL : नवजात को मुंह में दबाकर भागते दिखा कुत्ता… इंदौर के सरकारी अस्पताल की सामने आई बड़ी लापरवाही

0

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एक सरकारी अस्पताल के शौचालय के पास एक आवारा कुत्ते को एक मृत नवजात शिशु को अपने जबड़े में दबाकर भागते हुए देखा गया. इस मामले में अस्पताल प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है.

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एक सरकारी अस्पताल के शौचालय के पास एक आवारा कुत्ते को एक मृत नवजात शिशु को अपने जबड़े में दबाकर भागते हुए देखा गया. इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. जिसके मुताबिक जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर महू के सिविल अस्पताल में शनिवार को यह घटना हुई थी, जहां एक सुरक्षा गार्ड ने कुत्ते को भगाने के बाद शव को बाहर निकाला.

सूत्रों के अनुसार बच्चे के शव को कुत्तों ने आंशिक रूप से खाया हुआ था. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि अस्पताल के अधिकारियों और पुलिस ने नवजात शिशु के पिछले घटनाक्रम और उसके बाद की घटनाओं की जांच शुरू कर दी है. महू सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉ. एचआर वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना रात 1.30 से 2 बजे के बीच हुई. इस दौरान एक छोटी लड़की शौचालय में जाती हुई दिखाई दी, जब हमने कर्मचारियों से जांच की, तो पता चला कि 17 वर्षीय लड़की पेट दर्द की शिकायत लेकर आई थी और शुक्रवार रात 9 बजे उसे भर्ती कराया गया था.

हमें संदेह है कि लड़की ने शौचालय में बच्चे को जन्म दिया. वहीं, लड़की कुछ ही देर बाद एक अज्ञात व्यक्ति के साथ अस्पताल से गायब हो गई. कुछ अधिकारियों ने कहा कि शिशु मृत पैदा हुआ था. लड़की के यहां से जाने के बाद शौचालय क्षेत्र से एक कुत्ता शव उठाकर ले गया. हमने शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया. हालांकि अभी रिपोर्ट का इंतजार है. प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रसव समय से पहले हुआ था.

पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और हम उनकी मदद के लिए सभी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराएंगे. अस्पताल में तीन प्रवेश द्वार थे, जो रात में खुले रहते हैं. सूत्रों ने बताया कि आवारा कुत्ते स्टोर रूम के पास स्थित गेट से घुसते हैं. नवजात के शरीर को कुत्तों ने आंशिक रूप से खा लिया था. मैंने निर्देश दिया है कि रात में सभी गेट बंद रखे जाएं, जबकि मुख्य गेट के पास एक सुरक्षा गार्ड लोगों पर नजर रखने और कुत्तों को भगाने के लिए खड़ा रहेगा.

महू थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अस्पताल के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज के साथ ही लड़की द्वारा भर्ती कराए जाने के समय दी गई जानकारी भी दी है. यह घटना मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सुवासरा-रुनिजा रोड पर आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा चार वर्षीय लड़के को मार डालने के चार दिन बाद हुई.

LUCKNOW : धारदार हथियार से युवक की हत्या… सुबह घर के बाहर मिला खून से लथपथ शव

0

यूपी की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके में आज सुबह एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक का खून से लथपथ शव गांव में पड़ा मिला तो सनसनी फैल गई. गले पर धारदार हथियार से वार और चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं. फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है.

आज तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इस गांव के रहने वाले युवक विजय उर्फ पप्पू नाम के युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. उसका शव गांव में पड़ा मिला, जिसे सबसे पहले परिजनों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस की जांच में सामने आया है कि विजय के गले पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. उसके चेहरे पर भी खरोंच के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है.

मौके पर मौजूद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने बताया कि विजय का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था, जिससे हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

करीब एक महीने पहले ही विजय हरियाणा से लौटकर गांव आया था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि पत्नी का निधन एक साल पहले हुआ था.विजय की मौत के बाद अब परिवार में केवल उसकी मां सुंदरी और बड़ा भाई पप्पू ही हैं. गांव में इस सनसनीखेज वारदात से भय और तनाव का माहौल है. इस मामले को लेकर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने गांव व आसपास के क्षेत्रों में जांच अभियान तेज कर दिया है.

MAHARASHTRA : टोल मांगा तो कर्मचारी पर चढ़ा दी गाड़ी, फिर कई मीटर घसीटा

0

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर के वीसापुर टोल नाके पर रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है. जहां बिना टोल चुकाए जा रहे टाटा एस गाड़ी चालक से जब टोल कर्मचारी ने टोल मांगा तो उसने सीधे टोल कर्मचारी पर ही गाड़ी चढ़ा दी.

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर के वीसापुर टोल नाके पर रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है. जहां बिना टोल चुकाए जा रहे टाटा एस गाड़ी चालक से टोल कर्मचारी ने टोल मांगा तो चालक ने सीधे टोल कर्मचारी पर ही गाड़ी चढ़ा दी. जिसमें कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. जिसे देखकर आप भी सहम जाएंगे.

जानकारी के अनुसार रात को करीब 1 बजे बल्लारशाह से चंद्रपुर की ओर से आ रही टाटा एस गाड़ी ने टोल बचाने के चक्कर में लाइन क्रॉस कर दी. इस दौरान टोल के एक कर्मचारी ने चालक को रुकने को कहा तो उसने गाड़ी न रोकते हुए, कर्मचारी के ऊपर चढ़ा दी. जिससे कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया. जिसका शहर के एक निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है.

घायल टोल कर्मचारी की पहचान संजय अरुण वांढ़रे के रूप में हुई है. जिसकी उम्र 27 साल बताई जा रही है. बताया जाता है कि संजय अरुण वांढ़रे कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर बल्लारपुर के विसापुर टोल नाका पर कार्यरत था. घटना के बाद मामले की शिकायत बल्लारपुर पुलिस में की गई है.पुलिस ने बताया कि चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर के वीसापुर टोल नाके पर टाटा एस गाड़ी चालक टोल से बचने के लिए लाइन क्रॉस कर रहा था. इस दौरान मौजूद कर्मचारी ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उस पर गाड़ी चढ़ा दी. जिससे कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया. मामले में जांच की जा रही है. आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी की मदद ली जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

DELHI : पहाड़गंज के होटल में संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, साथ आया युवक हुआ फरार

0

दिल्ली के पहाड़गंज में स्थित एक होटल में महिला का शव मिला है. पुलिस ने शव पर गला घोंटने और प्रहार के निशान पाए हैं. जिसकी बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. महिला के साथ आए पुरुष साथी होटल से फरार हो गया.

दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक होटल के कमरे में महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. नबी करीम थाना क्षेत्र के रोहित DX होटल के कमरे नंबर 123 में आज (रविवार) सुबह महिला का शव बाथरूम में पाया गया. मृतका की पहचान सरिका के तौर पर हुई. वह उत्तर पूर्वी दिल्ली के बुराड़ी की रहने वाली थी. उसके साथ होटल आने वाला पुरुष साथी सचिन, जो मलकागंज, दिल्ली का निवासी है, मौके से फरार हो गया.

होटल स्टाफ की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, सरिका और सचिन दोनों 7 जून को होटल में ठहरे थे. आज सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर सचिन फौरन होटल से बाहर निकल गया.पुलिस को महिला के शरीर पर हमले और गला घोंटने के निशान मिले हैं, जो इस घटना को हत्या की शक के दायरे में ला रहा है.पुलिस ने FIR दर्ज कर फरार सचिन की तलाश शुरू कर दी है. महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके.

पहाड़गंज जैसे क्षेत्र में ऐसी घटनाएं आम जनता में चिंता बढ़ा रही हैं. सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने और होटल स्तर पर कड़ी निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है.दिल्ली में अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. दिल्ली में एक नौ साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसका शव एक सूटकेस में खून से लथपथ मिला; रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई हैं, जबकि भजनपुरा में लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी को गिरफ्तार करने और फांसी की सजा देने की मांग की है. आरोपी, जो परिवार का जानने वाला बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

ENTERTAINMENT : ईद पर अली गोनी ने लुटाया गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन पर प्यार, केमिस्ट्री पर फैंस ने हारा दिल, बोले- ‘जल्दी शादी करो..’

टीवी एक्टर अली गोनी ने ईद पर अपनी गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ कई तस्वीरें शेयर की. इन तस्वीरों में कपल रॉयल लुक में नजर आया. आप भी डालिए तस्वीरों पर एक नजर…

एक्टर अली गोनी और एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन टीवी इंडस्ट्री का पॉपुलर कपल है. दोनों करीब पांच साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं. आज बकरीद के मौक पर दोनों रॉयल लुक में नजर आए. अली ने अपने सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों पर दोनों के फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं.

अली गोनी ने गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ कई सारी रोमांटिक और खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए फैंस को बकरीद की बधाई दी. इन तस्वीरों में दोनों ट्रेडिशनल और रॉयल लुक में दिखे. अली गोनी ब्लैक आउटफिट में दिखे. तो जैस्मिन ने गोल्डन कलर का सूट पहना हुआ है. दोनों तस्वीरों में एक-दूसरे संग कोजी होते हुए नजर आए.

अली गोनी ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि, ‘ईद मुबारक..’ साथ ही एक रेड हार्ट वाली इमोजी भी बनाई. कपल की ये पोस्ट अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. तस्वीरों पर फैंस तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. एक ने कहा कि, ‘भाई-भाभी को ईद मुबारक.’ दूसरे ने लिखा कि, ‘आप दोनों शादी कब कर रहे हो.’ एक फैन ने जैस्मिन की तारीफ करते हुए कहा, ‘अरे ये कितनी प्यारी और क्यूट है..’

बता दें कि अली गोनी और जैस्मिन भसीन मुंबई के आलीशान फ्लैट में लिव-इन में रह रहे हैं. हाल ही में दोनों यहां शिफ्ट हुए हैं. इस घर की झलक खुद जैस्मिन ने ही इंस्टाग्राम पर फैंस को दिखाई थी. बता दें कि अली इन दिनों ‘लाफ्टर शेफ्स’ में नजर आ रहे हैं. वहीं जैस्मिन टीवी के साथ पंजाबी इंडस्ट्री में भी अपना नाम चमका रही हैं.

 

- Advertisement -