Wednesday, May 13, 2026
Home Blog Page 551

NATIONAL : जासूसी मामले में बढ़ी यूट्यूबर जसबीर सिंह की रिमांड, ISI के लिए काम करने का आरोप

0

पंजाब के यूट्यूबर जसबीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद जासूसी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने आरोप लगाया है कि जसबीर ISI से जुड़ा हुआ था और उसने पाकिस्तान की तीन यात्राओं के दौरान जासूसी के लिए भर्ती की थी. इससे पहले यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को भी इसी केस में गिरफ्तार किया गया था. कोर्ट ने जसबीर की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी है.

पंजाब के मशहूर यूट्यूबर जसबीर सिंह उर्फ जान महल को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद मोहोली कोर्ट ने शनिवार को उसकी पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी. जसबीर सिंह को 4 जून को गिरफ्तार किया गया था और उसकी तीन दिन की रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस ने सात दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने केवल दो दिन की ही मंजूरी दी.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि जसबीर सिंह का संबंध एक बड़े जासूसी नेटवर्क से है, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन प्राप्त है. पुलिस का दावा है कि जसबीर सिंह न केवल पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से संपर्क में था, बल्कि वह पाकिस्तान हाई कमीशन के एक अधिकारी के भी संपर्क में था, जिसे हाल ही में भारत से जासूसी के आरोप में निष्कासित किया गया है.

जसबीर सिंह, जो रूपनगर जिले के महलां गांव का निवासी है, ‘जान महल वीडियो’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाता था, जिसके 11 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं. चैनल पर वह ट्रैवल और कुकिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट करता था, लेकिन जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तान की यात्रा तीन बार कर चुका है. 2020, 2021 और 2024 में. पुलिस के अनुसार, इन यात्राओं के दौरान वह पाकिस्तान आर्मी और ISI अधिकारियों से भी मिला और बाद में जासूसी गतिविधियों के लिए उन्हें भर्ती कर लिया गया.

इससे पहले, हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो “ट्रैवल विद JO” नाम का चैनल चलाती थीं, उसे भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. मल्होत्रा पाकिस्तान हाई कमीशन के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थीं, जिन्हें भारत सरकार ने 13 मई को निष्कासित कर दिया था. पुलिस इस पूरे जासूसी नेटवर्क की जांच कर रही है, जो सोशल मीडिया की आड़ में देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा था.

 

BUSINESS : अब इस बॉलीवुड कपल के नाम है विजय माल्या का किंगफिशर विला, जानें क्यों बेचने की आई गई थी नौबत?

0

गोवा में किंगफिशर विला कभी विजय माल्या का हुआ करता था, लेकिन साल 2017 में इसे बेचने के बाद अब यह किंग्स मेंशन के नाम से जाना जाता है. बंगले में एक से बढ़कर एक सुविधाएं हैं.

गोवा में किंगफिशर विला आज भी भगोड़े घोषित किए गए कारोबारी विजय माल्या की आलीशान जिंदगी की कहानियां बयां करती है. हालांकि, अब यह प्रॉपर्टी उनकी नहीं है. इसके नए मालिक बॉलीवुड अभिनेता सचिन जोशी और उनकी पत्नी उर्वशी शर्मा हैं. अब यह किंग्स मेंशन के नाम से जाना जाता है.

विजय माल्या पर IDBI बैंक से जुड़े 900 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट का आरोप है. माल्या पर कई सरकारी बैंकों से करीब 9000 करोड़ रुपये का लोन नहीं चुकाने का भी आरोप है. इसके बाद बैंक विजय माल्या की संपत्तियों की नीलामी कर वसूली करना चाहते थे. इसी क्रम में 73 करोड़ रुपये में किंगफिशर विला बेच दिया गया.

12,350 स्क्वॉयर फीट में फैला यह बंगला तीन एकड़ के प्लॉट पर बना हुआ है. इसमें प्राइवेट स्विमिंग पूल, मैनीक्योर लॉन, डॉन्स फ्लोर जैसी तमाम सुविधाएं है. जैसा कि सबको पता ही है कि विजय माल्या को महंगी पार्टियों का शौक था. उनकी पेज3 पार्टियों की चकाचौंध देख सब हैरान रह जाते थे. इसे खरीदने के बाद बंगले का नाम किंग्स मेंशन रखने के अभिनेता सचिन जोशी के फैसले की वजह यह थी कि बंगले के पहले मालिक रहे विजय माल्या की पहचान कहीं न कहीं इससे जुड़ी रहे. बता दें कि यह नाम माल्या के किंग्स बीयर ब्रांड के नाम से मेल खाता है.

अजान और जैकपॉट जैसी फिल्मों के लिए मशहूर सचिन जोशी एक सक्सेसफुल बिजनेसमैन भी हैं. उनकी कंपनी वाइकिंग वेंचर्स हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी हुई है. JMJ ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के फाउंडर जगदीश जोशी के बेटे सचिन जोशी तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में भी हाथ आजमा चुके हैं. उन्होंने आशिकी 2 की रीमेक नी जथागा नेनुंदली में आदित्य रॉय कपूर के किरदार का तेलुगु वर्जन निभाया था. उनकी पत्नी उर्वशी एक एक्ट्रेस भी रह चुकी हैं. वहीं, माल्या इस वक्त ब्रिटेन में हैं और कानूनी कार्यवाही में उलझे हुए हैं.

 

NATIOANL : पहलगाम हमले में मारे गए मेजर विनय नरवाल की पत्नी का AI से अश्लील वीडियो बना YouTube पर डाला, पिता-पुत्र गिरफ्तार

0

हरियाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गोपालगंज से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अपने साथ ले गई. पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने इस तरह के कई और वीडियो बनाकर शेयर किए हैं.

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए मेजर विनय नरवाल की पत्नी का चेहरा मॉर्फ कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड करने के मामले में हरियाणा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुग्राम साइबर थाना की टीम ने बिहार के गोपालगंज पुलिस की मदद से मांझा थाना क्षेत्र के धोबवलिया गांव में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहिबुल हक और उसके बेटे गुलाब जिलानी के रूप में हुई है. दोनों पर आरोप है कि उन्होंने ‘S S REAL POINT’ नामक यूट्यूब चैनल पर शहीद की पत्नी का चेहरा मॉर्फ कर वीडियो अपलोड किया था. इस वीडियो को लेकर हरियाणा के गुरुग्राम साइबर थाना में कांड संख्या 195/25 दर्ज किया गया था.

हरियाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गोपालगंज से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अपने साथ ले गई. पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने इस तरह के कई और वीडियो बनाकर शेयर किए हैं और कई लोगों को निशाना बनाया है.पुलिस अब डिजिटल फॉरेंसिक जांच के जरिए आरोपियों के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है. पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और यह एक संगठित साइबर अपराध गिरोह का हिस्सा हो सकता है.

गोपलगंज एसपी अवधेश दीक्षित की ओर से जारी प्रेस रिलीज में इस कार्रवाई की पुष्टि की गई है. प्रेस रिलीज में बताया गया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यूट्यूब चैनल को ट्रैक किया गया और फिर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई.इस मामले में गिरफ्तारी के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है. लोगों में इस बात को लेकर चर्चा है कि किस तरह AI का दुरुपयोग कर शहीद परिवारों की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.

NATIONAL : CM मोहन यादव के बेटे की हो गई सगाई, जानें कौन हैं यादव परिवार की होने वाली बहू?

0

मध्य प्रदेश से एक शुभ समाचार सामने आया है. यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे अभिमन्यू यादव की रविवार को भोपाल में सगाई हो गई. इससे परिवार में खुशी की लहर है.मध्य प्रदेश से एक खुशखबरी है. राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे अभिमन्यू यादव की सगाई आज हो गई. सीएम ने इस बाबत सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सगाई समारोह की फोटो के साथ जानकारी शेयर की है.

इस मौके पर सीएम के रिश्तेदारों और करीबियों ने उपस्थित होकर बधाई दी. मेहमानों ने डॉ अभिमन्यु यादव के सगाई समारोह में शामिल होकर नवयुगल को सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं दी. इस मौके पर मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे. वीडी शर्मा ने भी यह जानकारी अपने एक्स हैंडल से शेयर की है.

सीएम मोहन यादव के बेटे की सगाई एमपी के खरगोन के ही रहने वाले दिनेश यादव की बेटी डॉ. इशिता यादव के साथ हुई है. इस दौरान परिवार में काफी खुशी का माहौल देखने को मिला.

सीएम ने एक्स पर लिखा, ”बाबा श्री महाकाल और श्री गोपाल कृष्ण की परम कृपा और पूज्य पिताश्री और माताश्री के आशीर्वाद से पुत्र चिरंजीवी डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई, खरगोन के दिनेश यादव की सुपुत्री डॉ. इशिता यादव के साथ संपन्न हुई. इस पुनीत, पावन मंगल बेला पर सभी वरिष्ठजनों ने आशीर्वाद प्रदान किया, स्वजनों ने बधाइयां दीं, आप सभी का हृदय से आभार, अभिवादन”.

ENTERTAINMENT : बेटी सुहाना की फोटोज पर शाहरुख खान ने किया कमेंट, रिएक्शन हुआ वायरल

0

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने हाल ही में बेटी सुहाना खान की नई फोटोशूट की तस्वीरों पर अपना प्यार दिखाया. सुहाना ने भी प्यार से जवाब देकर सभी का दिल जीत लिया.बेटी सुहाना खान की नई फोटोशूट की तस्वीरों पर शाहरुख खान ने किया प्यार भरा कमेंट. बेटी ने भी दिल से जवाब दिया. दोनो की यह प्यार भरी बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के लिए हमेशा सपोर्टिव रहे हैं. हाल ही में जब सुहाना ने अपने नए एड फोटोशूट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, तो शाहरुख ने उस पर प्यार भरा रिएक्शन दिया. चलिए जानते हैं इस खास पल की पूरी कहानी.

सुहाना खान ने एडिडास इंडिया के साथ एक नया ऐड शूट किया है. इस फोटोशूट में वह बेहद फिट और स्टाइलिश लुक में नजर आईं. उन्होंने यह तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जो कुछ ही देर में वायरल हो गईं. इन तस्वीरों में वह स्पोर्ट्स वियर में अलग-अलग पोज़ देती दिखीं और उनकी एक्टिवनेस ने फैंस का दिल जीत लिया.

बेटी की पोस्ट पर शाहरुख ने कमेंट किया ,’लुकिंग सो गुड’. इस पर सुहाना ने तुरंत जवाब दिया, ‘लव यू’. ये पापा और बेटी की ये छोटी सी बातचीत सोशल मीडिया पर काफी पसंद की गई. लोग इस बॉन्ड को देखकर भावुक हो गए. मिहिर आहूजा सहित कई लोगों ने रेड हार्ट इमोजी और तारीफ भरे कमेंट किए. किसी ने सुहाना को ‘स्पोर्टी और स्टाइलिश ‘ कहा, तो किसी ने उन्हें ‘परफेक्ट च्वॉइस ऑफ ब्रांड ‘ बताया.

सुहाना ने दिसंबर 2023 में ‘द आर्चीज ’ से एक्टिंग डेब्यू किया था, जिसे जोया अख्तर ने डायरेक्ट किया था. अब वह जल्द ही अपने पापा शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी, जिसे अब सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं.

शाहरुख के बेटे आर्यन खान भी ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ नाम की सीरीज़ से डायरेक्शन में डेब्यू कर रहे हैं. इस सीरीज की कहानी बॉलीवुड इंडस्ट्री की झलक, अंदरूनी राजनीति और गहरे मुद्दों को दिखाएगी. इस प्रोजेक्ट को लेकर फैंस और इंडस्ट्री दोनों में उत्सुक्ता बनी हुई है, क्योंकि सभी जानना चाहते हैं कि शाहरुख के बेटे का निर्देशन स्टाइल कैसा होगा.

Netflix के एक इवेंट में शाहरुख ने कहा,’अगर मेरी बेटी और बेटे को भी 50% प्यार मिल जाए जो मुझे मिला है, तो वो बहुत होगा’. उनकी यह बात दर्शकों को बहुत छू गई और सबने उनके बच्चों को शुभकामनाएं दीं.

 

NATIONAL : मथुरा में गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा, पुलिस ने 74 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR

0

गौरक्षक धीरज कौशिक की शिकायत पर 24 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के सहारे मांस के टुकड़े डालने वालों की तलाश की जा रही है.

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने बरसाना रोड स्थित ईदगाह के समीप गोवंश के अवशेष मिलने के बाद 24 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, बरसाना रोड स्थित ईदगाह के समीप शनिवार को गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव फैल गया. पुलिस ने बताया कि वहीं मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे की ‘सर्विस लेन’ पर गोवंश का जला हुआ शव मिलने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क गए.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया, “शनिवार देर शाम ईदगाह के पास गोवंश के अवशेष मिले थे. जिसकी सूचना मिलते ही गोरक्षक दल के सदस्य और स्थानीय हिन्दू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे.” उन्होंने बताया, “हम रात में ही मौके पर पहुंच गए. लोगों को समझा कर शांत कराया और गौरक्षक धीरज कौशिक की शिकायत पर 24 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के सहारे मांस के टुकड़े डालने वालों की तलाश की जा रही है.”

अधिकारी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. मांट क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गुंजन सिंह ने बताया कि मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर शनिवार को गोवंश का जला हुआ शव मिलने से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश भड़क गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने बताया कि मौकै पर मौजूद लोगों का कहना है कि दो-तीन दिन से वहां गाय का शव पड़ा हुआ था और शनिवार को किसी ने उस पर घास-फूस डाल कर आग लगा दी.

अधिकारी ने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी कार्यकर्ता मुकदमा दर्ज कराने के लिए हंगामा करने लगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अशोक सारस्वत ने राधारानी गौसेवा ट्रस्ट की ओर से शिकायत दर्ज कराई. मांट थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जसबीर सिंह ने बताया कि गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार कर दिया गया और सर्विलांस साक्ष्यों की मदद से घटनास्थल के आसपास मौजूद रहे लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

ENTERTAINMENT : सिद्धू मूसेवाला पर डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ पिता बलकौर सिंह ने DGP से की शिकायत, रोक लगाने की मांग

0

सिद्धू मूसेवाला पर बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. उनके पिता बलकौर सिंह ने महाराष्ट्र डीजीपी और जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने की मांग की है. उनका आरोप है कि बिना अनुमति बनाई गई यह डॉक्यूमेंट्री न केवल उनके बेटे की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है, बल्कि हत्याकांड से जुड़े कोर्ट केस को भी प्रभावित कर सकती है. उन्होंने इसके खिलाफ अदालत जाने की चेतावनी भी दी है.

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर बन रही बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सिद्धू के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने महाराष्ट्र के डीजीपी और जुहू पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराते हुए इस डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने की मांग की है.बलकौर सिंह का कहना है कि 11 जून को मुंबई के जुहू में दोपहर 3 बजे इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए आमंत्रण भी भेजे गए हैं. डॉक्यूमेंट्री में दावा किया गया है कि इसमें सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी और हत्या से जुड़ी कई अनदेखी जानकारियां और राज सामने लाए जाएंगे.

शिकायत में बलकौर सिंह ने आरोप लगाया है कि इस डॉक्यूमेंट्री के लिए उनसे कोई इजाजत नहीं ली गई. उनका कहना है कि यह फिल्म उनके बेटे की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और चल रहे कोर्ट केस की प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकती है.

उन्होंने यह भी दावा किया है कि बीबीसी ने उन लोगों के इंटरव्यू लिए हैं जो सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में एफआईआर में नामजद हैं.बलकौर सिंह ने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो वे सोमवार को अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे. उन्होंने आशंका जताई कि डॉक्यूमेंट्री के जरिए उनके बेटे की लेगेसी को खराब करने का प्रयास किया जा सकता है.फिलहाल इस मामले में पुलिस या बीबीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों और परिजनों में इसे लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है.

मानसा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे सिद्धू मूसेवाला के पिता
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने अपने बेटे की तीसरी बरसी से दो दिन पहले बड़ा राजनीतिक ऐलान किया था. उन्होंने घोषणा की थी कि वह 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से चुनाव लड़ेंगे.

मीडिया से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि सिद्धू मूसेवाला ने राजनीति में कदम रखा था, क्या अब उनके सपनों को आप आगे बढ़ाएंगे? इस पर बलकौर सिंह ने कहा, ‘हां, बिल्कुल. अब हम सिस्टम के अंदर रहकर न्याय की बात करेंगे. बाहर से कुछ नहीं हो सकता. सीएम का एक बयान आया था कि गोल्डी बराड़ को हिरासत में लिया गया है, लेकिन उनकी बातें हमेशा झूठी साबित होती हैं.’

गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला ने 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मानसा से लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. उनके पिता बलकौर सिंह ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे निर्दलीय मैदान में उतरेंगे या किसी पार्टी से जुड़ेंगे.

NATIONAL : दिल्ली में 9 साल की बच्ची से हैवानियत के बाद हत्या, ब्रीफकेस में मिला शव! रोंगटे खड़े कर देगी वारदात

0

नेहरू विहार में एक 9 साल की लड़की के साथ यौन उत्पीड़न और हत्या का मामला सामने आया है, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए हैं. पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.दिल्ली के नेहरू विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. बच्ची का शव एक बंद मकान में ब्रीफकेस के अंदर मिला, जिसमें से लगातार खून रिस रहा था.

यह घटना 7 जून की रात करीब 8:41 बजे की है, जब पुलिस को एक कॉल मिली कि नेहरू विहार की गली नंबर 2 में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप हुआ है. पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि लड़की को उसके पिता जेपीसी अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसके चेहरे पर गहरी चोटों के निशान और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई है.

मृत बच्ची के पिता ने बताया कि शनिवार शाम उनकी बेटी पास में रहने वाली अपनी बड़ी अम्मी को बर्फ देने के लिए घर से निकली थी. काफी देर तक जब वह नहीं लौटी, तो परिजनों को काफी चिंता होने लगी जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई.

जिस परिजन के घर उसे बर्फ लेकर जाना था वहां पहुंचे तो पता चला कि वह घर आई ही नहीं. परिजनों ने आसपास के बच्चों से पूछताछ की तो मालूम हुआ कि बच्ची एक मकान की ओर गई थी. जब पिता उस मकान पर पहुंचे तो बाहर से ताला लगा था. ताला तोड़कर अंदर जाने पर उन्हें एक ब्रीफकेस मिला, जिसमें से खून रिस रहा था.

जैसे ही उस ब्रीफकेस को खोला देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने देखा कि उनकी बेटी बेहोशी की हालात में अर्धनग्न खून से लथपथ पड़ी हुई है. तुरंत खुद को संभालते हुए वे बच्ची को पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घिनौनी वारदात को इलाके के ही कुछ स्थानीय लड़कों ने अंजाम दिया है. उनका कहना है कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद से ही फरार हैं.

पुलिस ने पीड़िता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और FIR नंबर 300/25 के तहत BNS की धारा 103(1)/66/13(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

जानकारी के अनुसार, हैवानों की तलाश के लिए पुलिस ने 6 टीमें गठित की हैं. दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं जो दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और अलीगढ़ में लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि वे सभी तकनीकी और स्थानीय सुरागों को खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके.

इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है. स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द कानून के कटघरे में लाया जाएगा. यह मामला एक बार फिर से राजधानी में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.

 

RAJASTHAN : छात्रा ने बोली अंग्रेजी तो शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पकड़े लिए कान, फिर हाथ जोड़कर कह दी ऐसी बात

0

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक छात्रा द्वारा अंग्रेजी में सवाल पूछने पर कान पकड़कर हिंदी में बोलने का आग्रह करते हैं.राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर किसी न किसी वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. उनका दो दिन पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इस वीडियो की वजह से वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं.

यह वीडियो राजस्थान के बारा जिले का है, जिसमें एक लड़की मंत्री मदन दिलावर से कुछ कहती है तो वह पहले अपने कान पकड़ लेते हैं और फिर हाथ जोड़कर उससे कहते हैं कि मुझे अंग्रेजी नहीं आती. वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं. राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर दो दिन पहले बारा जिले के दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने जिला परिषद सभागार में खुली जनसुनवाई की. उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की भी कोशिश की. जनसुनवाई के दौरान उन्होंने जिले के अलग-अलग विभागों के अफसरों को जिला परिषद सभागार में बुला रखा था.

इस दौरान वहां एक रोचक घटना देखने को मिली. जनसुनवाई में मौजूद एक छात्रा जिसका नाम दामिनी हाडा था, उसने सरकारी स्कूलों की खराब हालत को लेकर मंत्री मदन दिलावर से सवाल पूछना शुरू किया. छात्रा दामिनी मंत्री से अंग्रेजी में बात कर रही थी. उसने जैसे ही अंग्रेजी में बोलना शुरू किया, सामने बैठे मंत्री मदन दिलावर ने पहले अपने कान पकड़े और फिर हाथ जोड़कर कहा कि आप हिंदी में बोलिए. मैं गांव का आदमी हूं, मुझे अंग्रेजी नहीं आती.

मंत्री के कान पकड़ने और हाथ जोड़ने और यह कहने कि मैं गांव का आदमी हूं मुझे अंग्रेजी नहीं आती, सुनकर तमाम लोग हंसने लगे. बहरहाल, इसके बाद छात्रा दामिनी ने हिंदी में अपनी बात कही. उसने कहा कि जो भी लोग थोड़े भी सामर्थ्यवान हैं, वह अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाते हैं. ऐसे में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए मंत्री और उनकी सरकार की तरफ से क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

बहरहाल, मंत्री मदन दिलावर ने छात्रा को बताया कि उनकी सरकार स्कूलों की हालत सुधारने को लेकर तमाम कदम उठा रही है. मंत्री मदन दिलावर का छात्रा के सामने कान पकड़ने और हाथ जोड़ने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वैसे अगर आप यह सोच रहे हैं कि मंत्री मदन दिलावर को अंग्रेजी नहीं आती तो आप गलत हैं. उन्होंने 42 साल पहले 1983 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था. वह सिर्फ यह संदेश देना चाहते थे कि छात्रा की बात को सभागार में मौजूद सभी लोग समझ सकें. इसलिए अपने कान पकड़कर अंग्रेजी नहीं आने की बात कही थी.

 

- Advertisement -

News of the Day