Thursday, May 14, 2026
Home Blog Page 575

NATIONAL : एक तो गलती ऊपर से अकड़… सोसाइटी के गेट में ठोकी कार, घायल गार्ड से किया दुर्व्यवहार

0

गाजियाबाद की पॉश स्कार्डी ग्रीन गोल्फलिंक सोसाइटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में तेज रफ्तार कार का कहर और चालक की लापरवाही देखने को मिली. सोसाइटी के मेन गेट पर ड्यूटी कर रहा एक सुरक्षा गार्ड, कार चालक की लापरवाह ड्राइविंग का शिकार बन घायल हो गया.

दरअसल, कार ने अचानक सोसाइटी के गेट में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार तेजी से आकर सीधे सोसाइटी के गेट में टक्कर मारती है, जिससे पास में मौजूद गार्ड उछलकर दूर गिरता है.

घायल गार्ड को उसके साथी गार्डों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार चला रहा युवक शराब के नशे में था और वह उसी सोसाइटी का निवासी है. टक्कर मारने के बाद युवक ने न तो गार्ड की मदद की और न ही उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की.

घायल गार्ड की पत्नी ने भी आरोप लगाया है कि घटना के वक्त आरोपी युवक नशे में था और उसने हादसे के बाद अपनी गलती मानने से मना कर दिया, साथ ही घायल गार्ड की मदद से भी इनकार कर दिया. पीड़ित की पत्नी का कहना है कि उसके पति को घायल हालत में साथी गार्ड अस्पताल लेकर गए. घटना के बाद सोसाइटी के लोगों और कार सवार युवक के बीच तीखी बहस भी हुई. स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने और पीड़ित गार्ड के परिवार ने इस मामले की शिकायत संबंधित कविनगर थाना पुलिस से की है. पुलिस ने वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की जानकारी कर रही है.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घायल गार्ड का इलाज अस्पताल में जारी है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो.

MP : रीवा में पति- पत्नी और बेटे पर गिरी बिजली, तीनों की झुलसकर मौत, बारिश से बचकर पेड़ के नीचे खड़ा था परिवार

0

रीवा में गिरी आकाशीय बिजली ने परिवार 3 सदस्यों को आगोश में ले लिया. इस हादसे में पति पत्नी सहित मासूम पुत्र की मौत हो गई. इसके अलावा परिवार के दो लोग बुरी तरह से झुलस गए.

मध्य प्रदेश के रीवा में मौसम में अचानक आए बदलाव ने परिवार 3 सदस्यों को आगोश में ले लिया. परिवार पर आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी. इस हादसे में पति पत्नी सहित मासूम पुत्र की मौत हो गई. वहीं परिवार के अन्य 2 सदस्य बुरी तरह से झुलस गए. जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है.

पूरा मामला रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर नैनाशक्ति गांव का है. यहां पर आशीष वासुदेवा अपने परिवार के साथ रहते थे. गुरुवार को अचानक मौसम में बदलाव आया. तेज हवा के साथ बारिश हुई. इसी दौरान आकाशीय बिजली ने अपना कहर बरपा दिया. बिजली की चपेट में आशीष और उसका परिवार आ गया.

बताया जा रहा है की जिस दौरान यह हादसा हुआ पूरा परिवार आम के पेड़ के नीचे था. तभी अचानक तेज गरज के साथ बिजली उसी पेड़ के नीचे गिरी गई. परिवार कुछ समझ पाता इससे पहले भी सभी को बिजली ने आगोश में ले लिया. पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि आशीष उनकी पत्नी ज्योति और मासूम बेटे किशन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य बुरी तरह से झुलसकर जख्मी हो गए है. इन्हें इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भेजा है.

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि आशीष उनकी पत्नी ज्योति और मासूम बेटे किशन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य बुरी तरह से झुलस कर जख्मी हो गए हैं.

NATIONAL : इंस्टाग्राम फ्रेंड बना ब्लैकमेलर… 9 फर्जी अकाउंट से युवती को किया ब्लैकमेल, धमकी देकर वसूली की कोशिश

0

दिल्ली के शाहदरा से एक सनसनीखेज साइबर क्राइम का खुलासा हुआ है, जहां एक युवक ने अपनी महिला मित्र को ब्लैकमेल करने के लिए नौ फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए. दोस्ती के नाम पर शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे यौन शोषण, मानसिक प्रताड़ना और धमकियों में बदल गया. आरोपी को दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया है.

इंस्टाग्राम पर दोस्ती की आड़ में एक महिला को ब्लैकमेल करने वाले एक युवक को दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने अरेस्ट कर लिया है. आरोपी ने पहले युवती के प्राइवेट फोटो-वीडियो हासिल कर लिए. इसके बाद उसके नाम से 9 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए और उन पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर ब्लैकमेल करने लगा. इसके बाद इस मामले में पूर्वी दिल्ली के शाहदरा साइबर थाने में शिकायत की गई, जहां पीड़िता ने तीन साल तक चले शोषण की आपबीती सुनाई.

पीड़िता ने बताया कि साल 2021 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए 37 वर्षीय हिमांशु अरोड़ा नाम के युवक से हुई थी. शुरू में बातचीत सामान्य रही, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी ने भावनात्मक दबाव बनाकर उसके फोटो और वीडियो मंगवा लिए. इसके बाद आरोपी ने अपना असली चेहरा दिखाया. हिमांशु ने एक के बाद एक कुल 9 फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाए और उन पर महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें डालकर उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा, साथ ही फर्जी Gmail ID से मेल भेजकर महिला से 1 लाख रुपये मांगे.

पीड़िता को इंस्टाग्राम, Google Meet और वीडियो कॉल पर लाइव धमकियां मिलती रहीं. आरोपी ने महिला को तेजाब फेंकने, अगवा करने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. इतना ही नहीं, उसने महिला के नाम से फर्जी FIR और मर्डर केस से जुड़ा फेक लीगल नोटिस भी भेजा, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई.

इस पूरे मामले की शिकायत मिलने पर शाहदरा साइबर क्राइम यूनिट ने मेटा (Instagram की पैरेंट कंपनी) और गूगल से डिजिटल डेटा मंगाया और मोबाइल नंबर को ट्रेस किया. जांच में पता चला कि फर्जी अकाउंट आरोपी की मां के नाम पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बनाए गए थे, लेकिन इस्तेमाल खुद हिमांशु अरोड़ा कर रहा था. इसके बाद आरोपी को 29 मई 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ की गई तो उसने आरोप कबूल कर लिए. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई. आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है.

हिमांशु अरोड़ा दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक है. वह विवाहित है और उसकी 12 साल की एक बेटी है. उसका परिवार शाहदरा के फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया में सैनिटरी वेयर का बिजनेस करता है.

पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन, जिसमें आपत्तिजनक तस्वीरें भी थीं, एक लैपटॉप, एक फर्जी इंस्टाग्राम ID के स्क्रीनशॉट और लॉगिन डेटा बरामद किया है. लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच की जा रही है. इस मामले को लेकर डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने कहा कि किसी से भी ऑनलाइन दोस्ती करने में सतर्कता बरतें. बच्चों की डिजिटल एक्टिविटी पर नजर रखें. कोई भी पीड़िता डरने की बजाय सामने आए, हमारी साइबर टीमें हर तरह से सक्षम हैं.

ENTERTAINMNET : शिवांगी जोशी ने ‘भाग्यश्री’ के किरदार के लिए बढ़ाया 8 किलो वजन, कहा- ‘मुझे बहुत खाना पड़ा है’

0

शिवांगी जोशी और हर्षद चोपड़ा का शो बड़े अच्छे लगते हैं फिर से जल्द ही शुरू होने जा रहा है. शो में शिवांगी ने अपने किरदार के लिए बहुत वजन बढ़ाया है.


बड़े अच्छे लगते हैं सीरियल का नया सीजन आने वाला है. इस सीजन को लेकर लोगों में बहुत ज्यादा एक्साइटमेंट हैं. फैंस इंतजार कर रहे हैं कब ये शुरू हो और वो एक लव स्टोरी देखें. बड़े अच्छे लगते हैं के नए सीजन में हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी लीड रोल में नजर आने वाले हैं. शो का प्रोमो सामने आ चुका है और अब दोनों एक्टर्स अपने रोल के बारे में बात कर रहे हैं. शिवांगी जोशी ने भाग्यश्री के किरदार के लिए वजन बढ़ाया है. इस बारे में उन्होंने खुद बताया है.

सास बहू और बेटियां से बात करते हुए शिवांगी जोशी और हर्षद चोपड़ा ने बताया कि बड़ अच्छे लगते हैं नए सीजन की स्टोरीलाइन काफी यूनिक है. शो में दो स्टेट का तड़का लगने वाला है. हर्षद के किरदार का नाम ऋषभ है और वो पंजाबी हैं. वहीं शिवांगी के किरदार का नाम भाग्यश्री है और वो तमिलियन हैं. शिवांगी ने भाग्यश्री बनने के लिए बहुत मेहनत की है.

शिवांगी ने इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने 8 किलो वजन बढ़ाया है. उन्होंने कहा- ‘मुझे बहुत खाना पड़ा था. मुझे वेट गेन करने के लिए बोला गया था. तो मैंने गेन किया है काफी. मैंने 8 किलो वजन बढ़ाया है तो मेहनत तो लगी है काफी खाने में.’

जब शिवांगी से पूछा गया कि वजन बढ़ाना और घटाने में से क्या आसान है. इस पर शिवांगी ने कहा दोनों ही बहुत मुश्किल है. हर्षद ने बताया कि लोग उन्हें वजन बढ़ने की वजह से ताने मारते रहते हैं. जिसके बाद शिवांगी ने बताया कि हर्षद सेट पर पूरे समय जंक फूड खाते रहते हैं. वो भी अब ये सब खाकर परेशान हो गई हैं और खाने का मन नहीं करता है.

शिवांगी ने बताया कि उन्होंने अपनी भाषा पर भी काम किया है, क्योंकि शो में उनका किरदार भाग्यश्री एक साउथ इंडियन है और अपने परिवार से तमिल में बात करती है. कलाकारों ने यह भी बताया कि शो में भाग्यश्री के पास एक पेट डॉग होगा, जिसका नाम कद्दू है. कद्दू भाग्यश्री और ऋषभ के लिए कामदेव की भूमिका निभाएगा.

NATIONAL : ISI ने कासिम से कहा, ‘तुम्हारा भाई हमारे लिए काम करता है, तुम भी…’, फिर 2 लाख में बेच दी भारत की खुफिया जानकारी

0

कासिम ने पूछताछ में बताया कि ISI ने उससे संपर्क कर पूरी ट्रेनिंग दी कि वह कैसे आर्मी से कॉन्टैक्ट करे और सारी जानकारी निकाल सके. वह मौलवी है, इसलिए लोगों को शक नहीं होता.राजस्थान के डीग से गिरफ्तार हुए आरोपी पाकिस्तानी जासूस कासिम से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूछताछ कर रही है. अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि कासिम को जासूसी के बदले पाकिस्तान से अलग-अलग किस्तों में करीब 2 लाख रुपये मिले. ये दो लाख रुपये ‘पाकिस्तानी करंसी’ में उसे मिल चुके हैं.

पूछताछ में कासिम ने बताया है कि उसने फोन से सारा डेटा डिलीट कर दिया है. कासिम ने यह भी बताया कि जब पहलगाम हमला हुआ और भारत में जासूस पकड़े जाने लगे तब उसने अपने फोन से सारा डेटा डिलीट कर दिया. हालंकि, पुलिस फोन की फॉरेंसिक जांच करवा रही है और उसके दावों को वेरीफाई कर रही है.

पुलिस ने कासिम के फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. फॉरेंसिक की रिपोर्ट आने के बाद ये साफ हो पाएगा कि कासिम ने अब तक पाकिस्तान के साथ क्या और कितनी इन्फॉरमेशन शेयर की है. इसके अलावा, कासिम की सीडीआर यानी कॉल रिकॉर्ड भी निकाले जा रहे हैं, जिससे ये पता चल सके कि भारत आने के बाद वो भारत में कहां-कहां गया और किस-किस से संपर्क में रहा.

कासिम के दस्तावेजों की जांच में सामने आया है कि पहलगाम हमले के करीब 1 हफ्ते पहले ही वो पाकिस्तान से वापस भारत आया है. पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में कासिम के रिश्तेदार रहते हैं. इसी का फायदा उठाकर वो पाकिस्तान गया और वहां ISI के संपर्क में आया.

ISI ने कासिम को बताया कि तुम्हारा भाई अनीस हमारे लिए काम करता है. तुम भी हमारे लिए काम करो. क्योंकि तुम मौलवी हो और लोग तुम्हारी बातों पर विश्वास करेंगे. सूत्रों की मानें तो क़ासिम को बाकायदा जासूसी की ट्रेनिंग दी गई. कैसे आर्मी के संपर्क में आना है और कैसे सावधानी बरतनी है कि वो पकड़ा ना जाए. पुलिस के सूत्रों ने ये भी बताया कि कासिम का भाई असीन अभी फरार है. उसकी तलाश की जा रही है. वो भी कई बार पाकिस्तान जा चुका है.फिलहाल, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम कासिम के गांव पहुंची है. डीग पहुंची स्पेशल टीम कासिम के घरवालों और उसके रिश्तेदारों और करीबियों से पूछताछ करेगी.

 

MAHARASHTRA : 16 साल की लड़की ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

0

अमरावती के गाडगेनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक 16 साल की लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की का पोस्टमॉर्टम कराया तो मालूम हुआ कि वह गर्भवती थी.

महाराष्ट्र के अमरावती शहर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के गाडगेनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक 16 साल की लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. डॉक्टरों की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि मृत किशोरी गर्भवती थी.

इस चौंकाने वाली जानकारी के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की है. किशोरी के परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाला एक 17 साल का एक किशोर उनकी बेटी को काफी समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसे धमकाता था. परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी किशोर को बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह ब्लैकमेल कर उसे परेशान करता रहा.

उन्होंने कहा कि नाबालिक लड़का, लड़की को ब्लैकमेल करता था और जबरन संबंध प्रस्थापित कर उसे प्रताड़ित करता था , जिसके चलते वह गर्भवती हुई होगी. परिजनों का आरोप है कि किशोरी को बदनामी का डर दिखाकर आरोपी ने मानसिक रूप से इतना दबाव डाला कि उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया.

गाडगेनगर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी दिनेश दहातोंडे ने जानकारी दी कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी किशोर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के चलते आत्महत्या के लिए उकसाना, बलात्कार, और पोक्सो अधिनियम (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस आरोप से संबंधित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

PUNJAB : पुंछ के जिस गुरुद्वारे पर PAK ने किया था हमला, अमित शाह ने वहां टेका माथा……

0

अमित शाह ने पुंछ की जमीं से पाकिस्तान से दो टूक कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते. भारत किसी भी तरह का हमला सहन नहीं करेगा. इसका सटीक और इससे भी बुलंद जवाब दिया जाएगा और हमारी सेनाओं ने ये कर दिखाया है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं. उन्होंने इस दौरे के दूसरे दिन पुंछ में पाकिस्तान की गोलाबारी में प्रभावित हुए पीड़ितों से मुलाकात की. पुंछ से शाह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उस गुरुद्वारे में भी माथा टेका, जिस पर पाकिस्तान ने हमला किया था.अमित शाह ने पुंछ में जिस गुरुद्वारे का दौरा किया है. वहां ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने गोलाबारी की थी. पाकिस्तान की गोलाबारी में पुंछ का यह सबसे पुराना गुरुद्वारा क्षतिग्रस्त हो गया था. इस गुरुद्वारे का नाम श्री गुरु सिंह सभा है, जो एलओसी के करीब है.

वहीं, शाह ने पुंछ की जमीं से पाकिस्तान से दो टूक कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते. भारत किसी भी तरह का हमला सहन नहीं करेगा. इसका सटीक और इससे भी बुलंद जवाब दिया जाएगा और हमारी सेनाओं ने ये कर दिखाया है. पुंछ में कई लोगों के घरों को नुकसान हुआ है. लोगों के बिजनेस को नुकसान हुआ है. जम्मू कश्मीर सरकार ने ऐसे लोगों की मदद की है और अब भारत सरकार भी उनके लिए एक पैकेज लेकर आएगी.

शाह ने पुंछ में सिर्फ गुरुद्वारा ही नहीं बल्कि मंदिर का भी दौरा किया. साथ ही पुंछ के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें रोजगार नियुक्ति पत्र भी सौंपे. इस दौरान उन्होंने कहा कि जो बहादुरी पुंछ के लोगों और उनके अधिकारियों ने दिखाई और जो देशभक्ति का जज्बा घाटी से लेकर पुंछ और कठुआ तक जम्मू-कश्मीर के लोगों में उभरकर आया है, उससे पूरे देश की जनता का संबल बढ़ा है.

उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष नागरिकों और सैलानियों पर कायराना हमला हुआ. भारत सरकार और पीएम मोदी की हर आतंकी हमले का जवाब कठोरता से देने की नीति के तहत सेना ने सात मई की रात पीओके और पाकिस्तान में आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर दिया. पहली बार देश की सेनाओं ने पाक सीमा के अंदर खड़े आतंकी संगठनों के हेडक्वार्टर्स को ध्वस्त कर उन्हें करारा जवाब दिया.

 

MAHARASHTRA : गलत तरीके से लगाया हाथ… 22 साल की महिला से छेड़छाड़ के आरोप में कैब ड्राइवर गिरफ्तार

0

मुंबई की वाकोला पुलिस स्टेशन ने एक कैब ड्राइवर को 22 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कैब ड्राइवर ने ट्रैवलिंग के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ था. घटना के बाद से आरोपी फरार था.

महाराष्ट्र में मुंबई की वाकोला पुलिस स्टेशन ने एक कैब ड्राइवर को 22 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है.कैब ड्राइवर की पहचान 29 साल के अनीश आशिक अली शेख के रूप में हुई है.

वाकोला पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि जब महिला प्रभात कॉलोनी से गोलीबार नाका जा रही थी तब सांताक्रूज के वकोला में अनीश ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी. घटना के बाद से आरोपी फरार था. आरोप है कि कैब ड्राइवर ने ट्रैवलिंग के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ था. महिला कैब ड्राइवर की इस हरकत के चलते डर गई थी और कुछ दिनों बाद उसने अपने परिवार को अपनी आपबीती बताई.

इसके बाद परिवार ने लड़की को लेकर नजदीकी वकोला पुलिस स्टेशन पहुंच शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भी इसको गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया. पीड़िता द्वार बताई गई जगह की सीसीटीवी खंगाली गई, जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई. तकनीकी जानकारी की मदद से कैब ड्राइवर को मुंबई के जोगेश्वरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया.

 

NATIONAL : PM मोदी से मिलने कानपुर एयरपोर्ट के लिए निकला शुभम का परिवार, प्रशासन की गाड़ी से जाएंगे

0

शुभम का परिवार श्यामनगर स्थित घर से चकेरी एयरपोर्ट के लिए निकल चुका है. प्रधानमंत्री मोदी भी बिहार के काराकाट की जनसभा खत्म करके कानपुर के लिए निकल चुके हैं.

पहलगाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी और उनके परिवार के लोग आज कानपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे. इसके लिए परिवार श्यामनगर स्थित घर से चकेरी एयरपोर्ट के लिए निकल चुका है. प्रधानमंत्री मोदी भी बिहार के काराकाट की जनसभा खत्म करके कानपुर के लिए निकल चुके हैं.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुभम द्विवेदी की मां सीमा, पिता संजय और पत्नी एशान्या से पीएम मोदी चकेरी एयरपोर्ट पर मिलेंगे. जिला प्रशासन परिवार को अपनी गाड़ी से एयरपोर्ट तक लाएगा, जहां विशेष विमान से उतरने के बाद सबसे पहले पीएम उनसे बात करेंगे.इस बाबत गुरुवार रात ही कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने फोन करके पीएम से मुलाकात का समय मिलने की जानकारी परिवार को दे दी थी. स्थानीय सांसद रमेश अवस्थी ने भी शुभम के स्वजन के अनुरोध पर पीएमओ चिट्ठी भेजी थी.

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर दौरे के दौरान 47,573 करोड़ रुपये से अधिक की 15 मेगा विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे.इस दौरान प्रधानमंत्री कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक के नए भूमिगत सेक्शन का उद्घाटन करेंगे. इस रूट पर चुन्नीगंज, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, नयागंज और कानपुर सेंट्रल जैसे 5 नए भूमिगत स्टेशन तैयार किए गए हैं. अभी तक आईआईटी कानपुर से मोतीझील तक 9 स्टेशन चालू हैं और इस विस्तार से मेट्रो सेवा और अधिक सुलभ, सुरक्षित एवं तेज होगी.

प्रधानमंत्री मोदी घाटमपुर में 660 मेगावाट की तीन इकाइयों और पनकी में एक तापीय विद्युत परियोजना का भी शुभारंभ करेंगे. इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों को स्थायी और भरपूर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी. यही नहीं, पनकी पावर प्लांट से कल्याणपुर तक दो नए रेलवे ब्रिज का लोकार्पण भी किया जाएगा.

बिनगवां में 40 MLD क्षमता वाला टर्सरी ट्रीटमेंट प्लांट का भी प्रधानमंत्री मोदी लोकार्पण करेंगे. यह प्लांट सीवरेज के पानी को ट्रीट कर औद्योगिक और सिंचाई उपयोग हेतु दोबारा प्रयोग करने योग्य बनाएगा, जिससे वाटर कंर्जेवेशन और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही, कानपुर के बिठूर क्षेत्र में नए अग्निशमन केंद्र और उसके आवासीय एवं अनावासीय भवनों का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे आपात स्थितियों में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सकेगी.

NATIONAL : दूल्हे का अनपढ़ होना पड़ा महंगा… रुपए न गिन पाने पर दुल्हन ने किया शादी से इनकार, बारातियों को बना लिया बंधक

0

जयमाला के बाद लड़की पक्ष की ओर से एक परंपरा के तहत दूल्हे को पैसे गिनने के लिए दिए गए, लेकिन दूल्हा पैसे सही से नहीं गिन पाया. इसी बात को लेकर दुल्हन ने नाराजगी जाहिर की और शादी करने से मना कर दिया.

मोतिहारी के एक गांव में बारात लेकर आए दूल्हे और बारातियों पर उस समय संकट आ गया, जब जयमाला के बाद दुल्हन ने सिर्फ इस बात को लेकर शादी से इनकार कर दिया कि उसे पता चला कि लड़का पूरी तरह अनपढ़ है और रुपए तक नहीं गिन सकता. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर तनातनी हुई, बहस बढ़ी और बात इस कदर बिगड़ गई कि ग्रामीणों ने रात भर दूल्हा पक्ष को बंधक बना लिया. अगले दिन थाना के दखल के बाद दूल्हा और बारातियों को मुक्त कराया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली.

दरअसल, पताही थाना इलाके के एक गांव में बुधवार की रात एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब जयमाला कार्यक्रम के ठीक बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. मामला इतना गरमा गया कि बारात लेकर आए दूल्हे समेत उसके परिजनों को ग्रामीणों ने घर में ही बंधक बना लिया. जानकारी मिलने पर गुरुवार को मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा और उसके परिजनों को मुक्त कराकर किसी तरह मामले को शांत कराया.

मामले के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, घोड़ासहन थाना क्षेत्र के कदमवा गांव से एक बारात पताही थाना इलाके के एक गांव में आई थी. रात में धूमधाम से जयमाला का कार्यक्रम हुआ, बारातियों ने जमकर नाच-गाना किया, मस्ती की और लजीज नाश्ते का लुत्फ उठाया. उस समय तक सबकुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इसी बीच एक ऐसा मोड़ आया, जिसने सभी को हैरान और परेशान कर दिया. दरअसल, जयमाला के बाद लड़की पक्ष की ओर से एक परंपरा के तहत दूल्हे को पैसे गिनने के लिए दिए गए, लेकिन दूल्हा पैसे सही से नहीं गिन पाया. इसी बात को लेकर दुल्हन ने नाराजगी जाहिर की और शादी करने से मना कर दिया.

लड़की का कहना था कि जो व्यक्ति पैसे तक सही से नहीं गिन सकता, वह जीवनभर उसका साथ कैसे निभाएगा. दुल्हन के इनकार के बाद माहौल में तनाव फैल गया. लड़की पक्ष के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. उन्होंने दूल्हा, उसके पिता, भाइयों समेत अन्य बारातियों को घर में ही रोक लिया और बारात को बिना शादी के लौटने को कह दिया. स्थिति को संभालने के लिए काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका.

गुरुवार दोपहर में जब इस घटना की जानकारी पताही थानाध्यक्ष विनीत कुमार को मिली, तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते. हुए पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की, लेकिन जब सहमति नहीं बन पाई, तो पुलिस ने दूल्हा और उसके परिजनों को सुरक्षा के बीच मुक्त कराकर उनके गांव रवाना कर दिया.

यह अनोखी घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है. जहां एक ओर लोग लड़की के फैसले को साहसिक बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दूल्हे की स्थिति पर भी सहानुभूति प्रकट कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम हो रही हैं, इसलिए शादी जैसे पवित्र रिश्ते में समझदारी और जांच-परख जरूरी हो गई है.

पताही थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि घोड़ासहन थाना क्षेत्र के कदमवा गांव से आई बारात में पैसे गिनने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था. लड़की द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद मामला बिगड़ गया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. इस घटना ने यह साबित कर दिया कि आज के आधुनिक युग में निरक्षरता एक अभिशाप है और शिक्षा के बिना सबकुछ अधूरा है.

- Advertisement -