Thursday, February 5, 2026
Home Blog Page 70

WORLD : मेक्सिको में बड़ा हादसा, पटरी से उतरी ट्रेन; 13 लोगों की मौत 98 घायल

0

मेक्सिको में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है. ओक्साका राज्य में इंटरओशनिक ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है.

मेक्सिको में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है. अधिकारियों ने रविवार (28 दिसंबर) को बताया कि देश के ओक्साका राज्य में इंटरओशनिक ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मेक्सिको की नेवी (नौसेना) ने बताया कि ट्रेन में 9 चालक दल के सदस्यों और 241 यात्रियों सहित कुल 250 लोग सवार थे. इनमें से 193 लोगों की जान सुरक्षित बताई जा रही है, जबकि 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 36 को चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा चिवेला और निज़ांडा शहर के बीच हुआ है.

मेक्सिको के राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि घायल हुए 5 लोगों की हालत गंभीर है और बताया कि मारे गए लोगों के परिवारों की मदद के लिए सीनियर अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है. मेक्सिको की अटॉर्नी जनरल अर्नेस्टिना गोडॉय रामोस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है.

इंटरओशनिक ट्रेन का उद्घाटन साल 2023 में पूर्व राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर ने किया था. ये बड़े इंटरओशनिक कॉरिडोर प्रोजेक्ट का हिस्सा है और इसे तेहुआंतेपेक के इस्थमस के पार रेल लिंक को आधुनिक बनाने के लिए डिजाइन किया गया था, जो कि मेक्सिको के पैसिफिक पोर्ट सलीना क्रूज को खाड़ी तट पर कोएत्जाकोआल्कोस से जोड़ता है.

मेक्सिको के लिए खास है ये ट्रे
मेक्सिकन सरकार ने इस इस्थमस को एक रणनीतिक व्यापार गलियारे के रूप में विकसित करने की कोशिश की है. बंदरगाहों, रेलवे और औद्योगिक बुनियादी ढांचे का विस्तार कर एक ऐसा रूट बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जो पनामा नहर के साथ मुकाबला कर सके. बता दें कि ये ट्रेन दक्षिणी मेक्सिको में यात्री और माल ढुलाई रेल का विस्तार करने और क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के व्यापक प्रयास का भी हिस्सा है.

DELHI : रेस्टोरेंट के प्लास्टिक शेड से नीचे गिरा बच्चा, हुई मौत

0

दिल्ली के गुजरांवाला इलाके में एक हादसा हो गया. जहां एक रेस्टोरेंट के प्लास्टिक शेड से नीचे गिरने से 16 साल के एक लड़के की मौत हो गई. बताया जाता है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए रेस्टोरेंट में आया था.

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के गुजरांवाला इलाके में एक रेस्टोरेंट के प्लास्टिक शेड से गिरने से 16 साल के एक लड़के की मौत हो गई. एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस को शनिवार को एक PCR कॉल मिली और मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि 11वीं क्लास में पढ़ने वाला कबीन नामक लड़का घायल है. जिसे उसके दोस्त पहले ही अस्पताल में पहुंचा चुके हैं.

पुलिस ने बताया कि कबीन अपने क्लासमेट आर्यमन, कबीर और यश त्यागी के साथ रेस्टोरेंट में घूमने आया था. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ग्रुप सीढ़ियों से बिल्डिंग की छत पर पहुंचा था. वह एक प्लास्टिक शेड पर चढ़ गया था, जो पास की दुकानों के बीच गैलरी वाली जगह को ढकने के लिए लगाया गया था.

अधिकारी ने आगे बताया कि शेड उसका वज़न नहीं सह पाया और टूट गया. जिससे वह नीचे ज़मीन पर गिर गया. गिरने से लड़के को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि एक क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटना के सही क्रम का पता लगाने के लिए मौके का मुआयना किया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

SPORTS : 2 दिन में निपटा टेस्ट, फिर भी ‘गुड’ पिच! ICC के डबल स्टैंडर्ड पर भड़के सुनील गावस्कर

0

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि आईसीसी के अधिकारी पिच को लेकर दोहरा रवैया अपनाते हैं. यदि भारत में टेस्ट मैच दो दिनों में समाप्त हो गया रहता, तो भारतीय क्यूरेटर्स को विलेन के रूप में पेश किया जाता.

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025-26 का चौथा मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेला गया था. यह मुकाबला दो दिनों में ही खत्म हो गया था, जिसमें इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत हासिल की थी. देखा जाए तो मौजूदा सीरीज में चारों टेस्ट मैच लगभग 13 दिनों में खत्म हुए हैं, ऐसे में पिच को लेकर काफी शोर मचा है.

भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पर पिच रेटिंग को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. गावस्कर का कहना है कि हाल ही में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला गया चौथा एशेज टेस्ट महज दो दिन के अंदर खत्म हो गया, इसके बावजूद एमसीजी की पिच को ‘गुड’ रेटिंग मिल सकती है.

मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन ही 20 विकेट गिर गए, जो ऑस्ट्रेलिया में 1951 के बाद किसी टेस्ट मैच के पहले दिन गिरे सबसे ज्यादा विकेट हैं. दूसरे दिन भी 16 विकेट गिरे और पूरा टेस्ट मुकाबला महज 142 ओवर में समाप्त हो गया. गावस्कर ने याद दिलाया कि इसी एशेज सीरीज के पहले टेस्ट (पर्थ) में भी मुकाबला दो दिन में खत्म हो गया था, लेकिन उस पिच को आईसी ने ‘वेरी गुड’ रेटिंग दी थी.

सुनील गावस्कर ने तंज कसते हुए कहा कि मेलबर्न टेस्ट में नए मैच रेफरी जेफ क्रो के होने के कारण रेटिंग में बदलाव हो सकता है. स्पोर्टस्टार में अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखा, “पर्थ टेस्ट में 32 विकेट गिरे थे और रंजन मदुगले ने पिच को ‘वेरी गुड’ कहा था. मेलबर्न में 36 विकेट गिरे हैं, इसलिए हो सकता है जेफ क्रो ‘वेरी’ शब्द हटा दें और पिच को सिर्फ ‘गुड’ रेट कर दें.”

सुनील गावस्कर ने भारतीय पिच क्यूरेटर्स को लेकर आईसीसीसी अधिकारियों के रवैये पर भी तीखा कटाक्ष किया. गावस्कर ने व्यंग्य करते हुए लिखा, ‘भारत के ग्राउंड्समैन को तो ऐसे पेश किया जाता है जैसे वे बल्लेबाजों को रन बनाने ही नहीं देना चाहते, जबकि विदेशी पिचों पर भी गलती इंसान ही करता है. ‘

मेलबर्न टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया में गेंदों के लिहाज से तीसरा सबसे छोटा टेस्ट रहा, जिसमें सिर्फ 852 गेंदें फेंकी गईं. इससे छोटा सिर्फ हालिया पर्थ टेस्ट (847 गेंद) और 1932 में ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका मैच (656 गेंद) रहा. मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ और इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स दोनों ने पिच की आलोचना करते हुए कहा कि यह गेंदबाजों के पक्ष में जरूरत से ज्यादा मददगार थी.

कई पूर्व क्रिकेटर्स और कमेंटेटर्स ने भी इस पिच को लेकर चिंता जताई. अब सीरीज का आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाना है. ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि वहां किस तरह की पिच तैयार की जाती है. गौरतलब है कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान सिडनी टेस्ट भी तीन दिनों में खत्म हो गया था.

ENTERTAINMENT : ‘मुझे अंकल आमिर खान का पैसा नहीं मिलेगा’, अपनी ‘बिगड़ती’ फाइनेंशियल कंडीशन पर बोले इमरान खान

इमरान खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि ये परसेप्शन है कि उन्हें अपनी फैमिली नेम की वजह से सफलता मिली थी लेकिन इसमें सच्चाई नहीं है. उन्होंने अपनी फाइनेंशियल कंडीशन पर भी बात की.

इमरान खान, ने साल 2008 में जेनेलिया डिसूजा के साथ अपनी पहली फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से रातोंरात फेमस हासिल कर लिया था. उसके बाद उनकी फिल्मों ने ठीक –ठाक परफॉर्म किया लेकिन उनका करियर खास नहीं चल पाया. फिलहाल वे सालों से बॉलीवुड से दूर हैं. वहीं इमरान खान ने अब एक इंटरव्यू में अपने करियर के उतार-चढ़ाव और चकाचौंध से दूर जीवन के बारे में खुलकर बात की है.

दरअसल समदिश के पॉडकास्ट ‘अनफिल्टर्ड विद समदिश’ पर बातचीत में अभिनेता ने कहा कि उनकी पहली फिल्म की सफलता ने उन्हें बॉलीवुड के उभरते सितारों की कैटेगिरी में तो पहुंचा दिया, लेकिन यह चमक जल्दी ही फीकी पड़ गई; और काम भी कम हो गया. इमरान ने स्वीकार किया कि हालांकि उनकी पहली हिट के बाद उनकी फीस बढ़ गई थी, लेकिन इस बात में सच्चाई नहीं है कि उन्हें फैमिली नेम की वजह से आसानी से सक्सेस मिल गई थी.

उन्होंने ‘नेपोकिड’ के टैग का सीधा जवाब देते हुए, कहा कि लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि आमिर खान का भतीजा होने से फिल्म इंडस्ट्री में सफलता की गारंटी मिल जाती है. उन्होंने समझाया कि उनकी जिंदगी की सच्चाई लोगों की कल्पना से बहुत अलग है, और यह भी कहा कि फैमिली अवसरों, स्टारडम या धन की गारंटी नहीं देते.इमरान आगे कहते हैं, “मेरे अंकल आमिर खान एक फिल्म स्टार हैं. वो मेरी मां के कजिन भाई हैं… वो पैसा मेरा नहीं है, वो मुझे नहीं मिलेगा.”

इमरान ने फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद पे गैप पर भी सवाल उठाया, उन्होंने रणवीर सिंह और रणबीर कपूर जैसे बड़े सितारों की मोटी फीस का जिक्र किया, जबकि कई अन्य फेयर सैलरी पाने के लिए स्ट्रगल कर रेह हैं कर रहे हैं.

एक दशक से अधिक समय से फिल्मों से दूर रहे इस अभिनेता ने लाइमलाइट से दूर रहने के बाद आए फाइनेंशियल प्रेशर के बारे में खुलकर बात की. पिछले दस वर्षों में उनके जीवन में कई बड़े बदलाव आए हैं, जिनमें पत्नी अवंतिका मलिक से उनका सैपरेशन भी शामिल है. इस दौरान काम न मिलने के कारण इमरान ने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति पर काफी असर पड़ा, लेकिन सोच-समझकर की गई प्लानिंग ने उन्हें आर्थिक रूप से स्थिर बनाए रखने में मदद की. उन्होंने आगे कहा कि लाइफ के हर फैसले को सिर्फ हिसाब-किताब के आधार पर नहीं लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ फैसले अपनी शांति और खुशी के लिए भी लेने पड़ते हैं.

PUNJAB : विवाद के बाद शख्स ने पत्नी और 2 मासूम बच्चों को नहर में फेंका, 3 महीने का बच्चा लापता

0

पंजाब में फाजिल्का के अबोहर में एक व्यक्ति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया. राहगीरों ने पत्नी और एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन तीन महीने का बच्चा बह गया. पुलिस जांच जारी है.

पंजाब के फाजिल्का (अबोहर) में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों को नहर में फेंक दिया, फिर खुद भी नहर में कूद गया. राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यक्ति, उसकी पत्नी और दो साल के बच्चे को तो बचा लिया, लेकिन तीन महीने का बेटा पानी में बह गया. उसकी तलाश जारी है.

महिला ने अपने पति पर जान से मारने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. दूसरी ओर, पति का कहना है कि वह नहर के किनारे पत्नी और बच्चों की नज़र उतारने के लिए टोटका कर रहा था. इस दौरान वह अचानक नहर में गिर गया और उसे बचाने के लिए पत्नी सहित बच्चे भी नहर में चले गए.

रुकनपुरा खुईखेड़ा गांव की रहने वाली वीना रानी ने बताया कि उसका पति बलविंदर सिंह मजदूरी करता है. बलविंदर ने उसे कहा कि शहर में किसी के पास से पैसे लेने हैं. इस बात पर वीना अपने 2 साल के बेटे गुरदीप और 3 महीने के बेटे खुशदीप के साथ बाइक पर बैठ गई.

वीना के मुताबिक, शहर आते समय उसके पति ने नहर के किनारे बाइक रोकी और उसे व बच्चों को नहर में धक्का दे दिया. इसके बाद बलविंदर ने खुद भी नहर में छलांग लगा दी.

इस दौरान शहर से गांव की ओर जा रहे कीकरखेड़ा और कंदवाला अमरकॉट के रहने वाले संजय कुमार ने परिवार को डूबता देखा. उसने तुरंत नहर में छलांग लगाकर बलविंदर, उसकी पत्नी वीना और 2 साल के बच्चे गुरदीप को बाहर निकाल लिया. हालांकि 3 महीने का बच्चा खुशदीप नहर में बह गया, जिसकी तलाश जारी है.

सूचना मिलने के उपरांत 112 टीम और थाना नंबर 2 के एएसआई गुरचरण सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे. उनके द्वारा बयान दर्ज करने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी गई और मां व बेटे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

PUNJAB : पत्नी के साथ दरिंदिगी! 8 महीने की गर्भवती को पीट-पीटकर मार डाला, NCW ने DGP से मांगी रिपोर्ट

0

पंजाब में लुधियाना के डाबा थाना क्षेत्र की राजा कॉलोनी में एक शख्स ने अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस मामले का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखा है. आयोग ने मामले की निष्पक्ष और समय पर जांच करने, दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, सभी सबूत सुरक्षित रखने और पीड़ित परिवार को कानूनी मदद व मुआवजा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही 5 दिनों के अंदर एक्शन-टेकन रिपोर्ट मांगी है.

राजा कॉलोनी की रहने वाली पुष्पा देवी (38) की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुष्पा 8 महीने की गर्भवती थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार पति अजय कुमार ने मायके पक्ष को बताया कि पत्नी की तबीयत अचानक खराब होने के कारण मौत हो गई, लेकिन जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो पुष्पा के शरीर पर कई जगहों पर गंभीर चोटों के निशान देखकर उन्हें शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इस दौरान आरोपी पति मौके से फरार हो गया था.

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में पुष्पा की बेरहमी से मारपीट करता था. इसी मारपीट के कारण उसकी जान चली गई. मामला स्पष्ट होने पर पुलिस ने हत्या (IPC धारा 302) के तहत मामला दर्ज कर अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पहले भी पत्नी के साथ हिंसा करता था. कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन हर बार वह माफी मांगकर बच निकलता रहा. अब महिला की मौत के बाद मामला पूरी तरह सामने आ गया है.थाना डाबा की SHO इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने बताया कि महिला से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस बहुत गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक धाराएं जोड़ी जाएंगी.

NATIONAL : अमित शाह के जाते ही उखड़ी रातभर में बनाई गई सड़क, ग्वालियर में खुली नगर निगम के भ्रष्टाचार की पोल

0

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 24 दिसंबर की रात ग्वालियर आए थे. उनके काफिले को निकालने के लिए प्रशासन ने सूर्य नमस्कार तिराहे से आकाशवाणी चौराहे तक की सड़क का आनन-फानन में डामरीकरण किया. शाह के जाते ही सड़क की ऊपरी परत उखड़कर अलग होने लगी.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्वालियर आए इसलिए सूर्य नमस्कार तिराहे से आकाशवाणी चौराहे तक की सड़क को आनन-फानन में बना दिया गया, लेकिन यह क्या हुआ? अमित शाह के ग्वालियर शहर से जाते ही सड़क उखाड़ना शुरू हो गई. कुछ ही घंटे के लिए सड़क चमचमाती नजर आई, लेकिन फिर सड़क की दुर्दशा हो गई. आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस सड़क निर्माण में क्वालिटी कितनी घटिया रखी गई है.

यूं तो ग्वालियर का नाम घटिया सड़कों के लिए पूरे देश में मशहूर हो चुका है. चेतकपुरी रोड की सड़क तो बनने के 15 दिन बाद ही बारिश की वजह से 15 बार धसक गई थी. इसके अलावा ग्वालियर शहर के अलग-अलग स्थान में सड़कों के धसकने की खबरें और तस्वीरें आती रही. पूरे देश में ग्वालियर शहर की किरकिरी होती रही लेकिन इस पर भी यहां के प्रशासन और नगर निगम के आमले का मन नहीं भरा तो, बची हुई कसर अमित शाह के दौरे के समय बनाई गई सड़क ने पूरी कर दी.

24 दिसंबर की रात को अमित शाह ने ग्वालियर में प्रवेश किया था. उनकी अगुवाई के लिए सूर्य नमस्कार तिराहे से आकाशवाणी चौराहे तक के लिए चमचमाती हुई सड़क बना दी गई थी. अमित शाह आए, इस सड़क से होकर उनका काफिला भी गुजरा और दूसरे दिन अमित शाह की ग्वालियर से रवानगी भी हो गई. लेकिन मजे की बात यह रही कि अमित शाह के जाते ही सड़क की चमक भी चली गई. देखें Video:-

अमित शाह के जाते ही सड़क उखाड़ना शुरू हो गई. चमचमाती हुई सड़क कंक्रीट के टुकड़ों में तब्दील हो गई. अब इस उखड़ रही सड़क को लेकर न तो कोई अधिकारी सामने आ रहा है और न ही कोई पदाधिकारी सामने आ रहा है. मौके को कांग्रेस ने भी लपक लिया.कांग्रेस नेता इसे जनता की टैक्स की कमाई का दुरुपयोग बता रहे हैं और भ्रष्टाचार के मुद्दे को पूरी ताकत के साथ उठा रहे हैं. इस सड़क की हालत पर सवाल तो कई खड़े हो रहे हैं. लेकिन इसका जवाब देने के लिए कोई भी सामने नहीं आ रहा है.

ENTERTAINMENT : धुरंधर देखकर हैरान करण जौहर, बोले- खुद की काबिलियत पर हो रहा शक!

क्रिसमस के मौके पर रिलीज हुई करण जौहर के प्रोडक्शन धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ कमाल नहीं दिखा पा रही है, इस बीच फिल्ममेकर ने फिल्म धुरंधर की जमकर तारीफ की.

रणवीर सिंह स्टाटर फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर हर दिन रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड पर बना रही है. वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन जहां 1000 करोड़ रुपये के पार चला गया तो वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 700 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. अब इस फिल्म को लेकर फिल्ममेकर करण जौहर का रिएक्शन आया है.

आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे हैं. ये फिल्म 2025 की सबसे सफल फिल्मों में से एक बन गई है और अपनी दमदार कहानी और तकनीकी पहलुओं के लिए खूब चर्चा में है. देश के कई बड़े फिल्ममेकर्स ने इस मूवी की तारीफ की. अब इसमें करण जौहर का नाम भी शामिल हो गया है.

अनुपमा चोपड़ा की किताब ‘डाइनिंग विद स्टार्स’ के लॉन्च पर करण जौहर ने कहा, ‘मैंने एक फिल्म (तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी) प्रोड्यूस की, और फिर 5 दिसंबर को धुरंधर रिलीज़ हुई, और मैं उसे देखकर हैरान रह गया. मुझे लगा कि एक फिल्ममेकर के तौर पर मेरा अपना काम उसके मुकाबले लिमिटेड है. बैकग्राउंड म्यूजिक के इस्तेमाल और कहानी कहने के तरीके से मैं बहुत इम्प्रेस हुआ.’

करण जौहर ने कहा, ‘मुझे लगा कि फिल्म यूनिक थी, और मैं सबकी राय की इज्जत करता हूं. धुरंधर के बारे में मुझे जो सबसे ज्यादा पसंद आया, वह यह था कि डायरेक्टर सेल्फ-कॉन्शियस नहीं लग रहा था या ऐसा नहीं लग रहा था कि वह दिखावा करने की कोशिश कर रहा है. कहानी कहने का तरीका बहुत स्मूद था, और फ्रेम्स को बिना ज्यादा सोचे-समझे खूबसूरती से शूट किया गया था.’

अंत में फिल्ममेकर ने कहा, ‘धुरंधर देखने के बाद मुझे एक फिल्ममेकर के तौर पर अपनी काबिलियत पर सवाल उठाने पड़े, जो मेरे लिए हमेशा एक अच्छी बात है. मैंने साल की शुरुआत ‘सैयारा’ को पसंद करते हुए की और खत्म ‘धुरंधर’ को पसंद करते हुए किया. मुझे फिल्म ‘लोका’ भी बहुत पसंद आई.’

करण जौहर का ये स्टेटमेंट ऐसे समय आया है, जब बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर की सुनामी चल रही है. दूसरी तरफ उनके ही धर्मा प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ का बुरा हाल हुआ है. इस फिल्म की कमाई 5 दिनों में सिर्फ 23 करोड़ रुपये ही पाई है, जबकि 5 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म धुरंधर ने अपने 24वें दिन में 22 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया.

BHOPAL : वफादार कुत्तों को दिया मीट का लालच… लोडिंग गाड़ी में आए 8 बदमाश, पॉश कॉलोनी में खौफनाक डकैती

0

भोपाल की पॉश कॉलोनी में फिल्मी स्टाइल में डकैती का मामला सामने आया है. नकाबपोशों ने पहले कुत्तों को मीट फेंककर खामोश किया और फिर तलवार-चाकू के दम पर ताले तोड़कर 18 लाख की बड़ी लूट को अंजाम दिया.

राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित पॉश कॉलोनी सूरज नगर में डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. डकैतों ने सीनियर एडवोकेट अखिलेश श्रीवास्तव के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 18 लाख रुपए नकद और लाखों के जेवरात पार कर दिए. बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए घर की सुरक्षा में तैनात खतरनाक कुत्तों को पहले मीट का लालच देकर शांत किया और फिर हथियारों के दम पर ताले तोड़े.

वारदात 25 और 26 दिसंबर की दरम्यानी रात की है. डकैतों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया. एडवोकेट के घर पर दो बेहद खतरनाक कुत्ते तैनात थे. डकैतों ने पहले बाहर से उन्हें मीट फेंका, जिससे उन्होंने भौंकना बंद कर दिया.

बदमाश दीवार और गेट फांदकर अंदर घुसे और कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे 18 लाख रुपए कैश और कीमती सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए.
फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे अपने पिता अखिलेश श्रीवास्तव के इलाज के लिए इंदौर गए हुए थे. 26 दिसंबर की सुबह करीब 8 बजे घर पर काम करने वाली बाई ज्योति ने फोन कर बताया कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है. जब दोपहर 1 बजे भोपाल लौटे, तो देखा कि पूरी अलमारी और दरवाजे टूटे पड़े थे और कीमती सामान गायब था.

भोपाल की कोहफिजा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस एयरपोर्ट रोड और सूरज नगर के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि डकैतों के लोडिंग वाहन का नंबर और उनकी पहचान की जा सके. मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है.

कोहेफिजा टीआई कृष्ण गोपाल शुक्ल ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश में लगी हुई है. जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेंगे और खुलासा कर देंगे.

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष
आज का दिन आपके लिए ऊर्जा और जोश से भरपूर रहेगा। आप नए कामों की शुरुआत करने के लिए प्रेरित होंगे और आपके प्रयासों से सफलता के संकेत भी मिलेंगे। कार्यस्थल पर आपकी नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति लोगों को प्रभावित करेगी। परिवार में माहौल सुखद रहेगा और पुरानी गलतफहमियाँ दूर हो सकती हैं। स्वास्थ्य मजबूत रहेगा, लेकिन अनावश्यक तनाव से बचें।

वृषभ
आज आर्थिक मामलों में सावधानी बरतना आवश्यक है। कोई बड़ा निर्णय लेने की जल्दी न करें, क्योंकि जल्दबाज़ी में उठाया गया कदम नुकसान पहुँचा सकता है। परिवार में किसी वरिष्ठ सदस्य की सलाह उपयोगी सिद्ध होगी। कार्यक्षेत्र में गति धीमी रहेगी, लेकिन स्थिरता बनी रहेगी। रिश्तों में मिठास बढ़ेगी, और शाम का समय शांति प्रदान करेगा। सेहत सामान्य रहेगी, पर आहार संतुलित रखें।

मिथुन
आज आपकी बातचीत और तर्कशक्ति आपको कई नए अवसर दिला सकती है। आप अपनी बातों से लोगों को प्रभावित करेंगे और कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति आपसे जुड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में प्रगति के संकेत हैं, और नई योजनाओं पर काम शुरू हो सकता है। मानसिक रूप से आप सक्रिय रहेंगे, लेकिन अत्यधिक सोच के कारण हल्का तनाव संभव है। यात्रा लाभदायक हो सकती है।

कर्क
आज आप भावनात्मक रूप से थोड़ा संवेदनशील महसूस कर सकते हैं, लेकिन परिवार की गर्माहट और सहयोग आपकी ताकत बनेगा। पुराने विवादों में सुधार और रिश्तों में मधुरता की संभावना है। कार्यक्षेत्र में स्थिरता रहेगी और कोई नया विचार आपको सफलता के मार्ग पर ले जा सकता है। स्वास्थ्य में सुधार होगा और आप मानसिक रूप से हल्का महसूस करेंगे। दिन के अंत में शांति मिलेगी।

सिंह
आज आपका आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल अपने चरम पर रहेगा। आप कार्यस्थल पर महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे, जिनका सकारात्मक परिणाम मिलेगा। किसी नए प्रोजेक्ट या जिम्मेदारी का भार आप पर आ सकता है, जिससे आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। परिवार में खुशी का माहौल बनेगा। सेहत अच्छी रहेगी, बस अत्यधिक काम से बचें।

कन्या
आज आपके विश्लेषण और निर्णय लेने की क्षमता शानदार रहेगी। अटके हुए काम पूरे होने के योग हैं, और पुराने प्रोजेक्ट्स में भी गति आएगी। आर्थिक मामलों में लाभ मिलने की संभावना है। परिवार के साथ समय बिताने से मन को शांति मिलेगी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें, खासकर पेट से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें। दिन सकारात्मक रहेगा।

तुला
आज काम और परिवार के बीच अच्छा संतुलन बनाना आपके लिए जरूरी होगा। खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन निवेश के अवसर भी मिल सकते हैं। रिश्तों में मधुर संवाद की आवश्यकता है। कार्यक्षेत्र में कोई नया अवसर आपके सामने आ सकता है, लेकिन उसे समझदारी से पकड़ना होगा। स्वास्थ्य में हल्की थकान संभव है, इसलिए आराम जरूरी है।

वृश्चिक
आज आपकी गहरी सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता किसी महत्वपूर्ण समस्या का समाधान दे सकती है। धनलाभ के अवसर मिलेंगे, और कार्यक्षेत्र में आपकी दृढ़ता आपको आगे बढ़ाएगी। रिश्तों में भरोसा और समझ बढ़ेगी। आज मानसिक रूप से शांति बनी रहेगी, और आप सकारात्मक महसूस करेंगे। ध्यान और योग से लाभ मिलेगा।

धनु
आज यात्रा के योग प्रबल हैं, चाहे वह काम से हो या निजी कारणों से। नई जगह से कुछ महत्वपूर्ण सीख या अनुभव मिलेगा। कार्यक्षेत्र में प्रगति होगी और आपको सहयोग भी मिलेगा। परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने से मन खुश रहेगा। स्वास्थ्य बहुत अच्छा रहेगा और आपका उत्साह बढ़ा रहेगा।

मकर
आज मेहनत का पूरा फल मिलने वाला है। आपकी जिम्मेदारियाँ बढ़ेंगी, लेकिन आप उन्हें पूरी कुशलता से निभाएंगे। अचानक धन लाभ या नया अवसर मिल सकता है। कार्यस्थल पर आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और लोग आप पर भरोसा करेंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन आराम भी जरूरी है।

कुंभ
आज आपके नए विचार और क्रिएटिव सोच लाभदायक साबित हो सकती है। तकनीक, ऑनलाइन काम, और इनोवेशन से जुड़े क्षेत्रों में विशेष सफलता मिलेगी। परिवार में खुशहाली रहेगी और दोस्तों का साथ आपके दिन को बेहतर बनाएगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, पर दिमाग पर अधिक भार न डालें।

मीन
आज आपकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता उभरकर सामने आएगी। किसी शुभ समाचार की संभावना है, जिससे मन प्रसन्न होगा। कार्यक्षेत्र में नई दिशा या अवसर मिल सकता है। भावनात्मक रूप से आप मजबूत रहेंगे, लेकिन संवेदनशीलता भी बनी रहेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और ऊर्जा संतुलित रहेगी।

- Advertisement -