Thursday, February 5, 2026
Home Blog Page 72

NATIONAL : लिफ्ट, फूड कोर्ट, पार्किंग… जैसलमेर रेलवे स्टेशन का बदल गया स्वरूप, विरासत और आधुनिकता का संगम

0

इंडियन रेलवे ने 140 करोड़ रुपये की लागत से जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूरा किया है. स्थानीय विरासत को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं जैसे लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड कोर्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली और बेहतर पार्किंग उपलब्ध कराई गई हैं.

भारतीय रेलवे ने राजस्थान के जैसलमेर रेलवे स्टेशन का 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य पूरा कर दिया है. यह प्रोजेक्ट शहर की समृद्ध विरासत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के मकसद से तैयार किया गया है. स्टेशन की नई इमारत में स्थानीय पीले बलुआ पत्थर और पारंपरिक राजस्थानी डिजाइनों का उपयोग किया गया है.

यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं.

प्रशासन ने स्टेशन परिसर के अंदर बेहतर पार्किंग और डिजिटल इन्फॉर्मेशन सिस्टम के जरिए यातायात को सुगम बनाने की कोशिश की है.

जैसलमेर स्टेशन का नया स्वरूप स्थानीय संस्कृति की झलक पेश करता है. यहां पीले बलुआ पत्थर का उपयोग कर रेगिस्तानी विरासत को जीवंत किया गया है. इसके साथ ही आधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है, जिससे यात्रियों को कुशलता और आराम मिल सके. स्टेशन की बनावट पारंपरिक सुंदरता और समकालीन सुख-सुविधाओं का मिश्रण है. स्टेशन पर उतरते ही पर्यटकों को शहर के इतिहास का अहसास होगा.

स्टेशन पर फूड कोर्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय और स्वच्छ शौचालयों का निर्माण किया गया है. लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज से यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी. बेहतर लाइटिंग, क्लॉक रूम और स्पष्ट साइनबोर्ड से सफर आरामदायक बनेगा. डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली ट्रेनों की सटीक जानकारी देगी. बेहतर पार्किंग सुविधा उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी जो अपने निजी वाहनों से स्टेशन पहुंच रहे हैं.

SPORTS : श्रीलंका दौरे के लिए पाकिस्तानी टीम का ऐलान, बाबर-शाहीन बाहर, इस स्टार ऑलराउंडर की वापसी

0

बाबर आजम और शाहीन आफरीदी का टी20 क्रिकेट में हालिया फॉर्म कुछ सही नहीं रहा है. अब इन दोनों खिलाड़ियों को श्रीलंका दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली है. ऑलराउंडर शादाब खान चोट से उबरकर टी20 सेटअप में लौटे हैं.

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका का दौरा करना है, जहां वो मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में भाग लेगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब इस सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इस टी20 सीरीज में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी सलमान अली आगा करेंगे. सीरीज के तीनों मैच दांबुला में 7, 9 और 11 जनवरी को खेले जाने हैं.

इस सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम में ऑलराउंडर शादाब खान की वापसी हुई है. 27 वर्षीय शादाब ने इस साल कंधे की सर्जरी कराई थी. नेशनल क्रिकेट एकेडमी में सफल रिहैब के बाद वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं. शादाब फिलहाल सिडनी थंडर के लिए बिग बैश लीग (BBL) में खेल रहे हैं. पीसीबी ने शादाब पर भरोसा जताते हुए उन्हें सीधे टीम में शामिल किया है. यह सीरीज पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपनी बेंच स्ट्रेंथ आजमाने और नए कॉम्बिनेशन को परखने का मौका देगी.

इस सीरीज के लिए बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है. तीनों खिलाड़ी इस समय ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में खेल रहे हैं. ऐसा माना जा रहा है कि इस लीग में व्यस्तता के कारण उन्हें चयन से बाहर रखा गया है. हालांकि, इसी लीग में खेल रहे शादाब खान की तो टीम में वापसी हो गई.

बाबर आजम का फॉर्म लगातार चिंता का विषय बना हुआ है. बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए बाबर ने 4 मैचों में 110.1 के स्ट्राइक रेट सिर्फ 71 रन बनाए हैं. बाबर को एशिया कप टीम से भी बाहर रहा गया था, हालांकि बाद में उनकी साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टी20 मैचों और ट्राई सीरीज के लिए टीम में वापसी हुई. इस साल टी20 इंटरनेशनल में बाबर का प्रदर्शन साधारण रहा, जहां उन्होंने 8 मैचों में 114.44 की स्ट्राइक-रेट से 206 रन बनाए.

तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी इस समय ब्रिस्बेन हीट की ओर से बिग बैश लीग में खेल रहे हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. अब तक वह सिर्फ 2 विकेट ही ले पाए हैं, जबकि उनका गेंदबाजी औसत और इकोनॉमी रेट काफी खराब रहा है. टी20 टीम में पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को एक बार फिर जगह नहीं मिली है. रिजवान को टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड से भी बाहर रखा जा सकता है.

टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक.

NATIONAL : तीन से चार हमलावर, धारदार हथियार और तालिबानी बर्बरता… शिवसेना पार्षद के पति के कत्ल के पीछे किसकी साजिश?

0

तीन से चार हमलावर, धारदार हथियार और दिनदहाड़े बर्बर हमला… महाराष्ट्र में रायगढ़ के खोपोली में शिवसेना पार्षद के पति मंगेश कालोखे की बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई. यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है. अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन सवाल है कि इस कत्ल के पीछे आखिर किसका हाथ है और क्यों रची गई यह खौफनाक साजिश?

महाराष्ट्र में रायगढ़ के इंडस्ट्रियल शहर खोपोली में सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. शिवसेना की नव-निर्वाचित पार्षद मानसी कालोखे के पति और शहर की जानी-मानी हस्ती मंगेश कालोखे की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस वारदात में तीन से चार हमलावरों ने धारदार हथियारों से कुछ ही सेकंड में ऐसा हमला किया कि मंगेश कालोखे सड़क पर खून से लथपथ गिर पड़े. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

जानकारी के मुताबिक, मंगेश कालोखे अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे. बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद जब वे अपने दोपहिया वाहन से लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया.

अचानक सामने से एक काली चार पहिया गाड़ी आई. उनका रास्ता रोका गया. इससे पहले कि मंगेश कुछ समझ पाते, तीन से चार हमलावर गाड़ी से उतरे. उनके हाथों में धारदार हथियार थे. कुछ ही सेकंड लगे. वार पर वार. सड़क पर चीखें गूंजने लगीं. मंगेश लहूलुहान होकर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोग सकते में थे. किसी की हिम्मत नहीं हुई आगे बढ़ने की. इसके बाद हमलावर गाड़ी में बैठे और फरार हो गए

यह सब पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया. कैमरे ने वो देखा, जो बेहद डरावना और बर्बर था. थोड़ी ही देर में खबर पूरे खोपोली में फैल गई. शिवसेना की नव-निर्वाचित पार्षद मानसी कालोखे के पति मंगेश कालोखे की हत्या से शहर में गुस्सा उबलने लगा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे खोपोली में डर का माहौल बन गया.

खबर पुलिस को दी गई. आनन-फानन में भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा. मंगेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पोस्टमॉर्टम की तैयारी हुई और जांच शुरू. सवाल है कि क्या यह निजी दुश्मनी थी? क्या यह चुनावी रंजिश का नतीजा था? या फिर कोई और साजिश? मंगेश की पत्नी मानसी कालोखे हाल ही में म्युनिसिपल काउंसिल का चुनाव जीतकर पार्षद बनी थीं. शिवसेना कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया.

पुलिस ने तेजी दिखाई. पुलिस अधीक्षक अचल दलाल के निर्देश पर 8 टीमें बनाई गईं. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, कॉल डिटेल्स निकाली गईं और संदिग्धों पर शिकंजा कसा गया. पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इनमें रविंद्र देवकर, उनका बेटा दर्शन और एक महिला भी शामिल है. सवाल उठ रहा है कि क्या यह सुपारी किलिंग थी?

चूंकि मानसी कालोखे हाल ही में म्युनिसिपल काउंसिल का चुनाव जीतकर पार्षद बनी हैं, इसलिए इस हत्या को राजनीतिक रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह हत्या चुनावी विवाद, पुरानी दुश्मनी या किसी बड़े राजनीतिक साजिश तो नहीं है. घटना के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला. फिलहाल सवाल यही है कि दिनदहाड़े हुई इस बर्बर हत्या के पीछे आखिर किसका हाथ है और मंगेश कालोखे को क्यों निशाना बनाया गया? यह सब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा.

ENTERTAINMENT : सेट पर इस एक्टर को इग्नोर करती थीं शबाना आजमी, बना ली थी दूरी, 42 साल बाद सामने आई वजह

साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म ‘मासूम’ में शबाना आजमी और जुगल हंसराज ने एक साथ काम किया था. अब सालों बाद एक्टर जुगल ने इस पर बात की और बताया कि सेट पर शबाना उन्होंने इग्नोर करती थी.

जब हम 80 के दशक की यादगार फिल्मों की बात करते हैं, तो शेखर कपूर की ‘मासूम’ का जिक्र जरूर होता है. इस फिल्म ने न केवल अपनी कहानी से लोगों का दिल जीता, बल्कि किरदारों के बीच के तनाव और भावनाओं को भी पर्दे पर बखूबी उतारा. हाल ही में फिल्म के नन्हे ‘राहुल’ यानी जुगल हंसराज ने एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है.

दरअसल पिंकविला को दिए इंटरव्यू में जुगल हंसराज ने बताया कि कैसे दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी फिल्म के सेट पर उनसे जानबूझकर दूरी बनाकर रखती थीं, ताकि पर्दे पर उनकी सौतेली मां वाला रूखापन एकदम असली नजर आए.

एक्टर्स जुगल हंसराज और शबाना आजमी ने 1983 की फिल्म मासूम में साथ काम किया था. जिसमें उन्होंने उनकी सौतेली मां का रोल निभाया था. अब पिंकविला से बात करते हुए जुगल ने बताया कि वह फिल्म के सेट पर उन्हें इग्नोर किया करती थी. शूटिंग के दिनों में तब उन्हें समझ नहीं आया था वह ऐसा क्यों करती थीं.

जुगल ने आगे कहा, ‘शबाना हालांकि दो दूसरी चाइल्ड एक्टर्स – उर्मिला मातोंडकर और आराधना के साथ फ्रेंडली थीं. वो दोनों बच्चियों के साथ बहुत फ्रेंडली थीं, क्योंकि वो मां थीं और वो फिल्म में उनके बच्चे थे. लेकिन शबाना जी मुझसे थोड़ी दूरी रखती थीं.’एक्ट्रेस ने बताया ,’बाद में पता चला कि यह उनके प्रोसेस का हिस्सा था कि वह नहीं चाहती थीं कि हम करीब आएं क्योंकि वह कोल्डनेस जो है वह स्क्रीन पर दिखनी चाहिए. सबको पता चला कि मुझमें और मां में भी एक डिस्कम्फर्ट है. तो वह बहुत खूबसूरती से उन्होंने किया था.’

बता दें कि फिल्म ‘मासूम’ एक ड्रामा फिल्म है. जिसमें शबाना ने इंदु मल्होत्रा ​​का रोल निभाया था और एक युवा जुगल राहुल मल्होत्रा ​​के रूप में दिखे थे. यह फिल्म शेखर कपूर की डायरेक्टर के तौर पर पहली फिल्म थी. यह 1980 के एरिक सेगल के नॉवेल मैन, वुमन एंड चाइल्ड का अडैप्टेशन है. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, सईद जाफरी, तनुजा और सुप्रिया पाठक भी हैं. इसमें उर्मिला, आराधना और जुगल ने चाइल्ड एक्टर्स के तौर पर डेब्यू किया था.

फैंस ने शबाना को आखिरी बार हितेश भाटिया के डायरेक्शन में बनी क्राइम ड्रामा सीरीज डब्बा कार्टेल में देखा था. इसमें ज्योतिका, शालिनी पांडे, निमिषा सजयन और अंजलि आनंद भी थीं. जुगल को आखिरी बार राज और डीके द्वारा बनाई गई स्पाई थ्रिलर सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीजन में देखा गया था. इसमें मनोज बाजपेयी, प्रियामणि, शारिब हाशमी, दलीप ताहिल और श्रेया धनवंतरी समेत कई कलाकार थे.

ENTERTAINMENT : ‘अमिताभ ने नहीं खरीदा अवॉर्ड, बाद में अनिल कपूर को मिला’, इस प्रोड्यूसर ने किया बड़ा दावा

बॉलीवुड प्रोड्यूसर मनोज देसाई का दावा है कि अनिल कपूर ने बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड खरीदा था, जिसे अमिताभ बच्चन पहले खरीदने से ठुकरा चुके थे. हालांकि उनके मुताबिक बिग बी ने पहले ही बता दिया था कि वो अवॉर्ड किसे मिलेगा.

बॉलीवुड में पिछले कई सालों से अवॉर्ड सेरेमनी की प्रथा चली आ रही है. जिस भी एक्टर को ‘बेस्ट एक्टर’ अवॉर्ड से नवाजा जाता है, माना जाता है कि उनकी वैल्यू इंडस्ट्री में काफी बढ़ जाती है. इसी चक्कर में कई लोग अवॉर्ड्स खरीदने भी लग गए हैं. इस बात का खुलासा कई एक्टर्स और स्टार्स कर चुके हैं.

हाल ही में बॉलीवुड के जाने-माने प्रोड्यूसर और मुंबई के फेमस थिएटर गेटी गैलेक्सी के मालिक मनोज देसाई ने इंडस्ट्री से जुड़े कई दावे किए हैं. उनका कहना है कि एक बार अमिताभ बच्चन के पास अवॉर्ड खरीदने का ऑफर आया था, जिसे एक्टर ने इनकार किया. मगर फिर वो अवॉर्ड अनिल कपूर के पास गया. उनका दावा है कि अनिल कपूर ने वो अवॉर्ड खरीदा था.

विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर मनोज देसाई ने कहा, ‘एक बार मैं और अमिताभ बच्चन साथ बैठे हुए थे. उस समय अवॉर्ड फंक्शन चल रहा था. तभी रऊफ अहमद जो उस वक्त फिल्म राइटर थे, मेरे पास आए और बोले कि अगर मैं बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड अमिताभ बच्चन को दे दूं, तो क्या तुम इस पूरी पार्टी का खर्चा उठाओगे? मैं अमिताभ बच्चन के पास गया और उनसे यही बात पूछी. उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन अवॉर्ड खरीदता नहीं है.’

मनोज देसाई ने आगे बताया कि कैसे अमिताभ ने बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड अनाउंस होने से पहले ही उसके विजेता का नाम बताया. उन्होंने कहा, ‘फिर अमिताभ बच्चन ने ये भी कहा कि मुझे पता है ये अवॉर्ड किसको मिलने वाला है. ये अनिल कपूर को जाएगा. क्योंकि अनिल ने तो अपने घर की छत पर पहले से ही बहुत बड़ी पार्टी का इंतजाम कर रखा है. उस साल अनिल कपूर को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था. मुझे लगता है वो मिस्टर इंडिया फिल्म के लिए मिला था. अनिल कपूर ने फिल्मफेयर पार्टी के सारे खर्चे उठाने का वादा किया था, इसलिए उन्हें वो अवॉर्ड मिल गया.’

बता दें अनिल कपूर की फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ साल 1987 में आई थी, जो सुपरहिट तो थी. मगर उन्हें उस फिल्म के लिए कोई अवॉर्ड नहीं मिला था. बल्कि अनिल कपूर को अपनी 1988 में आई फिल्म ‘तेजाब’ के लिए, 1989 में बेस्ट एक्टर अवॉर्ड मिला था. उस साल उनके सामने अमिताभ बच्चन फिल्म ‘शहंशाह’ के लिए बेस्ट एक्टर नॉमिनेट हुए थे. ऐसे में मनोज देसाई का ‘मिस्टर इंडिया’ के लिए अवॉर्ड जीतने वाला दावा कथित तौर पर झूठा साबित हुआ है.

NATIONAL : ससुराल में दामाद का तांडव… सास-ससुर और पत्नी पर तलवार से किए ताबड़तोड़ वार, खौफनाक वारदात CCTV में कैद

0

राजस्थान के पाली में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पत्नी के मायके से वापस न आने से नाराज एक युवक ने ससुराल पहुंचकर सास-ससुर और पत्नी पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी हेलमेट पहनकर बाइक से आया और जैकेट में छिपाई तलवार निकालकर मोहल्ले में खौफ फैलाता रहा. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई.

राजस्थान के पाली में एक युवक ने ससुराल पहुंचकर अपनी पत्नी, सास और ससुर पर तलवार से हमला कर दिया. यह पूरी वारदात मोहल्ले में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी खून से सनी तलवार लेकर लोगों को डराते हुए नजर आ रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

मामला पाली शहर की कॉलोनी का है. यहां रहने वाले 55 वर्षीय जगदीश जोशी ने करीब 8 साल पहले अपनी बेटी आशा की शादी मेड़ता सिटी निवासी अजय जोशी से की थी. अजय जोधपुर में इलेक्ट्रीशियन है. शादी के कुछ साल बाद पति-पत्नी के बीच मतभेद शुरू हो गए. बीते चार महीने से दोनों के बीच तनाव चल रहा था. इसी दौरान आशा अपने तीन बच्चों के साथ मायके आकर रहने लगी.

अजय लगातार ससुराल पक्ष पर दबाव बना रहा था कि उसकी पत्नी को वापस भेजा जाए, लेकिन सास-ससुर इसके लिए राजी नहीं थे. इसी से नाराज होकर अजय ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.घटना के दिन शाम के समय आशा और उसकी मां दुर्गा मोहल्ले में थीं. तभी अजय बाइक से वहां पहुंचा. उसने हेलमेट पहन रखा था और अपनी जैकेट में तलवार छिपा रखी थी. जैसे ही उसने पत्नी आशा को देखा, वह अचानक तलवार निकालकर पीछे दौड़ पड़ा. जान बचाने के लिए आशा घर के अंदर चली गई.

इस दौरान जब सास दुर्गा जोशी ने अजय को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके हाथ और पैर पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए. यह देख आशा अपनी मां को बचाने बाहर आई, लेकिन अजय ने उस पर भी हमला कर दिया. तभी जगदीश जोशी अपनी पत्नी और बेटी को बचाने दौड़े, तो अजय ने उनके सिर पर तलवार से वार कर दिया, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े.

परिवार की बहू काजल उस वक्त घर में सो रही थी. शोर सुनकर बाहर आई तो देखा कि उसका ननदोई सास-ससुर और ननद पर तलवार से हमला कर रहा है. जब वह बीच-बचाव करने गई, तो आरोपी ने उसे भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया.हमले के बाद आरोपी खून से सनी तलवार लेकर मोहल्ले में घूमता रहा. जो भी उसे रोकने की कोशिश करता, वह उसे डराकर भगा देता. तलवार देख मोहल्ले के लोग भी दहशत में आ गए. कुछ देर बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया. सिर में गंभीर चोट लगने से जगदीश जोशी की हालत नाजुक है और वे वेंटिलेटर पर हैं. वहीं दुर्गा जोशी के हाथ-पैर में तलवार से गहरी चोटें हैं. घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

NATIONAL : दुकान से चुराया ₹50000, फिर फ्लाइंग किस देकर बनाया रील

0

यूपी में वाराणसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां चोर ने अपने भाई के साथ मिलकर साड़ी की दुकान से 50 हजार रुपये चुराए फिर घटनास्थल पर दुर्घटना दिखाने के लिए आग भी लगा दी. आरोपी ने ऐसा इसलिए किया ताकि चोरी की वारदात का पता ही न चल सके. हालांकि उसने गलती ये कर दी कि चोरी के रुपयों के साथ रील बना दिया.

कभी-कभी ज्यादा होशियारी या स्मार्टनेस भारी पड़ जाती है. ऐसा ही हुआ चोर राधे यादव उसके फुफेरे भाई जितेन्द्र यादव के साथ. वाराणसी के चौक क्षेत्र के ब्रह्मनल इलाके के जिस कुंजगली के पुरुषोत्तम दास अग्रवाल की दुकान पर ये काम करते थे. वहीं मौका पाकर 23 दिसम्बर को 50 हजार चोरी कर लिया और फिर शातिराना अंदाज से किसी को चोरी की घटना का पता ना चले दुकान में आग भी लगा दी. लेकिन एक गलती से चोरी पकड़ा गई.

दरअसल राधे यादव ने चोरी के ₹50000 को स्टाइल में गिनते-गिनते हुए और फ्लाइंग किस करते हुए रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. जिससे पुलिस उसे खोजते हुए उसके चंदौली के मुगलसराय के मकान पर पहुंची और गिरफ्तार कर लिया. जबकि वाराणसी के चोलापुर का रहने वाला उसका फुफेरा भाई जितेंद्र यादव फरार हो चुका था.

MP : माता-पिता ने छोड़ा साथ… 16 साल की रेप पीड़िता बनेगी मां, हाईकोर्ट ने कहा- लड़की की मर्जी सबसे ऊपर

0

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 16 साल के बलात्कार पीड़िता को बच्चे को जन्म देने की अनुमति दी, यह कहते हुए कि बिना उसकी सहमति गर्भपात नहीं किया जा सकता. पीड़िता ने बच्चे के पिता से शादी भी कर ली है.

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एक 16 साल के रेप पीड़िता को बच्चे को जन्म देने की अनुमति दी है, यह कहते हुए कि बिना उसकी सहमति के गर्भपात की अनुमति नहीं दी जा सकती. इस लड़की ने अब बच्चे के पिता से शादी कर ली है.हाईकोर्ट के एकल न्यायाधीश विशाल मिश्रा ने आदेश दिया कि राज्य सरकार डिलीवरी से जुड़ी सभी खर्चे उठाएगी. यह डिलीवरी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा टीम की उपस्थिति में कराया जाएगा.

11 दिसंबर के इस आदेश की एक प्रति शुक्रवार को उपलब्ध हुई, जो उस समय आई जब एक जिला अदालत ने नाबालिग बलात्कार पीड़िता के गर्भपात के संबंध में हाईकोर्ट को पत्र लिखा था. इसके बाद हाईकोर्ट ने चिकित्सा बोर्ड से रिपोर्ट मांगी.चिकित्सा बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की उम्र 16 साल और सात माह थी और गर्भकाल 29 सप्ताह और एक दिन था, जो गर्भपात की अनुमति वाली अवधि के भीतर था. रिपोर्ट में कहा गया कि पीड़िता को गर्भपात कराने या न कराने के विकल्पों के बारे में समझाया गया और उसने गर्भ रखना जारी रखने की इच्छा जताई.

बाल कल्याण समिति (CWC) की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसने अपने बच्चे के पिता (आरोपी) से शादी कर ली है और डिलीवरी करवाना चाहती है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि लड़की के माता-पिता उसकी अपनी इच्छानुसार शादी करने के कारण उसे अपने साथ रखना नहीं चाहते. माता-पिता ने कहा कि उनका अपनी बेटी से कोई संबंध नहीं है, जो CWC की रिपोर्ट में दर्ज है.

हाईकोर्ट ने यह साफ किया कि बिना पीड़िता की सहमति के गर्भपात की अनुमति नहीं दी जा सकती. इसके साथ ही CWC को निर्देश दिया गया है कि वह पीड़िता को 18 साल की आयु तक अपनी देखभाल में रखे और उसके बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास करें.

NATIONAL : ऑनलाइन गेमिंग में हार गया पैसे, तनाव में आकर युवक ने खत्म कर ली जिंदगी

0

हैदराबाद के सुरारम इलाके में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे गंवाने के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहे 24 साल के युवक ने खुदकुशी कर ली. खौफनाक कदम उठाने से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने ऑनलाइन गेम खेलकर आर्थिक नुकसान होने की बात कही है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

ऑनलाइन गेमिंग की लत और उससे जुड़े आर्थिक नुकसान का दुखद मामला सामने आया है. हैदराबाद के सुरारम इलाके में 24 साल के युवक ने ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

एजेंसी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि मृतक युवक फिलहाल बेरोजगार था और इससे पहले एक निजी शैक्षणिक संस्थान में लैब टेक्नीशियन के तौर पर काम कर चुका था. उसका शव रिश्तेदार के घर में लटका मिला है. परिजनों ने उसे घर के एक कमरे में पंखे से लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए. घर में चीख-पुकार मच गई. तुरंत मामले की सूचना पुलिस को सूचना दी गई.

जांच के दौरान पुलिस को युवक का मोबाइल फोन मिला, जिसमें एक वीडियो रिकॉर्ड था. वीडियो में युवक ने ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान पैसे गंवाने की बात कही है. हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि उसे कितना आर्थिक नुकसान हुआ था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह तनाव में था और पैसों की चिंता उसे अंदर ही अंदर तोड़ रही थी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक किस तरह के ऑनलाइन गेम खेलता था और क्या वह किसी कर्ज या दबाव में था. परिवार के सदस्यों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

NATIONAL : विंडो पर लटके, स्टंटबाजी की, लोगों को भी खतरे में डाला… दिल्ली की सड़कों पर रईसजादों का हुड़दंग

0

नए साल के जश्न से पहले राजधानी दिल्ली में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी और कार रेसिंग का वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में चार गाड़ियों में सवार युवक आईटीओ से नोएडा की ओर जाते हुए खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा हो गया.

नए साल के जश्न से पहले राजधानी दिल्ली में सड़क पर हुड़दंग और स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में चार गाड़ियां नजर आ रही हैं. इन गाड़ियों में सवार कई युवक सरेआम सड़क पर कार रेसिंग और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो 26 दिसंबर की रात का बताया जा रहा है, जो आईटीओ से नोएडा की ओर जाने वाले रास्ते का है.

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कारें एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में चल रही हैं. कुछ गाड़ियां अचानक लेन बदलती हैं, तो कुछ चालक खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए अन्य वाहनों को ओवरटेक करते दिखते हैं. इस दौरान सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया. वायरल क्लिप में यह भी नजर आता है कि सड़क पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है और सवाल उठाए हैं कि आखिर सड़क सुरक्षा को लेकर इतने बड़े शहर में इस तरह की लापरवाही कैसे हो रही है. लोगों का कहना है कि नए साल के आसपास इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए जाते.

दिल्ली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. इसमें नजर आ रही गाड़ियों और युवकों की पहचान की जा रही है. वीडियो की पुष्टि के बाद कार्रवाई की जाएगी. नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर स्टंटबाजी, ड्रैग रेसिंग और हुड़दंग का ये मामला सामने आया है.

- Advertisement -