22 जनवरी को राष्ट्रीय शौर्य जागरण का महापर्व मनाएगा देश: सुरेन्द्र जैन

0
23

22 जनवरी के दिन अयोध्या में भव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय शौर्य के महापर्व के रूप में मनाने की व्यापक तैयारियां हैं। गुरुग्राम में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डा. सुरेंद्र जैन ने भव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय शौर्य जागरण का महापर्व बताते हुए कहा कि 22 जनवरी को राष्ट्रीय शौर्य जागरण के महापर्व को पूरे देश के साथ-साथ पूरा हरियाणा बड़ी धूमधाम से मनाएगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण विश्व के राम भक्त इस दिन को दीपावली की तरह मनाने की तैयारी कर रहे हैं। गुरुग्राम सहित पूरा हरियाणा भी इस राष्ट्रीय महापर्व की तैयारियों में जुटा है।

गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस में बुधवार को पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए सुरेंद्र जैन ने कहा कि त्रेता युग में 14 वर्ष वनवास के बाद दीपावली के दिन भगवान राम अयोध्या वापस आए थे और अब 491 वर्ष के संघर्ष के बाद अयोध्या में अपने घर पर भगवान राम फिर से लौट रहे हैं। राम जन्म भूमि का संघर्ष विश्व का सबसे लंबा संघर्ष है। सबसे बड़ा आंदोलन राम मंदिर के निर्माण के लिए ही किया गया, जो 35 वर्ष तक लगातार चला और 16 करोड़ राम भक्तों ने इसमें भाग लिया। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर जब राम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर बनाना प्रारंभ किया गया तो देश के 16 करोड़ परिवार अर्थात 65 करोड़ राम भक्तों ने मंदिर निर्माण में सहयोग दिया। डा. जैन ने कहा कि राम मंदिर ने पूरे देश को जोड़ दिया और यह सिद्ध हो गया कि राम सबके हैं और सब राम के हैं।

उन्होंने गुरुग्राम में पत्रकारों को कहा कि गुरुग्राम हिंदुत्व जागरण के अभियानों में सबसे आगे रहा है, यहां के निवासियों का उत्साह अदभुत है। यहां के लोगों ने तय किया है कि 22 जनवरी को 200 मंदिरों में और तीन लाख घरों में भजन कीर्तन और अयोध्या में की गई प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण देखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए गुरुग्राम में 1000 टोलियां बनेंगी और 5000 कार्यकर्ता 1 जनवरी से 5 जनवरी तक दिन-रात एक करके सभी घरों में संपर्क करेंगे तथा निमंत्रण हेतू अयोध्या से लाए गए पूजित अक्षत घरों में देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here