इस साल दिल्ली में जनवरी के महीने में ठंड की बजाय गर्मी का अहसास हो रहा है। रविवार को दिल्ली में गर्मी जैसा मौसम रहा। तापमान में बढ़ोतरी हुई। दोपहर को खिली धूप की वजह से गर्मी का अहसास हुआ। जनवरी महीने में दिल्ली का तापमान इस साल रविवार को सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। पीतमपुरा दिल्ली का सबसे ज्यादा गर्म इलाका रहा। पिछले 6 सालों में जनवरी में सबसे ज्यादा तापमान 19 जनवरी को रहा। 19 जनवरी रविवार को दिल्ली में इस महीने का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के मौसम में रविवार को तेज धूप निकली जिसके कारण लोगों को अपने स्वेटर निकालने पर मजबूर होना पड़ा।

दिल्ली में 6 साल बाद जनवरी में ऐसा तापमान देखने को मिला। इससे पहले 2019 में 21 जनवरी को दिल्ली का तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। रविवार को दोपहर के समय तेज धूप रही लेकिन शाम होते-होते ठंड का अहसास फिर से होने लगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस अचानक गर्मी के लिए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा के पैटर्न में आए बदलाव को जिम्मेदार ठहराया।
दिल्ली का पीतमपुरा क्षेत्र रविवार को सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भी ऐसे ही मौसम की संभावना जताई है यानी सोमवार और मंगलवार को भी दिल्ली में गर्मी का अहसास हो सकता है।
मौसम में होगा बदलाव
मौसम में बदलाव आने की संभावना भी है। 22 और 23 जनवरी को दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद मौसम सर्द हो सकता है और फिर से ठंड का अहसास हो सकता है। इसके बाद 24 और 25 जनवरी को दिल्ली में कोहरा छाने की संभावना जताई जा रही है। इस तरह दिल्ली के मौसम में इस हफ्ते लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है।


