MP : उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास लगी भीषण आग, दूर तक देखा गया काला धुआं

0
121

मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर के बाहर भीषण आग लग गई. यह आग महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के शंखद्वार के पास के एक टावर में लगी है. आग के पीछे की वजह बैटरी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.

यह आग मंदिर परिसर के गेट नंबर-1 के पास अवंतिका गेट के कंट्रोल रूम की छत पर लगी है. हादसे के बाद भक्तों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जैसे ही अधिकारियों को इसकी सूचना मिली, तुरंत दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू हो गई. अब तक आग पर काबू पा लिया गया है. इसके बाद मंदिर के गेट दोबारा खोल दिए गए.

श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी के बीच पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति संभालने में जुट गईं. टावर से निकल रही भीषण आग को देखते हुए आसपास के लोग फोन निकालकर वीडियो बनाने लगे. आग इतनी भीषण है कि घना काला धुआं दूर से ही देखा जा सकता है. इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है.

महाकाल मंदिर प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कंट्रोल रूम की छत पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट सिस्टम की बैटरी में आग लग गई थी. इस पर तुरंत काबू पा लिया गया. सभी लोग सेफ हैं, केवल बैटरियों को नुकसान पहुंचा है. आग पर काबू पाने के बाद सभी जले हुए सामान को टावर से बाहर निकाल लिया गया है.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here