ENTERTAINMENT : ‘दारू बेचने वाले को कहीं नहीं जाना पड़ता लेकिन दूध बेचने वाले को…’, सोनू सूद के वायरल वीडियो ने इंटरनेट पर मचाई हलचल

0
38

इन दिनों सोशल मीडिया पर अभिनेता सोनू सूद का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. फिल्मों में अपनी दमदार मौजूदगी के लिए पहचाने जाने वाले सोनू सूद इस बार किसी नई फिल्म या प्रोजेक्ट की वजह से नहीं, बल्कि अपने गहरे और सोचने पर मजबूर कर देने वाले वीडियो से चर्चा में हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह जिंदगी के कुछ ऐसे कड़वे सच सामने रखते नजर आ रहे हैं, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. उनके शब्द इंसान को खुद के बारे में सोचने पर मजबूर कर देते हैं.

वीडियो में सोनू सूद कहते हैं, ‘कभी सोचा है कि दारू बेचने वाले को कहीं नहीं जाना पड़ता, लेकिन दूध बेचने वाले को घर-घर और गली-गली जाना पड़ता है. हम दूध बेचने वाले से पूछते है कि तूने दूध में पानी तो नहीं मिलाया और दारू में खुद पानी मिलाकर पीते है. नमक की तरह कड़वा बोलने वाला हमेशा आपका दोस्त होता है इसीलिए कभी नमक में कीड़ा नहीं लगता और मिठाई में अक्सर कीड़े लग जाते है. कभी आपने सोचा है कि हम पूरी जिंदगी उस तस्वीर की तारीफ करते है. लेकिन उसका बोझ एक कील उठाती है, जिसे हम हमेशा भूल जाते है. मोमबत्ती जलाकर हम मुर्दों को याद करते है और मोमबत्ती बुझा कर हम जन्मदिन मनाते है. पायल जिसकी कीमत हजारों में होती है, वो पैरों में पहनी जाती है और बिंदी जिसकी कीमत सिर्फ 1 रुपया होती है वो माथे पर सजाई जाती है. ये है वो समय, जहां पर घर में पड़ी कुरान और गीता आपस में कभी नहीं लड़ती और जो लोग उसके लिए लड़ते है उन्होंने कभी उसे पढ़ा ही नहीं. वाह रे इंसान, सुधार जा, अभी भी समय हैं.’

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने सोनू सूद की सोच की तारीफ की है और कमेंट सेक्शन में हार्ट और तालियों की इमोजी से उनकी सराहना कर रहे है. इस वीडियो को अबतक 6.2 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यह वीडियो सिर्फ कुछ लाइनों का संदेश नहीं, बल्कि खुद सोचने की एक पहल है. सोनू सूद का यह अंदाज एक बार फिर साबित करता है कि वह सिर्फ पर्दे के हीरो नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी लोगों को राह दिखाने की कोशिश करते रहते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here