NATIONAL : प्री-वेडिंग शूट के लिए दुबई गया था यूपी का कपल, ईरान युद्ध के चलते फंसे, बुर्ज खलीफा के पास होटल में ‘कैद’

0
214

ईरान युद्ध की आहट के बीच उत्तर प्रदेश के चंदौली का एक परिवार दुबई में फंस गया है. प्री-वेडिंग शूट के लिए गए इन लोगों की आज वतन वापसी होनी थी, लेकिन बिगड़ते हालात और उड़ानों पर असर के कारण ये लोग बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में कैद होकर रह गए हैं.

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के रहने वाले पांच लोग वर्तमान में दुबई के एक होटल में फंसे हुए हैं. होटल व्यवसायी अजय जैन के बेटे प्रिंस की अप्रैल में शादी होनी है, जिसके प्री-वेडिंग शूट के लिए प्रिंस, उनका छोटा भाई, मंगेतर और मंगेतर के भाई-भाभी चार दिन पहले दुबई गए थे. 2 मार्च को उनकी भारत वापसी का टिकट था, लेकिन ईरान युद्ध छिड़ने की वजह से पैदा हुए हालातों ने उनकी घर वापसी रोक दी है. यह परिवार बुर्ज खलीफा के पास ठहरा हुआ है और सुरक्षित वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहा है.

प्रिंस और उनका परिवार शादी की तैयारियों के बीच बेहद उत्साहित होकर दुबई पहुंचा था. बुर्ज खलीफा जैसी खूबसूरत लोकेशंस पर शूट चल रहा था, तभी अचानक युद्ध की स्थिति पैदा हो गई.

अब आलम यह है कि जो परिवार अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के सपने देख रहा था, वह होटल के कमरे में सुरक्षित वापसी की दुआ मांग रहा है. हालांकि, परिजनों की आपस में वीडियो कॉल के जरिए बात हो रही है, लेकिन बातचीत में बच्चों के चेहरे पर घर न लौट पाने की चिंता और डर साफ नजर आ रहा है.
चंदौली में बैठे पिता अजय जैन अपने बच्चों की सलामती को लेकर बेहद परेशान हैं. उन्होंने बताया कि बच्चों को आज ही भारत लौटना था, लेकिन अब वे वहां फंस गए हैं. अजय जैन ने भारत सरकार से अपील की है कि वह तत्काल हस्तक्षेप करे.

उन्होंने कहा कि उनके बच्चों के साथ-साथ दुबई और अन्य जगहों पर फंसे तमाम भारतीयों को सुरक्षित वतन वापस लाया जाए. घर पर शादी की खुशियों का माहौल अब चिंता में बदल गया है और पूरा परिवार सरकार की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here