आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत और इंग्लैंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है. दोनों टीमें अब तक दो बार यानी साल 2022 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें दोनों ने एक-एक बार जीत दर्ज की है. भारत और इंग्लैंड की टीमें आज यानी 5 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में तीसरी बार खेलने उतरेंगी. ये मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेल जाएगा. क्या आपको पता है कि वानखेड़े स्टेडियम में जब आखिरी बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में दोनों की टक्कर हुई थी, तो किस टीम ने बाजी मारी थी. यहां हम आपको बताने जा रहे हैं.

भारत-इंग्लैंड के बीच मुंबई में कब खेला गया था वर्ल्ड कप सेमीफाइनल?
भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आखिरी बार 1987 के आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप जिसे तब रिलायंस वर्ल्ड कप के नाम से खेला गया था. तब भी टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरी थी. इस मुकाबले में ग्राहम गूच की शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 254 रन बनाए थे. जवाब में, कपिल देव की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम सिर्फ 219 रन पर ही सिमट गई थी और इंग्लिश टीम ने 35 रन से मुकाबले में बाजी मारी थी.
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में पहली बार हुई थी भिड़ंत
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पहली बार साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भिड़ंत हुई थी. एडिलेड ओवल में खेला गया ये मुकाबला भारत के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था, क्योंकि इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के इतिहास की सेमीफाइनल मुकाबले में सबसे एकतरफा जीत दर्ज की थी. भारतीय टीम द्वारा दिए गए 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के सलामी जोड़ी जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए 10 विकेट से शानदार जीत हासिल की थी.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में दूसरी बार दोनों टीमें थी आमने-सामने
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें दूसरी बार आमने-सामने हुईं थीं. टीम इंडिया को दो साल बाद जॉर्जटाउन के प्रोविडेंस स्टेडियम में बदला लेने का मौका मिला था. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171/7 रन बनाए, जिसमें कप्तान रोहित शर्मा के 57 रन और सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या के अहम योगदान शामिल थे. इस बार भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया था. कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लेकर इंग्लैंड को सिर्फ 103 रन पर ऑलआउट कर दिया था. ये नॉकआउट मुकाबले को भारत ने 68 रन से अपने नाम किया था.


