ENTERTAINMENT : ‘मोनालिसा को फंसाया गया’, फरमान खान संग शादी पर भड़के पिता, बोले- मेरा मर जाना अच्छा है

0
20

मोनालिसा और फरमान खान की इंटरफेथ शादी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. मोनालिसा के पिता ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है ये शादी गलत है. उनके साथ धोखा हुआ है.

महाकुंभ से लाइमलाइट में आईं मोनालिसा सुर्खियों में है. यूपी के बागपत के रहने वाले फरमान खान संग उन्होंने शादी की. फरमान मुस्लिम हैं और मोनालिसा हिंदू. दोनों की इंटरफेथ मैरिज इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है. कई लोग इस शादी को लव जिहाद का नाम दे रहे हैं. लेकिन कपल का कहना है ये उनका प्यार है कोई लव जिहाद नहीं. फरमान की दुल्हन बनने के लिए मोनालिसा ने अपने परिवार का दिल तोड़ा. इस रिश्ते पर उनके पिता जयसिंह भोंसले का रिएक्शन सामने आया है.

आज तक संग बातचीत में उनके पिता ने बताया कि वो और मोनालिसा केरल एक्टिंग के सिलसिले में गए थे. वहां काम खत्म कर वे वापस लौटने वाले थे. उनकी और मोनालिसा की टिकट बुक थी. लेकिन आखिरी मोमेंट में उनकी बेटी ने साथ आने से मना कर दिया. वो कहते हैं- मुझे और मोनालिसा को फोन आया था, हम केरल गए थे. उन्होंने कहा था कुछ एक्टिंग सिखाएंगे, गाना भी बना कर देंगे. 1 महीने से फोन कर रहे थे. मैंने सोचा कि चलो देखकर आते हैं, वहां कैसा है माहौल. मालूम पड़ा कि एक्टिंग क्लास अच्छी है, कत्थक भी सस्ते में सिखाते हैं. मैंने सोचा चलो देखते हैं. 2 दिन रुकने से क्या होगा. मैं और मोनालिसा वहां गए. मैंने कहा एक्टिंग सीखने के लिए यहां मुझे घर भी चाहिए. वो इसके लिए माने. मैंने कहा परिवार का राय लेकर बताता हूं.

”मैं 4-5 दिन वहां रुका. इस बीच घर से फोन आ रहे थे. मां की तबीयत खराब थी. मैंने कहा मुझे घर जाना है, टिकट का इंतजाम कर दो. हम एयरपोर्ट जा रहे थे तभी उन्होंने पुलिस स्टेशन में गाड़ी रोकी. मोनालिसा को लेकर थाने गए, मैंने पूछा तो कहते- तुम मोनालिसा की जबरदस्ती शादी करा रहे हो. मैंने काफी देर तक वहां पर हंगामा भी किया. उन्होंने मुझे कहा कि मोनालिसा मेरे साथ नहीं आना चाहती. मोनालिसा ने भी मुझे वहां से जाने को कहा. उसने कहा पापा आप जाओ, मैं यहीं रहकर एक्टिंग, डांस सीखूंगी, फिल्में करूंगी. मैं बेटी तो अकेले छोड़कर नहीं जाना चाहता था.”

”मुझे थाने के अंदर नहीं जाने दिया. घंटों तक बाहर ही रोके रखा. वो मेरी आंखों के सामने मोनालिसा को छीनकर ले गए. मुझे लग रहा है मेरी बेटी को फंसाया गया है या कुछ किया है. मेरी बेटी को बहकाया गया है. जादू टोने का असर हो सकता है. मेरी बेटी मुझसे 2 मिनट दूर नहीं जाती थी. आखिर ऐसा क्या हुआ जो उन्होंने मुझे ही भगा दिया, लड़की को भी लेकर चले गए.” ये सब बताते हुए मोनालिसा के पिता के आंसू भी छलके.

मोनालिसा की शादी पर उनके पिता ने कहा- बहुत बुरा लग रहा है. मैंने बेटी के लिए काफी मेहनत की थी. मोनालिसा ने कहा था कि वो एक्टिंग सीखकर आएगी. मैं उसके इंतजार में हूं. देखता हूं कब वो आती है. उसने 10 दिन में लौटने की बात कही है. लेकिन शादी की बात देखकर लग नहीं रहा वो आएगी. लव जिहाद के आरोपों पर वो बोले- मुस्लिम लड़के से शादी करना गलत है. मैंने तो वहां पर सोचा कि मर जाना ही अच्छा है. लेकिन मेरा बेटा कहता है पापा मेरे लिए जियो. मोनालिसा जैसी बेटी का क्या करूं?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here