अहमदाबाद के नरोड़ा इलाके में महिला पर एसिड अटैक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. क्राइम ब्रांच जांच में सामने आया कि हमला किसी अजनबी ने नहीं बल्कि महिला के पति जतीन पटेल ने ही किया था. पत्नी द्वारा मर्दानगी पर ताने से आहत पति ने बदले की भावना में वारदात को अंजाम दिया. आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
अहमदाबाद के नरोड़ा स्थित गैलेक्सी चौराहे के पास महिला पर हुए एसिड अटैक मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया कि हमलावर कोई अज्ञात व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़िता का पति ही निकला. पुलिस ने आरोपी पति जतीन पटेल को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार, एसिड अटैक का शिकार महिला कार शोरूम में नौकरी करती है. कुछ समय पहले उसने निकोल निवासी जतीन पटेल से लव मैरिज की थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के कारण दोनों अलग रहने लगे थे और महिला अपनी मां के घर लौट आई थी.
घटना की रात महिला नौकरी से घर लौट रही थी, तभी एक सोसायटी के पास मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया. महिला ने दुपट्टा ओढ़ रखा था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसने से बच गई, लेकिन उसके होंठ और आंखें जल गईं. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसका फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गया.

घटना के बाद महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच हमलावर की तलाश में जुट गई. जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें हेलमेट पहने मोटरसाइकिल सवार की अहम कड़ी मिली.सीसीटीवी की जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया, वह महिला का पति जतीन पटेल निकला. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी.
जांच में यह भी सामने आया कि एसिड अटैक के बाद जतीन अस्पताल पहुंचकर पत्नी का हालचाल लेने की कोशिश भी कर चुका था, लेकिन फुटेज के आधार पर उसकी पहचान हो गई.अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर दीपक ढोला के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों करीब छह महीने से अलग रह रहे थे. महिला द्वारा पति की मर्दानगी पर सवाल उठाने से जतीन आहत था.
इसी वजह से उसने बदले की भावना से पत्नी पर एसिड अटैक की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया. आरोपी जतीन कार्गो सर्विस में ड्राइवर की नौकरी करता है.

