UP : यूपी में आज से शुरू MSP पर गेहूं की खरीद, यहां रजिस्ट्रेशन करें किसान

0
564

उत्तर प्रदेश में 30 मार्च से 15 जून तक MSP पर गेहूं की खरीद चलेगी. इसके लिए 3574 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं. गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है. इसके लिए किसानों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा.

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश में गेहूं खरीद आज (30 मार्च 2026) से शुरू हो रही है, जो 15 जून तक चलेगी. खरीद शुरू होने से पहले ही 2 लाख 24 हजार से ज्यादा किसानों ने अपना गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण करा लिया है. किसानों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सरकार ने पूरे प्रदेश में अब तक 3574 क्रय केंद्र बनाए हैं.

इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. पिछले साल की तुलना में यह 160 रुपये ज्यादा है.

प्रदेश के कृषि निदेशक डॉ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में खाद्य विभाग की विपणन शाखा सहित कुल 8 एजेंसियों द्वारा 6,500 क्रय केंद्र स्थापित होंगे. क्रय केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिया है कि क्रय केंद्रों पर बिक्री के लिए आने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. वहीं, मौसम को देखते हुए किसानों के लिए छाया, पानी व बैठने की पूरी व्यवस्था की गई है.

सरकार ने निर्देशित किया है कि पर्याप्त मात्रा में खरीद कर ली जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार का नुकसान न उठाना पड़े. गेहूं उतारने, छानने और साफ करने के लिए किसानों को अतिरिक्त 20 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे.कृषि निदेशक ने बताया कि खाद्य व रसद विभाग ने 30 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे 50 लाख मीट्रिक टन किए जाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने 48 घंटे के भीतर डीबीटी के माध्यम से किसानों को भुगतान के भी निर्देश दिए हैं.

डॉ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिन किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए अभी तक पंजीकरण/रजिस्ट्रेशन या नवीनीकरण नहीं कराया है, वे fcs.up.gov.in या UP KISAN MITRA पर अपडेट करा सकते हैं.उन्होंने बताया कि गेहूं बिक्री के दौरान यदि कोई समस्या होती है तो किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 पर कॉल कर सकते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here