Bihar News : बांका में फर्जी हाजिरी का खेल, जिले से बाहर रहकर दर्ज कराई उपस्थिति, 19 शिक्षकों के वेतन पर रोक

0
16

बांका में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी हाजिरी का खेल उजागर हुआ है. मामले में 19 शिक्षकों पर गाज गिर गई है. शिक्षा विभाग ने सभी का वेतन रोक दिया है. बांका में शिक्षा विभाग ने तकनीक का सहारा लेकर ड्यूटी से गायब रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार जिले के सात अलग-अलग प्रखंडों के कुल 19 शिक्षकों ने बगैर विद्यालय में उपस्थित हुए ही ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज की है.

विभाग की समीक्षा में पाया गया कि इन शिक्षकों ने बांका जिले की भौगोलिक सीमा से बाहर रहकर पोर्टल पर हाजिरी बनाई, जिसे शिक्षा विभाग ने पूरी तरह से फर्जी तरीका और गंभीर अनियमितता माना है. ​विभागीय जांच में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि कुछ शिक्षक बार-बार इस तरह की गड़बड़ी कर रहे हैं. शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत बालिका उच्च विद्यालय कादराचक की शिक्षिका कुमुद कुमारी का नाम तीन अलग-अलग आदेशों में शामिल है.

उन्हें 25, 28 और 30 मार्च 2026 को जिले की सीमा से बाहर पाया गया है. इसी तरह धोरैया प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुर्मा की शिक्षिका सरिता कुमारी भी 26 और 30 मार्च को सीमा से बाहर उपस्थित दर्ज करने के मामले में दो बार चिन्हित की गई हैं.
​डीपीओ स्थापना ने सभी चिन्हित शिक्षकों को पत्र प्राप्ति के 7 दिनों के अंदर साक्ष्य सहित जवाब देने का निर्देश दिया है. जिन शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है उनमें ​शंभूगंज प्रखंड के कादराचक बालिका उच्च विद्यालय से कुमुद कुमारी, एस. एस. एस. के. उच्च विद्यालय कुर्माडीह से संतोष कुमार, उच्च माध्यमिक विद्यालय छात्रहार से कृष्णा कुमार हांसदा के खिलाफ एक्शन हुआ है.

इनके अलावा अयोध्या कमला उच्च विद्यालय परारिया से सौरव कुमार, बुनियादी विद्यालय गढ़ी कुर्मा से गुलशन गुलाब, यूएमएस लाखा से मो. रजी अहमद और यूएमएस भिट्ठी से रजत आनंद के वेतन पर रोक लगाई गई है. ​धोरैया प्रखंड में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुर्मा से सरिता कुमारी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय अमजोरा से मुकेश कुमार, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताहिरपुर से श्यामाकांत शर्मा, त्रिभुवन एकेडमी लाहोरिया-पैर से गौरव कुमार गौतम, प्राथमिक विद्यालय चकमथुरा देवराज इंद्र का नाम शामिल है.

चांदन प्रखंड

. कुमारी मणिमाला – उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटसकरा
. मोहन कुमार यादव – एनपीएस आका
. ऋचाधर शुक्ला – S.S.B.S.M.G उच्च विद्यालय सुईया घुठिया
. नीरज कुमार – यूएमएस बेहरवारी (भैरोडीह)

​बांका प्रखंड

. मो. सद्दाम हुसैन – उत्क्रमित मध्य विद्यालय भोरा
. मो. इमरान – उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्काडीह

रजौन प्रखंड

. लाल बहादुर प्रजापति – एनपीएस चकपरासी
. रश्मि रानी – उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाभनकोरामा

​बाराहाट प्रखंड

. रानी कुमारी – एनपीएस चिहर ऊपर टोला

बेलहर प्रखंड

. दिगंबर कुमार सिंह – प्राथमिक विद्यालय आमगढ़वा

स्थापना ​डीपीओ संजय कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्पष्टीकरण की समीक्षा पूरी नहीं होती, तब तक संबंधित तिथि का वेतन स्थगित रहेगा. यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो विभागीय नियमावली के तहत वेतन कटौती और अन्य दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस सख्त कार्रवाई से जिले के शिक्षकों में हड़कंप मच गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here