NATIONAL : लव स्टोरी का ट्रैजिक अंत! प्रेमिका को की वीडियो कॉल, बात करते- करते झूल गया फांसी पर

0
68

फरीदाबाद में एक युवक ने प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए अपनी जान दे दी. पांच साल पुराने रिश्ते में शादी से इनकार के बाद वह गहरे तनाव में था. दोस्त को कॉल कर बचाने की कोशिश भी नाकाम रही. इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों, मानसिक दबाव और समय पर मदद की अहमियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर आखिरी बात करते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. पांच साल तक चले रिश्ते का अंत इस तरह होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था. शादी से इनकार के बाद टूटे दिल और गहरे मानसिक तनाव ने 30 साल के निखिल को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.

यह घटना फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी की है. 5 अप्रैल, 2026 को निखिल ने अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान फांसी लगा ली. बताया जा रहा है कि दोनों पिछले पांच साल से रिश्ते में थे, लेकिन हाल ही में प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद निखिल काफी परेशान रहने लगा था.

मृतक के दोस्त सचिन के अनुसार, उसे एक अंजान नंबर से बार-बार कॉल आ रही थी. पहले उसने कॉल को नजरअंदाज किया, लेकिन लगातार कॉल आने पर जब उसने फोन उठाया तो दूसरी ओर से एक लड़की ने खुद को खुशी बताते हुए कहा कि निखिल आत्महत्या करने जा रहा है और उसे तुरंत बचाया जाए. शुरुआत में सचिन को इस पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन लड़की की घबराई आवाज सुनकर वह तुरंत निखिल के घर की ओर भागा.

जब सचिन वहां पहुंचा, तब तक निखिल का छोटा भाई पहले ही मौके पर पहुंच चुका था और उसे अस्पताल ले जाया जा चुका था. उस समय घर में केवल निखिल के पैरालाइज्ड मामा मौजूद थे, जो ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं. निखिल की मां और छोटा भाई उस वक्त घर पर नहीं थे.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जांच अधिकारी संजय ने बताया कि सिविल अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची, जहां निखिल का पोस्टमार्टम किया जा रहा था. प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि युवक ने फांसी लगाई है.

मृतक की मां ने भी पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने फांसी लगाकर अपनी जान दी है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here