पलक्कड़ के एर्नाकुलम से बेंगलुरु जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है. इस पत्थरबाजी से ट्रेन के कोच के शीशे टूट गए और यात्रियों में दहशत फैल गई.पलक्कड़ के एर्नाकुलम से बेंगलुरु जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई है. इस घटना में ट्रेन को मामूली नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने इस बात की जानकारी एक न्यूज एजेंसी को दी.
सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के एक अधिकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे पलक्कड़ जिले के पराली इलाके के पास हुई. उस समय ट्रेन अपनी नियमित गति से बेंगलुरु की ओर बढ़ रही थी. अचानक किसी ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया. जिससे एक खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.

अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया. रेलवे कर्मचारियों ने भी तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. GRP और RPF की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही हैं. पुलिस ने कुछ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.
पुलिस ने दावा किया है कि यह कृत्य किसी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति या नशे की हालत में किसी व्यक्ति द्वारा किया गया हो सकता है. हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. यात्रियों ने बताया कि वे वंदेभारत में सफर कर रहे थे. तभी अचानक ट्रेन पर हमला हो गया. जिससे एक कोच का कांच भी छतिग्रस्त हो गया. ऐसे में यात्रियों में दहशत फैल गई.

